प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने मिराज 2000 ने सफलतापूर्वक लैंड कर लिया है। इसके साथ ही यह विमान दुश्मनों के लिए किस प्रकार घातक है इसकी जानकारी दी जा रही है।
वायुसेना के अधिकारी पीएम मोदी को विमानों की जानकारी दे रहे हैं और इसके साथ ही कुछ ही समय बाद ये एक्सप्रेसवे को छूकर अपनी शक्ति का प्रदर्शन करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का काफिला अब दूसरे मंच की ओर पहुंच गया है। यहां से वह वायुसेना के विमानों का करतब देखेंगे।
यूपी के पहले मुख्यमंत्रियों के लिए विकास वहीं तक सीमित था जहां उनका घर था: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्ववर्ती सरकारों को निशाने पर लेते हुए कहा कि पिछले मुख्यमंत्रियों के लिए विकास वहीं तक सीमित था जहां उनका घर था लेकिन आज जितना पश्चिम का सम्मान है, उतनी ही पूर्वांचल के लिए भी प्राथमिकता है। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे आज यूपी की इस खाई को पाट रहा है और यूपी को जोड़ रहा है।
उन्होंने परिवारवाद पर भी निशाना साधा और कहा कि सुल्तानपुर के सपूत श्रीपति मिश्रा का अपमान हुआ था। परिवारवादी लोगों ने उनका जितना अपमान किया वो यूपी के लोग कभी भूल नहीं सकते।
उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में विकास हो रहा है तो इसका सबसे अधिक लाभ हमारी बहनों-बेटियों को मिल रहा है। घर, बिजली पानी, शौचालय, रसोइ गैस मिलने से उनको सबसे बड़ी परेशानी से छुटकारा मिला है।
यूपी में आएगा लाखों करोड़ रुपये का निवेश: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह एक्सप्रेसवे 22 हजार करोड़ रुपये में बनकर तैयार हुआ है जो कि आने वाले समय में प्रदेश में लाखों करोड़ रुपये के निवेश का माध्यम बनेगा। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की विशेषता सिर्फ यही नहीं है कि यह 9 जनपदों को जोड़ेगा बल्कि यह एक्सप्रेसवे लखनऊ को उन शहरों से भी जोड़ेगा जहां विकास की असीम संभावनाएं हैं। पहले यूपी जैसे विशाल प्रदेश में एक शहर दूसरे शहर से दूर रहता था। पूर्वांचल के लोगों के लिए तो लखनऊ पहुचना भी महाभारत जीतने जैसा होता था पर अब आवागमन बेहद आसान होगा।
2017 के पहले प्रदेश में राह नहीं राहजनी होती थी: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भाजपा की सरकार आने के बाद से ही देश के दूरदराज के इलाकों को सड़कों से जोड़ा गया है। 2017 के पहले प्रदेश में राह नहीं राहजनी होती थी। बिजली कटौती लगातार होती थी पर भाजपा की सरकार आने के बाद प्रदेश विकास के रास्ते पर बढ़ रहा है और कानून व्यवस्था में भी सुधार हुआ है पर अब जिस तरह से यूपी में विकास हो रहा है उससे साफ है कि यूपी का भाग्य बदलना शुरू हो गया है। पहले कितनी बिजली कटौती होती थी, कौन भूल सकता है कि यूपी में कानून व्यवस्था की क्या हालत थी, यहां मेडिकल सुविधा की क्या व्यवस्था थी।
पीएम मोदी ने कहा, यूपी के पूर्ववर्ती सरकारों ने पूर्वांचल के विकास पर ध्यान ही नहीं दिया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि ये एक्सप्रेसवे यूपी की शान है। ये यूपी का कमाल है। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे को यूपी की जनता को समर्पित करते हुए अपने आप को धन्य महसूस कर रहा हूं। उन्होंने प्रदेश की पूर्ववर्ती सरकारों पर भी निशाना साधा और कहा कि उत्तर प्रदेश में जिस तरह से राजनीति हुई, जिस तरह से लंबे समय तक सरकारें चलीं उसने यूपी के सर्वांगीण विकास पर ध्यान ही नहीं दिया। यूपी का यह क्षेत्र तो माफियावाद और यहां के लोगों को गरीबी के हवाले कर दिया गया था।
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे यूपी की प्रगति का एक्सप्रेसवे है: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि तीन साल पहले जब मैंने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का शिलान्यास किया था तब मैंने नहीं सोचा था कि एक दिन इस एक्सप्रेसवे पर ही मैं विमान से उतरूंगा भी। यह एक्सप्रेसवे यूपी के विकास का एक्सप्रेसवे है। यह एक्सप्रेसवे यूपी की प्रगति का एक्सप्रेसवे है।
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे यूपी की संकल्प शक्ति का प्रकटीकरण है: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि दुनिया में जिसको भी यूपी के लोगों का सामर्थ्य देखना हो वो पूर्वांचल एक्सप्रेसवे को देख ले। यह एक्सप्रेसवे नए यूपी का एक्सप्रेसवे है। ये एक्सप्रेसवे यूपी की संकल्प शक्ति का प्रकटीकरण है। यह एक्सप्रेसवे यूपी की बढ़ती अर्थव्यवस्था का प्रतीक है।
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे प्रदेश के विकास की एक तस्वीर है
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जल्द ही कानपुर मेट्रो का भी उद्घाटन हो जाएगा। प्रदेश में तेजी से इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास किया जा रहा है। यह पूर्वांचल एक्सप्रेसवे प्रदेश के विकास की एक तस्वीर है।
सिर्फ तीन साल में बनकर तैयार हो गया पूर्वांचल एक्सप्रेसवे: मुख्यमंत्री योगी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंच पर पहुंचने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वागत भाषण दिया। इस मौके पर राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, सुल्तानपुर की सांसद मेनका गांधी सहित भाजपा के जनप्रतिनिधि मौजूद हैं।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का शिलान्यास तीन साल पहले किया गया था और आज सिर्फ 36 महीने में 341 किलोमीटर का एक्सप्रेसवे का उद्घाटन होने जा रहा है। यह एक्सप्रेसवे पूर्वांचल के विकास को नई ऊंचाइयां देने वाला साबित होगा।
पूर्वांचल के इलाकों की दिल्ली से दूरी होगी कम
इस पूर्वांचल एक्सप्रेस से यूपी के पूर्वांचल के इलाकों की दिल्ली से दूरी कम होगी। यूपी एक्सप्रेसवेज इंडस्ट्रियल डवलपमेंट अथॉरिटी (यूपीडा) के सीईओ अवनीश अवस्थी ने कहा कि एक्सप्रेस-वे पर बैटरी चार्जिंग स्टेशन लगाने के लिए निशुल्क जमीन दी जाएगी। हर पुलिस चौकी के पास हेलीपैड बनाए जाएंगे। फिलहाल इस पर टोल टैक्स नहीं वसूला जाएगा।
पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे : एक नजर में
- लंबाई : 340.824 किमी
- सड़क : 120 मीटर चौड़ी
- गति : 100 किमी/घंटा, 120 किमी/घंटा की रफ्तार के लिए डिजाइन किया गया है।
- हवाई पट्टी : सुल्तानपुर में 3.20 किमी लंबा व 34 मीटर चौड़ा एयर स्ट्रिप लड़ाकू विमानों के लिए।
- 8 स्थानों पर फ्यूल पंप और 4 स्थानों पर सीएनजी स्टेशन।
- 8 प्रसाधन ब्लॉक और 8 जनसुविधा परिसर।
- हर 500 मीटर पर रेन वाटर हार्वेस्टिंग पिट का प्रावधान।
- 4.5 लाख पौधों का रोपण।
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे प्रदेश के विकास का इंजन बनेगा
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे प्रदेश के विकास का इंजन तो बनेगा ही इस पर बनीं स्ट्रिप वायुसेना के भी काम आएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उद्घाटन समारोह में संबोधन भी देंगे। इसके लिए बड़ी संख्या में लोग आए हैं। विमान की लैंडिंग के समय आसपास के गांव के लोग भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री योगी बोले-डबल इंजन की सरकार कैसे काम करती है यह इसका प्रमाण है
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि एक्सप्रेस-वे यूपी में भारत का ग्रोथ इंजन बनने का प्रमाण है। एक्सप्रेस-वे इसका भी प्रमाण है कि डबल इंजन की सरकार कैसे कार्य करती है। उन्होंने कहा कि यह पूर्वी उत्तर प्रदेश के नौ जिलों के साथ ही बिहार के लिए भी महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम स्थल पर पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री पूर्वी उत्तर प्रदेश का बैकबोन कहे जाने वाले एक्सप्रेस-वे को एक बजे राष्ट्र को समर्पित करेंगे। उन्होंने फिर दोहराया कि प्रधानमंत्री ने जुलाई वर्ष 2018 में एक्सप्रेस-वे का शिलान्यास किया था। 19 माह के कोराना काल खंड के बाद भी 341 किमी लंबा एक्सप्रेस-वे 36 माह में बनकर तैयार हुआ है।
एक्सप्रेस-वे पूर्वी उप्र के करीब आठ करोड़ जनमानस के विकास व उज्ज्वल भविष्य का आधार बनेगा। प्रदेश की राजधानी लखनऊ से पूर्वी उप्र को एक्सप्रेस-वे जोड़ेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की रुचि पूर्वी उप्र के विकास के प्रति रही। एक्सप्रेस-वे बनने से यह सही साबित हुआ है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पहले पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं ने लोकार्पण कर दिया। इतना ही नहीं सपाइयों ने पुलिस को चकमा देकर एक्सप्रेस-वे पर साइकिल यात्रा भी निकाल दी। इसे लेकर प्रशासनिक महकमा सकते में आ गया है।
एक तरफ यूपी की भाजपा सरकार इस समारोह की तैयारियां जोरों से कर रही है, वहीं सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव इसपर तंज कसने का एक मौका नहीं छोड़ रहे हैं। आज सुबह उन्होंने ट्वीट किया कि 'फीता आया लखनऊ से और नयी दिल्ली से कैंची आई, सपा के काम का श्रेय लेने को मची है ‘खिचम-खिंचाई।'
दोपहर एक बजे शुरू होगा कार्यक्रम
मुख्यमंत्री योगी ने बताया था कि प्रधानमंत्री पूर्वी उत्तर प्रदेश का बैकबोन कहे जाने वाले एक्सप्रेस-वे को मंगलवार दोपहर एक बजे राष्ट्र को समर्पित करेंगे। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेस-वे यूपी में भारत का ग्रोथ इंजन बनने का प्रमाण है। एक्सप्रेस-वे इसका भी प्रमाण है कि डबल इंजन की सरकार कैसे कार्य करती है।