उनके पास था बहुमत तो वह विश्वास मत जीत गए- सीपी सिहं
झारखंड में फ्लोर टेस्ट के बाद भाजपा विधायक सीपी सिंह ने ककहा कि उनके पास बहुमत था और उन्होंने विश्वास मत जीत लिया। इसमें आश्चर्य की कोई बात नहीं है। लेकिन ध्यान रहे इससे सरकार के पाप नहीं दूर होंगे। जल्द ही सब उजागर हो जाएगा, दोषियों को सजा भुगतनी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि चंपई सोरेने निर्दोष हैं, वे तो सिर्फ रबर स्टांप हैं। उन्होंने लॉचरी जीती और सीएम बन गए। जब वे सीएम नहीं रहेंगे तो उन्हें पूर्व सीएम का भी लाभ मिलेगा। अगर वो हेमंत सोरेन की गलतियों को नहीं दोहराएंगे, तो ईडी-सीबीआई के चक्कर के फेर से बचे रहेंगे।
जल्द ही हेमंत सोरेन आएंगे- इरफान अंसारी
फ्लोर टेस्ट के बाद झारखंड कांग्रेस विधायक इरफान अंसारी ने कहा कि हमारे प्रभारी ने भी कहा था कि चार मंत्रियों का प्रदर्शन अच्छा नहीं है। उन्होंने जल्द हटाया जाएगा। यह हाईकमान को देखना है। पूर्व सीएम हेमंत सोरेन के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि वो आएंगे, हमारे राम आएंगे।
हम जनता के लिए काम करेंगे- चंपई सोरेन
फ्लोर टेस्ट के बाद झारखंड के सीएम चंपई सोरेन ने कहा कि हेमंत सोरेन ने जो योजनाओं का खाका बनाया है, उस पर तेजी से काम होगा। हम जनता के हित में काम करेंगे। भाजपा नेताओं का दावा है कि कई झामुमो विधायक जल्द ही पार्टी छोड़ देंगे। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए सीएम ने कहा कि महाराष्ट्र और अन्य जगहों से यह आदलतें हैं। हम इस तरह की परंपरा और संस्कृति से दूर हैं। जल्द 2-3 दिनों में कैबिनेट विस्तार हो जाएगा।
भाजपा का हुआ पर्दाफाश- बन्ना गुप्ता
झारखंड के मंत्री बन्ना गुप्ता ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जो साजिश रची थी उसका खात्मा लोकतंत्र के मंदिर में हो गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास बहुमत नहीं था। वे लोकतंत्र की हत्या करके राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाना चाहते थे, लेकिन वे ऐसा नहीं कर सकें। हमारे पास 49 विधायक है।
जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि 'राज्यपाल हर जगह पक्षपात कर रहे हैं। तमिलनाडु, केरल, मणिपुर, जम्मू कश्मीर, झारखंड, बिहार। राज्यपाल वही करते हैं, जो गृह मंत्रालय और पीएमओ उनसे कहता है।'
विधानसभा की कार्यवाही के बाद हेमंत सोरेन ईडी की टीम के साथ वापस चले गए हैं।
चंपई सोरेन सरकार के विश्वास मत जीतने पर कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा 'इसमें कोई शक नहीं था। हमने पहले ही कहा था कि हम अच्छे बहुमत से विश्वास मत जीतेंगे। 47 विधायक समर्थन में थे। ऑपरेशन कीचड़ फेल हो गया। भाजपा ने हेमंत सोरेन को पहले गिरफ्तार कराया फिर चंपई सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह में देरी कराई। भाजपा असफल रही और हमारी सरकार जारी रहेगी। हम एक बार फिर जनता से अपने काम के आधार पर बहुमत लेने के लिए काम करेंगे।'
विधानसभा में चंपई सरकार ने विश्वास मत हासिल कर लिया है। विश्वास प्रस्ताव के पक्ष में 47 वोट पड़े। वहीं विपक्ष में 29 मत पड़े। इसके साथ ही विधानसभा की कार्यवाही 6 फरवरी तक के लिए स्थगित कर दी गई।
हेमंत सोरेन ने कहा, 'मुझे कोई गम नहीं कि मुझे आज ED ने पकड़ा है। झारखंड मुक्ति मोर्चा का उदय झारखंड के मान, सम्मान, स्वाभिमान को बचाने के लिए हुआ है और जो भी बुरी नजर डालेगा उसे हम मुंह तोड़ जवाब देंगे। मैं आंसू नहीं बहाऊंगा, आंसू वक्त के लिए रखूंगा, आप लोगों के लिए आंसू का कोई मोल नहीं।'
पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विधानसभा को संबोधित करते हुए कहा, 'यह झारखंड है, यह देश का एक ऐसा राज्य है जहां हर कोने में आदिवासी-दलित वर्गों से अनगिनत सिपाहियों ने अपनी कुर्बानी दी है। ED-CBI-IT जो देश की विशेष और काफी संवेदनशील व्यवस्थाएं कही जाती हैं... जहां करोड़ों रुपए डकार कर इनके सहयोगी विदेश में जा बैठे हैं, उनका एक बाल बांका करने की इनके पास औकात नहीं है। इनके पास औकात है तो देश के आदिवासी दलित-पिछड़ों और बेगुनाहों पर अत्याचार करना... अगर है हिम्मत तो सदन में कागज पटक कर दिखाए कि यह साढ़े 8 एकड़ की ज़मीन हेमंत सोरेन के नाम पर है, अगर हुआ तो मैं उस दिन राजनीति से अपना इस्तीफा दे दूंगा।'
पूर्व सीएम हेमंत सोरेन ने विधानसभा में संबोधन दिया। अपने संबोधन में हेमंत सोरेन ने कहा कि '31 जनवरी की काली रात रही। देश के लोकतंत्र में यह काली रात जुड़ी। देश में पहली बार किसी मुख्यमंत्री की गिरफ्तारी हुई। इस गिरफ्तारी में राजभवन भी शामिल रहा। जिस तरीके से यह घटना घटित हुई है। मैं बहुत आश्चर्यचकित हूं।'
सीएम चंपई सोरेन ने कहा 'मैं गर्व से कहता हूं कि मैं हेमंत सोरेन का ही पार्ट-2 हूं।' सीएम ने केंद्र सरकार पर केंद्रीय जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया।
झारखंड विधानसभा में कुल 81 सदस्य हैं। इनमें से एक सीट फिलहाल खाली है। एक विधायक बीमार होने की वजह से फ्लोर टेस्ट में शामिल नहीं हुए हैं। विधानसभा में 79 विधायक हैं, जिसके बाद बहुमत का आंकड़ा 40 हो गया है। पार्टी के अनुसार सीटों की बात करें तो झामुमो के 29, कांग्रेस के 17, राजद के एक, सीपीआई (एमएल) के एक समेत सत्ताधारी गठबंधन में कुल 48 विधायक हैं। वहीं भाजपा के 26, आजसू के 3, एनसीपी (एपी) एक और दो निर्दलीय विधायक हैं। ऐसे में विपक्ष का आंकड़ा कुल 32 है।
राज्यपाल का अभिभाषण समाप्त हो गया है। राज्यपाल के अभिभाषण के बाद फिलहाल सीएम चंपई सोरेन संबोधित कर रहे हैं। अपने संबोधन में चंपई सोरेन ने कहा कि सरकार को अस्थिर करने की कोशिश की गई। सीएम ने कहा हेमंत है तो हिम्मत है। सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा कि कोरोना काल में राज्य के मजदूरों को हवाई जहाज से लाया गया।
झारखंड विधानसभा में राज्यपाल अभिभाषण दे रहे हैं। हेमंत सोरेन जिंदाबाद के नारों के बीच राज्यपाल ने अपना अभिभाषण शुरू किया। वहीं राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान विधायकों ने हंगामा भी किया। राज्यपाल के अभिभाषण के बाद फ्लोर टेस्ट होगा।
झारखंड विधानसभा की कार्यवाही शुरू हो गई है। थोड़ी ही देर में राज्यपाल का अभिभाषण होगा, जिसके बाद फ्लोर टेस्ट होगा। राज्यपाल विधानसभा पहुंच गए हैं।
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को झारखंड विधानसभा लाया गया। ईडी की एक टीम उन्हें यहां लेकर पहुंची। आज झारखंड विधानसभा में बहुमत साबित करने के लिए मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार का फ्लोर टेस्ट होना है, जिसमें शामिल होने के लिए हेमंत सोरेन को कोर्ट से छूट मिली थी।
भाजपा विधायक फ्लोर टेस्ट के लिए विधानसभा पहुंच गए हैं। वहीं सत्ताधारी गठबंधन के विधायकों को लेने बसें सर्किट हाउस पहुंची हुई हैं और जल्द ही विधायक विधानसभा पहुंच जाएंगे।
सत्ताधारी गठबंधन के विधायकों को विधानसभा ले जाने के लिए बस रांची स्थित सर्किट हाउस पहुंच चुकी है। कुछ ही देर में विधायक विधानसभा पहुंच जाएंगे।
जेएमएम नेता मनोज पांडे ने कहा 'ये फ्लोर टेस्ट सिर्फ औपचारिकता है। विपक्ष पहले से ही निराश दिख रहा है। आंकड़ा 48 के भी पार जा सकता है। हमारी पार्टी और गठबंधन एकजुट है। पूर्व सीएम हेमंत सोरेन भी फ्लोर टेस्ट में मौजूद रहेंगे।' बता दें कि हेमंत सोरेन को कोर्ट ने फ्लोर टेस्ट में शामिल होने की इजाजत दे दी थी।
झारखंड विधानसभा में विपक्ष के नेता अमर कुमार बौरी ने कहा वादे पूरे करने के बजाय, वे (सत्ता पक्ष) भ्रष्टाचार को प्राथमिकता दे रहे हैं। हम उम्मीद करते हैं कि वे (चंपई सोरेन) उन वादों को पूरा करेंगे, जिनके लिए जनता ने उन्हें चुना है। उनके विधायक हिरासत में है।
फ्लोर टेस्ट पर जेएमएम महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा 'आज फ्लोर टेस्ट होगा, 47 से कम नहीं होंगे।'
विश्वास प्रस्ताव पर झारखंड भाजपा के प्रवक्ता प्रतुल साह देव ने कहा कि विश्वास प्रस्ताव का जो भी नतीजा रहे, लेकिन एक बात साफ है कि झारखंड हार चुका है। जिस तरह से झारखंड को देश और दुनिया के सामने अपमानित होना पड़ा, वह हैरान करने वाला है। एक सीएम 40 घंटे से ज्यादा समय तक लापता रहा और राज्य के शीर्ष अधिकारियों का भी उनसे कोई संपर्क नहीं था। राज्य की जनता को उसके हाल पर छोड़ दिया गया था। सीएम पर 70 हजार करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं और उनके इस्तीफे के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया।
झामुमो और कांग्रेस ने फ्लोर टेस्ट के लिए व्हिप जारी किया है। 81 सीटों वाले सदन में एक सीट खाली है। सदन में बहुमत साबित करने के लिए 41 विधायकों का समर्थन चाहिए। झामुमो का दावा है कि उनके पास 48 विधायकों का समर्थन है। हालांकि उनके एक विधायक तबीयत खराब होने की वजह से फ्लोर टेस्ट में शामिल नहीं होंगे। वहीं भाजपा सहयोगियों के पास 32 विधायक हैं।
फ्लोर टेस्ट से पहले किसी भी टूट-फूट से बचने के लिए सत्ताधारी गठबंधन ने अपने विधायकों को हैदराबाद के एक रिसॉर्ट में शिफ्ट कर दिया था। रविवार को इन विधायकों को रांची में वापसी हो चुकी है। आज सुबह 11 बजे के करीब विधानसभा में फ्लोर टेस्ट हो सकता है।