सीएम योगी ने कहा कि अंतरिक्ष यात्रा के दौरान 18 दिनों में शुभांशु ने 300 से भी अधिक बार पूरी पृथ्वी की परिक्रमा की है। ऐसे बहुत सारे लोग लखनऊ में रहते हैं जो कि अपने पूरे जीवन में पूरा लखनऊ भी नहीं घूम पाते हैं। शुभांशु ने पूरी पृथ्वी की परिक्रमा की। यह अद्भुत है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला और भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन के चेयरमैन वी नारायणन का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि शुभांशु यूपी के पहले नागरिक हैं जिन्होंने अंतरिक्ष तक की यात्रा तय की जो कि हमारे देश के लिए गर्व की बात है। सीएम योगी ने कहा कि शुभांशु के पिता यूपी सरकार के कर्मचारी रहे हैं। उनके संस्कारों के कारण ही शुभांशु ने यह उपलब्धि हासिल की है।
शुभांशु ने कहा कि हमने अंतरिक्ष में कई प्रयोग किए। ये हमारे देश के लिए बड़ी उपलब्धि है। अंतरिक्ष में रहना एक चुनौतीपूर्ण अनुभव रहा। वहां गुरुत्वाकर्षण नहीं होता है इसलिए शरीर पर दबाव पड़ता है। मिशन को सफल बनाने के लिए हमारे साथ एक बड़ी टीम काम करती है। उन्होंने कहा कि यह हमारे देश के लिए अंतरिक्ष के क्षेत्र में काम करने का स्वर्णिम समय है। आने वाले समय में हमारा देश कई और अंतरिक्ष और चंद्र मिशन में शामिल होगा।
नागरिक अभिनंदन कार्यक्रम में शुभांशु शुक्ला ने अपने अनुभव बांटते हुए कार्यक्रम को संबोधित भी किया। उन्होंने कहा कि आज जब मैं लखनऊ पहुंचा तो खुले हाथों से मेरा स्वागत किया गया। मैंने पूरे दिन में करीब दो हजार सेल्फी ली। ये कहा जाता है कि मुस्कुराइये कि आप लखनऊ में हैं... मुझे इसका मतलब आज समझ में आया है।
अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला के लखनऊ में आगमन पर उनके सम्मान में लोकभवन में नागरिक अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंच चुके हैं। इस मौके पर दोनों डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक व केशव प्रसाद मौर्य सहित यूपी सरकार के मंत्री व शुभांशु का पूरा परिवार मौजूद है। सीएम योगी ने शुभांशु शुक्ला को सम्मानित किया। सभी ने खड़े होकर शुभांशु की उपलब्धियों का अभिनंदन किया।
अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास पर सीएम योगी आदित्यनाथ से सपरिवार मुलाकात की। इस अवसर पर सीएम योगी ने उन्हें बधाई दी।
अंतरिक्ष में मानव जीवन की संभावना पर उन्होंने कहा कि ये बेहद जटिल और चुनौतीपूर्ण है। वहां की कंडीशन ऐसी नहीं है कि जीवन संभव हो। अंतरिक्ष यात्री वहां जाते हैं तो बेहद नियंत्रित माहौल में रहते हैं। हमारे पीछे एक बड़ी टीम होती है जो लगातार काम कर रही होती है। उन्होंने कहा कि आज के दौर को देखते हुए कहा जा सकता है कि भारत के लिए ये सुनहरा मौका है। हमने अंतरिक्ष के क्षेत्र में अपनी क्षमताओं का दुनिया के सामने प्रदर्शन किया है। अंतरिक्ष मिशन में दुनिया महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
सीएमएस स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में उनकी पत्नी कामना शुक्ला ने भी बच्चों को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि वह कौन सा मौका और समय था, जब उन्होंने शुभांशु को चुना। इसके जवाब में शुभांशु ने अपनी पत्नी कामना को अपनी उपलब्धि का श्रेय दिया। कहा कि वह पहले से ही जान लेती हैं कि आगे क्या होना है? उन दोनों की बातें सुनकर मौजूद लोग ठहाके मारकर हंसने लगे।
प्रथम भारतीय अंतरिक्ष यात्री राकेश शर्मा ने वीडियो कॉफ़्रेंसिंग के जरिये शुभांशु को उनकी उपलब्धि के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं।
स्कूल में बच्चों को संबोधित करते हुए शुभांशु ने कहा कि साल 2040 में भारत चंद्रमा पर मानव भेजेगा। इस मिशन के लिए आप लोग भी तैयारी कीजिए। उन्होंने बच्चों को नेवर गिवअप का मंत्र दिया। कहा कि कभी भी हार मत मानिए। मैं जब आपकी उम्र का था तो आपसे भी औसत था। आप मुझसे भी बेहतर कर सकते हैं। आप सब लोगों ने दिल्ली से ज़्यादा स्वागत और प्यार दिया।
अंतरिक्ष से लौटने के बाद प्रथम लखनऊ आगमन पर जहां एक तरफ शुभांशु के स्वागत के लिए पूरा शहर उमड़ पड़ा। वहीं दूसरी तरफ करीब डेढ़ वर्ष से बेटे का इंतजार कर रही मां से जब बेटा मिला तो उनकी आंखें नम हो गईं।
जल, थल और वायु, तीनों सेनाओं की ड्रेस में बच्चों ने ग्रुप कैप्टन को सलामी दी। इस दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से परिसर गुंजायमान हो उठा।
लखनऊ के लाल के नगर आगमन पर उनका स्वागत करने के लिए सड़कों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा। इस दौरान उनके साथ गाड़ी पर सुषमा खर्कवाल, उनके माता-पिता, पत्नी और बेटा मौजूद रहा।
एक छात्र ने स्कूल के पुरातन छात्र रहे अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला को स्केच देकर उनका स्वागत किया।
अंतरिक्ष से लौटने के बाद शुभांशु शुक्ला के प्रथम लखनऊ आगमन पर अमौसी एयरपोर्ट पर सीएमएस स्कूल के तीन हजार बच्चों ने उनका स्वागत किया। इस मौके पर बच्चों ने परेड निकालकर प्रस्तुति दी।
सीएमएस स्कूल में बच्चों ने अलग-अलग प्रस्तुति देकर ग्रुप कैप्टन का शानदार स्वागत किया। इस मौके पर शुभांशु भी कभी हाथ हिलाकर तो कभी हाथ जोड़कर बच्चों के अभिनंदन का जवाब देते रहे।
सीएमएस स्कूल में बच्चों ने अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला का ग्रैंड वेलकम किया। अलग-अलग प्रस्तुतियां दीं। उनके स्वागत में कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।
शुभांशु शुक्ला एयरपोर्ट से निकलकर एक कार्यक्रम स्थल की ओर बढ़े, तो रास्ते में स्कूली बच्चों ने सड़क किनारे खड़े रहकर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान उनका जोश देखने लायक था। आसपास का इलाका भारत माता की जय के नारों से गूंजता रहा।
ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला गोमती नगर स्थित सिटी मॉन्टेसरी स्कूल पहुंचे हैं। वहां उनके लिए सम्मान समारोह का आयोजन किया गया है।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि आज लखनऊ के लिए बहुत बड़ा दिन है। भारत के सपूत, लखनऊ के सपूत ने लखनऊ में कदम रखा है। जब से वह अंतरिक्ष से धरती पर लौटे हैं, लखनऊ के लोग बेसब्री से उनके आगमन का इंतजार कर रहे थे। आज आखिरकार वह क्षण आ ही गया। हम शुभांशु शुक्ला का गर्मजोशी और प्रेम से स्वागत करते हैं।
ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला एयरपोर्ट से गेस्ट हाउस जाने के लिए निकले हैं। इस दौरान रूट पर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम हैं। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात है।
ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला लखनऊ पहुंचे। यहां बच्चों और प्रशंसकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी उनका स्वागत किया।
शुभांशु के स्वागत के लिए लखनऊवासियों में खासा जोश दिख रहा है। लोग हाथों में तिरंगा लेकर उनका अभिनंदन करने के लिए एयरपोर्ट पहुंचे हैं।