फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amar Ujala Medhavi Award Live: डिप्टी सीएम बोले- नौ साल में बदला यूपी, प्रदेश में अब पढ़ने-पढ़ाने का माहौल

Mon, 01 Jun 2026 03:41 PM IST
Ishwar Ashish Bhartiya अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ

खास बातें

अमर उजाला मेधावी सम्मान समारोह में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी और बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह ने मेधावियों को ई स्कूटी की चाबी और प्रशस्ति पत्र देकर उन्हें सम्मानित किया। देखें, सभी अपडेट:
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

05:08 PM, 01-Jun-2026

डिप्टी सीएम बोले, जीवन में कोई लक्ष्य असंभव नहीं

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अमर उजाला मेधावी छात्र सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए बीते नौ वर्षों में प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में आए सुधारों पर बात की और कहा कि जिस तरह प्रदेश हर क्षेत्र में तरक्की कर रहा है। ठीक उसी तरह एक दिन प्रदेश देश भर में शिक्षा के क्षेत्र में भी पहले स्थान पर होगा। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता है। आप सभी को खूब पढ़ना चाहिए। प्रदेश में पढ़ने-पढ़ाने का माहौल है। आप सबको इस माहौल का लाभ लेना चाहिए। अब परीक्षाएं नकल विहीन होती हैं। हमारे बच्चों के पास अपना भविष्य बनाने का सुनहरा मौका है। सभी को इसका लाभ उठाना चाहिए जिससे कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमारे देश को 2047 तक जो विकसित भारत बनाने का लक्ष्य रखा है। उसे पूरा किया जा सके।

उन्होंने मेधावियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि
मंजिल उन्हीं को मिलती है जिनके सपनों में जान होती है....
पंखों से कुछ नहीं होता हौसलों से उड़ान होती है।

इसके पहले बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह, माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी और अपर मुख्य सचिव बेसिक व माध्यमिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा ने मेधावियों को संबोधित किया। अपर मुख्य सचिव बेसिक व माध्यमिक शिक्षा ने मेधावियों के सवालों के जवाब दिए और उनका मार्गदर्शन किया।

04:34 PM, 01-Jun-2026

'आज यूपी में पढ़ने का माहौल है'

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अब प्रदेश में पढ़ने और पढ़ाने का माहौल है।  यदि पढ़ने में रुचि रखेंगे तो प्रदेश के साथ देश की सरकार आपकी मदद करेगी। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री यह बात सुनिश्चत करेंगे कि जो बच्चा जिस क्षेत्र में अच्छा करने का प्रयास करेगा उसी में उसे आगे बढ़ाने का प्रयास करेंगे। छात्रों को इस माहौल को लाभ उठाना चाहिए।

04:32 PM, 01-Jun-2026

शिक्षा में भी पहले स्थान पर होगा उत्तर प्रदेश

डिप्टी सीएम ने कहा कि आज मुख्यंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश आगे बढ़ रहा है। प्रदेश हर क्षेत्र में विकास कर रहा है। मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश शिक्षा में भी पहले स्थान पर होगा।

जब नकल अध्यादेश आया तो बच्चों ने पढ़ना शुरू किया। यह कल्याण सिंह के समय शुरू हुआ था। उनके पौत्र संदीप सिंह आज मंच पर विराजमान हैं। हमने यह वादा किया था कि जो बच्चे मेधावी हैं उनके घर तक सड़क बनाई जाएगी। हम इसको देखेंगे कि यह काम कैसे किया जा रहा है। डिप्टी सीएम ने कहा कि यदि अभिभावक और गुरुजन अपनी सही जिम्मेदारी का निर्वाहन करें तो बच्चे को सफल बनने से कोई नहीं रोक सकता। 

विज्ञापन
04:26 PM, 01-Jun-2026

'प्रदेश और पूरे देश की सरकार आपके साथ है'

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कार्यक्रम के आयोजन को लेकर अमर उजाला की सराहना की और मेधावियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में किसी भी लक्ष्य को प्राप्त करना असंभव नहीं है। मंजिल उन्हीं को मिलती है जिनके सपनों में जान होती है। पंखों से कुछ नहीं होता हौसलों से उड़ान होती है। उन्होंने बच्चों से कहा कि आप सभी पूरे विश्वास के साथ आगे बढ़ो प्रदेश और पूरे देश की सरकार आपके साथ है।

04:15 PM, 01-Jun-2026

'महिला शिक्षक अपने पहनावे का ध्यान रखें, कई बार छात्र और उनमें अंतर समझ नहीं आता'

माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री ने महिला शिक्षकों को लेकर कहा कि बच्चों से सम्मान पाने के लिए शिक्षक अपनी वेशभूषा और पोशाक पर भी ध्यान दें। अब कई बार तो पता ही नहीं चल पाता है कि कौन बच्चे हैं और कौन शिक्षक। कहा कि शिक्षकों पर बड़ी जिम्मेदारी होती है। अभिभावक शिक्षकों को अपना बच्चा सौंपते हैं। ऐसे में उनकी जिम्मेदारी बड़ी हो जाती है।

विज्ञापन
04:12 PM, 01-Jun-2026

'बच्चों के साथ मित्रवत व्यवहार करें'

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान चलाया। यही कारण है कि आज हर क्षेत्र में बालिकाएं आगे बढ़ रही हैं। इसके लिए हर तरह से सरकार की तरफ से प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने अभिभावकों को बच्चों के साथ मित्रता का व्यवहार करने की अपील की है। कहा कि ऐसा होने से बच्चे खुलकर अपने माता-पिता से अपनी बात कह सकेंगे।

04:02 PM, 01-Jun-2026
माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी - फोटो : amar ujala

'जीवन में चुनौतियां बहुत हैं इसलिए अनुशासित रहें'

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश की माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी ने सभी विद्यार्थियों को सफलता के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि यह बड़ा अवसर है। जब हम बच्चों की सफलता की खुशी मना रहे हैं। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में खूब परिश्रम करें और समय का हमेशा ध्यान रखें। जीवन में चुनौतियां बहुत हैं इसलिए अनुशासित रहें।

04:00 PM, 01-Jun-2026

'बच्चों का भविष्य हमारी प्राथमिकता'

उन्होंने कहा कि हम सरकारी स्कूलों के इंफ्रास्ट्रक्चर को प्राइवेट स्कूलों की तरह बनाने की कोशिश कर रहे हैं। जहां पर बच्चों के खेलने-कूदने की भी व्यवस्था होगी। बच्चों का भविष्य हमारी प्राथमिकता है।

03:48 PM, 01-Jun-2026
कार्यक्रम को संबोधित करते बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह। - फोटो : amar ujala

बेसिक शिक्षा मंत्री ने सभी विद्यार्थियों को बधाई और शुभकामनाएं दी

बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सभी विद्यार्थियों को बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा हमारे देश को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने में बड़ा योगदान करने वाली है। उन्होंने कहा कि हमारी कोशिश है कि हम अपने विद्यार्थियों को वो सभी सुविधाएं उपलब्ध करवाएं जो जरूरी हैं। शिक्षा हमारी सरकार की प्राथमिकता है। यही कारण है कि बच्चों का ड्रॉप आउट रेट कम हुआ है। यह शिक्षा के क्षेत्र में आए बदलावों का ही परिणाम है।

03:39 PM, 01-Jun-2026

मेधावियों को दी गई ई स्कूटी की चाबी, खिले छात्रों के चेहरे

अमर उजाला मेधावी सम्मान समारोह में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी और बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह ने मेधावियों को ई स्कूटी की चाबी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

03:29 PM, 01-Jun-2026
अमर उजाला स्थानीय संपादक विजय त्रिपाठी। - फोटो : amar ujala

'यह अवसर मेधावियों की मेहनत को सम्मानित करने का है'

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमर उजाला के स्थानीय संपादक विजय त्रिपाठी ने इस अवसर पर विद्यार्थियों व उनके माता-पिता को बधाई दी और कहा कि यह अवसर विद्यार्थियों व उनके अभिभावकों के योगदान को सम्मानित करने का है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को सफलता की बधाई दी।

03:23 PM, 01-Jun-2026
कार्यक्रम का शुभारंभ करते डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य। - फोटो : amar ujala

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने किया कार्यक्रम का शुभारंभ, दीप प्रज्वलित किया

मेधावियों को सम्मानित करने के लिए डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री गुलाब देवी और बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री संदीप सिंह कार्यक्रम में पहुंचे और दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।


 

03:22 PM, 01-Jun-2026

अपर मुख्य सचिव बेसिक शिक्षा से पेपर लीक को लेकर हुए सवाल, दिया ये जवाब

आयोजन में एक छात्र ने पेपर लीक को लेकर सवाल किया। जिस पर अपर मुख्य सचिव ने कहा कि ऐसा नहीं है कि ये पहली बार हो रहा है। इसके पहले भी ऐसा होता आया है। कुछ गलत लोग ऐसा करते हैं। जो कमियां होती हैं उनमें सुधार किया जाता है।

03:04 PM, 01-Jun-2026

अपर मुख्य सचिव बेसिक शिक्षा समान नागरिक संहिता पर नहीं दिया जवाब

कार्यक्रम में एक छात्रा ने अपर मुख्य सचिव बेसिक शिक्षा से देश में समान नागरिक संहिता लागू करने को लेकर सवाल किया। इस पर उन्होंने कहा कि इस सवाल का जवाब मैं अभी नहीं दे सकता क्योंकि जब आप जिम्मेदारी के पद पर होते हैं तो कुछ सीमाएं होती हैं। 

03:00 PM, 01-Jun-2026

कार्यक्रम में विद्यार्थियों के मनोरंजन के लिए मृगांक गुप्ता ने दी प्रस्तुति

कार्यक्रम में विद्यार्थियों के मनोरंजन के लिए मृगांक गुप्ता ने प्रस्तुति दी।

02:40 PM, 01-Jun-2026
छात्रा ने किया सवाल। - फोटो : amar ujala

रुचि का विषय पीछे छूट जाता... छात्रा ने किया सवाल

एक छात्रा ने सवाल किया कि कई बार ऐसा होता है कि हमारे माता-पिता कहते हैं कि साइंस पढ़ो, आर्ट आसान है। वो कहते हैं कि पहले कुछ ऐसा कर लो जो आपको आर्थिक रूप से मजबूत बनाए। ऐसे में रुचि का विषय पीछे छूट जाता है। इस पर अपर मुख्य सचिव बेसिक शिक्षा ने कहा कि ये हमेशा होता है कि हम क्या करना चाहते हैं और क्या संभव है। ये द्वंद हमेशा चलता रहता है। ऐसे में अपनी स्थिति को देखकर निर्णय लेना चाहिए।

02:32 PM, 01-Jun-2026
एक अभिभावक ने किया सवाल। - फोटो : amar ujala

'शिक्षकों के साथ ही माता-पिता की बड़ी भूमिका'

एक अभिभावक के सवाल के जवाब में अपर मुख्य सचिव बेसिक शिक्षा ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य सिर्फ धन कमाना नहीं है। इसका उद्देश्य एक अच्छा इंसान बनना है। इसमें शिक्षकों के साथ ही माता-पिता की भी भूमिका है।

02:25 PM, 01-Jun-2026
विद्यार्थियों ने पूछे सवाल - फोटो : amar ujala

'हमारे दोस्त बदल जाते हैं समय के साथ' छात्रा ने पूछा सवाल

अपर मुख्य सचिव बेसिक शिक्षा से एक छात्रा ने सवाल पूछा कि आपने कहा कि हमारे दोस्त होने चाहिए पर कक्षाएं बदलने के साथ ही हमारे दोस्त बदल जाते हैं। इस पर क्या करें? इस पर अपर मुख्य सचिव बेसिक शिक्षा ने कहा कि हमारे दोस्त समय के साथ बदल जाते हैं। इसमें कुछ भी दिक्कत नहीं है। जो दोस्त मेरे पहले थे अब नहीं हैं।

02:24 PM, 01-Jun-2026

'पढ़ाई के साथ लिखना जरूरी है'

अपर मुख्य सचिव बेसिक शिक्षा ने एक विद्यार्थी के सवाल के जवाब में कहा कि स्मार्टनेस के साथ पढ़ाई करें। ये देखें कि किस विषय पर कितना समय देना चाहिए। पढ़ने के साथ लिखना भी बेहद जरूरी है।

02:17 PM, 01-Jun-2026

अपर मुख्य सचिव बेसिक शिक्षा ने विद्यार्थियों को दिए सफलता के मंत्र

मेधावी सम्मान समारोह में अपर मुख्य सचिव बेसिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा ने विद्यार्थियों को जीवन और सफलता से जुड़े कई महत्वपूर्ण टिप्स दिए। कहा कि समझदारी से मेहनत करें। पढ़ाई के साथ ही अपने स्वास्थ्य का भी ध्यान रखें। उन्होंने बच्चों से कहा कि पाठ्यक्रम की किताबों के साथ ही अन्य किताबें भी पढ़ें।

01:54 PM, 01-Jun-2026

मेधावियों ने करवाया रजिस्ट्रेशन

मेधावी सम्मान समारोह में शामिल होने आए विद्यार्थियों ने कार्यक्रम शुरू होने से पहले रजिस्ट्रेशन करवाया।

01:13 PM, 01-Jun-2026

मेधावियों को ई स्कूटी देकर सम्मानित करेंगे डिप्टी सीएम

अमर उजाला मेधावी छात्र सम्मान समारोह की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। मेधावियों को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ई स्कूटी देकर सम्मानित करेंगे।

12:55 PM, 01-Jun-2026

प्रतिभाओं को सम्मानित करेंगे उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य

अमर उजाला मेधावी छात्र सम्मान समारोह के लिए मंच सज गया है। बस थोड़ी देर में ही उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, माध्यमिक शिक्षा मंत्री और बेसिक शिक्षा मंत्री मेधावियों को सम्मानित करेंगे।

12:39 PM, 01-Jun-2026

अमर उजाला मेधावी सम्मान समारोह के लिए मंच तैयार

अमर उजाला मेधावी सम्मान समारोह के लिए मंच तैयार हो गया है। कुछ ही देर में मेधावियों को सम्मानित किया जाएगा।



 

12:34 PM, 01-Jun-2026

10वीं व 12वीं के टॉप-10 होंगे सम्मानित

मेधावी छात्र सम्मान समारोह में राज्य स्तर की मेरिट में स्थान बनाने वाले मेधावियों को शामिल किया जा रहा है। इसमें यूपी बोर्ड के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के शीर्ष-10 स्थानों पर रहने वाले मेधावी शामिल होंगे। इसी तरह संस्कृत शिक्षा परिषद के हाईस्कूल के 11 और इंटरमीडिएट के 10 मेधावियों के साथ ही लखनऊ जनपद के मेधावियों को भी सम्मानित किया जाएगा।

12:15 PM, 01-Jun-2026

हर वर्ष मेधावियों को किया जाता है सम्मानित

समारोह में चुने हुए मेधावियों को ई-स्कूटी दी जाएंगी। इसके साथ ही सभी मेधावियों को विशेष किट वाला बैग भी दिया जाएगा। इसमें विद्यार्थियों की जरूरत के सामान और पुस्तकें होंगी। अमर उजाला हर वर्ष मेधावियों को अपने मंच से सम्मानित करता है।

12:07 PM, 01-Jun-2026

Amar Ujala Medhavi Award Live: डिप्टी सीएम बोले- नौ साल में बदला यूपी, प्रदेश में अब पढ़ने-पढ़ाने का माहौल

अमर उजाला मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान करेगा। आज सम्मान समारोह में यूपी बोर्ड और संस्कृत शिक्षा परिषद में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार दिए जाएंगे। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में होने वाले सम्मान समारोह में माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी और बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह बतौर विशिष्ट अतिथि मौजूद रहेंगे। 

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें