फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP Assembly Live: शंकराचार्य पर नोंकझोंक, विपक्ष बोला- स्नान करने से रोका, सत्ता का जवाब- आपने लाठी से पिटवाया

Thu, 12 Feb 2026 06:18 PM IST
रोहित मिश्र अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ

खास बातें

UP Budget Session 2026 Live Updates in Hindi: यूपी विधानसभा में गुरुवार को राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा होगी। राज्यपाल का अभिभाषण सोमवार को हुआ था। अभिभाषण के साथ गुरुवार को सदन में तीन सीएजी की रिपोर्ट पेश की जाएंगी। पढ़िए लाइव अपडेट...
 
विज्ञापन
यूपी विधान भवन। - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

लाइव अपडेट

06:13 PM, 12-Feb-2026

विधान परिषद में शंकराचार्य को लेकर जमकर नोकझोंक

विधान परिषद में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद को लेकर सत्ता पक्ष व विपक्ष के बीच जमकर नोकझोंक हुई। विपक्ष ने कहा कि शंकराचार्य जी को स्नान करने से रोका गया जिस पर सत्ता पक्ष ने कहा कि 2015 में सपा सरकार ने उन पर लाठीचार्ज करवाई थी। वहीं, राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान पीडीए को लेकर जमकर तीर चले।

05:46 PM, 12-Feb-2026
सपा नेता कमलाकांत राजभर। - फोटो : amar ujala

सपा नेता का योगी सरकार पर हमला, कहा- सिर्फ पीडीए समाज के लोगों पर चल रहा बुलडोजर

सपा नेता कमलाकांत राजभर ने कानून व्यवस्था के मामले पर योगी सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि सरकार कहती है कि माफियाओं पर बुलडोजर चल रहा है पर बुलडोजर पीडीए समाज के लोगों पर चलाया जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी कहते थे कि अगर मंच पर माफिया नजर आए तो उसे पार्टी से निकाल दिया जाएगा पर मिर्जापुर में उनके मंच पर ही माफिया बैठा नजर आया। 

04:05 PM, 12-Feb-2026
भाजपा विधायक महेश चंद्र गुप्ता - फोटो : यूपी विधानसभा के यूट्यूब चैनल से

भाजपा विधायक बोले, हम मोदी जी में डॉ. आंबेडकर की छवि देखते हैं

भाजपा विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है। हम मोदी जी में डॉ. आंबेडकर की छवि देखते हैं। हम मोदी जी में स्वामी विवेकानंद की छवि देखते हैं। योगी के शासनकाल में शिक्षा के क्षेत्र में सुधार हुआ है। आज प्राथमिक स्कूलों में बच्चों को ड्रेस मिलती है। भवन ठीक कराए जा रहे हैं। प्रदेश में कानून-व्यवस्था में सुधार हुआ है जिससे निवेशक यहां पर आने के लिए उत्सुक हैं। कहा कि पहले प्रदेश में निवेशक नहीं आते थे पर कानून व्यवस्था में सुधार होने से प्रदेश में व्यापारी निवेश कर रहे हैं। अब अगर बदमाश व्यापारी और किसान पर आक्रमण करते हैं तो योगी की पुलिस उनको ठांय-ठांय-ठांय... ठस्स कर देती है।

विज्ञापन
02:34 PM, 12-Feb-2026
ऊर्जा मंत्री एके शर्मा व सपा नेता शिवपाल सिंह यादव। - फोटो : यूपी विधानसभा के यूट्यूब चैनल से

विधानसभा में ऊर्जा मंत्री व शिवपाल यादव में तीखी नोकझोंक

यूपी विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर बोलते हुए ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने योगी सरकार की उपलब्धियों का बखान किया। उन्होंने कहा कि पीएम सूर्य घर योजना की तरह ही अन्य योजनाओं में भी उत्तर प्रदेश पहले स्थान पर है। हमारी सरकार ने इतना काम किया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब सपा के लोग कानून व्यवस्था की बात करते हैं तो हंसी आती है। वहीं, विकास कार्यों पर सवाल उठाने पर सपा नेता शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि हमारी सरकार में बिजली और सड़क के क्षेत्र में काम हुआ था। इस पर ऊर्जा मंत्री ने कहा कि आपको सच सुनने से परेशानी है। कहा कि सपा सरकार में सिर्फ सैफई में बिजली आती थी पर आज हर शहर व गांव में कहीं 24 तो कहीं 21 घंटे बिजली आती है।

01:36 PM, 12-Feb-2026

कानून व्यवस्था के मुद्दे पर सपा सदस्यों ने किया बर्हिगमन

यूपी विधान परिषद में सपा सदस्यों ने राज्य में खराब कानून व्यवस्था का आरोप लगाते हुए सदन से बर्हिगमन किया। वहीं, सदन की कार्यवाही भोजनावकाश के लिए तीन बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

विज्ञापन
12:17 PM, 12-Feb-2026
सपा विधायक शिवपाल सिंह यादव - फोटो : amar ujala

सपा नेता शिवपाल बोले- जनता को लूटने के लिए लाया गया भारी भरकम बजट

सपा विधायक शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि यूपी सरकार पूरी तरह भ्रष्टाचार में लिप्त है। प्रदेश का इतना बड़ा बजट लूटने के लिए लाया गया है। सीएम योगी के बाबरी कभी न बनने के बयान पर शिवपाल ने कहा कि भाजपा वालों के पास लोगों को आपस में लड़ाने के अलावा कोई काम नहीं है। 

12:11 PM, 12-Feb-2026

कांग्रेस नेता आराधना मिश्रा बोलीं, बजट ने किसान, महिला और युवा सभी को निराश किया है

कांग्रेस नेता आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि यूपी सरकार के बजट ने महिला, किसान और युवा सभी को निराश किया है। हम सदन में इस मुद्दे को उठाएंगे।

11:49 AM, 12-Feb-2026
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही। - फोटो : amar ujala

यूपी में डीजल पर वैट भी अन्य राज्यों के मुकाबले काफी कम

यूपी विधानसभा में सपा विधायक अनिल प्रधान ने किसानों की बदहाली का मुद्दा उठाया और कहा कि विकास कार्यों के नाम पर किसानों की जमीन औने-पौने दामों पर ली जा रही है। किसान कर्ज से और मौसम की अनिश्चितता से परेशान है। वहीं, अन्ना पशु भी उनकी फसल नष्ट कर देते हैं। किसानों को खाद के लिए चार-चार दिन लाइनों में लगना पड़ता है और पुलिस की लाठियां खानी पड़ती हैं। वहीं, डीजल की कीमतें के कारण किसान महंगाई से परेशान हैं।

सपा विधायक के सवालों का जवाब देते हुए कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि यूपी में डीजल की कीमतें पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु सहित करीब 20 राज्यों में सबसे कम हैं। यूपी में डीजल पर वैट भी अन्य राज्यों के मुकाबले काफी कम है। इसलिए सपा सदस्य का ये सवाल निराधार है। वहीं, किसानों की आय बढ़ाने और लागत कम करने का प्रयास किया जा रहा है। किसानों के लिए कई और योजनाओें पर भी काम किया जा रहा है जिससे किसान लाभान्वित हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सपा के लोग सड़क बनाने की बात तो करते हैं पर क्या सड़क हवा में बनेगी। इसके लिए जमीन ली जाती है और किसानों से बात कर उन्हें मार्केट रेट पर मुआवजा दिया जाता है। सपा पर हमलावर होते हुए उन्होंने कहा कि यूपी के लोग भूल नहीं सकते हैं कि किस तरह सपा सरकार में अनिल अंबानी के लिए नोएडा, गाजियाबाद में गोलियां चलवाई गई थीं। ये योगी की सरकार है किसानों से बात कर उन्हें मार्केट रेट पर मुआवजा दिया जाता है।

10:42 AM, 12-Feb-2026
यूपी सरकार के मंत्री ओम प्रकाश राजभर। - फोटो : amar ujala

सपा पर हमलावर हुए यूपी सरकार के मंत्री राजभर

यूपी सरकार के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सपा पर हमलावर होते हुए कहा कि उनका काम तो विरोध करना ही है। अगर विरोध नहीं करेंगे तो चुनाव में वोट कैसे मांगेंगे। वो भी जानते हैं कि सरकार अच्छा काम कर रही है। सपा सरकार में 300 रुपये दिव्यांगों को पेंशन थी अब एक हजार रुपये है। बुजुर्गों को पेंशन दी जा रही है। किसान सम्मान निधि सीधे किसानों के खाते में जा रही है। वो सिर्फ विरोध करने के लिए ही विरोध कर रहे हैं।

09:54 AM, 12-Feb-2026
विधानसभा - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क

कुछ देर में शुरू होगी सदन की कार्यवाही

बुधवार को प्रदेश सरकार के द्वारा बजट जारी किया गया था। आज विधानमंडल के दोनों सदनों में राज्यपाल के द्वारा दिए गए अभिभाषण पर चर्चा होनी है। राज्यपाल का अभिभाषण सोमवार को हुआ था। राज्यपाल के अभिभाषण में विपक्षी पार्टियों ने जमकर हंगामा किया था। 

09:54 AM, 12-Feb-2026

सोमवार को हुआ था दोनों सदनों में संबोधन

विधानमंडल के बजट सत्र की सोमवार को शुरुआत से पहले राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने दोनों सदनों के संयुक्त अधिवेशन को संबोधित किया था।  राज्यपाल ने अपने अभिभाषण में राज्य सरकार की उपलब्धियों का बखान करना शुरू ही किया था कि समाजवादी पार्टी के सदस्य नारे लिखे पोस्टर और राजमाता अहिल्याबाई होल्कर की तस्वीरें लेकर वेल में आ गए और हंगामा करने लगे थे। करीब 35 मिनट के राज्यपाल के संबोधन के दौरान सपा सदस्य लगातार हंगामा करते रहे थे। 

09:53 AM, 12-Feb-2026
विधान सभा में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का अभिभाषण - फोटो : UP Govt YT Channel

राज्यपाल ने कसा था तंज, आपके समय जीरो था

राज्यपाल ने प्रदेश के 121 राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थानों में एक्सीलेंस सेंटर और 251 स्मार्ट क्लास रूम की स्थापना का जिक्र करने के दौरान सपा सदस्यों के शोरगुल पर तंज कसते हुए कहा था कि आपके समय में यह सब जीरो था। उन्होंने आगे कहा कि पांच साल तक जीरो पर ही रहे। उन्होंने हाथ से जीरो की आकृति बनाकर सपा सदस्यों को आईना दिखाते हुए कुछ और भी कहा, जिसके बाद सपा सदस्यों ने तेज आवाज में हूटिंग शुरू कर दी। इसकी वजह से राज्यपाल की बात नहीं सुनी जा सकी।

09:50 AM, 12-Feb-2026

UP Assembly Live: शंकराचार्य पर जमकर नोंकझोंक, विपक्ष बोला- स्नान करने से रोका, सत्ता का जवाब- आपने लाठी से पिटवाया था

प्रदेश सरकार ने जारी किया बजट

बजट 2026-27 यूपी सरकार का आखिरी पूर्ण बजट जारी किया गया। बजटीय प्रावधानों में समाज के हर तबके का ख्याल रखकर विधानसभा चुनाव 2027 साधने की कोशिश की गई है। कृषि व संबद्ध क्षेत्रों के लिए 20% ज्यादा बजट रखकर 2.5 करोड़ किसान परिवारों तो बेसिक, उच्च से लेकर तकनीकी शिक्षा के लिए बजट से 12% रकम रखकर युवाओं को उम्मीद दी है। वहीं, स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए 55820 करोड़ रुपये रखकर हर वर्ग को संदेश दिया है। महिलाओं के लिए सीएम महिला उद्यमी उत्पादन विपणन योजना, महिला उद्यमी क्रेडिट कार्ड योजना, महिला पुलिसकर्मियों के लिए वाहन खरीद, बेटियों के लिए स्कूलों में निशुल्क सेनेटरी नैपकिन और सीएम वर्किंग वीमेन हॉस्टल का प्रस्ताव भी है। प्रदेश के मूलभूत ढांचे के लिए हाथ खोलकर खर्च करने के प्रावधान भी हैं। पांच दर्जन से ज्यादा नई योजनाओं की भरमार से साफ है कि बजट वोट का गणित साधकर मतदाताओं को लुभाने की कोशिश है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें