गृहमंत्री अमित शाह का दौरा सोमवार को पूरा हो गया। ग्वालियर में गृहमंत्री ने अपने भाषण में सपा-बसपा प्रत्याशियों को दाना-पानी देकर मदद करने की बात अपने भाषण में कही। बोले ये ही प्रत्याशी कांग्रेस के वोट काटेंगे। इनके खड़े होने और इनकी ताकत बढ़ने से हमें फायदा होगा। इस दौरान शाह ने बैठक में नेताओं से एक-एक कर चर्चा की और जीत के लिए उन्होंने चार सूत्र दिए....
पहला: रूठों पर ज्यादा ऊर्जा बर्बाद मत करो, जब माहौल बदलेगा वे चुपचाप आकर काम करने लगेंगे।
दूसार: सपा-बसपा उम्मीदवारों की मदद करें। वे वोट काटेंगे तो जीत की राह आसान हो जाएगी।
तीसरा: मतदान के दिन सपरिवार वोट करें और चार परिचित परिवारों को भी करवाएं।
चौथा: लाभार्थियों पर फोकस करें।
MP Election 2023: मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा को बड़ा झटका लग सकता है। नामांकन पत्र में अलग-अलग जानकारी देने की वजह से भाजपा विधायक सुरेंद्र पटवा का नामांकन फॉर्म होल्ड हो गया है। चुनाव आयोग के अधिकारी बुधवार को इसकी जांच कर अपना निर्णय करेंगे।
अटेर सीट पर 41 प्रत्याशी, गंधवानी में सिर्फ छह उम्मीदवार
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए 30 अक्तूबर तक 3,832 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए हैं। इनमें सबसे अधिक 41 उम्मीदवार भिंड जिले की अटेर सीट पर हैं। इसी तरह धार की गंधवानी सीट पर सिर्फ छह प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। दोनों ही पार्टियों के 100 से अधिक बागियों ने भी चुनाव मैदान में दावा ठोंका है। दोनों पार्टियां अपने-अपने बागियों को पीछे हटने के लिए मान-मनौव्वल शुरू करेंगी। नाम वापसी की अंतिम तारीख दो नवंबर है। उसके बाद अंतिम स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
MP Election 2023: शिवराज के गृह जिले में भाजपा को बड़ा झटका
मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी को सीहोर में बड़ा झटका लगा है। यहां के कद्दावर नेता पूर्व जिला पंचायत, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष जसपाल सिंह अरोरा ने कांग्रेस पार्टी में घर वापसी की है। उन्होेंने भोपाल में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रमुख औऱ पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के सामने पार्टी की सदस्यता ली।
MP Election 2023: उज्जैन के 15,38,304 मतदाता चुनेंगे सात विधायक
आगामी 17 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव 2023 को लेकर मतदाता सूचियों का अन्तिम प्रकाशन हो चुका है, जिसमें जिले में कुल मतदाता 15 लाख 38 हजार 304 हैं। इसमें पुरुष मतदाता 7 लाख 76 हजार 495 एवं महिला मतदाता 7 लाख 60 हजार 189 हैं। इसमें थर्ड जेंडर 72, भारत से बाहर 13 मतदाता, दिव्यांग मतदाता 8896, वरिष्ठ नागरिक 80 प्लस 26460 और सर्विस मतदाता 1548 शामिल हैं। इस प्रकार जिले में अब तक की स्थिति में 15 लाख 38 हजार 304 मतदाता हैं। जिले में लिंगानुपात 979 है और ईपी रेशो 66.81 है, जो राष्ट्रीय स्तर से ऊपर है।
MP Election 2023: सीएम से ज्यादा संपत्ति की मालकिन हैं उनकी पत्नी
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से ज्यादा संपत्ति उनकी पत्नी साधना सिंह के पास है। दोनों पर करीब 68 लाख का कर्ज भी है। इसके साथ ही सीएम के पास एक रिवाल्वर भी है। जिसकी कीमत 5500 रुपए है। दो करोड़ से अधिक की चल प्रॉपर्टी है जबकि 7 करोड़ से अधिक की अचल संपत्ति है।
अंतिम दिन 2489 अभ्यर्थियों ने 2811 नाम निर्देशन पत्र किए जमा
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने बताया कि मध्यप्रदेश विधानसभा निर्वाचन 2023 के लिए 21 अक्तूबर से शुरू हुई नाम निर्देशन प्रक्रिया 30 अक्तूबर को समाप्त हो गई है। 30 अक्तूबर को प्रदेश के सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में 2489 अभ्यर्थियों द्वारा 2811 नाम निर्देशन पत्र जमा किए गए हैं। 21 अक्तूबर से 30 अक्तूबर तक कुल 3832 अभ्यर्थियों द्वारा 4359 नाम निर्देशन पत्र जमा किए गए हैं। 31 अक्तूबर को नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी। 2 नवंबर नाम वापस लेने की अंतिम तिथि है। पूरे प्रदेश में 17 नवंबर को एक ही चरण में मतदान की प्रक्रिया संपन्न होगी। 3 दिसंबर को मतगणना होगी।
MP Election 2023: भाजपा सांसद ने हमास से की कांग्रेस की तुलना
भाजपा सांसद एवं प्रसिद्ध भोजपुरी अभिनेता-गायक मनोज तिवारी सोमवार को सतना पहुंचे। वे यहां भाजपा प्रत्याशियों की नामांकन रैली शामिल हुए। इस दौरान मनोज तिवारी ने कांग्रेस को हमास बताया।
बगावती तेवर दिखाने वाले नेता तलब
मंगलवार को इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में संभाग स्तरीय बैठक बुलाई गई है। बैठक प्रदेश प्रभारी भूपेंद्र यादव लेंगे। इंदौर संभाग के दस से ज्यादा नाराज नेताओंं को तलब किया गया गया है। इनमें कुछ तो नामांकन भी दाखिल कर चुके है। अब उनसे यादव वन टू वन चर्चा करेंगे और नामांकन फार्म वापस लेने के लिए कहेंगे।
गृहमंत्री शाह ने बागियों से की चर्चा
इंदौर संभाग में भाजपा के बागियों ने आधा दर्जन सीटों पर नामाकंन दाखिल कर भाजपा उम्मीदवारों के लिए मुसीबत खड़ी कर दी है। उनसे मिलकर नाराजगी दूर करने की कवायद भी शुरू हो गई है। कुछ नाराज नेताओंं को इंदौर भी बुलाया गया था। केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने उनसे वन टू वन चर्चा की और नामांकन पत्र वापस लेने के लिए कहा। धार जिले से राजीव यादव और रंजना बघेल से उनकी मुलाकात हुई है। बुरहानपुर से निर्दलीय नामांकन दाखिल कर चुके पूर्व सांसद नंद कुमार चौहान के बेटे हर्ष चौहान को भी बुलाया गया था, लेकिन वे नहीं पहुंचे। उन्होंने बुरहानपुर में बड़ी रैली निकाली और नामांकन दाखिल किया। सभा में उन्होंने कहा कि या तो मैं जीतूंगा या वीरगति को प्राप्त हो जाऊंगा।
कटंगी व शहपुरा में खरगे की सभा
इसके पहले चार नवंबर को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे महाकौशल के दौरे पर रहेंगे। वे बालाघाट जिले की कटंगी और डिंडौरी जिले के शहपुरा में जनसभा को संबोधित करेंगे।
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए अब राजनीतिक दलों ने प्रचार तेज कर दिया है। इसी कड़ी में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी मालवा और विंध्य के दौरे पर आएंगी। वे आठ नवंबर को इंदौर जिले के सांवेर और देवास जिले के खातेगांव में जनसभा को संबोधित करेंगी। वहीं, अगले दिन नौ नवंबर को विंध्य में बड़ी रैली को संबोधित करेंगी। प्रियंका गांधी का यह छटवां दौरा है। इससे पहले प्रियंका गांधी जबलपुर, ग्वालियर, धार, मंडला और दमोह में जनसभा कर चुकी हैं।