फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक खत्म: डॉ. कृष्ण मोहन संभालेंगे महासचिव का कार्यभार, ढाई घंटे तक चली बैठक

Wed, 22 Jul 2026 06:40 PM IST
Akash Dwivedi डिजिटल डेस्क, लखनऊ

खास बातें

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बुधवार को अहम बैठक शुरू हो गई है। इनमें नए महासचिव और पहले मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) की नियुक्ति, समितियों के पुनर्गठन, रिक्त ट्रस्टी पदों पर निर्णय तथा चढ़ावा चोरी मामले की जांच चर्चा की संभावना है।
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

05:57 PM, 22-Jul-2026
डॉ कृष्ण मोहन। 

डॉ. कृष्ण मोहन संभालेंगे महासचिव का कार्यभार

राम मंदिर ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को संपन्न हो गई। करीब ढाई घंटे तक चली बैठक में ट्रस्ट से जुड़े विभिन्न प्रशासनिक और संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की गई। बैठक समाप्त होने के बाद ट्रस्ट के सदस्य वापस रवाना होने लगे।

बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णयों में यह तय किया गया कि डॉ. कृष्ण मोहन फिलहाल राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव का कार्यभार संभालेंगे। यह व्यवस्था अगले निर्णय तक प्रभावी रहेगी। ट्रस्ट की ओर से नियमित महासचिव की नियुक्ति को लेकर अभी कोई औपचारिक घोषणा नहीं की गई है।



बैठक के दौरान मंदिर निर्माण, ट्रस्ट के प्रशासनिक कार्यों और अन्य व्यवस्थाओं पर भी विचार-विमर्श हुआ। हालांकि बैठक में हुई अन्य चर्चाओं और निर्णयों का विस्तृत विवरण अभी सार्वजनिक नहीं किया गया है। ट्रस्ट की ओर से जल्द ही आधिकारिक जानकारी जारी किए जाने की संभावना है।

राम मंदिर ट्रस्ट की इस बैठक पर प्रदेश और देशभर के श्रद्धालुओं की नजर बनी हुई थी। फिलहाल डॉ. कृष्ण मोहन के महासचिव का कार्यभार संभालने के निर्णय को ट्रस्ट के प्रशासनिक कामकाज की निरंतरता बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

04:52 PM, 22-Jul-2026

ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास व अन्य ट्रस्ट के पदाधिकारी बैठक में शामिल



04:38 PM, 22-Jul-2026

महंत नृत्य गोपाल दास की अध्यक्षता में अहम मुद्दों पर चर्चा

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को मणिराम दास छावनी में महंत नृत्य गोपाल दास की अध्यक्षता में शुरू हुई। बैठक में ट्रस्ट से जुड़े विभिन्न प्रशासनिक और संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की जा रही है। बैठक में अंतरिम महासचिव कृष्ण मोहन, कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि, ट्रस्ट सदस्य दिनेंद्र दास जी, स्वामी विश्व प्रसन्न तीर्थ जी महाराज, स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती तथा परमानंद जी महाराज उपस्थित रहे। पदेन सदस्य के रूप में अयोध्या के जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी भी बैठक में शामिल हुए।

वहीं, पद्मश्री के. परासरन, केंद्रीय सचिव प्रशांत लोखंडे और उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव संजय प्रसाद वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में जुड़े। सूत्रों के अनुसार, बैठक में ट्रस्ट के संगठनात्मक विषयों के साथ-साथ विभिन्न प्रशासनिक मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया जा रहा है। बैठक के बाद लिए गए निर्णयों की आधिकारिक जानकारी ट्रस्ट की ओर से जारी की जाएगी।
 

विज्ञापन
04:10 PM, 22-Jul-2026

ट्रस्ट की बैठक में छह अहम मुद्दों पर मंथन

मणिरामदास छावनी में आयोजित ट्रस्ट की बैठक में छह महत्वपूर्ण मुद्दों पर मंथन जारी है। बैठक का प्रमुख एजेंडा ट्रस्ट में खाली पड़े तीन पदों पर नए ट्रस्टियों की नियुक्ति तथा महासचिव पद पर नए नाम का चयन माना जा रहा है।

03:47 PM, 22-Jul-2026

नए ट्रस्टियों और महासचिव के नामों पर नजर

मणिरामदास छावनी में आयोजित ट्रस्ट की बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार, ट्रस्ट में खाली पड़े तीन पदों पर नए ट्रस्टियों के नामों की घोषणा की जा सकती है। इसके साथ ही महासचिव पद पर भी नए नाम का ऐलान होने की संभावना जताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, कार्यवाहक महासचिव कृष्ण मोहन और विश्व हिंदू परिषद के महासचिव बजरंगलाल बांगड़ा स्थायी महासचिव पद की दौड़ में प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं। हालांकि, ट्रस्ट की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

बैठक को लेकर छावनी परिसर के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। ट्रस्ट के सदस्य बैठक में शामिल होने के लिए पहुंच रहे हैं और सभी की निगाहें बैठक के संभावित फैसलों पर टिकी हैं।
 

विज्ञापन
03:21 PM, 22-Jul-2026

मणिरामदास छावनी के बाहर सुरक्षा कड़ी, ट्रस्ट सदस्यों का पहुंचना शुरू

मणिरामदास छावनी के बाहर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। छावनी परिसर के आसपास भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है और पूरे क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर आवाजाही पर निगरानी रखी जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था के बीच ट्रस्ट के सदस्यों का छावनी पहुंचना शुरू हो गया है।

पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। परिसर के आसपास सुरक्षा के मद्देनजर आने-जाने वालों की जांच भी की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है और सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाए गए हैं।

03:12 PM, 22-Jul-2026

राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक शुरू, ट्रस्टी पहुंचे 

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक मणि रामदास की छावनी में ठीक 3 बजे शुरू हुई। बैठक में शामिल होने के लिए राम मंदिर ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव डॉक्टर कृष्ण मोहन, कोषाध्यक्ष गोविंद देवगिरी शंकराचार्य वासुदेवानंद सरस्वती, युगपुरुष परमानंद, जगद गुरु विश्व प्रसन्न तीर्थ पहुंच चुके हैं। बैठक में आमंत्रित सदस्य के रूप में विश्व हिंदू परिषद के बजरंग लाल बांगड़ा और दिनेश चंद्र भी शामिल होने पहुंचे हैं।

03:09 PM, 22-Jul-2026

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक में डीएम शशांक त्रिपाठी भी पहुंचे

03:05 PM, 22-Jul-2026

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक में पहुंचे शंकराचार्य वासुदेवानंद सरस्वती

02:58 PM, 22-Jul-2026

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक में पहुंचे गोविंद देव गिरि और दिनेंद्रदास

02:53 PM, 22-Jul-2026

पुनर्गठन पर भी फैसला हो सकता

बैठक में ट्रस्ट की पांच प्रमुख समितियों के पुनर्गठन पर भी फैसला हो सकता है। चढ़ावा विवाद के बाद विशेष रूप से वित्त एवं ऑडिट व्यवस्था को और मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा। इसके अलावा पूर्व महासचिव चंपत राय, ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा के इस्तीफे तथा ट्रस्टी विमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र के निधन से रिक्त हुए तीन ट्रस्टी पदों को भरने पर भी चर्चा होगी।

02:49 PM, 22-Jul-2026

इकबाल अंसारी बोले- ट्रस्ट में बदलाव से नए लोग आएंगे

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में सुप्रीम कोर्ट ने एसआईटी के पुनर्गठन का आदेश दिया है। इस पर बाबरी मस्जिद-राम जन्मभूमि मामले के पूर्व वादी इकबाल अंसारी ने कहा कि लोग सुप्रीम कोर्ट के फैसले का सम्मान करते हैं और ट्रस्ट में परिवर्तन से नए लोग आएंगे।
 

उन्होंने एएनआई को दिए गए बयान में कहा कि सुप्रीम कोर्ट का फैसला हमारे देश का कानून है। लोग सुप्रीम कोर्ट की बात मान रहे हैं और आगे भी मानेंगे...। सुप्रीम कोर्ट ने दोबारा जांच का आदेश दिया है। अयोध्या के लोग और रामभक्त समेत सभी इसका सम्मान कर रहे हैं।

02:45 PM, 22-Jul-2026

राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक पर टिकी निगाहें

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बुधवार को होने वाली दो महत्वपूर्ण बैठकों पर पूरे देश की नजर रहेगी। इन बैठकों में राम मंदिर के पहले मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) की नियुक्ति, ट्रस्ट की प्रमुख समितियों के पुनर्गठन, रिक्त ट्रस्टी पदों पर नियुक्ति तथा चढ़ावा चोरी प्रकरण की जांच सहित कई अहम मुद्दों पर निर्णय लिए जाने की संभावना है।



ट्रस्ट की पहली कार्यकारिणी बैठक बुधवार दोपहर तीन बजे राम जन्मभूमि परिसर में होगी। इसके बाद दूसरी बैठक मणिराम दास छावनी स्थित ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के आवास पर आयोजित की जाएगी। बैठक का सबसे महत्वपूर्ण एजेंडा राम मंदिर के पहले CEO का चयन माना जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार, तीन सदस्यीय सर्च कमेटी ने तीन नामों को शॉर्टलिस्ट कर लिया है, जिनमें से एक उम्मीदवार को मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया जाएगा। CEO मंदिर के प्रशासन, वित्तीय व्यवस्था और श्रद्धालु सुविधाओं की समग्र निगरानी करेगा। इस पद के लिए सेवानिवृत्त नौकरशाहों, कॉरपोरेट क्षेत्र से जुड़े लोगों और रामभक्तों ने आवेदन किए थे।

02:42 PM, 22-Jul-2026

बैठक की अध्यक्षता ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास करेंगे

दोपहर 3 बजे श्री स्वामी मणि राम दास जी महाराज की छावनी में होने वाली बैठक की अध्यक्षता ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास करेंगे। कोषाध्यक्ष गोविंददेव गिरि, शंकराचार्य स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती अयोध्या पहुंच चुके हैं। 6 जुलाई को हुई ट्रस्ट की बैठक में चंपत राय और डॉ. अनिल मिश्रा के इस्तीफे स्वीकार कर लिए गए थे।

रिटायर IFS अफसर कृष्ण मोहन को कार्यवाहक महासचिव बनाया गया था। चंपत राय और अनिल मिश्रा ने 26 जून को इस्तीफा दे दिया था। वहीं, अयोध्या राजघराने के प्रमुख बिमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र के निधन के बाद उनका ट्रस्टी पद भी खाली है। ऐसे में ट्रस्ट में फिलहाल तीन पद रिक्त हैं।

01:54 PM, 22-Jul-2026

राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक खत्म: डॉ. कृष्ण मोहन संभालेंगे महासचिव का कार्यभार, ढाई घंटे तक चली बैठक

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बुधवार को होने वाली दो महत्वपूर्ण बैठकों पर पूरे देश की नजर है। इन बैठकों में राम मंदिर के पहले मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) की नियुक्ति, ट्रस्ट की प्रमुख समितियों के पुनर्गठन, रिक्त ट्रस्टी पदों पर नियुक्ति तथा चढ़ावा चोरी प्रकरण की जांच सहित कई अहम मुद्दों पर निर्णय लिए जाने की संभावना है।

ट्रस्ट की पहली कार्यकारिणी बैठक बुधवार दोपहर तीन बजे राम जन्मभूमि परिसर में शुरू हो गई है। इसके बाद दूसरी बैठक मणिराम दास छावनी स्थित ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के आवास पर आयोजित की जाएगी। पढ़िए बैठक से जुड़ी पल-पल की अपडेट

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें