फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Prateek Yadav Death News Live: पार्थिव शरीर को सीएम योगी ने दी पुष्पांजलि, हाथ जोड़े खड़ी नजर आईं अपर्णा यादव

Wed, 13 May 2026 07:34 PM IST
Sharukh Khan अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ

खास बातें

Akhilesh Singh Yadav Step Brother Prateek Yadav Death News: पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के सौतेले भाई, प्रतीक यादव (38) का लखनऊ में निधन हो गया है। वे समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के सबसे छोटे बेटे थे। उन्हें सुबह छह बजे सिविल अस्पताल की इमरजेंसी में लाया गया था। डॉक्टर ने जांच पड़ताल करके उन्हें मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

07:32 PM, 13-May-2026
समाजवादी पार्टी (सपा) नेता रविदास मेहरोत्रा - फोटो : ANI

समाजवादी पार्टी नेता रविदास मेहरोत्रा बोले- हाईकोर्ट जांच करे

समाजवादी पार्टी (सपा) नेता रविदास मेहरोत्रा ने युवक प्रतीक यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत पर गंभीर सवाल उठाए हैं। रविदास मेहरोत्रा ने कहा, "हम प्रतीक यादव की असामयिक और अचानक मृत्यु से बेहद दुखी और आहत हैं। प्रतीक यादव को अस्पताल लाए जाने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। अस्पताल के डॉक्टरों ने उन्हें देखते ही मृत घोषित कर दिया। 



उनकी मौत प्राकृतिक नहीं थी। यह संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत है। उनके शरीर पर चोट के निशान थे और शरीर के अंदर जहर मिला था। इसलिए उनका पोस्टमॉर्टम कराया गया। प्राकृतिक मौत में पोस्टमॉर्टम नहीं किया जाता। पोस्टमॉर्टम के बाद शव को 5 घंटे तक मोर्चरी में रखा गया। हमने मौत के कारणों की जांच कराने की मांग की है। 

डॉक्टरों ने भी बताया कि शरीर पर चोट के निशान थे और शरीर नीला पड़ गया था, जो जहर दिए जाने का संकेत देता है। शव को अब उनके आवास पर रखा गया है, जो यह स्पष्ट करता है कि मौत सामान्य नहीं थी। हमने उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश से प्रतीक यादव की मौत की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

07:01 PM, 13-May-2026

प्रतीक की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बड़ा खुलासा

प्रतीक की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में एक और खुलासा हुआ है। उसमें बॉडी पर छह चोट के निशान मिले हैं। कुछ एक हफ्ते पहले तो कुछ एक दिन पहले के बताए जा रहे हैं। 

05:56 AM, 13-May-2026

सांसद डिंपल यादव ने दी श्रद्धांजलि

सांसद डिंपल यादव ने भाजपा नेता अपर्णा यादव के घर पहुंचकर उनके पति प्रतीक यादव की मौत पर शोक जताया और श्रद्धांजलि दी। इसके बाद डिंपल वहां से रवाना हो गईं।
 

विज्ञापन
05:00 AM, 13-May-2026
अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे सीएम योगी। - फोटो : amar ujala

पार्थिव शरीर को सीएम योगी ने दी पुष्पांजलि

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतीक यादव के पार्थिव शरीर को पुष्पांजलि अर्पित की और अंतिम दर्शन किए। इस मौके पर प्रतीक की पत्नी अपर्णा यादव पास में हाथ जोड़े खड़ी नजर आईं।

04:53 AM, 13-May-2026
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने किए अंतिम दर्शन। - फोटो : amar ujala

पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन के लिए लोगों का पहुंचना जारी

प्रतीक यादव के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन के लिए लोगों का पहुंचना जारी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने उन्हें अंतिम प्रणाम किया।
 

विज्ञापन
04:49 AM, 13-May-2026
प्रतीक के आवास पर गमगीन अखिलेश यादव। - फोटो : amar ujala

प्रतीक के आवास पर अखिलेश यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने भी किए अंतिम दर्शन

प्रतीक यादव का शव उनके आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है। इस मौके पर अखिलेश यादव मौजूद रहे और गमगीन नजर आए। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी पार्थिव शव के अंतिम दर्शन किए।

04:34 AM, 13-May-2026
प्रतीक की पीएम रिपोर्ट। - फोटो : amar ujala

पल्मोनरी एम्बोलिज़्म से पीड़ित थे, फेफड़ों में जम जाता था रक्त का थक्का

मेडिसिन विभाग की डॉ. रुचिता शर्मा का कहना है कि हमें प्रतीक यादव के निधन की खबर मिली है और इस क्षति से हमें गहरा दुख हुआ है। वे हमारे लंबे समय से मरीज थे। मैं काफी समय से उनका इलाज कर रही थी। उन्हें हाई ब्लड प्रेशर और हाइपरटेंशन जैसी समस्याएं थीं। कुछ ही दिन पहले, उन्हें 'पल्मोनरी एम्बोलिज़्म' होने के बाद यहां भर्ती कराया गया था। यह एक ऐसी स्थिति है जिसमें खून का थक्का नसों से होते हुए फेफड़ों की धमनियों में पहुंचकर वहीं अटक जाता है। फेफड़ों में रुकावट के कारण, उनके दिल के काम करने की क्षमता पर बुरा असर पड़ा था। कुछ दिन पहले ही वे सांस लेने में तकलीफ और सांस से जुड़ी अन्य समस्याओं की शिकायत लेकर यहां आए थे और उसी समय उन्हें पल्मोनरी एम्बोलिज़्म का पता चला था। पल्मोनरी एम्बोलिज़्म की स्थिति अपने आप में ही बेहद गंभीर और काफ़ी जोखिम भरी होती है। वे पहले से ही खून पतला करने वाली दवाएं ले रहे थे; उन्हें अपनी स्वास्थ्य समस्याओं के बारे में पूरी जानकारी थी और वे अपनी ब्लड प्रेशर की दवाएं नियमित रूप से लेते थे।
 

04:14 AM, 13-May-2026
प्रतीक यादव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट। - फोटो : amar ujala

प्रतीक यादव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा, हृदय और श्वसन तंत्र फेल होने से हुई मौत

प्रतीक यादव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आ गई है। पीएम रिपोर्ट के अनुसार, प्रतीक की मौत कार्डियोरेस्पिरेटरी कोलैप्स (हृदय और श्वसन तंत्र का अचानक फेल होना) व अत्यधिक पल्मोनरी थ्रोम्बोएम्बोलिज्म (फेफड़ों की रक्त वाहिकाओं में खून के थक्के जमने) के कारण हुई।

04:05 AM, 13-May-2026
- फोटो : amar ujala

अंतिम दर्शन के लिए पहुंची सुषमा खर्कवाल

प्रतीक यादव के शव के अंतिम दर्शन के लिए लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल भी पहुंचीं।

03:33 AM, 13-May-2026
अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे पीएल पुनिया, साक्षी महाराज व दयाशंकर सिंह। - फोटो : amar ujala

कांग्रेस-भाजपा नेता सहित मंत्री अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे

प्रतीक यादव के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन करने के लिए कांग्रेस नेता पीएल पुनिया, भाजपा सांसद साक्षी महाराज और प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह पहुंचें।

03:20 AM, 13-May-2026
आवास लाया गया प्रतीक का शव। - फोटो : amar ujala

एक बज कर 58 मिनट पर परिजनों को सौंपा गया प्रतीक का शव, अपर्णा घर पहुंचीं

प्रतीक यादव का शव एक बजकर 58 मिनट पर परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद परिजन इसे लेकर प्रतीक के विक्रमादित्य स्थित आवास पर पहुंचे। शव के आवास पहुंचने की सूचना पर बड़ी संख्या में लोग अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे। अपर्णा यादव भी आवास पहुंच चुकी हैं।

03:02 AM, 13-May-2026

आवास पर लोगों का जमावड़ा लगा

प्रतीक यादव के आवास पर अब्बास अंसारी भी पहुंचे। आवास पर लोगों का जमावड़ा लग गया है।

02:52 AM, 13-May-2026
सपा सांसद डिंपल यादव और धर्मेंद्र यादव पहुंचे। - फोटो : amar ujala

डिंपल यादव, धर्मेंद्र यादव सहित यादव परिवार के सदस्य पहुुंचे

प्रतीक यादव के विक्रमादित्य मार्ग स्थित आवास पर सांसद डिंपल यादव, धर्मेंद्र यादव सहित यादव परिवार के सदस्य व अन्य लोग पहुंच गए हैं। महापौर सुषमा खर्कवाल भी पहुंची हैं। आवास पर लोगों का जमावड़ा लग गया है।

02:46 AM, 13-May-2026

सीएम योगी सांत्वना देने पहुंचेंगे अपर्णा यादव के घर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 3:00 बजे अपर्णा यादव के आवास पर पहुचेंगे। आसपास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अपर्णा के घर लोगों और समर्थकों का जमावड़ा हो गया है।

02:26 AM, 13-May-2026

आवास पर पहुंचा प्रतीक यादव का शव

प्रतीक यादव का शव उनके विक्रमादित्य स्थित आवास पर लाया गया है।

02:13 AM, 13-May-2026
लखनऊ एयरपोर्ट पर अपर्णा यादव - फोटो : amar ujala

लखनऊ पहुंचीं अपर्णा यादव, एयरपोर्ट से विक्रमादित्य आवास की ओर हुईं रवाना

भाजपा नेता अपर्णा यादव दोपहर करीब दो बजे लखनऊ पहुंचीं। इसके बाद एयरपोर्ट से वह अपने आवास के लिए रवाना हो गईं।

02:05 PM, 13-May-2026

विक्रमादित्य मार्ग स्थित आवास पर ले जाया गया शव

प्रतीक यादव का शव पोस्टमार्टम हाउस से विक्रमादित्य मार्ग स्थित आवास पर ले जाया गया है। आखिरी तक यही सूचना थी कि अपर्णा यादव के आने के बाद उन्हें ही शव सुपुर्द किया जाएगा, लेकिन उनके आने में देरी की वजह से शव घर ले जाया गया है।

01:59 PM, 13-May-2026

Prateek Yadav: डॉ. रुचिता शर्मा ने दी ये जानकारी

मेदांता अस्पताल की मेडिसिन विभाग की एसोसिएट डायरेक्टर डॉ. रुचिता शर्मा कहती हैं, "हमें प्रतीक यादव के निधन की खबर मिली है, और इस नुकसान से हम बहुत दुखी हैं। वह हमारे पुराने मरीज़ थे। मैं काफी समय से हाई ब्लड प्रेशर और हाइपरटेंशन जैसी बीमारियों के लिए उनका इलाज कर रही थी। कुछ ही दिन पहले, उन्हें पल्मोनरी एम्बोलिज़्म होने के बाद यहां भर्ती कराया गया था।

यह एक ऐसी स्थिति है जिसमें खून का थक्का (blood clot) धमनियों में पहुंचकर वहीं फंस जाता है। उनके फेफड़ों में रुकावट के कारण, उनके दिल के काम करने पर बुरा असर पड़ा। कुछ दिन पहले वह साँस लेने में दिक्कत और सांस से जुड़ी अन्य समस्याओं की शिकायत लेकर यहां आए थे, और उसी समय उन्हें पल्मोनरी एम्बोलिज्म का पता चला था। पल्मोनरी एम्बोलिज्म की स्थिति, अपने स्वभाव से ही, बहुत गंभीर होती है और इसमें काफी जोखिम होता है। वह पहले से ही खून पतला करने वाली दवाएं ले रहे थे; उन्हें अपनी मेडिकल समस्याओं के बारे में पूरी जानकारी थी और वह अपनी ब्लड प्रेशर की दवाएं नियमित रूप से लेते थे। 

01:38 PM, 13-May-2026

Mulayam Singh Yadav: नीला पड़ गया था प्रतीक यादव का शव

शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का शरीर नीला पड़ गया था।  दिल और विसरा सुरक्षित रखा गया है। 

01:17 PM, 13-May-2026

Pratik Yadav: 25 नवंबर को चचेरे भाई आर्यन यादव की शादी में शामिल होने आए थे प्रतीक

सैफई के प्रधान व मुलायम सिंह यादव के पुराने साथी रामफल वाल्मीकि ने पत्रकरों से वार्ता करते हुए कहा कि प्रतीक को बचपन से मैंने देखा है। उसके निधन से पूरा गांव स्तब्ध और शोक में डूबा है। प्रतीक को जिम और खेलकूद का शौक था। अंतिम बार वह यहां अखिलेश यादव के चचेरे छोटे भाई आर्यन की शादी में 25 नवंबर को परिवार सहित सैफई आए थे।
 

01:12 PM, 13-May-2026

Aparna Yadav: रामफल वाल्मीकि भी आवास पर पहुंचे

सुबह अखिलेश यादव के आवास के बाहर सन्नाटा पसरा हुआ था। सैफई से जुड़े लोग घटना सुनने के बाद सपा परिवार के सदस्यों को फोन करके जानकारी जुटाना चाह रहे थे। हर किसी में मन घटना की वजह जानने की इच्छा थी। जानकारी होने पर सैफई के प्रधान व मुलायम सिंह यादव के पुराने साथी रामफल वाल्मीकि भी आवास पर पहुंचे। हालांकि उन्हें यहां कोई नहीं मिला। 

01:00 PM, 13-May-2026

Akhilesh Yadav: प्रतीक यादव की मौत के बाद सैफई में पसरा सन्नाटा

मुलायम सिंह यादव के बेटे और अखिलेश यादव के सौतेले भाई प्रतीक यादव की मौत के बाद इटावा के सैफई में भी शोक की लहर दौड़ गई है। बुधवार सुबह सैफई स्थित पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के आवास पर कोई भी सदस्य नहीं था। आवास के पास स्थित पशुशाला में अखिलेश यादव के चाचा अभयराम यादव गमगीन बैठे थे। 

12:50 PM, 13-May-2026

Akhilesh Yadav Brother: 'यह एक बहुत बड़ी क्षति है'

समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के बेटे और BJP नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव के निधन पर, राज्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा, "यह बहुत दुखद है... मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि वे उनके परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति दें... यह एक बहुत बड़ी क्षति है।"

12:46 PM, 13-May-2026

Mulayam Singh Yadav Son: 'प्रतीक यादव जी की मृत्यु बहुत दुखद है'

सपा प्रमुख अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव के निधन पर उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा, "प्रतीक यादव जी की मृत्यु बहुत दुखद है। बहुत गंभीर है। हमारी पार्टी की नेता के परिवार से किसी व्यक्ति का असामयिक जाना कष्ट का विषय है। मैं प्रतीक जी के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।"

12:43 PM, 13-May-2026

Akhilesh Yadav Brother: 'घटना बहुत दुखदायी है'

मथुरा में सपा प्रमुख अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव के निधन पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, "हमारी पूरी संवेदना है और भगवान से प्रार्थना है कि उनके परिवार को ये दुख सहने की शक्ति प्रदान करें। घटना बहुत दुखदायी है।"

12:40 PM, 13-May-2026

विसरा सुरक्षित रखा गया

प्रतीक यादव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी हो गई है। शव के विसरा को सुरक्षित रखा गया है।
 

12:34 PM, 13-May-2026

"पहले कहा नीली पड़ गई थी प्रतीक की बॉडी फिर झाड़ा पल्ला"

प्रतीक यादव के निधन को लेकर तरह-तरह की बातें की जा रही हैं। पहले कहा गया कि उनका शरीर नीला पड़ गया है पर फिर इससे पलट गए। युवक प्रतीक के साथ जिम में ट्रेनिंग करता था।

12:25 PM, 13-May-2026

प्रतीक को कोई गंभीर बीमारी नहीं थी: सुमित

लखनऊ में प्रतीक यादव के दोस्त सुमित ने कहा कि उन्हें कोई गंभीर बीमारी नहीं थी। मैं उनका दोस्त हूं और हम साथ में जिम जाया करते थे।
 

12:15 PM, 13-May-2026

Prateek Yadav: अपर्णा यादव की 1.30 बजे की फ्लाइट

प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा यादव की 1.30 बजे फ्लाइट है। दिल्ली से लखनऊ आने के बाद वही शव को लेंगी। सपा और मेडिकल टीम से जुड़े व्यक्ति ने जानकारी दी। हालांकि, उसने अपना नाम बताने से इनकार कर दिया और ये भी कहा कि उसने शव नहीं देखा है।

12:04 PM, 13-May-2026

Mulayam Singh Yadav: प्रतीक यादव के निधन पर डिप्टी सीएम ने जताया दुख

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव जी के पुत्र एवं उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव जी के पति प्रतीक यादव के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहन संवेदनाएं हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिजनों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करें। ॐ शांति!

11:59 AM, 13-May-2026

Pratik Yadav: सपा विधायक रविदास मल्होत्रा की मांग, मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए

सपा विधायक रविदास मल्होत्रा ने कहा कि प्रतीक यादव जिम करते थे और स्वस्थ थे। उनके शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं। इसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने किसी स्वतंत्र जज से मामले की जांच की मांग की।

11:46 AM, 13-May-2026

Aparna Yadav: प्रतीक के निधन पर बोले अयोध्या सांसद अवधेश प्रसाद

समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने प्रतीक यादव के निधन पर शोक व्यक्त किया, उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

11:37 AM, 13-May-2026

Akhilesh Yadav: प्रतीक यादव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी

प्रतीक यादव की मौत के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी हो गई है। प्रतीक के शव को उनके आवास पर ले जाया जाएगा। जानकारी मिली है कि पति प्रतीक यादव की मौत के बाद अपर्णा यादव दिल्ली से लखनऊ के लिए रवाना होंगी।

11:34 AM, 13-May-2026

Akhilesh Yadav Brother: प्रतीक की मौत की खबर से सन्न

पीजीआई के सरदार पटेल डेंटल कॉलेज की रहने वाली अपर्णा यादव की करीबी मित्र रीना सिंह ने बताया कि उन्हें जानकारी हुई थी कि चार महीने पहले अपर्णा के पति के लंग्स में इंफेक्शन हुआ था जिसका ऑपरेशन हुआ, मगर जब उन्होंने उनकी मौत की खबर सुनी तो सन्न रह गई और सीधे भाग कर पोस्टमार्टम हाउस पहुंची।

11:17 AM, 13-May-2026

Mulayam Singh Yadav Son: फेफड़ों की गंभीर बीमारी से ग्रसित थे प्रतीक यादव

प्रतीक यादव फेफडों की गंभीर बीमारी से ग्रसित थे। प्रतीक यादव फेफड़ों की एक अत्यंत गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। उन्हें 10 मई 2026 को लखनऊ के एक निजी अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती कराया गया था। प्रतीक पल्मोनरी एम्बोलिज्म नामक एक जानलेवा बीमारी की चपेट में आ गए थे।

11:03 AM, 13-May-2026

Prateek Yadav Death: प्रतीक यादव के शव को घर लाने की तैयारी

डीसीपी विक्रांत वीर प्रतीक यादव के घर पहुंचे हैं, घर के बाहर पुलिस मौजूद है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, प्रतीक का कमरा सील किया गया है। प्रतीक यादव के शव को घर लाने की तैयारी हो रही है।

10:47 AM, 13-May-2026

Prateek Yadav Akhilesh Yadav: 'प्रतीक यादव के देहांत की खबर सुनकर दुख हुआ है'

सपा प्रमुख अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव की मृत्यु पर भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने कहा, "प्रतीक यादव के देहांत की खबर सुनकर दुख हुआ है। उनका पोस्टमार्टम भी हुआ है। इसके बाद कारण पता लगेगा। इस दुख की घड़ी में हम परिवार के साथ हैं।"

10:29 AM, 13-May-2026

Prateek Yadav Wife: प्रतीक यादव के निधन का समाचार बहुत ही दुखद: रागिनी सोनकर

सपा विधायक रागिनी सोनकर ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव के निधन का समाचार बहुत ही दुखद है। ईश्वर से प्रार्थना है कि इस विकट घड़ी में परिवारजनों को यह दुख सहने की ताकत प्रदान करें और दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।'

10:26 AM, 13-May-2026

Pratik Yadav Mulayam Singh: प्रतीक यादव के निधन पर बृज भूषण शरण सिंह ने जताया दुख

पूर्व भाजपा सांसद और भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष बृज भूषण शरण सिंह ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं ‘पद्म विभूषण’ से सम्मानित  मुलायम सिंह यादव के सुपुत्र तथा उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव जी के पति प्रतीक यादव के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत हृदयविदारक एवं दुःखद है। हनुमान जी महाराज से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिवार एवं शुभचिंतकों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें। भावपूर्ण श्रद्धांजलि।

10:23 AM, 13-May-2026

Mulayam Singh: 'प्रतीक यादव का निधन, अत्यंत दुखद'

सपा सांसद प्रिया सरोज ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'प्रतीक यादव का निधन, अत्यंत दुखद। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें। विनम्र श्रद्धांजलि।

10:21 AM, 13-May-2026

How Prateek Yadav Died: सपा सांसद राजीव राय ने जताया दुख

सपा सांसद राजीव राय ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'श्रद्धेय नेताजी के छोटे पुत्र प्रतीक यादव जी का असामयिक निधन अत्यंत दुःखद है। प्रभु दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे।

10:20 AM, 13-May-2026

विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने जताया दुख

विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव जी के पुत्र एवं उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव जी के आकस्मिक निधन की सूचना अत्यंत कष्टकारी है, दुःख के इस क्षण में मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ है। प्रभु श्रीराम जी दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोक संतप्त परिजनों को यह आघात सहन करने की शक्ति प्रदान करें।'

10:07 AM, 13-May-2026

'जीवन में बड़ा काम करना चाहते थे प्रतीक'

अपने छोटे भाई प्रतीक यादव के निधन पर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, "मैंने प्रतीक को बचपन से देखा है। आज वे हमारे बीच नहीं है। हमें इस बात का बहुत दुख है। वे जीवन में आगे बढ़कर काम करना चाहते थे। यह दुखद है कि वे आज हमारे बीच नहीं हैं। मैं उनसे लगभग दो महीने पहले मिला था। कानून और परिवार के लोग जो कहेंगे हम उसी बात को मानेंगे। हम कानूनी रास्ता अपनाएंगे।"

09:52 AM, 13-May-2026

कुंवर बृजेश सिंह ने जताया दुख

राज्य मंत्री कुंवर बृजेश सिंह ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के पुत्र तथा उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव जी के पति प्रतीक यादव जी के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं कष्टप्रद है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देकर सद्गति प्रदान करें।' 

09:37 AM, 13-May-2026

'यह एक बहुत ही दुखद घटना है'

राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता सिंह चौहान, BJP नेता अपर्णा यादव के पति और समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव के निधन के बाद उनके आवास पर पहुंचीं। उन्होंने कहा, "यह एक बहुत ही दुखद घटना है... ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। भगवान परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति दें।"

09:36 AM, 13-May-2026

KGMU लाया गया शव

समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के बेटे और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का शव, पोस्टमॉर्टम के लिए लखनऊ स्थित KGMU लाया गया है। प्रतीक का निधन लखनऊ के सिविल अस्पताल में हुआ था।

09:36 AM, 13-May-2026

सीएम योगी ने जताया दुख

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के बेटे और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव ने निधन पर दुख जताया।
 

09:35 AM, 13-May-2026

'वे मृत अवस्था में सुबह 5:55 बजे लाए गए थे'

मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, सिविल अस्पताल देवेश चंद्र पांडेय ने कहा, "वे मृत अवस्था में सुबह 5:55 बजे लाए गए थे। पुलिस को सूचना दी गई थी। पुलिस आई तो पुलिस ने बॉडी का पंचनामा कराकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अब पोस्टमार्टम चल रहा है।"

09:33 AM, 13-May-2026

अखिलेश यादव सिविल अस्पताल पहुंचे

 समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव सिविल अस्पताल पहुंचे। उनके भाई प्रतीक यादव का आज निधन हो गया है।
 

09:31 AM, 13-May-2026

जांच में मृत मिले प्रतीक यादव

प्रतीक यादव को उनके साले और दोस्त अस्पताल लेकर आए थे। परिवार के बाकी सदस्य भी वहां मौजूद रहे। डॉक्टरों ने उनकी जांच पड़ताल की। जांच में उन्हें मृत पाया गया। 

09:30 AM, 13-May-2026

शरीर में कोई हरकत न दिखने पर लाया गया था अस्पताल

प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह साढ़े पांच बजे सिविल अस्पताल के कार्यवाहक निदेशक के पास उनके घर से फोन आया था। जिसके बाद डॉ. प्रिंस टीम के साथ घर गए थे। शरीर में कोई हरकत न दिखने पर अस्पताल लाया गया था।

09:21 AM, 13-May-2026

Prateek Yadav Death News Live: प्रतीक के पार्थिव शरीर को सीएम योगी ने दी पुष्पांजलि, पास हाथ जोड़े खड़ी नजर आईं अपर्णा यादव

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के सौतेले भाई, प्रतीक यादव (38) का लखनऊ में निधन हो गया है। वे समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के सबसे छोटे बेटे थे। शुरुआती जानकारी मिली है कि सुबह छह बजे सिविल अस्पताल की इमरजेंसी में लाए गए थे। डॉक्टर ने जांच पड़ताल करके उन्हें मृत घोषित कर दिया।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें