फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mulayam Singh Funeral Live: राजकीय सम्मान के साथ पंचतत्व में विलीन हुए 'नेताजी', अखिलेश यादव ने दी मुखाग्नि

Tue, 11 Oct 2022 07:49 PM IST
Vikas Kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर

खास बातें

 Mulayam Singh Yadav Last Rites, Funeral Live: सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव का आज उनके पैतृक गांव सैफई में अंतिम संस्कार होगा। सोमवार सुबह गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में उनका  निधन हो गया था। वह पिछले काफी समय से बीमार चल रहे थे। यूपी में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित कर दिया गया है। पढ़ें मुलायम सिंह के अंतिम संस्कार से जुड़ा हर अपडेट-
विज्ञापन
नेता जी को अखिलेश यादव ने दी मुखाग्नि - फोटो : ANI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

06:21 PM, 11-Oct-2022

नेपाल के प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउवा ने भी व्यक्त किया शोक

नेपाल के प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउवा ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें एक प्रख्यात समाजवादी नेता बताया। उन्होंने कहा, एक प्रख्यात समाजवादी नेता के रूप में मुलायम सिंह यादव ने न सिर्फ भारत बल्कि और बाहर के कई लोगों के जीवन को स्पर्श किया।

06:19 PM, 11-Oct-2022

राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान मौन रखा 'नेता जी' को दी श्रद्धांजलि

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और पार्टी के अन्य नेताओं ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम मुलायम सिंह यादव के लिए मौन धारण कर श्रद्धांजलि दी।

06:15 PM, 11-Oct-2022

सैफई में मंच से गिरकर चोटिल हुईं साध्वी निरंजन ज्योति

भीड़ में धक्का लगने से सैफई मंच पर गिरकर सांसद फतेहपुर साध्वी निरंजन ज्योति चोटिल हो गईं। उपचार के लिए उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां उनके बाएं हाथ का सीटी स्कैन कराया गया।

विज्ञापन
04:31 PM, 11-Oct-2022

नेताजी के निधन की खबर सुन प्रशंसक ने की आत्महत्या

कानपुर में नेताजी मुलायम सिंह यादव की मौत की खबर सुनकर मजदूर ने आत्महत्या कर ली। मजदूर की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि राजेश कुमार यादव (50) इस्पात नगर में मजदूरी करता था। काम से वापस घर आते वक्त सोमवार को उसे मुलायम सिंह यादव के निधन की बात पता चली। इस पर वह बौखला गया और यह कहते हुए कि जब मुलायम सिंह नहीं रहे तो हम जीकर क्या करेंगे। उसने पांडु नदी में छलांग लगा दी। राजेश यादव की मौत के बाद पत्नी रामरती और चार नाबालिग बेटियां ममता, ललिता, सरिता और आरूषी का हाल बेहाल है। भाई अमर बहादुर ने बताया कि बड़े भइया राजेश का नेताजी से बहुत लगाव था। उनके निधन की खबर सुनकर वह अवसाद में चले गए और आत्महत्या कर ली।

04:27 PM, 11-Oct-2022

मुलायम सिंह यादव की अंतिम विदाई में उमड़ा जनसैलाब

समाजवादी पार्टी के संस्थापक पूर्व रक्षामंत्री धरतीपुत्र मुलायम सिंह यादव को श्रद्धाजंलि देने के लिए सैफई में जनसैलाब उमड़ पड़ा। डेढ़ लाख से ज्यादा लोग पहुंचे ।सभी अपने नेता के अंतिम दर्शन करने के लिए उतावले दिखाई दिए। लोगों में एक-दूसरे को धकेलकर आगे बढ़ने की होड़ मची रही। मंच पर सांसद से लेकर विधायक और यहां तक कि बड़े नेता भी लाइन में लगे। दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, बृजेश पाठक, केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद, राज्य मंत्री असीम अरुण, सांसद रीता बहुगुणा जोशी, देवेंद्र सिंह भोले, आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने भी लाइन में लगकर ही मंच श्रद्धाजंलि अर्पित की।

विज्ञापन
04:01 PM, 11-Oct-2022

राजकीय सम्मान के साथ नेताजी का अंतिम संस्कार

समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। अखिलेश यादव ने पिता मुलायम सिंह यादव को मुखाग्नि दी। 
 

03:58 PM, 11-Oct-2022

मुलायम सिंह यादव का हुआ अंतिम संस्कार

समाजवादी पार्टी के संरक्षक और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का मंगलवार को उनकै पैतृक निवास स्थान सैफई में अंतिम संस्कार हो गया। उनके बेटे और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उन्हें मुखाग्नि दी। पूर्व केंद्रीय मंत्री मुलायम सिंह यादव का निधन सोमवार को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में सोमवार को हो गया था। वे कई बीमारियों से ग्रसित थे और लगभग एक महीने पहले भर्ती कराए गए थे। 

03:56 PM, 11-Oct-2022

अंतिम संस्कार में शामिल हुए कांग्रेस नेता

कांग्रेस अध्यक्ष पद के उम्मीदवार मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी और पार्टी के अन्य नेता यूपी के पूर्व सीएम मुलायम सिंह यादव के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पैतृक गांव सैफई पहुंचे।
 

03:53 PM, 11-Oct-2022

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दी श्रद्धांजलि

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह इटावा के सैफई में समाजवादी पार्टी (सपा) संरक्षक और उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम मुलायम सिंह यादव के अंतिम संस्कार में शामिल हुए।
 
 

03:47 PM, 11-Oct-2022

अभिषेक बच्चन और जया बच्चन ने दी श्रद्धांजलि

उत्तर प्रदेश: अभिनेता अभिषेक बच्चन अपनी मां और समाजवादी पार्टी की सांसद जया बच्चन के साथ यूपी के पूर्व सीएम मुलायम सिंह यादव को अंतिम श्रद्धांजलि देने के लिए पैतृक गांव सैफई पहुंचे।
 

03:31 PM, 11-Oct-2022

अखिलेश यादव से गले मिलकर रोए वरुण गांधी

भारतीय जनता पार्टी के सांसद वरुण गांधी ने भी मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान वह अखिलेश यादव से गले मिलकर रोए। अनिल अंबानी भी मुलायम सिंह के अंतिम संस्कार में शामिल हुए हैं। शरद पवार और अनिल अंबानी भी अंतिम संस्कार में शामिल हुए हैं। 

03:23 PM, 11-Oct-2022

राजनाथ सिंह और भूपेश बघेल ने दी श्रद्धांजलि

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि दी। राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने भी श्रद्धांजलि दी। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ भी श्रद्धांजलि दी। अभिषेक बच्चन ने भी मुलायम सिंह के दर्शन किए। 

03:11 PM, 11-Oct-2022

अंतिम दर्शन के लिए उमड़ा सैलाब

सैफई में उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम मुलायम सिंह यादव के अंतिम दर्शन के लिए सैलाब उमड़ा। अंतिम यात्रा में नेताजी अमर रहे के नारे लगे। 
 

03:03 PM, 11-Oct-2022

नेताजी के अंतिम संस्कार की अंतिम प्रक्रिया

मुलायम सिंह यादव के अंतिम संस्कार की अंतिम प्रक्रिया चल रही हैं। अखिलेश यादव कुछ देर में मुलायम सिंह को मुखाग्नि देंगे।
 

02:49 PM, 11-Oct-2022

कुछ देर में होगा मुलायम सिंह का अंतिम संस्कार

मुलायम सिंह यादव के पार्थिव शरीर को सलामी देने के लिए गार्ड मेला ग्राउंड में पहुंचे। मुलायम सिंह का पार्थिव शरीर मेला ग्राउंड पर लाया गया। कुछ देर में यहां उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ होगा। अंतिम विदाई की तैयारी पूरी कर ली गई है।


 

02:43 PM, 11-Oct-2022

धरतीपुत्र के निधन की सूचना पर पहुंचे पहलवान हुए भावुक

पहलवान धर्मबीर यादव निवासी महथा स्टेशन कानपुर देहात ने नम आंखों में आंसू भर करके बताया कि पहली बार जब नेता जी मुख्यमंत्री बने थे उसी दौरान चंदगीराम स्टेडियम में दंगल का कार्यक्रम था उस दंगल में कुश्ती करने का मौका मिला था। पहली कुश्ती हमने बिहार के राजेश के साथ की थी जिसमें हमने राजेश को चंद मिनट में भी हरा दिया था लास्ट की कुश्ती भी हमारे नाम ही हुई। हमारा मुकाबला जम्मू कश्मीर के एक पहलवान से हुआ था जिसे भी हमने चंद मिनटों में ही चित कर दिया था। जिसके बाद नेता जी ने अपने पास बुला कर के हमें चरखा दाव के बारे में बताया था। उसी समय से हमने नेता जी को अपना गुरु मान लिया था और लगातार उनसे संपर्क होता चला आ रहा था। हमारा पुत्र भी पहलवानी करता है नेताजी जैसा महान इंसान अब इस संसार में नहीं आएगा।

इलाहाबाद से आए लालजी यादव पहलवान ने बताया कि हम पहलवानों के लिए नेता जी ने बहुत कुछ किया। जब भी चंदगीराम स्टेडियम में दंगल का कार्यक्रम हुआ उस दौरान हम लोगों का बड़ा सम्मान किया जाता था। नेताजी दंगल में आकर पहलवानों के साथ हाथ मिलाया करते थे, जिसके बाद वह दांवपेच के बारे में भी हम लोगों को जानकारी देते थे। जिससे आज हम लगातार राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में विजेता होते चले जा रहे हैं।

02:22 PM, 11-Oct-2022

नेता जी का पार्थिव शरीर मेला मंच से दाह संस्कार के लिए निकल गया है। मेला ग्राउंड में 'नेताजी अमर रहे' की गूंज सुनाई दे रही है। तीन बजे विधि विधान से अंतिम संस्कार होगा। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मुखाग्नि देंगे।
 

02:08 PM, 11-Oct-2022

मुलायम सिंह के दर्शन करने के लिए भीड़ बेकाबू

मुलायम सिंह के दर्शन करने के लिए भीड़ बेकाबू हो गई। ऐसे में दर्शन रोक दिए गए। अंतिम यात्रा में शामिल होने के लिए लाखों का हुजूम पहुंचा है।

02:03 PM, 11-Oct-2022

राकेश टिकैत भी मुलायम सिंह यादव के अंतिम दर्शन करने पहुंचे

बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव भी सैफई पहुंच गए हैं। उन्होंने नेताजी को श्रद्धांजलि दी। वहीं, भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत भी मुलायम सिंह यादव के अंतिम दर्शन करने के लिए पहुंचे हैं।

01:57 PM, 11-Oct-2022

वरुण गांधी और जयंत चौधरी ने दी श्रद्धांजलि

रामगोपाल, शिवपाल यादव, रामगोविंद चौधरी, स्वामी प्रसाद मौर्य, सुब्रत राय सहारा ने मुलायम सिंह को श्रद्धांजलि दी। इनके अलावा भाजपा सांसद वरुण गांधी और आरएलडी अध्यक्ष जयंत चौधरी ने मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि दी। 

01:32 PM, 11-Oct-2022

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल होंगे अंतिम संस्कार में शामिल

रायपुर में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा कमलनाथ जी और मुझे मुलायम सिंह यादव के अंतिम यात्रा में शामिल होने का निर्देश प्राप्त हुआ है। उसी के तहत मैं अभी भोपाल में कमलनाथ के पास जाऊंगा फिर वहां से उनके साथ सैफई जाऊंगा।


 

01:22 PM, 11-Oct-2022

एन. चंद्रबाबू नायडू ने दी श्रद्धांजलि

तेलुगु देशम पार्टी के अध्यक्ष और आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने उत्तर प्रदेश के सैफई में पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह को श्रद्धांजलि दी।
 

01:15 PM, 11-Oct-2022

अखिलेश ने डिंपल संग की अंतिम संस्कार से पहले की विधियां

पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव का आज तीन बजे अंतिम संस्कार किया जाएगा। अखिलेश यादव ने पत्नी डिंपल यादव के साथ अंतिम संस्कार से पहले की विधियां की।

 

12:50 PM, 11-Oct-2022

शिवपाल यादव ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील

मुलायम सिंह का पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए मेला ग्राउंड में रखा गया है। दोपहर दो बजे तक अंतिम दर्शन किए जाएंगे। मुलायम सिंह यादव को स्वामी प्रसाद मौर्य और अफजाल अंसारी ने श्रद्धांजलि दी। शिवपाल यादव ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। 

12:20 PM, 11-Oct-2022

नेताजी के अंतिम संस्कार में शामिल हो सकते हैं ये VVIP

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी सैफई पहुंच सकते हैं। पीएम नरेंद्र मोदी के लिए एसपीजी सैफई के लिए निकल गई है। राजनाथ सिंह रक्षा मंत्री, JDU नेता केसी त्यागी,
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला, सीएम भूपेश बघेल, सीएम अरविन्द केजरीवाल, शरद यादव, विधानसभा स्पीकर सतीश महाना, मनोज तिवारी, दिनेश लाल निरहुआ, सीएम नीतीश कुमार, सीएम ममता बनर्जी, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, डिप्टी सीएम  ब्रजेश पाठक, राजा भैया, अमिताभ बच्चन, उद्धव ठाकरे, 
कुमार विश्वास भी सैफई पहुंच सकते हैं। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ सैफई में ही हैं।
 

12:14 PM, 11-Oct-2022

राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार

समाजवादी पार्टी (सपा) के संरक्षक और उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम मुलायम सिंह यादव के पार्थिव शरीर को इटावा के सैफई के नुमाइश ग्राउंड में लोगों के अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है। उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।
 

11:53 AM, 11-Oct-2022

शिवपाल और रामगोपाल ने मुलायम सिंह यादव को दी अंतिम श्रद्धांजलि

प्रसपा प्रमुख शिवपाल सिंह यादव, समाजवादी पार्टी के सांसद राम गोपाल यादव, भाजपा सांसद रीता बहुगुणा जोशी और अन्य नेताओं और आम लोगों ने उत्तर प्रदेश के सैफई में दिग्गज राजनेता मुलायम सिंह यादव को अंतिम श्रद्धांजलि दी।
 

11:45 AM, 11-Oct-2022

मुलायम सिंह के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे गहलोत

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सैफई आएंगे। गहलोत मुलायम सिंह के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। दोपहर एक बजकर 45 मिनट पर गहलोत सैफई पहुंचेंगे। 
 

11:34 AM, 11-Oct-2022

कांग्रेस नेता कमल नाथ और सीएम भूपेश बघेल होंगे अंतिम संस्कार में शामिल

कांग्रेस की तरफ से मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की अंतिम संस्कार में शामिल होंगे।

11:15 AM, 11-Oct-2022

डेढ़ क्विंटल चंदन की लकड़ियों से होगा नेताजी का अंतिम संस्कार

सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार चंदन की लकड़ियों से किया जाएगा। कन्नौज के फूलों से उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी। इत्र नगरी से लकड़ियों और फूलों की खेप लेकर सपा नेता सैफई पहुंच गए हैं। तिर्वा कस्बा निवासी और समाजवादी व्यापार सभा के पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष अंशुल गुप्ता ने बताया कि उनके पास नेताजी के सैफई आवास से फोन आया था। इसके बाद उन्होंने अपने जनपद से डेढ़ क्विंटल चंदन की लकड़ियों का इंतजाम किया है। वे सोमवार शाम को सैफई पहुंच गए। साथ ही गुलाब और गेंदे के फूल भी भारी मात्रा में लेकर आए हैं। अंशुल के मुताबिक, नेताजी और अखिलेश दोनों का जनपद से काफी जुड़ाव रहा है। यहां से बड़ी संख्या में सपाई भी सैफई पहुंच रहे हैं।

11:05 AM, 11-Oct-2022

नुमाइश ग्राउंड पंडाल में लाया गया नेताजी का पार्थिव शरीर

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के पार्थिव शरीर को नुमाइश ग्राउंड पंडाल में लाया गया।

 

 

10:57 AM, 11-Oct-2022

रास्ते में दर्शन के लिए उमड़ा लोगों का हुजूम

पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के पार्थिव शरीर को नुमाइश ग्राउंड पंडाल में ले जाया जा रहा है। रास्ते में उनके दर्शन के लिए लोगों का हुजूम उमड़ा।
 

10:50 AM, 11-Oct-2022

नेताजी के अंतिम दर्शन करने पहुंचे आजम खां

इटावा के सैफई में सपा नेता आजम खां नेताजी के अंतिम दर्शन करने पहुंचे। आजम खां के साथ अब्दुल्ला आजम भी हैं। आजम खां ने पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। सैफई में लगातार सपा नेताओं के आने का दौर जारी है।
 

10:41 AM, 11-Oct-2022

हवाई पट्टी पर पहुंचे वायुसेना के जवान

सैफई हवाई पट्टी पर वीवीआईपी के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। कई जिलों की पुलिस फोर्स को तैनात किया गया है। वायुसेना के जवान भी हवाई पट्टी पर पहुंच गए हैं।

10:37 AM, 11-Oct-2022

बड़े भाई को याद कर रो पड़े राम गोपाल यादव

बारिश को देखते हुए वाटरप्रूफ पंडाल बनाए गए हैं। लगातार अंतिम दर्शन के लिए लोगों का आना जारी है। वहीं, राम गोपाल यादव बड़े भाई मुलायम सिंह यादव को याद कर रो पड़े। 
 

10:26 AM, 11-Oct-2022

अंतिम दर्शन करने के लिए लंबी-लंबी लाइनें लगी

सैफई के पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में नेताजी की अंतिम यात्रा के लिए रथ को 5 क्विंटल से अधिक फूलों से सजाया गया। सैफई में बड़ी संख्या में लोगों का अपने-अपने वाहनों से पहुंचना जारी है। देर रात तक नेताजी के अंतिम दर्शन करने के लिए लंबी-लंबी लाइनें लगी रहीं। वीवीआईपी के आगमन को लेकर चारों तरफ पुलिस चप्पे-चप्पे पर तैनात की गई। 

10:21 AM, 11-Oct-2022

समाधि स्थल पर होगा मुलायम सिंह यादव का अंतिम संस्कार

आज दोपहर 3:00 बजे महोत्सव ग्राउंड में बने समाधि स्थल पर मुलायम सिंह यादव का अंतिम संस्कार किया जाएगा। सैफई के पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में शव यात्रा निकालने के लिए रथ को फूलों से सजाया गया है।

10:07 AM, 11-Oct-2022

नुमाइश ग्राउंड पंडाल ले जाया जा रहा है पार्थिव शरीर

पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह के पार्थिव शरीर को रथ पर रखकर नुमाइश ग्राउंड पंडाल ले जाया जा रहा है। सैफई स्थित आवास से सैफई महोत्सव पंडाल में बनाए गए मंच पर पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा।

 

10:01 AM, 11-Oct-2022

अंतिम सफर पर मुलायम सिंह यादव

मुलायम सिंह यादव की अंतिम यात्रा शुरू हो गई है। धरतीपुत्र मुलायम सिंह की अंतिम यात्रा में जनसैलाब उमड़ा पड़ा। अपने नेताजी के अंतिम दर्शन करने के लिए हजारों समर्थक सैफई पहुंचे हैं।

09:53 AM, 11-Oct-2022

कुछ देर में मेला ग्राउंड ले जाया जाएगा पार्थिव शरीर 

कुछ देर में मुलायम सिंह यादव का पार्थिव शरीर मेला ग्राउंड ले जाया जाएगा। अंतिम यात्रा के लिए वाहन तैयार हो गया है। वाहन को फूलों से सजाया गया है। वहीं, मुलायम सिंह के आवास के बाहर समर्थकों की अंतिम दर्शन करने के लिए भारी उमड़ी है।
 

09:43 AM, 11-Oct-2022

अंतिम संस्कार में रक्षा मंत्री, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला सहित कई नेता होंगे शामिल

पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव का अंतिम संस्कार आज किया जाएगा। तस्वीरें उनके पैतृक आवास इटावा के सैफई से हैं। अंतिम संस्कार में रक्षा मंत्री, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे।
 

09:21 AM, 11-Oct-2022

तेजस्वी यादव भी हो सकते हैं अंतिम संस्कार में शामिल

बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव भी मुलायम सिंह के अंतिम संस्कार में शामिल हो सकते हैं। सपा संरक्षक मुलायम सिंह के अंतिम दर्शन के लिए कई राजनीतिक दलों के दिग्गज भी सैफई पहुंच रहे हैं।

09:04 AM, 11-Oct-2022

सैफई में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

मुलायम सिंह यादव के अंतिम संस्कार के लिए सैफई में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। उनके आवास वाले रास्ते पर बैरिकेडिंग की गई है। 

08:38 AM, 11-Oct-2022

मुलायम आवास पर नेता जी के अंतिम दर्शन को उमड़े लोग

मुलायम सिंह यादव के अंतिम दर्शन के लिए पहुंचने वालों का तांता लगा हुआ है। उनके पैतृक घर सैफई में श्रद्धांजलि देने के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़ पड़े। 
 

08:29 AM, 11-Oct-2022

जयाप्रदा ने 'नेता जी' के निधन पर जताया शोक

रामपुर लोकसभा क्षेत्र की पूर्व सांसद एवं फिल्म अभिनेत्री जयाप्रदा ने सपा मुखिया एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के निधन पर दुख जताया है। सांसद जयाप्रदा ने कहा कि आदरणीय नेताजी के स्वर्गवास होने का समाचार सुनकर बहुत दुःख हुआ। मै जब समाजवादी पार्टी में थी तब मै नेताजी से बहुत प्रभावित थी वह हमेशा परिवार और समाज को बाँधकर चलने की बात करते थे और उन्होंने ही समाजवादी पार्टी को और परिवार को एक माला में पिरो कर रखा। 

08:11 AM, 11-Oct-2022

10 बजे सैफई के मेला ग्राउंड में रखा जाएगा मुलायम सिंह का पार्थिव शरीर

नेताजी के अंतिम दर्शन के लिए उनका पार्थिव शरीर मंगलवार सुबह 10 बजे सैफई मेला ग्राउंड के पंडाल में रखा जाएगा। मुलायम सिंह के पार्थिव शरीर के दर्शन के लिए सैफई में लोग बड़ी संख्या में यूपी के अलग-अलग जिलों से आ रहे हैं। दोपहर तीन बजे उन्हें मुखाग्नि दी जाएगी।

07:57 AM, 11-Oct-2022

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी हो सकते हैं अंतिम संस्कार में शामिल

सपा संरक्षक मुलायम सिंह के अंतिम दर्शन के लिए कई राजनीतिक दलों के दिग्गज भी सैफई पहुंच रहे हैं। वहीं, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और कई मुख्यमंत्रियों के अंतिम संस्कार में शामिल होने की उम्मीद है। 

07:41 AM, 11-Oct-2022

ममता और नीतीश भी हो सकते हैं अंतिम संस्कार में शामिल

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ ही कई केंद्रीय और प्रदेश स्तर के मंत्रियों के अंतिम संस्कार में शामिल हो सकते हैं।

07:18 AM, 11-Oct-2022

‘धरतीपुत्र’ की वो ख्वाहिश जो अधूरी रह गई
कभी किसी को मुकम्मल जहां नहीं मिलता, कहीं जमीन तो कहीं आसमां नहीं मिलता...। निदा फाजली का ये शेर ‘धरतीपुत्र’ मुलायम सिंह पर चरितार्थ होता है। प्रधानमंत्री बनने की उनकी ख्वाहिश अधूरी रह गई। 1996 और 1999 में दो बार दिल्ली की सत्ता में काबिज होते-होते वह दौड़ में पिछड़ गए। उनके अपनों ने ही पत्ता काट दिया। इसकी कसक ताउम्र उन्हें सालती रही। 
 

07:17 AM, 11-Oct-2022

नेता असाधारण, व्यवहार साधारण
मुलायम परिश्रमपूर्वक साधारण से असाधारण नेता बने, लेकिन लोकव्यवहार में हमेशा साधारण ही बने रहे। अकेले दम पर पार्टी बनाई। कई बार मुख्यमंत्री रहे। रक्षा मंत्री रहे, लेकिन यारी-दोस्ती और मित्रता में अपने-पराए में भेद नहीं किया। विपक्ष में भी जिससे दोस्ती हुई, उससे आजीवन निभाया। यारों के यार थे मुलायम सिंह। हृदय नारायण दीक्षित, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष

07:03 AM, 11-Oct-2022

आतंकवाद पर फौज की सख्ती के हक में थे मुलायम
समाजवादी पार्टी के संरक्षक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव कश्मीर के हालात पर खास नजर रखते थे। घाटी में हालात बिगड़ने पर उन्होंने कई बार सेना को खुला हाथ देने और अलगाववादियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की वकालत की। समाजवादी पार्टी के स्थापना वर्ष 1992 में भी जम्मू-कश्मीर में उथल पुथल चल रही थी। इसके चार साल बाद केंद्र में देवगौड़ा सरकार बनी तो मुलायम सिंह यादव को रक्षा मंत्री का जिम्मा सौंपा गया। 

06:59 AM, 11-Oct-2022

कैबिनेट बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि दी जाएगी

योगी आदित्यनाथ सरकार की कैबिनेट बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। सुबह 11 बजे लोक भवन में होगी कैबिनेट बैठक।

06:51 AM, 11-Oct-2022

सैफई परिवार की तीन पीढ़ियों को मैनपुरी से पहुंचाया संसद
मुलायम सिंह यादव की कर्मभूमि रही मैनपुरी ने केवल नेताजी के ही सियासी सफर को उड़ान नहीं दी बल्कि सैफई परिवार की तीन पीढ़ियां इसी मैनपुरी के रास्ते संसद तक पहुंचीं। एक बार नेताजी ने सीट छोड़कर भतीजे धर्मेंद्र यादव को संसद पहुंचाया तो वहीं दूसरी बार पौत्र तेजप्रताप यादव के लिए सीट छोड़ी। दोनों ही बार नेताजी की इच्छा का भी मैनपुरी की जनता ने सम्मान किया और भारी बहुमत से जीत दिलाई।

06:44 AM, 11-Oct-2022

हेलिकॉप्टर से नीचे देख बता देते थे कौन सा गांव है 
पूर्व वरिष्ठ सपा नेता गोपाल अग्रवाल ने बताया कि मुलायम सिंह यादव जमीनी नेता थे। हेलिकाप्टर से चलते थे तो नीचे देखकर ये बता दिया करते थे कि कौन से गांव के ऊपर से उड़ रहे हैं। 2006 में मेरठ में 30-31 अक्तूबर और एक नवंबर को समाजवादी पार्टी का राष्ट्रीय सम्मलेन का आयोजन किया गया था। इस सम्मेलन की कमान मुलायम सिंह यादव ने उनको सौंपी थी। सम्मेलन के लिए मेरठ में किसी बड़े मैदान का चयन होना था। उन्होंने नेताजी को मेरठ के कई बड़े मैदानों के नाम सम्मेलन के लिए बताए, लेकिन हर मैदान की भौगोलिक स्थित और आम लोगों को होने वाली परेशानी को बताकर वे टाल देते थे। बाद में विक्टोरिया पार्क में रैली को सहमत हुए।

06:39 AM, 11-Oct-2022

रिश्ते निभाने में भी माहिर थे मुलायम सिंह यादव
राजनीति के साथ नेताजी अपनी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के पारिवारिक कार्यक्रमों में भी शिरकत करते थे। वह सपा नेता राजकुमार यादव के देवपुरम स्थित मकान के मुहूर्त में आए थे। पूर्व सांसद अमीर आलम के बेटे पूर्व विधायक नवाजिश आलम की शादी में भी उन्होंने आशीर्वाद दिया था। पूर्व सांसद कादिर राना की बेटी की शादी में भी उनकी मौजूदगी रही थी। पूर्व राज्यसभा सांसद हरेंद्र मलिक की माताजी के निधन के समय वह उनके घर श्रद्धांजलि अर्पित करने आए थे।

06:30 AM, 11-Oct-2022

आजम खां भी अंतिम संस्कार में होंगे शामिल
रामपुर की स्वार विधानसभा सीट से सपा विधायक अब्दुल्ला आजम सैफई पहुंच चुके हैं। उनके साथ में सपा नेता फिरोज खान और रुचिवीरा भी आए हैं। मुलायम सिंह यादव के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए आजम खान भी सैफई पहुंचेंगे।

06:18 AM, 11-Oct-2022

नेता जी को याद कर भावूक हुए कई नेता 
राजनीति के एक युग का अंत। निःशब्द हूँ।
नेताजी जी हमेशा अमर रहेंगें। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति दें……!
नफीस अहमद, विधायक।

समाजवादी पार्टी के संस्थापक व वरिष्ठ राजनेता, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री मुलायम सिंह यादव जी का निधन अत्यंत दुःखद है।
ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें एवं परिजनों तथा समर्थकों को यह असीम दु:ख सहन करने की शक्ति दें।
धर्मपाल सिंह, प्रदेश महामंत्री संगठन भाजपा

नेताजी मुलायम सिंह यादव हम लोगों के संरक्षक रहे। 1987 में लोकदल का विभाजन हुआ। अजीत गुट ने लोकदल आ बनाया । मुलायम सिंह यादव ने लोकदल ब के जरिए एकजुट किया। फिर लोकतांत्रिक मोर्चा बना। यहीं से क्रांतिकारी मोर्चा की शुरुआत हुई और रथ यात्रा निकली। लखनऊ में यात्रा का नेतृत्व हमने किया। भगवती सिंह और हीरालाल अभिभावक के रूप में मौजूद थे।  इस यात्रा ने क्रांतिकारी बदलाव किए। 
अशोक यादव, पूर्व जिलाधयक्ष सपा।

नेताजी के साथ समाजवादी आंदोलन के एक युग का अंत हो गया है। राजनीति की एक पीढ़ी समाप्त हुई है। इसकी भरपाई नहीं हो सकती है। नेताजी ने जो रास्ता दिखाया है, उस पर चलते हुए गरीबों मजदूरों की लड़ाई लड़ी जाएगी।
राजेंद्र चौधरी, पूर्व कैबिनेट मंत्री।

नेताजी का जाना बेहद दुखद है। निशब्द हूं। ऐसी विभूति धरती पर कभी कभार आती है।
नेताजी मुलायम सिंह यादव ने जो थाती सौंपी है। उसे बचाने का निरंतर प्रयास होगा।
नरेश उत्तम पटेल प्रदेश अध्यक्ष सपा

नेताजी मुलायम सिंह यादव के जाने से हम लोगों ने अभिभावक खो दिया है। यह असहनीय पीड़ा है। इसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। 
मनोज पाण्डेय, सचेतक सपा।

06:13 AM, 11-Oct-2022

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने अखिलेश यादव को पत्र लिखा
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव को पत्र लिखा। उन्होंने लिखा, "वह उच्च सम्मान के नेता थे, जिनका हर कोई सम्मान करता था। भगवान आपको इस दुख को सहन करने की शक्ति दे।"

06:08 AM, 11-Oct-2022

कैबिनेट बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि दी जाएगी
योगी आदित्यनाथ सरकार की कैबिनेट बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। सुबह 11 बजे लोक भवन में होगी कैबिनेट बैठक।

12:20 AM, 11-Oct-2022

सैफई में तीन बजे होगा अंतिम संस्कार
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव का सोमवार सुबह करीब सवा आठ बजे निधन हो गया। उन्होंने गुरुग्राम के मेंदांता अस्पताल में अंतिम सांस ली। वह 82 साल के थे। आज उनके पैतृक गांव सैफई में अंतिम संस्कार होगा। उनका शव अंतिम दर्शन के लिए रामलीला ग्राउंड में रखा जाएगा। 

12:20 AM, 11-Oct-2022

सीएम योगी ने दी श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शाम करीब पांच बजे सैफई पहुंच कर श्रद्धांजलि दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी आने की चर्चा है। हालांकि अभी तक अधिकृत कार्यक्रम घोषित नहीं हुआ है। 

12:20 AM, 11-Oct-2022

मुलायम सिंह यादव लंबे समय थे बीमार
सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव को प्रोस्टेट, किडनी, सीने में संक्रमण, कम ऑक्सीजन लेवल, लो ब्लड प्रेशर सहित कई तरह की समस्या थी। दो अक्तूबर को स्थिति गंभीर होने पर उन्हें मेदांता हॉस्पिटल के आईसीयू में शिफ्ट किया गया। चिकित्सा विशेषज्ञों की टीम ने लगातार उपचार किया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। 

12:15 AM, 11-Oct-2022

Mulayam Singh Funeral Live: राजकीय सम्मान के साथ पंचतत्व में विलीन हुए 'नेताजी', अखिलेश यादव ने दी मुखाग्नि

यूपी में तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा
प्रदेश सरकार की कैबिनेट की बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के निधन पर शोक व्यक्त किया गया। मुख्यमंत्री व कैबिनेट मंत्रियों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। सरकार ने कैबिनेट के सभी प्रस्ताव स्थगति कर दिए। मुख्यमंत्री ने तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें