फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

MP Municipal Election Live: मध्य प्रदेश में पहले चरण में 61% प्रतिशत मतदान, बढ़ सकता है मतदान का आंकड़ा

Wed, 06 Jul 2022 09:51 PM IST
रवींद्र भजनी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल

खास बातें

MP Urban Body Election, Nagar Nigam Chunav 2022 Live: मध्य प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव के प्रथम चरण में 133 नगरीय निकायों में मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ। पूरे प्रदेश में 50 से 52% के बीच वोटिंग होने की खबरें आ रही हैं। यह आंकड़ा बढ़ सकता है। 
विज्ञापन
मध्य प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव के पहले चरण के लिए मतदाताओं में अच्छा उत्साह देखा जा रहा है। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

05:45 PM, 06-Jul-2022

मध्य प्रदेश के 44 जिलों में हुए नगरीय निकायों के पहले चरण में 61 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ है। निर्वाचन आयोग के पांच बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक आगर मालवा में 88 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ है, जो प्रदेश में सबसे अधिक है। इसी तरह भोपाल में सबसे कम 43.80 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ है। औसत 61 प्रतिशत मतदान हुआ है। इन आंकड़ों में जिलों में नगर निगम, नगर पालिका और नगर परिषदों में हुई वोटिंग शामिल है। नतीजे 17 जुलाई को आएंगे। 

बुधवार को  मध्य प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव के पहले चरण में 133 नगरीय निकायों के लिए मतदान हुआ। 11 महापौर और दो हजार 808 पार्षद चुनने के लिए 1.4 करोड़ से अधिक मतदाताओं को अपना मताधिकार का प्रयोग करना था। छुटपुट घटनाओं और भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं के टकराव को छोड़ दें तो कुल मिलाकर चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न हुए। प्रथम चरण में 44 जिलों में 11 नगर निगम, 36 नगरपालिका परिषद और 86 नगर परिषदों में मतदान हुआ। इसके लिए कुल 13 हजार 148 मतदान केन्द्र बनाए गए थे। प्रथम चरण में 11 नगर पालिक निगमों में कुल 101 महापौर पद के अभ्यर्थी चुनाव मैदान में थे। कुल 133 निकायों में दो हजार 850 पार्षद के पद हैं। इनमें से 42 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है। दो हजार 808 पदों पर निर्वाचन होना है। इसके लिए 11 हजार 250 अभ्यर्थी चुनाव लड़ रहे हैं। 
 

किस जिले में कितना मतदान
  मध्य प्रदेश       61.00%
  श्योपुर       73.20%
  मुरैना        66.10%
  भिंड       68%
  ग्वालियर       74.80%
  दतिया       67.10%
  शिवपुरी        72.50%
  मुरैना        63.10%
  अशोक नगर       75.40%
  सागर       62%
  टीकमगढ़       69.60%
  छतरपुर       65.30%
  दमोह       70.10%
  पन्ना       73.10%
  सतना       65.60%
  रीवा       73.30%
  सिंगरौली         51.50%
  अनूपपुर       65.10%
  उमरिया       72.10%
  कटनी       64%
  जबलपुर       76.10%
  बालाघाट       69.90%
  सिवनी       65.10%
  नरसिंहपुर        72.30%
  छिंदवाड़ा       78%
  बैतूल       69.10%
  हरदा       73.70%
  नर्मदापुरम        71.10%
  रायसेन         73.30%
  विदिशा       68.50% 
  भोपाल       43.80%
  सीहोर       72.80%
   राजगढ़       73%
  आगर मालवा   88.40%
  शाजापुर   76.30%
  देवास       80.10%
  खंडवा       55.50%
  बुरहानपुर        70%
  धार       75.70%   
  इंदौर   76%
  उज्जैन       76.60%
  रतलाम    83.70%
  मंदसौर       67.70%
  नीमच       70.80%
  निवाड़ी       72%

 

05:22 PM, 06-Jul-2022

मध्य प्रदेश के नगरीय निकाय चुनावों के पहले चरण में 50 से 52 प्रतिशत मतदान रहा। यह आंकड़ा अभी और बढ़ सकता है। कई लोग अब भी मतदान केंद्रों में हैं और उनके मतदान के बाद अंतिम आंकड़ा बढ़ सकता है। ग्वालियर और भोपाल में 40 से 45 प्रतिशत के बीच मतदान हुआ है। चुनाव आयोग के अंतिम आंकड़े का इंतजार है। वैसे, पिछले चुनावों में भी भोपाल और ग्वालियर में 56 से 58 प्रतिशत वोटिंग ही हुई थी। इसके मुकाबले अन्य नगर निगमों में मतदान का प्रतिशत 60 प्रतिशत से अधिक रहा था। यह ट्रेंड इस बार भी जारी रहने का अनुमान है।

05:16 PM, 06-Jul-2022
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने बेटे महाआर्यमान सिंधिया के साथ वोटिंग की। - फोटो : अमर उजाला

भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव आयोग से ग्वालियर में एक घंटा मतदान बढ़ाने की अपील की है। भाजपा के प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी ने यह पत्र चुनाव आयुक्त को लिखा है। उनकी मांग है कि एक से डेढ़ घंटा तेज बारिश की वजह से मतदान प्रभावित हुआ है। ऐसे में मतदान को एक घंटा बढ़ाया जाना चाहिए। 

इससे पहले ग्वालियर में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने एएमआई शिशु मंदिर में अपने बेटे महाआर्यमान सिंधिया के साथ मतदान किया। मतदान के बाद सिंधिया सीधे दिल्ली रवाना हो गए। मीडिया से बातचीत में सिंधिया ने कहा कि पूर्ण बहुमत के साथ ग्वालियर में बीजेपी जीत रही है। दिग्विजय सिंह की ओर से उनकी तारीफ पर सिंधिया ने कहा कि प्रजातंत्र में सभी का स्वागत है। दिग्विजय सिंह जी का मैंने हमेशा स्वागत किया है और मान-सम्मान दिया है। 

विज्ञापन
03:58 PM, 06-Jul-2022
दमोह में पथराव करते पार्टी समर्थक। - फोटो : सोशल मीडिया

दमोह में पथराव
दमोह नगर पालिका के फुटेरा वार्ड नंबर 3 गौरीशंकर वार्ड में मतदान केंद्र नवीन स्कूल में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में पथराव हो गया। कुछ मतदाताओं को भी चोट आई है। पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति पर नियंत्रण किया। मामला शांत कर मतदान सुचारू रूप से दोबारा शुरू किया गया। मतदान केंद्र के पास पथराव हुआ है। इससे केंद्र के भवन के कांच भी फूटे नजर आ रहे हैं। बड़ी संख्या में पुलिस ने मतदान केंद्र पहुंचकर मामले को शांत कराया। अब शांतिपूर्वक मतदान चल रहा है। पुलिस लोगों की प्रत्येक गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं। ताकि मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हो सके। यहां चार प्रत्याशी चुनाव मैदान में है और एक हजार 677 मतदाता है। 

03:57 PM, 06-Jul-2022

इंदौर में गुंडागर्दी की शिकायत पर कलेक्टर ने दिए जांच के निर्देश 
गुंडागर्दी, मतदाताओं को धमकाने और प्रभावित करने की शिकायत मिलने पर कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी मनीष सिंह ने प्राप्त शिकायत की त्वरित जांच के निर्देश दिए हैं। वार्ड 58 के कांग्रेस प्रत्याशी अनवर कादरी के खिलाफ गुंडागर्दी और मतदाताओं को धमकाने की शिकायत प्रशासन को मिली है। इसके चलते कलेक्टर ने एसडीएम प्रतुल चंद्र सिन्हा को जांच के निर्देश दिए। इसी तरह की शिकायतें बिचोली क्षेत्र में कांग्रेस नेता राधेश्याम पटेल के खिलाफ भी मिली है। मतदाताओं को प्रभावित करने और कुछ मतदाताओं को वोट डालने से वंचित करने की शिकायत पर कलेक्टर मनीष सिंह के निर्देश पर एडीएम अजय देव शर्मा इस मामले की जांच कर रहे हैं। कलेक्टर ने निर्देश दिए है कि जांच में शिकायत सही पाए जाने पर दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई जाए। 

विज्ञापन
03:17 PM, 06-Jul-2022
मध्य प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने भोपाल में वोट दिया। - फोटो : अमर उजाला

पूरे प्रदेश में तीन बजे तक 50 से 52 प्रतिशत वोटिंग की सूचना है। तीन बजे तक बुरहानपुर में 56% और सतना में 55% और सागर में 53% वोटिंग हो चुकी है। इंदौर नगर निगम में एक बजे तक 38.9% और ग्वालियर नगर निगम में 31.7% वोटिंग दर्ज हुई है। हालांकि, भोपाल में वोटिंग का प्रतिशत कम रहा। यहां भी 50% से भी कम वोटिंग होने की बात कही जा रही है। अंतिम आंकड़े पांच बजे के बाद ही आएंगे।  

02:00 PM, 06-Jul-2022

इंदौर में विधायक मालिनी गौड़ के बेटे एकलव्य गौड़ और उसके साथियों पर बूथ के अंदर कांग्रेस मंडलम अध्यक्ष सुनील सोलंकी के साथ बेरहमी से मारपीट का आरोप है। मामला लोधीपुरा के परसराम स्कूल का बताया जा रहा है। यहां सुनील सोलंकी ने मृत्युंजय नाम के व्यक्ति को फर्जी वोट डालने से रोका, जिस पर गौड़ ओर उसके 20-25 साथियों ने सोलंकी के साथ बूथ में मारपीट शुरू कर दी। सोलंकी ने घटना की सूचना कांग्रेस नेताओं को दी। सोलंकी कांग्रेस नेताओं के साथ थाना छत्रीपुरा रिपोर्ट दर्ज करवाने पहुंच चुके हैं।  

01:57 PM, 06-Jul-2022

ग्वालियर में दोपहर डेढ़ बजे से तेज बारिश हो रही है। ग्वालियर नगर निगम के साथ ही डबरा नगर पालिका में भी वोटिंग हो रही है। इसके अलावा आंतरी, पिछोर, बिलौआ, भितरवार और मोहना नगर परिषद के लिए भी वोटिंग चल रही है। एक बजे तक ग्वालियर नगर निगम में सिर्फ 31.7% वोटिंग दर्ज हुई। वहीं, अन्य जगहों में सबसे अधिक 77.1% नगर परिषद आंतरी में दर्ज हुई। 


 

01:36 PM, 06-Jul-2022

सतना में कांग्रेस प्रत्याशी के खिलाफ केस दर्ज
सतना के वार्ड क्रमांक नौ में मंगलवार रात महिला मतदाताओं को साड़ी बांटने से संबंधित शिकायत का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ था। इसे संज्ञान में लेकर पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता ने टीआई कोलगवां को जांच के निर्देश दिए थे। जांच के बाद थाना कोलगवां में वार्ड क्रमांक नौ की कांग्रेस प्रत्याशी रीना पटनहा एवं पति प्रमोद पटनहा के खिलाफ 171(B),171(E),171(F),188 एवं 34 भादवि का अपराध दर्ज किया गया है। मतदाता को दी गई एक साड़ी भी जब्त की गई है। 

देवास के कन्नौद में भिड़े भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ता
भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता देवास के कन्नौद में आपस में ही भिड़ गए। किसी बात को लेकर विवाद हुआ तो वह लोग आपस में गुत्थमगुत्था हो गए। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। 

01:25 PM, 06-Jul-2022
शिवपुरी में वोटिंग के लिए लंबी कतारें दिखाई दी। - फोटो : अमर उजाला

शिवपुरी के रन्नोद में 11 बजे तक 61.21% मतदान 
शिवपुरी जिले में नगरीय निकाय चुनाव को लेकर पहले चरण का मतदान जारी है। पहले चरण में बुधवार को जिले के तीन नगर परिषद रन्नौद, बदरवास, खनियाधाना में मतदान हो रहा है। रन्नोद नगर परिषद में सुबह 11 बजे तक सबसे ज्यादा 61.21% मतदान हुआ है। बदरवास में 11 बजे तक 40.04% और खनियाधाना में 42.53 प्रतिशत मतदान हुआ। तीनों ही नगर परिषदों के मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की भारी भीड़ देखी गई। मतदान के प्रति मतदाताओं में उत्साह देखा गया। सुरक्षा के भी आवश्यक इंतजाम प्रशासन द्वारा किए गए थे।  

12:47 PM, 06-Jul-2022
नरसिंहपुर में 102 और 104 वर्षीय महिलाओं ने भी वोट डालकर मताधिकार का प्रयोग किया। - फोटो : अमर उजाला

दमोह में वोटिंग के लिए मतदान केंद्र पहुंची एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। मामला नॉरिबट स्कूल का है। वहां करीब 90 वर्षीय कमल रानी सुबह 9 बजे वोट डालने गई थी। ईवीएम के नजदीक पहुंचते ही बटन दबाने से पहले चक्कर आया और बेहोश होकर गिर गई। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित किया। वहीं, ग्वालियर में वार्ड क्रमांक तीन के पूर्व पार्षद शिवदयाल छैया के साथ मारपीट हुई। नाले में खड़े होकर उन्होंने आरोप लगाए कि कचौड़ी खा रहे थे, तब उनके साथ मारपीट की गई। पूर्व पार्षद ने बहोड़ापुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है।  

12:29 PM, 06-Jul-2022
केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने लाइन में लगकर मतदान किया। - फोटो : अमर उजाला

केन्द्रीय मंत्री तोमर ने लाइन में लगकर किया मतदान
ग्वालियर में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने पत्नी किरण तोमर के साथ मुरार (ग्वालियर) स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 2 के कमरा नंबर 2 में पहुंचकर नगर निगम चुनाव में मतदान किया। वोट डालने से पहले वे लाइन में खड़े दिखाई दिए। लोकतंत्र के इस महापर्व में केंद्रीय मंत्री तोमर ने सभी मतदाताओ से बढ़-चढ़कर उत्साह के साथ मतदान में भागीदारी करने की अपील की।

12:25 PM, 06-Jul-2022
इंदौर के कमिश्नर हरिनारायणचारी मिश्र ने मताधिकार का प्रयोग किया। - फोटो : अमर उजाला

इंदौर के पुलिस कमिश्नर हरिनारायणचारी मिश्र ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने आम नागरिकों में यह संदेश दिया कि इंदौर पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ उनकी सुरक्षा के लिए शांतिपूर्ण , निष्पक्ष एवं निर्विघ्नं चुनाव प्रक्रिया संपन्न करवाने के लिए अपनी ड्यूटी कर रही है। अतः आप सभी निर्भिक होकर पूर्ण उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग जरूर करें और मतदान करने अवश्य जाएं। 

12:02 PM, 06-Jul-2022
कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी संजय शुक्ला ने इंदौर में परिवार के साथ वोटिंग की। - फोटो : अमर उजाला

इंदौर में कांग्रेस विधायक और पार्टी के महापौर प्रत्याशी संजय शुक्ला ने सपरिवार मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने कहा कि आज लोकतंत्र के इस पर्व में सहभागी होकर मैंने अपना कर्तव्य निभाया। आप भी इंदौर के विकास के लिए मताधिकार का प्रयोग करते हुए मतदान कीजिए। अपने सपनों का इंदौर बनाने में योगदान दीजिए। आप का एक एक वोट इंदौर के विकास के लिए जरूरी है। 

11:52 AM, 06-Jul-2022

मध्य प्रदेश में नगरीय निकाय चुनावों में सुबह 11 बजे तक 32% मतदान हो गया है। सुबह 9 बजे तक सिर्फ 14% मतदान हुआ था। इसके बाद गति बढ़ गई है। इंदौर-भोपाल में तेज बारिश की चेतावनी की वजह से जो चेहरे बेनूर थे, वह धूप के खिलने के साथ ही खिल उठे। भोपाल में शुरुआती पांच घंटे में 24% वोटिंग की बात सामने आ रही है। सतना में एक इलाके में तो 50% से अधिक वोटिंग 11 बजे तक हो चुका है। 

राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव राकेश सिंह ने बताया कि प्रदेश में नगरीय निकाय के पहले चरण में 133 नगरीय निकायों में सुबह 7 बजे मतदान शुरू हुआ था। 11 महापौर और 2808 पार्षद चुनने के लिए 1.4 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। मतदान शाम 5 बजे तक चलेगा। प्रथम चरण में 44 जिलों में 11 नगर निगम, 36 नगरपालिका परिषद और 86 नगर परिषदों में मतदान हो रहा है। इसके लिए कुल 13 हजार 148 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं।  

11:29 AM, 06-Jul-2022

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने भोपाल के वार्ड क्रमांक 25 बूथ क्रमांक 675 पर मतदान किया। मतदान के बाद उन्होंने दावा किया आज परिवारवाद पर विकासवाद हावी है। बीजेपी ने जो कहा है, वह करके दिखाया है। जनता बीजेपी के पक्ष में वोट करेगी। सभी 16 नगर निगमों में भाजपा का महापौर ही जीतेगा। इसमें कोई शक ही नहीं है।  

11:18 AM, 06-Jul-2022

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सभी मतदाताओं से बढ़-चढ़कर मतदान करने की अपील की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में सबसे बड़ा दान, मतदान होता है। मध्यप्रदेश के नगरीय निकाय चुनाव के मतदान का आज पहला चरण है। सभी मतदाताओं से मेरा अनुरोध है कि वे अपने मताधिकार का उपयोग अवश्य करें और अपने शहर के विकास में सहभागी बनें।


गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने भी कहा कि प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव के लिए पहले चरण का मतदान शुरु हो चुका है। प्रदेश की देवतुल्य जनता से अपील है कि अगर आपके शहर में भी आज मतदान हो रहा है तो नगर सरकार बनाने के लिए आप भी निर्भीक होकर अपने वोट का महादान करें और लोकतंत्र को मजबूत करने में योगदान करें। 



भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने दावा किया कि इंदौर में भारी बारिश के बाद भी अभूतपूर्व मतदान होगा। उन्होंने कहा कि पहले मतदान फिर दूजा काम ! आज इंदौर अपने भविष्य निर्धारण के लिए मतदान करेगा। परिस्थितियां विपरीत है मौसम विभाग ने इंदौर में भारी बारिश की चेतावनी दी है। मुझे विश्वास है कि भारी बारिश में भी इंदौरवासी भारी मात्रा में मतदान करेंगे।

 

11:10 AM, 06-Jul-2022
इंदौर में निगम आयुक्त प्रतिभा पाल और कलेक्टर मनीष सिंह ने अपने परिवारों के साथ वोटिंग की। - फोटो : अमर उजाला

इंदौर निगम आयुक्त प्रतिभा पाल ने नेहरू स्टेडियम के पास स्थित सीपीडी ऑफिस के मतदान केंद्र पर जाकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने शहर के अधिक से अधिक  मतदाताओं को भी मतदान करने की अपील की। इसी तरह इंदौर कलेक्टर मनीष सिंह ने भी परिवार के साथ पोलिंग बूथ पर पहुंचकर वोटिंग की। उन्होंने भी ज्यादा से ज्यादा लोगों को बाहर निकलकर मतदान करने की अपील की। 

10:41 AM, 06-Jul-2022
इंदौर में समर्थकों के विवाद के बाद महापौर प्रत्याशियों का आमना-सामना हुआ तो वे कुछ इस तरह मिले। - फोटो : अमर उजाला

विवाद के बाद इंदौर में दिखा राजनीति का सुखद चेहरा 
सिरपुर के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में विवाद हो गया था। इसे लेकर दोनों पार्टियों के महापौर प्रत्याशी भी वहां पहुंचे। दोनों का एक-दूसरे से सामना हुआ तो उन्होंने एक-दूसरे से खुशी-खुशी मुलाकात की। दोनों नेताओं के आपसी तालमेल से माहौल शांत हुआ।

 

10:38 AM, 06-Jul-2022
ग्वालियर में मतदान को लेकर भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ता भिड़ गए। - फोटो : अमर उजाला

ग्वालियर में भिड़े भाजपा-कांग्रेस समर्थक
ग्वालियर में भी सुबह 7 बजे से मतदान के लिए भारी उत्साह देखा जा रहा है। शुरुआत में कुछ जगहों पर विवाद हुआ था। तिवारी स्कूल मतदान केंद्र पर बीजेपी और कांग्रेस समर्थकों में विवाद का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर भारी मात्रा में पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गया। दोनों दलों के समर्थकों को गिरफ्तार कर लिया। उसके बाद पुलिस ने हिदायत देकर उन्हें मौके पर छोड़ दिया। थोड़ी देर बाद कांग्रेस महापौर प्रत्याशी के पति विधायक सतीश सिकरवार भी मौके पर पहुंच गए विधायक सतीश सिकरवार ने आरोप लगाया है कि प्रशासन राज्य सरकार और मंत्रियों के दबाव में काम कर रहा है। 

10:28 AM, 06-Jul-2022
छतरपुर में टीवी कलाकार के दादा ने भी वोट दिया। - फोटो : अमर उजाला

छतरपुर में टीवी कलाकार दादा ने एंबुलेंस से पहुंचकर वोट दिया
टीवी की बाल कलाकार माही सोनी के दादा रामकिशन ने एंबुलेंस में पहुंचकर वोट दिया। माही के पिता विकास ने बताया कि पिता को ब्लड कैंसर है। वह बिना ऑक्सीजन के नहीं रह सकते। माही ने कहा था कि दादाजी को वोट जरूर देना चाहिए। इस वजह से उन्हें एंबुलेंस में लेकर वोट डालने आए हैं। 
 

09:26 AM, 06-Jul-2022
भोपाल कलेक्टर अविनाश लवानिया ने मताधिकार का प्रयोग किया। - फोटो : अमर उजाला

मध्य प्रदेश में 133 नगरीय निकायों में मतदान चल रहा है। सुबह नौ बजे तक 14% मतदान हुआ है। 16% पुरुष मतदाताओं ने और 12.5% महिला मतदाताओं ने मतदान किया है। भोपाल में कलेक्टर अविनाश लवानिया ने अपनी पत्नी मेधा लवानिया के साथ 74 बंगला स्थित मतदान केंद्र पर मतदान किया। भोपाल कलेक्टर ने सभी मतदाताओं से मताधिकार अवश्य करने की अपील की। भोपाल कलेक्टर ने कहा कि ईवीएम में जहां दिक्कत आई, उनका इंजीनियर और टेक्निकल स्टाफ ने तुरंत उसका निराकरण कर दिया। जहां ईवीएम की तकनीकी दिक्कत का निराकरण नहीं हो पाया। वहां पर ईवीएम को तुरंत बदल दिया गया। अब मतदान सुचारू रूप से जारी है। लवानिया ने प्रत्याशियों के मतदान के समय बढ़ाने की मांग पर कहा कि कही भी ऐसा प्रभाव देखने को नहीं मिला है, जिसके चलते समय में वृद्धि की जाए।  

भोपाल में दानिश कुंज क्षेत्र में मतदाताओं का पोलिंग बूथ बदला। मतदाता परेशान होते रहे। घर-घर मतदाता पर्ची न बंटने से हुई गफलत। मतदाताओं के पास मतदाता परिचय पत्र तो है, पर लिस्ट में उनका नाम नहीं है। उनके पोलिंग बूथ बदलने की वजह से भी वे लिस्ट में अपना नाम तलाशते रह गए। कुछ अन्य वार्डों में भी इसी तरह की शिकायतें मिल रही हैं। 

09:24 AM, 06-Jul-2022
इंदौर में भाजपा प्रत्याशी पुष्यमित्र भार्गव ने परिवार के साथ मतदान किया। - फोटो : अमर उजाला

इंदौर में मंगलवार को हुई तेज बारिश के बाद भी मतदाताओं का उत्साह कम नहीं दिख रहा। नौ बजे बाद भी कई मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें दिख रही हैं। भाजपा प्रत्याशी पुष्यमित्र भार्गव ने सुदामा नगर ई सेक्टर में एम विन स्कूल स्थित मतदान केंद्र क्रमांक 2155 में परिवार सहित मतदान किया।  
 

09:21 AM, 06-Jul-2022

इंदौर में भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ता भिड़े
इंदौर के हीरानगर थाना क्षेत्र में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच चाकू चलने की सूचना। कुछ लोगों को चोट लगने की बात कही जा रही है। इसे लेकर मंगलवार रात हीरानगर थाने भी हंगामा हुआ था। कथित तौर पर कांग्रेस नेता वार्ड 20 में पैसे बांट रहे थे, जिसे लेकर भाजपा के कार्यकर्ताओं ने आपत्ति जताई। इसके बाद कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं ने वार्ड 20 के भाजपा कार्यालय पर हमला किया। हमले में भाजपा कार्यकर्ता जीतू चौधरी के कान कटने की बात सामने आ रही है। 

 

08:52 AM, 06-Jul-2022
इंदौर में सुबह से ही मतदान केंद्रों पर कतारें दिख रही हैं। - फोटो : सोशल मीडिया

इंदौर में सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। भोपाल में भी अधिकांश बूथ पर सुबह-सुबह वोट डालने के लिए ज्यादातर लोग पहुंचे। भोपाल में तेज बारिश की चेतावनी दी गई है। लिहाजा, लोग सुबह-सुबह मताधिकार का प्रयोग करते दिखे। भोपाल के हबीबिया स्कूल में ईवीएम खराब होने की सूचना आई है। बटन दबाने पर भी वोट नहीं डल रहा है। रिजर्व ईवीएम मशीन को लगाया गया। मतदान आधा घंटे देरी से शुरू हो सका। इंदौर में भी कुछ पोलिंग बूथों पर ईवीएम मशीन में खराबी से मतदान देरी से शुरू होने की शिकायत आई है। 

08:47 AM, 06-Jul-2022
इंदौर में मंत्री तुलसीराम सिलावट ने परिवार के साथ मतदान केंद्र पहुंचकर वोटिंग की। - फोटो : अमर उजाला

सुबह-सुबह वोटिंग करने वालों में राज्य के मंत्री तुलसीराम सिलावट भी शामिल रहे। उन्होंने इंदौर में अपने परिवार के साथ जाकर मताधिकार का प्रयोग किया। इंदौर में कांग्रेस के संजय शुक्ला और भाजपा के पुष्यमित्र भार्गव के बीच कड़ा मुकाबला है। संजय शुक्ला जहां इंदौर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 1 से मौजूदा विधायक है, वहीं पुष्यमित्र भार्गव को युवा चेहरे के तौर पर भाजपा ने मैदान में उतारा है। 

07:38 AM, 06-Jul-2022
भाजपा की महापौर प्रत्याशी मालती राय ने कुछ इस तरह किया मतदान। - फोटो : अमर उजाला

भोपाल में बीजेपी महापौर प्रत्याशी मालती राय ने पुष्पा नगर नारायण कॉलेज में जाकर सुबह 7 बजे मतदान किया। उन्होंने अपनी जीत का दावा किया। भोपाल में भाजपा प्रत्याशी मालती राय के लिए चुनाव करीब आने तक सारे विधायक मैदान में आ गए थे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने चार दिन में प्रत्येक विधानसभा में रोड शो किए। कांग्रेस प्रत्याशी विभा पटेल ने पुराने शहर में मैदानी जनसंपर्क पर ज्यादा फोकस किया। प्रचार के आखिरी प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने रोड शो के बाद जनसभा की। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह घर बैठे कार्यकर्ताओं और असंतुष्टों को सक्रिय करने में जुटे रहे।

07:19 AM, 06-Jul-2022
सतना भाजपा महापौर प्रत्याशी योगेश ताम्रकार ने सपरिवार किया मतदान। - फोटो : सोशल मीडिया

सतना में भाजपा महापौर प्रत्याशी योगेश ताम्रकार ने सुबह-सुबह सपरिवार मतदान किया। योगेश का मुकाबला कांग्रेस विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा से है। सतना के लिए दोनों ही पार्टी के प्रत्याशी दमदार हैं। ओबीसी सीट पर दोनों की ही पकड़ है। सिद्धार्थ जहां युवा चेहरे हैं। उनके पिता भी राजनीतिक तौर पर सक्रिय रहे हैं। सिद्धार्थ ने तीन बार के भाजपा विधायक रहे शंकर लाल तिवारी को हराया था। इससे पहले जिला पंचायत में सदस्य भी रह चुके हैं। भाजपा के प्रत्याशी योगेश ताम्रकार शहर के बड़े उद्योगपति हैं। उन्हें औद्योगिक क्षेत्र का खासा अनुभव है। वे भाजपा में प्रदेश उपाध्यक्ष के पद पर रहते हुए भी कई राजनीतिक एवं सामाजिक दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं।  

07:10 AM, 06-Jul-2022

मध्य प्रदेश नगरीय निकाय चुनावों के पहले चरण में छह जुलाई को जिन 11 नगर निगमों के लिए मतदान होगा। इनमें तीन पर कांग्रेस, दो में भाजपा मजबूत है। सिंगरौली में पहली बार आम आदमी पार्टी भी दम दिखा रही है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने सभी नगरीय निकायों में पूरी ताकत झोंक दी है। प्रदेश में 11 नगर निगमों- भोपाल, इंदौर, बुरहानपुर, ग्वालियर, जबलपुर, छिंदवाड़ा, उज्जैन, सागर, सिंगरौली, सतना, खंडवा में बुधवार को मतदान होगा। इसके परिणाम 17 जुलाई को आएंगे। विस्तार से पढ़ें

06:47 AM, 06-Jul-2022

इंदौर में देर रात को आठ मतदान केन्द्रों के स्थान बदले
इंदौर में मंगलवार को हुई अत्याधिक और तेज बारिश के कारण जल-जमाव होने तथा मतदान केन्द्र एवं आस-पास पानी भर जाने से इंदौर शहर के आठ मतदान केन्द्रों के स्थान परिवर्तित किए गए है। मतदानकर्मियों तथा मतदाताओं की सुविधा के लिये जिन मतदान केन्द्रों के भवन परिवर्तित किए गए है उनमें मतदान केन्द्र क्रमांक-700, 701, 712, 361, 362, 365, 366 तथा 367 शामिल है। शासकीय उन्नत माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 96 नेहरू नगर में स्थित मतदान केन्द्र क्रमांक 700, 701 तथा 712 को दीपिका हायर सेकेंडरी स्कूल नेहरू नगर, में स्थापित किया गया है।मोतीलाल नेहरू अनुसूचित जाति छात्रावास सांवरिया नगर में स्थित मतदान केन्द्र क्रमांक 361 तथा 362 को द ईरा न्यू पब्लिक स्कूल सुविधि नगर के कक्ष क्रमांक एक और दो में परिवर्तित किया गया है। प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय सांवरिया नगर में स्थित मतदान केन्द्र क्रमांक 365, 366 तथा 367 को द ईरा न्यू पब्लिक स्कूल सुविधि नगर के कक्ष क्रमांक 3,4 एवं 5 में स्थापित किया गया है। इस संबंध में राज्य निर्वाचन आयोग से भी अनुमति प्राप्त हो गई है। 

06:22 AM, 06-Jul-2022

निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नगरीय निकाय निर्वाचन के दौरान मतदान केंद्र के अंदर मोबाइल का उपयोग पूर्णता प्रतिबंधित रहेगा। इस संबंध में अधिकृत तौर पर आदेश भी जारी किए गए हैं।भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा सुबह 9.30 बजे भोपाल में डिपो चौराहे के पास सह्याद्री परिसर में वोटिंग करेंगे।  

06:01 AM, 06-Jul-2022

MP Municipal Election Live: मध्य प्रदेश में पहले चरण में 61% प्रतिशत मतदान, बढ़ सकता है मतदान का आंकड़ा

मध्य प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव के पहले चरण में 133 नगरीय निकायों में बुधवार को मतदान होगा। 11 महापौर और 2808 पार्षद चुनने के लिए 1.4 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। इसके लिए मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ। शाम 5 बजे तक मतदान होगा।  

प्रथम चरण में 44 जिलों में 11 नगर निगम, 36 नगरपालिका परिषद और 86 नगर परिषदों में मतदान होगा। इसके लिए कुल 13 हजार 148 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। इनमें से 3296 मतदान केंद्र संवेदनशील हैं। मतदान दलों में लगभग 79 हजार कर्मचारियों- अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। लगभग 27 हजार पुलिस बल डिप्लॉय किया गया है। प्रथम चरण में 11 नगर पालिक निगमों में कुल 101 महापौर पद के अभ्यर्थी चुनाव मैदान में हैं। कुल 133 निकायों में 2850 पार्षद के पद हैं। इनमें से 42 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है। 2808 पदों पर निर्वाचन होना है। इसके लिए 11 हजार 250 अभ्यर्थी चुनाव लड़ रहे हैं।

एक करोड़ चार लाख मतदाता
प्रथम  चरण में एक करोड़ चार लाख 41 हजार 897 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें से 53 लाख 62 हजार 457 पुरुष और 50 लाख 78 हजार 635 महिला तथा 805 अन्य मतदाता हैं। प्रथम चरण में जिला बड़वानी, झाबुआ, खरगोन, सीधी और शहडोल के किसी नगरीय निकाय में मतदान नहीं है। मंडला,अलीराजपुर और डिंडोरी जिले के नगरीय निकायों का कार्यकाल अभी पूरा नहीं हुआ है। अतः इन जिलों के नगरीय निकायों के लिए निर्वाचन की घोषणा नहीं की गई। सर्वाधिक मतदाता इंदौर में और सबसे कम खंडवा में हैं। राज्य शासन ने 6 जुलाई को जिन नगरीय निकायों में चुनाव है, वहां सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है।

किस नगर निगम में कितने वोटर

नगर निगम

वोटर

  ग्वालियर

  10,68,267

  सागर

  2,22,584

  सतना 

  2,14,188

  सिंगरौली

  2,05,886

  जबलपुर

  9,76,061

  छिंदवाड़ा

  1,90,742

  भोपाल

  17,06,735

  खंडवा

  1,75,644

  बुरहानपुर

  1,77,666

  इंदौर  

  18,35,955

  उज्जैन

  4,61,169

 

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें