एक्सिस माय इंडिया के एग्जिट पोल में 'इंडिया' गठबंधन को 53 सीटें
वहीं, एक्सिस माय इंडिया के 81 सीटों के लिए जारी एग्जिट पोल के मुताबिक, एनडीए को 25 सीटें मिल सकती हैं, जबकि 'इंडिया' गठबंधन को 53 सीटें, जेकेएलएम को दो सीटें मिल सकती हैं। वहीं, टाइम्स नाऊ-जेवीसी ने एनडीए को 42 सीटें, इंडिया गठबधन को 38 और अन्य एक सीट मिलने का अनुमान जताया है।
चाणक्य स्ट्रैटेजीज के एग्जिट पोल में भी एनडीए को ज्यादा सीटें
चाणक्य स्ट्रैटेजीज के एग्जिट पोल में सत्तारूढ़ इंडिया गठबंधन को 35 से 38, एनडीए को 45 से 50 और अन्य 3 से पांच सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है।
झारखंड की धरती पर अद्भुत रहा लोकतंत्र का पर्व: हेमंत सोरेन
दोनों चरणों के मतदान संपन्न होने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मंच एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि झारखण्ड की पावन धरती पर लोकतंत्र का यह महापर्व अद्भुत रहा। दोनों चरणों में राज्य की जनता ने अपनी आकांक्षाओं और आशाओं को मतदान के माध्यम से अभिव्यक्त किया है। यह केवल एक चुनाव नहीं, बल्कि एक नए, समृद्ध और सशक्त झारखण्ड के निर्माण का संकल्प है।
'बुजुर्ग, युवा, श्रमिक , महिला, किसान - सभी ने उत्साह और उमंग के साथ लोकतंत्र के इस महापर्व में अपना अभूतपूर्व आशीर्वाद दिया। सभी ने, खासकर, राज्य की आधी आबादी - हमारी मंईयां ने बढ़-चढ़कर अपने हक-अधिकार, मान और सम्मान के लिए ऐतिहासिक रूप से झामुमो और 'इंडिया' गठबंधन को अपना असीम आशीर्वाद दिया।'
उन्होंने आगे लिखा, 'हम दृढ़ता से प्रण लेते हैं कि अमर वीर शहीदों के बलिदान को साकार करेंगे, महान क्रांतिकारियों के सपनों को पूरा करेंगे, आंदोलनकारियों की आकांक्षाओं को मूर्त रूप देंगे और मिलकर बनाएंगे एक नया, सोना झारखण्ड!' सोरेन ने लिखा,'इस पावन अवसर पर मैं नतमस्तक हूं - प्रत्येक मतदाता के प्रति, कर्तव्यनिष्ठ मतदानकर्मियों के प्रति, झामुमो और INDIA गठबंधन के समर्पित कार्यकर्ताओं के प्रति, और सभी राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं के प्रति, जिन्होंने लोकतंत्र को मजबूत किया है।'
अब जानिए झारखंड में जिलावार कितना प्रतिशत मतदान हुआ-
झारखंड के विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में कुल 68.21 फीसदी मतदान हुआ।
गिरिडीह में मतदान समाप्त होते ही अधिकारियों ने ईवीएम को बंद किया।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी और गांडेय से झामुमो की उम्मीदवार कल्पना सोरेन ने कहा, लोगों ने विकास का रास्ता चुना है और वे अपना वोट डाल रहे हैं। अब मतदान खत्म होने में कुछ ही घंटे बचे हैं। 23 नवंबर को नतीजे भी आ जाएंगे। मैं खासतौर गांडेय की जनता की आभारी हूं, मैं जहां भी जाती हूं, मुझे उनका प्यार मिलता है।
झारखंड विधानसभा चुनाव के दूसरे में दोपहर तीन बजे तक 61.47 फीसदी मतदान दर्ज किया गया।
दुमका विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी उम्मीदवार सुनील सोरेन और जरमुंडी विधानसभा प्रत्याशी देवेंद्र कुंवर ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। झामुमो ने दुमका से बसंत सोरेन को अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं कांग्रेस ने जरमुंडी से बादल पत्रलेख को अपना प्रत्याशी बनाया है।
पोड़ैयाहाट विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र- 50.74%
गोड्डा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र- 50.22%
महागामा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र- 49.86%
दुमका में 47.35 प्रतिशत
जामा में 51.34 प्रतिशत
जारमुंडी में 49.42 प्रतिशत
शिकारीपाड़ा में 53.55 प्रतिशत मतदान हुआ है।
| जिले का नाम | मतदान प्रतिशत |
| बोकारो | 42.52 |
| देवघर | 49.83 |
| धनबाद | 43.16 |
| दुमका | 50.28 |
| गिरीडीह | 48.01 |
| गोड्डा | 50.27 |
| हजारीबाग | 48.62 |
| जामताड़ा | 52.21 |
| पाकुड़ | 53.83 |
| रामगढ़ | 51.26 |
| रांची | 52.10 |
| साहेबगंज | 47,51 |
झारखंड में दोपहर एक बजे तक 47.92 फीसदी लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इस दौरान सबसे ज्यादा मतदान पाकुड़ में 53.83 फीसदी और सबसे कम धनबाद में 43.16 फीसदी रिकॉर्ड किया गया।
देवघर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र का मतदान प्रतिशत- 29.40 %
मधुपुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र का मतदान प्रतिशत- 33.47 %
सारठ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र का मतदान प्रतिशत- 36.86 %
गोमिया विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र का मतदान प्रतिशत- 30.88 %
बेरमो विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र का मतदान प्रतिशत- 30.41%
बोकारो विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र का मतदान प्रतिशत- 22.12 %
चंदनकियारी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र का मतदान- 32.69 %
झारखंड विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के मतदान से कुछ घंटे पहले लातेहार जिले में माओवादियों ने कथित तौर पर पांच ट्रकों में आग लगा दी। वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह घटना हेरहंज पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले लाट वन में देर रात करीब डेढ़ बजे घटी। ट्रक लातेहार के तुबेद कोयला परियोजना में कोयला परिवहन के काम के लिए लगाए गए थे।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मधुपुर के मतदान केंद्र के पीठासीन पदाधिकारी राम नंदन पासवान को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उन पर एक पार्टी विशेष के पक्ष में कार्य करने का आरोप लगा है। फिलहाल उन्हें चुनाव कार्य से हटा दिया गया है और उनसे पूछताछ के लिए मधुपुर थाना लाया गया।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, धनबाद बाघमारा विधानसभा क्षेत्र एक बूथ पर एक घंटे से अधिक समय से लाइट नहीं है। ऐसे में मोबाईल का टॉर्च जलाकर चुनाव पदाधिकारी वोटिंग करा रहे हैं।
कांग्रेस नेता सुबोधकांत सहाय ने रांची के मतदान केंद्र पहुचंकर वोट डाला।
झारखंड विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में मतदान की रफ्तार तेज है और राज्य में सुबह 11 बजे तक 31.37 फीसदी मतदान हो चुका है।
| जिले का नाम | मतदान प्रतिशत |
| बोकारो | 27.72 |
| देवघर | 32.84 |
| धनबाद | 28.02 |
| दुमका | 33.05 |
| गिरीडीह | 31.56 |
| गोड्डा | 33.39 |
| हजारीबाग | 31.04 |
| जामताड़ा | 33.78 |
| पाकुड़ | 35.15 |
| रामगढ़ | 33.45 |
| रांची | 34.75 |
| साहेबगंज | 30.90 |
केंद्रीय मंत्री और झारखंड चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने झारखंड चुनाव पर कहा, 'झारखंड में विधानसभा का ये चुनाव झारखंड बचाने का चुनाव बन गया है। झारखंड में 'रोटी-माटी और बेटी' संकट में है। नौजवानों को रोजगार के नाम पर झामुमो और कांग्रेस की सरकार ने ठगा है। मां, बहन और बेटी की इज्जत और मान-सम्मान सुरक्षित नहीं है। संसाधनों पर घुसपैठिए कब्जा करते जा रहे हैं। कानून व्यवस्था की स्थिति भयंकर है। इसलिए नाराज होकर जनता NDA और भाजपा के उम्मीदवारों को निकलकर वोट कर रही है। मेरी सबसे अपील है कि वोट जरूर डालें। भाजपा और NDA की सरकार झारखंड की तस्वीर भी बदलेगी और जनता की तकदीर भी बदलेगी।'
झारखंड की धनबाद सीट पर कतरास कॉलेज बूथ पर निर्दलीय प्रत्याशी रोहित यादव और भाजपा समर्थकों के भिड़ने की खबर है। पर्ची बांटने को लेकर विवाद हुआ, लेकिन पुलिस ने हालात को काबू कर लिया।
गांडेय विधानसभा क्षेत्र से झारखंड मुक्ति मोर्चा की प्रत्याशी कल्पना सोरेन ने कहा, 'मैं अपनी जीत को लेकर इसलिए भी आश्वस्त हूं क्योंकि मेरा कार्यकाल काफी छोटा रहा लेकिन इस समय में मैंने जी तोड़ मेहनत की है। इतने कम कार्यकाल में मैंने यदि इतना काम किया है तो 5 साल के समय में मैं और काम करूंगी। पहले चरण में जो मतदान हुआ इससे समझा जा सकता है कि हमारी आधी आबादी हमें (JMM) खासकर हेमंत सोरेन को मजबूती दे रही है।'
सुबह 9 बजे तक जिलेवार मतदान प्रतिशत के आंकड़े--
| जिले का नाम | मतदान प्रतिशत |
| बोकारो | 12.48 |
| देवघर | 14.24 |
| धनबाद | 12.76 |
| दुमका | 14.48 |
| गिरीडीह | 12.69 |
| गोड्डा | --- |
| हजारीबाग | 14.02 |
| जामताड़ा | 14.9 |
| पाकुड़ | 16.12 |
| रामगढ़ | 15.87 |
| रांची | 16 |
| साहेबगंज | 14.17 |
झारखंड विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए जारी मतदान में सुबह 9 बजे तक 12.71 प्रतिशत मतदान हुआ है। इनमें से बोकारो में 12.48 प्रतिशत, देवघर में 14.24 प्रतिशत मतदान हुआ है। पाकुड़ जिले में सुबह 9 बजे तक सबसे ज्यादा यानी कि 16.12 प्रतिशत मतदान हुआ है।
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए मतदान करने के बाद कहा कि 'हम पूर्ण बहुमत से सरकार बना रहे हैं। हमारे सारे मुद्दे जनता तक चले गए हैं। हम किसी कीमत पर दो-तिहाई मतों से सरकार बनाने जा रहे हैं जहां भाजपा पहली बार अपने दम पर झारखंड में सरकार बनाने जा रही है।'
बोकारो के कोऑपरेटिव कॉलोनी के मतदान केंद्र पर झारखंड कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने मतदान किया। इसके अलावा इस बोकारो विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी श्वेता सिंह ने बूथ संख्या 288 इस्पात विद्यालय सेक्टर 3ए में अपना वोट डाला।
झारखंड भाजपा अध्यक्ष और धनवार विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार बाबूलाल मरांडी ने झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए मतदान किया। झारखंड विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान जारी है।
टुंडी विधानसभा से विधायक और झामुमो प्रत्याशी मथुरा प्रसाद महतो ने बाघमारा विधानसभा क्षेत्र के टाटा सिजुआ विधालय बूथ संख्या 324 में परिजनों के साथ मतदान किया।
धनबाद के बाघमारा विधान सभा क्षेत्र के निर्दलीय प्रत्याशी रोहित यादव ने तेतुलिया स्थित प्राथमिक विद्यालय बूथ संख्या 47 में मतदान किया। उनका मुकाबला इंडिया गठबंधन के जलेश्वर महतो और शत्रुघ्न महतो से है।
धनबाद से भाजपा प्रत्याशी राज सिन्हा ने कहा, 'वर्तमान में मतदान के समय जो रुझान देखने को मिल रहा है और जिस प्रकार से जनता वोट देने के लिए उमड़ पड़ी है, मैं निश्चित रूप से कह सकता हूं कि भाजपा की सरकार बनने जा रही है।'
झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 के लिए मतदान शुरू हो गया है। JMM सांसद नलिन सोरेन ने दुमका में अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। वोट डालने के बाद उन्होंने कहा कि 'आज से नहीं पहले से ही हम सबसे पहले वोट करने पहुंचते हैं। जनता ने विकास के मुद्दे पर वोट डालना शुरू किया है। हमारी सरकार है और रहेगी। JMM की सोच इस क्षेत्र के विकास की है।
झारखंड भाजपा अध्यक्ष और धनवार विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार बाबूलाल मरांडी ने कहा, 'झारखंड की जनता का मूड हेमंत सोरेन की सरकार को बदलने का है क्योंकि 5 वर्षों तक जनता ने काफी तकलीफ सही है। आज लोग परिवर्तन के लिए मतदान करेंगे और लोग भाजपा-NDA के पक्ष में मतदान करेंगे। भाजपा-NDA को 51 से ज़्यादा सीटें मिलेंगी।'
झारखंड विधानसभा चुनाव की कुल 81 में से बची हुई 38 सीटों पर आज मतदान हो रहा है।
झारखंड विधानसभा चुनाव के दूसरे और आखिरी चरण के लिए मतदान शुरू हो गया है। सुबह से ही कई मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें दिख रही हैं। बोकारो के फुसरो शहर में कई मतदान केंद्रों पर सुबह 6:30 बजे से ही मतदाता कतारों में लगे दिख रहे हैं। उसी तरह गिरिडीह में भी देखने को मिल रहा है। गांडेय विधानसभा में भी ऐसी ही स्थिति है।
झारखंड के मतदान से पहले गिरिडीह में मॉक पोलिंग
झारखंड में अपनी सरकार चुनने के लिए बुधवार को मतदाता भयमुक्त माहौल में मतदान कर सकें, इसके लिए बड़ी संख्या में सुरक्षाबलों को तैनात किया गया है। राजधानी रांची में चुनावी ड्यूटी में तैनात जवानों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया।