फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP Vidhan Mandal Session: योगी बोले- "बांग्लादेश में हिंदू की हत्या पर चुप हैं गाजा पर आंसू बहाने वाले"

Wed, 24 Dec 2025 07:03 PM IST
ishwar ashish अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ

खास बातें

UP Vidhan Sabha Session Live Updates News in Hindi: यूपी विधानमंडल के शीतकालीन सत्र के अंतिम दिन जनप्रतिनिधियों ने अलग-अलग मुद्दे सदन में उठाए जिसका सत्ता पक्ष ने जवाब दिया। सदन में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय व नेता सदन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अनुपूरक बजट पर अपना पक्ष रखा। देखें, सभी अपडेट्स
विज्ञापन
- फोटो : amar ujala
विज्ञापन

लाइव अपडेट

05:52 PM, 24-Dec-2025

विधानसभा में अनुपूरक बजट पास, कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भाषण के बाद यूपी विधानसभा में अनुपूरक बजट पास हो गया और विधानसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई। 

04:57 PM, 24-Dec-2025

नेता प्रतिपक्ष की मांग, बांग्लादेश के मुद्दे पर प्रभावी कार्रवाई करे भारत सरकार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भाषण के बाद नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने प्रतिप्रश्न करते हुए सवाल उठाया कि नेता सदन को कैसे पता कि बांग्लादेश में जिसकी हत्या की गई है वो दलित है। शेख हसीना को भारत ने शरण दी है। हम मांग करते हैं कि भारत सरकार बांग्लादेश मुद्दे पर प्रभावी कार्रवाई करे।

04:52 PM, 24-Dec-2025

"हर बात को जातीय चश्में से देखना बंद करे समाजवादी पार्टी"

मुख्यमंत्री योगी ने सपा पर हमलावर होते हुए कहा कि आप पहले ही उत्तर प्रदेश का बहुत नुकसान कर चुके हैं। मैं आप लोगों से कहूंगा कि हर बात को जातीय चश्में से देखना बंद करें। यूपी विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है और मैं आप लोगों से यही बात कहना चाहूंगा कि राह में मुश्किल होगी हजार... तुम दो कदम बढ़ाओ तो सही... हो जाएगा हर सपना साकार तुम चलो तो सही... तुम चलो तो सही। 

विज्ञापन
04:35 PM, 24-Dec-2025

"बांग्लादेश में हिंदू की हत्या पर चुप हैं गाजा पर आंसू बहाने वाले"

मुख्यमंत्री योगी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि तुष्टिकरण की नीति के कारण ही पाकिस्तान और बांग्लादेश का निर्माण हुआ। बांग्लादेश में एक दलित हिंदू को पीटकर मार दिया गया लेकिन जो लोग गाजा पट्टी पर आंसू बहाते थे उनके मुंह से एक शब्द नहीं निकला क्योंकि उन लोगों के लिए दलित, किसान और महिलाएं सब एक वोट बैंक हैं। तुष्टिकरण की नीति के कारण बांग्लादेश का निर्माण हुआ है। अगर विभाजन न होता तो हिंदुओं पर अत्याचार न होता। जब हम लोग बांग्लादेश के अवैध प्रवासियों और रोहिंग्याओं का निकालेंगे तो यही लोग आंसू बहाएंगे क्योंकि इनमें से कई तो इन लोगों के वोटबैंक होंगे। 

04:21 PM, 24-Dec-2025

हमने सरकारी योजनाओं की लूट को रोका

मुख्यमंत्री योगी ने सपा पर हमला करते हुए कहा कि हमने योजनाओं में जो लूट थी उसे रोका। सपा के लोग इंफ्रास्ट्रक्चर की बात करते हैं। बड़े-बड़े दावे करते हैं। जेपीएनआईसी पौने दो सौ करोड़ का प्रोजेक्ट था 860 करोड़ खर्च हो जाने के बाद भी अधूरा है। गोमती रिवर फ्रंट 167 करोड़ का प्रोजेक्ट था 1400 करोड़ खर्च हो गए तब भी अधूरा है। पूर्वांचल एक्सप्रेस वे के सिविल वर्क के लिए 15 हजार 200 करोड़ रुपये तय किए गए थे हमने वहीं एक्सप्रेस वे 11 हजार 400 करोड़ रुपये में पूरा करके दिखा दिया। यही सपा के समय इंफ्रास्ट्रक्चर की सच्चाई है।

विज्ञापन
04:13 PM, 24-Dec-2025
- फोटो : amar ujala

"हमने प्रदेश को बीमारू राज्य के कलंक से मुक्त कराया है"

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि हमने कानून व्यवस्था में सुधार किया है। यही कारण है कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था में सुधार हुआ है। आज निवेशक प्रदेश में आने के लिए तैयार हैं। प्रदेश में अर्थव्यवस्था में सुधार हुआ है। हमें खुशी है कि हमने उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्यों की सूची से बाहर निकाला है।

आज प्रदेश में व्यापारियों से गुंडा टैक्स नहीं लिया जाता है। आज अगर कोई गुंडा किसी बेटी को छेड़ता है तो वो जानता है कि जल्द ही यमराज का बुलावा आ जाएगा।

हमारी सरकार में किए गए आर्थिक सुधारों के कारण ही आज यूपी देश की दूसरे नंबर की अर्थव्यवस्था बन गया है। 

03:57 PM, 24-Dec-2025
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। - फोटो : amar ujala

"हमने भर्तियों को पारदर्शी बनाया है"

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ जितना सपा ने किया उतना किसी ने नहीं किया। हमने नौ लाख सरकारी नौकरियां दी हैं लेकिन कहीं भी भ्रष्टाचार नहीं हुआ है।

सपा की सरकार में यूपी के लोगों के सामने पहचान का संकट था। लोगों में अपने जीवन के लिए भय था अब प्रदेश की पहचान बदली है। आज देश में सर्वाधिक एक्सप्रेस वे और एयरपोर्ट वाला प्रदेश उत्तर प्रदेश है। हमने भर्तियों को पारदर्शी बनाया है।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि हमने भर्ती बोर्ड में रिटायर्ड डीजीपी को बैठाया है। जिससे कि नकल माफियाओं की कमर तोड़ी जा सके। सज्जन को सुरक्षा और दुर्जन को ठिकाने लगाने के लिए ही तो हम बैठे हैं। कोई भजन करने के लिए तो बैठे नहीं हैं। भजन करने के लिए तो मठ ही पर्याप्त है। उसी में कर लेते। परित्राणाय साधूनां विनाशाय च दुष्कृताम्... इसीलिए तो हम आए हैं। यही हमारी शपथ है।

"चेहरा देखकर योजनाओं का लाभ देना हमारे लिए पाप है"
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि हम हर किसी को सरकारी योजनाओं का लाभ दे रहे हैं। किसी का नाम और चेहरा देखकर सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं दे रहे हैं। ये हमारे लिए पाप है। विकास योजनाओं का लाभ हर किसी को मिलेगा।

03:37 PM, 24-Dec-2025

प्रदेश की हर बेटी को, हर व्यापारी को, हर नागरिक को सुरक्षा मिलनी चाहिए

यूपी विधानसभा में अनुपूरक बजट पर चर्चा में बोलते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय के दिए गए सुझाव के लिए आभार व्यक्त किया। इस दौरान उन्होंने तंज भी कसा। नेता सदन सीएम योगी ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष ने जो भी सुझाव हमारी सरकार को दिए हैं अगर वो सत्ता में रहने पर सपा नेताओं को देते तो समाजवादी पार्टी तितर-बितर न होती।

उन्होंने कहा कि मुझे खुशी है कि नेता प्रतिपक्ष ने स्वीकार किया कि प्रदेश में माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। आज प्रदेश की पहचान बदली है। अब प्रदेश में सुरक्षा का एक माहौल है। सपा की ही सरकार थी लेकिन पूजा पाल को सपा की सरकार न्याय नहीं दिला सकी क्योंकि हिम्मत नहीं थी।

हमारी सरकार ने तय किया कि बेटी चाहे इस पक्ष की हो या विपक्ष की उसे न्याय हम देंगे। सरकार की प्राथमिकता में है कि प्रदेश की हर बेटी को, हर व्यापारी को, हर नागरिक को सुरक्षा मिलनी चाहिए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कहीं भी किसी को जबरन कब्जा नहीं करने दिया जाएगा। अगर किसी ने कब्जा किया है तो उसे मैं छोडूंगा नहीं। 

03:27 PM, 24-Dec-2025
नेता विपक्ष माता प्रसाद पांडेय अनुपूरक बजट पर बोलते हुए। - फोटो : amar ujala

नेता प्रतिपक्ष बोले, जनप्रतिनिधि शपथ का कितना पालन करते हैं यह देखा जाना जरूरी

नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने कहा कि सरकार को समभाव से काम करना चाहिए। मुख्यमंत्री शपथ लेते हैं कि बिना भेदभाव के शुद्ध अंत:करण से बिना भय और पक्षपात के काम करूंगा और बुलडोजर से घर गिरा जाता है। ये कहां तक उचित है साथ ही यह भी देखा जाना चाहिए कि जनप्रतिनिधि जो शपथ लेते हैं उसका कितना पालन करते हैं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के लिए सभी के साथ एक जैसा व्यवहार करना जरूरी है।
 

03:12 PM, 24-Dec-2025

"नमामि गंगे" को लेकर उठाए सवाल

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि नमामि गंगे के लिए लगातार बजट दिया जा रहा है लेकिन अब तक पता नहीं चलता है कि धन कहां खर्च हो रहा है। जब भी सवाल पूछो तो उनका कहना होता है कार्य चल रहा है। 

बड़े अपराधियों के साथ छोटों का भी करें इलाज
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रदेश में बड़े अपराधियों को तो नियंत्रित किया जा रहा है पर छोटे अपराधियों को बिल्कुल भी नहीं नियंत्रित किया जा रहा है। ये लोग सत्ता से जुड़े लोगों से मिले होते हैं इसलिए इनके खिलाफ कुछ भी नहीं होता है। इससे गरीब लोग परेशान हैं।

इसी तरह प्रदेश में थाना और तहसील में व्याप्त भ्रष्टाचार से जनता परेशान है। इसे ठीक किया जाना चाहिए। इससे गरीब लोग परेशान हैं। ये भ्रष्टाचार के केंद्र हैं। ये एक-एक मुकदमा कई वर्ष तक चलाते रहते हैं। 

03:02 PM, 24-Dec-2025

उपभोक्ता फोरम में जज की नियुक्ति करें, लोकायुक्त की नियुक्ति भी जरूरी

नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से कहा कि लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए संस्थाओं को मजबूत करना जरूरी है। उपभोक्ता फोरम में जज की नियुक्ति नहीं हुई है जिससे कि लोगों को मुश्किल होती है। इसी तरह लोकायुक्त की नियुक्ति भी की जानी चाहिए।

02:48 PM, 24-Dec-2025

नेता प्रतिपक्ष बोले- हर बार अनुपूरक बजट लाना एक गलत परंपरा

नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने अनुपूरक बजट पर चर्चा करते हुए कहा कि जब मूल बजट पेश किया जाता है तो पूरा अनुमान लगा लिया जाता है कि कितना धन खर्च होगा और कितना राजस्व प्राप्तियां होंगी। पर अब देखा जा रहा है कि बार-बार अनुपूरक बजट लाया जा रहा है जो कि सही नहीं है। ये गलत परंपरा है। उन्होंने कहा कि 2025-26 में पेश किए गए मूल बजट का एक बड़ा हिस्सा पूरा खर्च ही नहीं किया गया है। ऐसे में बार-बार अनुपूरक बजट लाना एक गलत परंपरा है।

02:37 PM, 24-Dec-2025
पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर। - फोटो : amar ujala

अनुपूरक बजट पर बोले, पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर

यूपी के पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि यह अनुपूरक बजट जनकल्याणकारी, आर्थिक विकास और बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने की योजना के साथ लाया गया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष का काम है झूठ बोलना... हम सच बोलते थे। कहा कि हम अनुपूरक बजट का समर्थन करते हैं।

02:16 PM, 24-Dec-2025
प्राविधिक शिक्षामंत्री आशीष पटेल। - फोटो : amar ujala

अनुपूरक बजट से औद्योगिक विकास और इंफ्रास्ट्रक्चर होगा मजबूत

अपना दल के नेता व यूपी सरकार के प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष पटेल ने कहा कि योगी सरकार की ओर से पेश किया गया 24497 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट औद्योगिक विकास और इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने की योजना के साथ पेश किया गया है। इससे समाज का हर वर्ग लाभान्वित होगा।

02:11 PM, 24-Dec-2025

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अनुपूरक बजट पर रखेंगे अपना पक्ष

विधानसभा में अब से कुछ ही देर में अनुपूरक बजट पर चर्चा होगी। ढ़ाई बजे नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय अपना पक्ष रखेंगे। वहीं, तीन बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सदन को संबोधित करेंगे।

01:23 PM, 24-Dec-2025

संसदीय कार्यमंत्री बोले, किसी को अवैधानिक कार्य नहीं करने दिया जाएगा

नेता प्रतिपक्ष के सवाल का जवाब देते हुए संसदीय कार्यमंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि जिस जमीन की बात की जा रही है। उसके एक हिस्से पर पर अवैध कब्जा किया गया था जिसे हटाया गया था। उन्होंने क्रमवार जमीन के अलग-अलग हिस्सों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हम कानून व्यवस्था के मुद्दे पर ध्यान दे रहे हैं और आगे भी जांच करेंगे। किसी को भी अवैधानिक कार्यवाही नहीं करने दी जाएगी। 

01:15 PM, 24-Dec-2025
यूपी विधानसभा में बोलते नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय। - फोटो : amar ujala

नेता प्रतिपक्ष ने उठाया सवाल, बोले- पुलिस की मदद से मजार व मदरसा तोड़कर तनाव बढ़ा रहा गिरोह

विधानसभा नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने जिला सिद्धार्थनगर का मुद्दा उठाया और कहा कि वहां पर एक गिरोह है जो कि सौ-सौ साल पुराने मकबरे जिनके साथ बड़ी जमीनें जुड़ी हुई हैं। उन्हें पुलिस की मदद से गिराने का काम करते हैं। इससे जिले में तनाव उत्पन्न हो रहा है। तहसील मौर्यागंज में पुराने मजार को जिसकी जमीन पहले जमींदार की थी अब चकबंदी में बदलाव करते-करते चरागाह में दिखा दिया। गिरोह से जुड़े लोगों ने पहले तो पुलिस के बल पर वहां पर हिंदू-मुसलमानों को जाने से रोका और फिर मजार को तोड़ दिया। उन्होंने कहा कि गिरोहबंद लोग मदरसे और मजार को गिरा रहे हैं। ऐसे लोगों की जांच हो और अपराधियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो।

12:46 PM, 24-Dec-2025
कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना - फोटो : amar ujala

कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता ने अनुपूरक बजट पर उठाए सवाल

यूपी में कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना ने यूपी सरकार द्वारा पेश किए गए अनुपूरक बजट को लेकर सवाल उठाए। कहा कि जब मूल बजट का 36-37 प्रतिशत ही खर्च हुआ है तो अनुपूरक बजट क्यों लाया गया है। कहा कि ये जनता की गाढ़ी कमाई का दुरुपयोग है। 

12:39 PM, 24-Dec-2025

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक बोले, देश को अराजकता की राह पर ले जाना चाहता है विपक्ष

यूपी के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने कहा कि सपा ने प्रदेश को अराजकता की आग में झोंका। प्रदेश को वन डिस्ट्रिक वन माफिया दिया। अब प्रदेश शांति और विकास की राह पर है। उन्होंने कहा कि अब सपा की दाल नहीं गलने वाली है। प्रदेश तरक्की की राह पर है। विपक्ष पूरी तरह से डिरेल हो गया है। सपा के पास कहने के लिए कुछ भी नहीं है। विपक्ष देश को अराजकता की राह पर ले जाना चाहता है।

12:21 PM, 24-Dec-2025
सपा विधायक शिवपाल सिंह यादव। - फोटो : amar ujala

ब्राह्मण विधायकों की बैठक पर शिवपाल सिंह ने दिया बयान

सपा विधायक शिवपाल सिंह यादव ने ब्राह्मण विधायकों की बैठक को लेकर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि ये लोग हमारी पार्टी में आएं सभी को सम्मान मिलेगा।

11:44 AM, 24-Dec-2025

सदन में गूंजा प्रदूषण का मुद्दा, सपा सदस्य बोले- 2022 में 17 लाख मौतें हुईं

यूपी विधानसभा की कार्यवाही में सपा सदस्य ने प्रदूषण का मुद्दा उठाया और सरकार से सवाल पूछा कि प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए क्या किया जा रहा है। 2022 में 17 लाख मौतें प्रदूषण के कारण हुई हैं। उन्होंने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड बिना स्थलीय निरीक्षण के एनओसी दे देता है। इस पर संबंधित विभाग के मंत्री ने जवाब देते हुए कहा कि पर्यावरण की रक्षा के लिए और प्रदूषण रोकने के लिए हर किसी को आगे आना होगा। बीते तीन वर्षों में हमारी सरकार ने प्रदूषण नियंत्रित किया है। प्रदूषण बढ़ा नहीं है बल्कि कंट्रोल किया गया है। 

11:13 AM, 24-Dec-2025

सदन के अंदर भी "सेव अरावली सेव लाइफ" के नारे लगे

सपा सदस्यों ने सदन के अंदर भी "सेव अरावली सेव लाइफ" के नारे लगाए।





 

10:54 AM, 24-Dec-2025

UP Vidhan Mandal Session: योगी बोले- "बांग्लादेश में हिंदू की हत्या पर चुप हैं गाजा पर आंसू बहाने वाले"

यूपी के विधानमंडल सत्र में सपा विधायक ने अरावली मामले को उठाया। सपा विधायक ने कहा कि पर्यावरण को नुकसान नहीं पहुंचाया जाना चाहिए। उन्होंने "सेव अरावली सेव लाइफ" का नारा लगाया। विधायकों ने सोनम वांगचुक को रिहा करने के लिए भी नारे लगाए।

विधायक ने कहा कि अरावली जीवन दायिनी पर्वत श्रृंखला है। इसे बचाना चाहिए क्योंकि ये इंसानों और जीव-जंतुओं के जिंदा रहने के लिए जरूरी है।



 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें