मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रदेश ने महिला सशक्तिकरण के लिए महिलाओं को नौकरियां दी हैं। बीते नौ साल में नौ लाख सरकारी नौकरियां दी गई हैं जिनमें से एक लाख 75 हजार महिलाओं की संख्या है। इसके साथ ही पुलिस भर्ती में भी महिलाओं को बड़ी संख्या में मौका दिया गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 के पहले इंसेफलाइटिस से प्रदेश में हर साल मौतें होती थीं। हमने इस पर नियंत्रण लगाया और आज अगर इस तरह के परिणाम आए हैं तो इसका श्रेय पूरी तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को जाता है। हमारी सरकार सिर्फ माफिया का नहीं मच्छरों का भी इलाज करती है।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि सपा-कांग्रेस ने अन्नदाता किसान को कर्जदार बना दिया था। सपा सरकार ने व्यापारियों और निवेशकों को पलायन करने पर मजबूर कर दिया था। चारों तरफ हताशा और निराशा थी। प्रदेश के बारे में लोगों की धारणा खराब हो चुकी थी। बीते नौ साल में प्रदेश की स्पष्ट कृषि नीति के कारण अब कृषि की लागत कम और उत्पादन ज्यादा है। हमने विकास की यात्रा से अन्नदाता को जोड़ने का काम किया है। देश की कुल कृषि भूमि का यूपी के पास 11 फीसदी है पर हमारा अन्नदाता इस पर देश का 21 प्रतिशत खाद्यान्न उत्पन्न कर रहा है। किसानों के खाते में सीधे 95 हजार करोड़ की धनराशि दी जा चुकी है। आज खाद्यान्न उत्पादन में यूपी पहले स्थान पर है। दुग्ध उत्पादन में अग्रणी राज्य है साथ ही मत्स्य उत्पादन में भी प्रगति की है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी को आड़े हाथों लिया। कहा कि राज्यपाल का अभिभाषण पहले से तय था। ये कोई अचानक नहीं हुआ था। इसके बावजूद मुख्य विपक्षी दल ने जैसा व्यवहार किया वो शर्मनाक है। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय से कहा कि आप सनातन की बात करते हैं। अपनी से बड़ी उम्र की महिला से सम्मानीय व्यवहार करना चाहिए पर सपा के लोगों का आचरण अच्छा नहीं था।
जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने राज्यपाल के अभिभाषण पर अपना पक्ष रखते हुए योगी सरकार की प्रशंसा की है। उन्होंने कहा कि राज्य में संगठित अपराध को जड़ से खत्म कर दिया गया है। वहीं, आपसी रंजिश में होने वाले अपराधों में भी कड़ी कार्रवाई की जाती है। उन्होंने आयुष्मान कार्ड की पात्रता को लेकर लगी शर्त में सुधार की मांग की है।
राज्यपाल के अभिभाषण पर बोलते हुए कांग्रेस नेता आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को लेकर पेश किया गया राज्यपाल का अभिभाषण झूठ का पुलिंदा है। प्रदेश महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों में पहले स्थान पर है। प्रदेश में बड़ी संख्या में कस्टोडियल डेथ हो रही है। उन्होंने कहा कि सिर्फ एनकाउंटर की संख्या बढ़ाने से कानून व्यवस्था ठीक होने वाली नहीं है।
सपा विधायक ने सदन में बुनकरों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सरकार को बुनकरों की समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए। सरकार को किसान और बुनकरों को अलग-अलग नहीं मानना चाहिए। सरकार को किसानों की तरह बुनकरों को भी फ्री बिजली देनी चाहिए।
विधायक मनोज पांडेय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को प्रभु श्रीराम के नाम से चिढ़ है तभी वो विकसित भरत जी राम जी योजना का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि योगी सरकार का पेश किया गया बजट प्रदेश के हर वर्ग की आकांक्षाओं की पूर्ति करता है।
सपा विधायक शिवपाल सिंह यादव ने यूपी सरकार के पेश किए गए बजट पर कहा कि ये बजट भ्रष्टाचार और लूट को बढ़ावा देगा। इससे विकास का कोई काम नहीं होना है।
विधानसभा में सपा विधायक डॉ. रागिनी सोनकर ने बेरोजगारी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश का युवा खून के आंसू रो रहा है। न तो उसकी शादी हो पा रही है। न सो पा रहा है और न रो पा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोगों को युवाओं की पीड़ा सुनने से कष्ट होता है। उन्होंने कहा कि आज का युवा सरकार से कह रहा है कि
झूठ से सच से जिससे भी यारी रखें, आप तो अपनी तकरीर जारी रखें
इन दिनों आप मालिक हैं बाजार के, जो भी चाहें कीमत हमारी रखें।
उन्होंने कहा कि आजकल आयोग की ओर से जो रिक्तियां दी जा रही हैं। उसमें गलत जानकारी दी जाती है। एक युवा जो परीक्षा की तैयारी करता है उसे गलत जानकारी दी जाती हैं तो एक परीक्षार्थी कैसे तैयारी करेगा। सरकार जानकारी दे कि कितने पद रिक्त हैं और इन्हें कब तक भरेगी।
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में परीक्षा होने से लेकर नियुक्ति तक तीन-तीन साल का समय लग जाता है ऐसे में युवाओं की जिंदगी से तीन से चार साल कम हो जाते हैं।
यूपी के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बजट सत्र की कार्यवाही शुरू होने से पहले कहा कि कांग्रेस का मनरेगा बचाओ अभियान खोखला है। इससे ग्रामीण क्षेत्र में लोगों के जीवन में कोई बदलाव नहीं आया है जबकि विकसित भारत जी राम जी योजना से ग्रामीण क्षेत्रों में खुशहाली आएगी। कांग्रेस आज मनरेगा बचाओ अभियान प्रारंभ कर रही है।
अपने भाषण में सीएम योगी आदित्यनाथ गुरुवार को सदन में उठे कानून व्यवस्था और प्रयागराज में शंकराचार्य के साथ हुए कथित तौर पर हुए अपमान का भी जवाब दे सकते हैं।