या
सब्सक्रिप्शन लें, अतिरिक्त 4 महीने फ्री {{/show_subscribe}}शिवपाल सिंह ने वंदे मातरम को नमन करते हुए इसके उद्घोष के साथ अपने संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि इतिहास को आधा-अधूरा देखना या दिखाना ठीक नहीं है। न जाने क्यों लोग इसे राजनीति में घसीट रहे हैं। आश्चर्य इस बात का है कि जो लोग आज घंटों वंदे मातरम पर बोल रहे हैं, उन लोगों के पूर्वज उस समय कहां थे जब स्वतंत्रता सेनानी लाठी खा रहे थे। सरकार स्कूलों में इसे अनिवार्य करने की बात करती है। लेकिन, जब बच्चे के पेट में भोजन नहीं होगा, तब क्या उसके मुंह से आवाज निकलेगी।
आप कहते हैं तो वंदे मातरम न गाए तो देशद्रोही है, मैं कहता हूं जो किसान के खाद न दे पाए, बेटियों को सुरक्षा न दे पाए, जो चुनाव जीतने के लिए गरीब का नाम काट दे, वो लोकतंत्र का सबसे बड़ा गुनाहगार है। आपकी (सरकार) उपबल्धि सिर्फ नाम बदलना है। उन्होंने सरकार पर शायरी भी बोली। कहा कि ''वतन की रेत को जो हाथों से सरकने नहीं देते... वही असली सिपाही हैं जो नफरतो को पनपने नहीं देते, राष्ट्रभक्ति सिर्फ नारों में नहीं नीयत में होती है... वंदे मातरम तो वो है जो सोने नहीं देता है।''
शिवपाल ने कहा कि आज दुर्भाग्य है कि वंदे मातरम को सम्मान देने की बजाय इसे राजनीतिक हथियार बना रही है। आज सरकार का मन है कि वंदे मातरम बोलो, लेकिन सवाल मत पूछो। सपा कहती है कि वंदे मातरम बोलो, सवाल भी पूछो। नारों नहीं नीयत से देश खड़ा हो। क्या पेपर लीक कानून बनाएंगे, क्या किसानों के लिए कानून बनाएंगे। इसे डर का हथियार नहीं, प्रेरणा का हथियार बनाइए। ऐसा लगता है कि राष्ट्रभक्ति की गंगा सिर्फ इन्हीं (भाजपा) के यहां बहती हैं। जिन नौजवानों के हाथों पर नौकरी होनी चाहिए, उनके हाथों में आज नशीला और जहरीला कफ सिरप है।
संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने वंदे मातरम पर अहम जानकारी साझा करके कार्यावही आगे बढ़ाई। इसके बाद सीएम योगी ने वंदे मातरम गीत पर अपनी बात रखी। 1896 में कांग्रेस के अधिवेशन में इसे रवींद्र नाथ टैगोर का स्वर मिला। तब यह गीत पूरे देश का एक स्वर बन गया था। वंदे मातरम के शताब्दी समारोह के दौरान कांग्रेस ने इमरजेंसी लगाकर गला घोंट दिया था। आज वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे हो रहे हैं। आज पूरी दुनिया के सामने भारत विकसित भारत की संकल्पना के साथ आगे बढ़ रहा है। तब इस गीत के रचयिता बंकिम चंद्र चटोपाध्याय का सपना आज के एक भारत... श्रेष्ठ भारत की संकल्पना के साथ आगे बढ़ा है।
सीएम ने आगे कहा कि वंदे मातरम की एक पंक्ति ने नई चेतना का संचार किया। फांसी के फंदे पर चढ़कर भी स्वतंत्रता सेनानियों का अंतिम उद्घोष था 'वंदे मातरम'। महात्मा गांधी ने इसे शुद्धतम गीत माना। वंदे मातरम को राष्ट्रगीत और सयुंक्त प्रांत को उत्तर प्रदेश के रूप में एक साथ अनुमति मिली। दुर्भाग्यपूर्ण था कि अंग्रेजों का विरोध करने वाली कांग्रेस भी दबाव में झुकती दिखी। भारत की आजादी को दिशा देने वाले मंत्र वंदे मातरम कांग्रेस की तुष्टीकरण का पहला और सबसे बड़ा शिकार बनी था। छह छंदों वाले राष्ट्रगीत को काटकर दो छंदों में सीमित कर देना किसी मजहबी मजबूरी का नतीजा या सत्ता के लिए राष्ट्र चेतना को गिरवी रखने जैसा था।
सीएम योगी ने कहा कि मोहम्मद अली जिन्ना ने इस पर खुलकर जहर दिया। कांग्रेस से अलग होने के बाद जिन्ना ने इसे मजहबी रंग दिया। 1935 में जिन्ना ने इसके खिलाफ नारा बुलंद किया। उस समय पीएम जवाहरलाल नेहरू थे। 26 अक्तूबर 1920 कांग्रेस ने इसे छोटा करने का निर्णय लिया। जब तुष्टिकरण के नीचे राष्ट्रभक्ति को पूरी तरह कैद करके रखने का दुस्साहस किया गया, तब भारत के विभाजन की नींव पड़ी। जो लोग इस गीत का विरोध कर रहे उन्हें देशवासियों से माफी मांगनी चाहिए।
सीएम ने पूरे सदन से अनुरोध किया कि जिस आनंदमठ उपन्यास का यह गीत है, उस उपन्यास को सभी को देखना चाहिए। वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने पर हम लोग संकल्प ले कि वंदे मातरम केवल अतीत की स्मृति न रहे। बल्कि हम सभी के लिए भविष्य का भी संकल्प बने।
सीएम योगी ने विपक्ष के सवालों का जवाब दिया। डॉक्टर की सलाह से कफ सिरप हर व्यक्ति लेता है। कोडीनयुक्त सिरप से मौतों के मामले अन्य राज्यों से आए हैं। यूपी में यह प्रतिबंधित है। प्रदेश में मौत के मामले सामने नहीं आए हैं।
यूपी में 136 फर्मों के खिलाफ एनडीपीएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। कोर्ट ने भी सरकार की कार्रवाई को सही माना है। अब तक बड़े पैमाने पर गिरफ्तारियां हुई हैं। 77 अभियुक्तों को अब तक गिरफ्तार किया जा चुका है। अन्य के खिलाफ भी कार्रवाई जारी है। सीएम ने कहा कि यूपी का सबसे बड़ा स्टाकिस्ट शुभम जायसवाल, कैंट वाराणसी से सपा के प्रत्याशी अमित यादव का व्यापारिक साझेदार है। मिलिंद यादव भी शुभम का साझेदार है।
सीएम ने आगे कहा कि अमित यादव और मिलिंद यादव के पत्नी के खातों से शुभम के खाते से बैंक ट्रांजेक्सन भी आए हैं। आलोक सिपाही पक्का सपाई है। अखिलेश यादव को गिफ्ट देते उसकी फोटो भी है। अपराधी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब कार्रवाई होगी तो आप लोग (सपा के लोग) ही फातिया पढ़ने जाएंगे। लेकिन, हम वह भी मौका नहीं देंगे।
सपा विधायक ने कहा कि कोडीन सिरप से बच्चों की मौत के आरोपी जौनपुर से ताल्लुक रखते हैं। ये जिले को शर्मसार करने वाला है। इस दवा कारोबारी का नाता इसी संसदीय क्षेत्र से है, जहां से देश के प्रधान सांसद का नाता है। इसके बाद भी आकाओं पर कार्रवाई नहीं हो रही है। इसके पीछे मनी लांड्रिंग का भी एक गिरोह है।
सपा विधायक रविदास मल्होत्रा ने कहा कि कफ सिरप मामले की जांच सीबीआई से या फिर वर्तमान या पूर्व न्यायाधीश से कराई जाए। 700 कंपनियां बनाकर अवैध कारोबार किया गया। 700 कंपनियां एक दिन में नहीं बन सकतीं। सोना लूट में एसटीएफ का एक सिपाही बर्खास्त किया गया था। उस बर्खास्त सिपाही की लखनऊ में करोड़ों की कोठी बनी है। एक बर्खास्त सिपाही की इतनी मंहगी कोठी कैसे बन गई? गरीब की झोपड़ी पर बुलडोजर चलता है। आरोपियों की कोठी पर भी बुलडोजर चलना चाहिए।
विधायक आर.के वर्मा ने कोडीन सिरप पर सरकार को घेरा। कहा कि सरकार ने कोडीन के जरिये वाराणसी को आर्थिक अपराध का सबसे बड़ा अड्डा बनाने का काम किया है। इस अवैध व्यापार के पैसे से आतंकियों को भी मदद दिए जाने की ईडी को आशंका है। कोडीन भैया लोग काफी ताकतवर लोग हैं। प्रदेश के एक रिटायर्ट आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर ने सरकार को पत्र लिखा। उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि सामने वाले लोग कितने ताकतवर हैं।
विधान परिषद आवश्यक कार्य के बाद 3 बजे तक भोजनावकाश के लिए स्थगित कर दी गई है। इससे पहले नियम 105 में शिक्षा सेवा चयन आयोग में शिक्षकों की सेवा सुरक्षा का मुद्दा शिक्षक नेता ध्रुव त्रिपाठी ने उठाया। हालांकि सरकार की तरफ से इस पर कोई आश्वाशन नहीं मिला। वहीं जल्द नेता सदन की अध्यक्षता वाली समिति की बैठक में इस पर चर्चा होगी।
ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने बिजली निजकरण और समस्याओं पर विपक्ष के सवालों का जवाब दिया। जो विपक्ष 75 वर्षों में नहीं कर पाया, वो पीएम मोदी ने 14 वर्षों में किया। आज बिजली के मामले में देश आत्मनिर्भर बना है। हम नेपाल, बांग्लादेश को आज बिजली एक्सपोर्ट कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर आधुनिकता की निशानी है। इससे कोई समस्या नहीं है। इसे सभी लोग लगने दें। अब तक 55 लाख से ऊपर मीटर लगाए गए हैं। स्मार्ट मीटर लगाने के लिए किसी को कोई पैसा नहीं देना है। सिर्फ नए कनेक्शन पर उपभोक्ताओं से पैसा लिया जाना है।
कार्यवाही के दौरान विपक्ष ने बिजली निजीकरण के मुद्दे पर सरकार को घेरा। कहा कि आज लोगों की इच्छा के विपरीत प्रीपेड मीटर लगाए जा रहे हैं। जबकि, बिना अनुमति प्रीपेड मीटर लगाना नियम विरुद्ध है। जो कंपनी अमेरिका में बैन है। इस पर भारी जुर्माना लगाया गया है। उसे बिजली की जिम्मेदारी क्यों दी जा रही है।
किसानों की समस्याओं को लेकर सपा ने विधान परिषद से वाक आउट किया।
उधर, विधान परिषद में नेता सदन केशव मौर्य ने अनुपूरक बजट प्रस्तुत किया।
संसदीय कार्य मंत्री ने बताया कि 2025-26 के 8 लाख 8 हजार करोड़ का मूल बजट था। अब 24 हजार 496.98 करोड़ का अनुपूरक बजट है। अनुपूरक बजट मूल बजट का 3.03 प्रतिशत है। इसमें राजस्व लेखा का व्यय 18 हजार 379.30 करोड़ रुपये तथा पूंजी लेखा का व्यय 6 हजार 127.68 करोड़ रुपये हैं। इसमें विशेष रूप से इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट, पावर सेक्टर, हेल्थ एंड फैमिली वेलफेयर सेक्टर, नगर विकास, टेक्निकल शिक्षा, वीमेन चाइल्ड वेलफेयर, मेडिकल शिक्षा और गन्ना एवं चीनी मिल पर फोकस किया गया है।
संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि हर चीज का जवाब मुख्यमंत्री जी के द्वारा दे दिया गया है। उसके बाद इसका कोई मतलब नहीं है। ये सरकार पूरी तरीके से जो लोग इसमें दोषी पाए गए उनके खिलाफ कार्रवाई कर रही है। वो सिरप का मौतों से कोई मतलब नहीं है। उत्तर प्रदेश में उस सिरप से कोई मौत नहीं हुई है। उसके बाद भी ये लोग जनता को गुमराह कर रहे हैं। इस मंच को नाजायज तरीके से इस्तेमाल कर रहे हैं।
सीएम योगी के संबोधन के बाद विपक्ष का हंगामा जारी है। विपक्षी विधायकों ने वेल में नारेबाजी की है। विपक्ष ने हंगामे के बाद सदन से वॉकआउट कर दिया।
सीएम योगी ने कहा कि कोडीन कप सिरप से यूपी के अंदर कोई मौत नहीं हुई है। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्यवाही होगी। यूपी सरकार इस मामले को कोर्ट में जीती है। यूपी में इसका जो सबसे बड़ा होल सेलर हैं, जिसे सबसे पहले एसटीएफ ने पकड़ा था। 2016 में उसको समाजवादी पार्टी ने लाइसेंस जारी किया था। जो फोटो रिलीज हो रही हैं, देश को अंदर दो नमूने हैं, एक दिल्ली में और एक लखनऊ में बैठते हैं। जब देश में कोई चर्चा होती है तो तुरंत वह देश छोड़कर भाग जाते हैं। मुझे लगता है कि यही आपके बबुआ के साथ हो रहा होगा। वह भी देश से फिर जाएंगे और आप लोग यहां चिल्लाते रहेंगे।
कोडीन कप सिरप के मुद्दा जो इन लोगों ने उठाया है, मुद्दा था नकली दवाओं के कारण होने वाले मौतों का। उसके बारे में हमने पहले ही बताया है कि नकली दवाओं के कारण होने वाली मौत की जानकारी अभी तक शासन के संज्ञान में नहीं आई है। यूपी के अंदर कोडीन कप सिरप के स्टॉकिस्ट हैं और होलसेलर हैं, यहां प्रोडेक्शन नहीं होता। ये मध्यप्रदेश और हिमाचल समेत अन्य राज्यों में होता है। मौत के प्ररकण अन्य राज्यों में सामने आए हैं।
योगी ने कहा कि प्रश्न क्या है? मुद्दे क्या उठाए जा रहे हैं। मुझे लगता है कि माननीय सदस्य को पूरा अध्ययन करके आना चाहिए। सदन की गरिमा का ध्यान भी रखना चाहिए।
लेकिन मुझे इसलिए भी खड़ा होना पड़ा कि नेता विरोधी पक्ष ने सदन की कार्यवाही प्रारंभ होते ही इस मुद्दे को उठाया है। प्रश्न है नकली दवाओं के सेवन से होने वाली मौतों के बारे में, जिसके बारे में उनको उत्तर दिया गया है कि इस प्रकार के प्रकरण उत्तर प्रदेश सरकार के संज्ञान में नहीं है। समय समय पर इस दिशा में खाद्य सुरक्षा और औषधी विभाग के द्वारा छापेमारी की कार्यवाही भी होती है। उत्तर प्रदेश के अंदर कोडीन कफ सिरप के मामले में नेता विरोधी दल को लेकर सीएम योगी ने तंज कसा। सीएम योगी ने कहा कि मैं तो ये मानता था कि उम्र के चौथे पड़ाव पर व्यक्ति सच बोलने का आदि तो कम से कम होगा ही। लेकिन इस उम्र में भी समाजवादी उनसे झूठ बुलवा देते हैं। इस उम्र में तो कम से कम उनसे झूठ मत बुलवाओ।
मंत्री संजय निषाद ने कोडीन कफ सिरप मामले पर कहा कि समाजवादी पार्टी विपक्ष है। वह विरोध करेंगे। ये राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित मामला है। लाइसेंस केंद्र सरकार देती है। हमारी सरकार ने कार्रवाई की है। अपराधियों को जेल भेजा गया। किसी को बख्शा नहीं जाएगा, हमारे यहां यही नियम है।
सपा विधायक अतुल प्रधान ने कफ सिरप पर सरकार से सवाल पूछे। कहा कि इस मामले में इतने बड़े लोग शामिल हैं, जिन तक सरकार के हाथ नहीं पहुंच रहे हैं। राजधानी के सुशांत गोल्फ सिटी में सिरप का जखीरा बरामद हुआ। एसटीएफ को जांच दी गई। लेकिन, 18 महीने बाद भी जांच का कुछ पता नहीं चला।
जैसे ही पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र के शुभम जायसवाल का नाम आया, तब पता चला कि इसमें बहुत नजदीक से सत्ता संरक्षित लोगों का हाथ शामिल है।
कैंसर के इलाज के लिए की जा रही व्यवस्थाओं पर उत्तर देते हुए ब्रजेश पाठक ने कहा कि सभी स्वास्थ्य ईकाइयों पर परीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने आंकड़े बताते हुए कहा कि जांच के बाद जो रोगी पाए जाते हैं, उन्हें लखनऊ स्थित कैंसर इस्टीट्यूट समेत अन्य अस्पतालों में इलाज दिया जाता है। अस्पतालों में उन्हें सभी प्रकार की सुविधाएं दी जाती हैं। अब तक 1,09,450 व्यक्तियों का निशुल्क इलाज किया जा चुका है।
यूपी सरकार आज अपना सप्लीमेंट्री बजट पेश करेगी। इस पर यूपी के मंत्री दानिश आज़ाद अंसारी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हमेशा ज़मीन पर ईमानदारी से काम करते हैं। सप्लीमेंट्री बजट के ज़रिए उत्तर प्रदेश के लोगों की उम्मीदों को पूरा करने के लिए पूरी ईमानदारी से काम किया जाएगा।
सपा विधायक ने कैंसर के इलाज को लेकर सवाल पूछे। मशीनों की कमी को लेकर सरकार को घेरा। क्या सरकार बालिकाओं को HPB लगाएगी।
इसके जवाब में मंत्री दयाशंकर दयालू ने कहा कि 2017 से यूपी में आयुष का अलग मंत्रालय है। आज आयुष के 3985 अस्पताल संचालित हैं। प्रदेश के अलग-अलग आयुर्वेद, योग और प्राकृतिक चिकित्सा से इलाज चल रहा है। हमने यूपी का पहला आयुष विवि बनवाया।
इसके साथ ही समान कार्य समान वेतन और चिकित्सकों को सुविधाएं देने की मांग उठी। मैनपुरी से सपा विधायक ने कहा कि हमारे यहां अस्पतालों के बुरे हाल हैं। जहां जानवर भी न रहें, वहां डॉक्टर रह रहे हैं। उनके आवासों की न पोताई हुई है, न मरम्मतीकरण।
विधानसभा में सपा ने NOCH का मुद्दा उठाया। समान काम के बदले समान सैलरी का भी मुद्दा उठाया। वेतन विसंगतियां दूर करने की मांग की।
विधानसभा में चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के पास बैठकर सपाइयों ने हंगामा किया। जमकर नारेबाजी की।
इसके जवाब में ब्रजेश पाठक ने कहा कि किसी भी अस्पताल में कोई समस्या नहीं है। हर सेंटर पर दवाइयां उपलब्ध हैं। 18 प्रकार की दवाएं, कई प्रकार की जांचें उपलब्ध हैं। कहा कि आयुष्मान से इलाज में यूपी देश में नंबर एक पर है। जिला अस्पतालों में आईसीयू की व्यवस्था है।
एमआरआई और अल्ट्रासाउंड पर कोई नियम नहीं है। कई बार निजी अस्पताल के डॉक्टर लाश रखकर पैसे उगाही करते हैं। फिर लाश देते हैं।
सपा नेता ने स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि अस्पतालों में मनमानी जारी है। सरकारी डॉक्टर बाहर से दवा लिखते हैं। ऐसे में गरीब आदमी कैसे इलाज करा पाएगा। किसी भी सरकारी अस्पताल में एमआरआई मशीन काम नहीं कर रही है। जांचों में खूब उगाही की जाती है।
समाजवादी पार्टी के नेता माता प्रसाद पांडेय ने कोडीन सिरप मामले में आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार इस पर जवाब दे। यदि सपा कार्यकर्ता आरोपी हैं तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाए।
इसके जवाब में संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि यूपी में कोडीन सिरप से एक भी मौत नहीं हुई है। सरकार इस पर पूरा जवाब देगी।
विधानसभा सत्र शुरू होने से पहले समाजवादी पार्टी के विधायकों ने कोडीन कफ सिरप मामले को लेकर हंगामा किया।
विधानसभा के प्रधान सेक्रेटरी प्रदीप दुबे दोनों सदनों में श्री बांके बिहारी जी मंदिर ट्रस्ट बिल, 2025 के बारे में जानकारी देंगे। इसे उत्तर प्रदेश विधानसभा और विधान परिषद के दोनों सदनों ने पहले ही पास कर दिया है। राज्यपाल की मंज़ूरी मिलने के बाद एक्ट के तौर पर नोटिफ़ाई कर दिया गया है। इस कानून का मकसद मंदिर की धार्मिक परंपराओं को बनाए रखते हुए भक्तों के लिए बेहतर एडमिनिस्ट्रेशन, ट्रांसपेरेंसी और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
सदन पहुंचे समाजवादी पार्टी के नेता माता प्रसाद पांडेय ने कहा कि सरकार के पास अधिकार है। संविधान में सप्लीमेंट्री ग्रांट लाने की व्यवस्था है। चर्चा इस बात पर होगी कि ये सप्लीमेंट्री ग्रांट किस मकसद से मांगी जा रही हैं।
इससे पहले रविवार को हुई बैठक में सीएम ने मंत्रियों और विधायकों से कहा कि विपक्ष के गलत आरोपों का भी शालीनता से और तथ्यों पर आधारित जवाब दिया जाना चाहिए। सोमवार को दोनों सदनों में अनुपूरक अनुदान मांगें पेश की जाएंगी। इस मौके पर सभी विधायक सदन में अपनी मौजदूगी सुनिश्चित करें। सरकार ने वंदेमातरम् के 150 वर्ष पूरा होने पर विधानसभा में विशेष चर्चा कराने का फैसला किया है। इस समय भी सभी विधायक सदन में मौजूद रहें।
यूपी में विधान मंडल के शीतकालीन सत्र में दोनों सदनों में विपक्ष के हमलों से निपटने के लिए भाजपा ने भी पुख्ता रणनीति तैयार की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लोकभवन में हुई भाजपा विधानमंडल दल की बैठक में सभी मंत्रियों और विधायकों को विपक्ष के सवालों का जवाब देने के लिए पूरी तैयारी से सदनों में आने को कहा है। कहा कि दोनों सदनों में विपक्ष के हर सवाल का जवाब पूरी दमदारी से देने के लिए मंत्रियों की तैयारी पूरी होनी चाहिए।