प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि उन्हें बार-बार जम्मू-कश्मीर आने और यहां के लोगों के सामर्थ्य को देखने का अवसर मिला है। मैंने यहां की ऊर्जा, उम्मीदें और मेहनत को नजदीक से महसूस किया है। यही वजह है कि मैं पूरे समर्पण भाव के साथ जम्मू-कश्मीर के विकास में जुटा हूं। पीएम मोदी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर भारत की शिक्षा और संस्कृति का गौरव रहा है और आज यह ज्ञान की भूमि के रूप में फिर उभर रहा है। जम्मू और श्रीनगर में सेंट्रल यूनिवर्सिटी हैं, नीट, आईआईएम जैसे देश के श्रेष्ठ शैक्षणिक संस्थान यहां हैं। आने वाले वर्षों में जम्मू-कश्मीर भारत के नॉलेज हब की भूमिका निभाएगा।
पीएम मोदी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर का नौजवान अब आतंकवाद को मुंहतोड़ जवाब देने का मन बना चुका है। ये वो आतंकवाद है, जिसने घाटी में स्कूल जलाए, अस्पताल तबाह किए, जिसने कई पीढ़ियों को बर्बाद किया। पाकिस्तान की साजिश के खिलाफ जिस प्रकार जम्मू-कश्मीर के लोग उठ खड़े हुए हैं। जम्मू-कश्मीर की आवाम में इस बार जो ताकत दिखाई है, उसने सिर्फ पाकिस्तान ही नहीं, दुनियाभर में आतंकवाद को खड़ा संदेश दिया है।
पीएम मोदी ने कहा कि आज 6 जून है... संयोग से ठीक एक महीने पहले, आज की ही रात पाकिस्तान के आतंकियों पर कयामत बरसी थी। अब पाकिस्तान कभी भी ऑपरेशन सिंदूर का नाम सुनेगा तो उसे अपनी शर्मनाक शिकस्त याद आएगी। पाकिस्तानी फौज और आतंकियों ने कभी नहीं सोचा था कि भारत, पाकिस्तान में घुसकर आतंकियों पर इस तरह वार करेगा। वर्षों की मेहनत से उन्होंने आतंक की जो इमारतें बनाई थीं, वो कुछ ही मिनटों में खंडहर बन गईं।
पीएम मोदी ने कहा कि पाकिस्तान ने पहलगाम में इन्सानियत और कश्मीरियत, दोनों पर वार किया। उसका इरादा भारत में दंगे कराने का था, कश्मीर के मेहनतकश लोगों की कमाई रोकने का था, इसलिए पाकिस्तान ने सैलानियों पर हमला किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने विशेष रूप से श्री माता वैष्णो देवी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एक्सीलेंस का उल्लेख करते हुए कहा कि यह संस्थान केवल एक अस्पताल नहीं, बल्कि दान-पुण्य और श्रद्धा की हमारी संस्कृति का प्रतीक है। इस मेडिकल कॉलेज की स्थापना में जो राशि लगी है, वह देश के कोने-कोने से माता के भक्तों द्वारा दान में दी गई है। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड और इसके अध्यक्ष मनोज सिन्हा जी को इस पवित्र कार्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। उन्होंने बताया कि अस्पताल की क्षमता 300 बेड से बढ़ाकर अब 500 बेड की जा रही है। कटरा आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को इसका बड़ा लाभ मिलेगा।
स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ी छलांग
पीएम ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में जम्मू-कश्मीर में दो स्टेट लेवल के कैंसर संस्थान बने हैं और पांच साल में सात नए मेडिकल कॉलेज शुरू किए गए हैं। एमबीबीएस की सीटें 500 से बढ़कर 1300 हो गई हैं, जो क्षेत्र के युवाओं के लिए बड़ी सौगात है। उन्होंने कहा कि अब रियासी जिले को भी नया मेडिकल कॉलेज मिलने जा रहा है। इससे न सिर्फ इलाज की सुविधाएं बढ़ेंगी, बल्कि रोजगार के अवसर भी मिलेंगे।
पीएम मोदी ने कहा कि केंद्र में भाजपा-एनडीए की सरकार को 11 साल हो रहे हैं। ये 11 साल गरीब कल्याण के नाम समर्पित रहे है। पीएम आवास योजना से 4 करोड़ गरीबों के पक्के घर का सपना पूरा हुआ है। उज्ज्वला योजना से 10 करोड़ रसोइयों से धुएं का अंत हुआ है। आयुष्मान भारत योजना से 50 करोड़ गरीबों को 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिला है।
पीएम मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना से हर थाली में भरपेट अनाज सुनिश्चित हुआ है। जनधन योजना से पहली बार 50 करोड़ से ज्यादा गरीबों के लिए बैंक की दरवाजा खुला है। सौभाग्य योजना से अंधेरे में जी रहे 2.5 करोड़ परिवारों में बिजली की रोशनी पहुंची है। स्वच्छ भारत अभियान के तहत बने 12 करोड़ शौचालयों में खुले में शौच की मजबूरी से मुक्ति दिलाई है। पीएम सम्मान निधि से 10 करोड़ किसानों को सीधे आर्थिक सहायता मिली है।
पीएम मोदी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर, मां भारती का मुकुट है। ये मुकुट एक से बढ़कर एक खूबसूरत रत्नों से जड़ा हुआ है। ये अलगअलग रत्न, जम्मू कश्मीर का सामर्थ्य हैं। यहां की पुरातन संस्कृति, यहां के संस्कार, यहां की आध्यात्मिक चेतना, प्राकृति का सौंदर्य, यहां की जड़ी बूटियों का संसार, फलों और फूलों का विस्तार, यहां के युवाओं का कौशल... मुकुट मणि की तरह चमकता है।
अब जब रेल कनेक्टिविटी जुड़ गई है, तो यह प्रतिभा देश-दुनिया में अपना स्थान बनाएगी। रेल प्रोजेक्ट के फायदे गिनाते हुए उन्होंने कहा कि चाहे चिनाब ब्रिज हो या अंजी ब्रिज, ये जम्मू और कश्मीर दोनों क्षेत्रों की समृद्धि का जरिया बनेंगे। टूरिज्म बढ़ेगा ही, साथ में अर्थव्यवस्था के अन्य क्षेत्रों को भी लाभ मिलेगा। अब कश्मीर के उत्पाद कम लागत में देश के बड़े बाजारों तक पहुंच पाएंगे, समय पर पहुंच पाएंगे। उन्होंने बताया कि जम्मू-कश्मीर की रेल कनेक्टिविटी से व्यापारियों और उद्योगों को नए अवसर मिलेंगे। अब यहां के लोगों के लिए देश के दूसरे हिस्सों में आना-जाना भी आसान हो जाएगा। यह नया युग है, जहां विकास की सीटी हर गांव, हर घाटी में गूंजेगी।
पीएम मोदी ने कहा कि भारत के जम्मू-कश्मीर में चेनाब रेलवे ब्रिज दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे आर्च ब्रिज है। अब चेनाब ब्रिज के जरिए लोग कश्मीर तो जाएंगे ही, साथ ही यह ब्रिज एक आकर्षक पर्यटन स्थल भी बनेगा।
पीएम मोदी ने कहा कि 46,000 करोड़ रुपये की लागत वाली नई विकास परियोजनाएं जम्मू-कश्मीर में विकास की गति को और तेज करेंगी। मैं क्षेत्र में विकास के इस नए युग के लिए बधाई देता हूं। मैं इस उपलब्धि के लिए जम्मू-कश्मीर के लोगों को भी बधाई देता हूं। मैंने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला का एक बयान पढ़ा, जिसमें उन्होंने उल्लेख किया कि जब वे 7वीं या 8वीं कक्षा में थे, तब से वे इस परियोजना के पूरा होने का इंतजार कर रहे थे। आज कई लोगों के सपने साकार हुए हैं। यह मोदी सरकार के लिए गर्व की बात है कि चिनाब ब्रिज के काम की गति तेज हुई और परियोजना सफलतापूर्वक पूरी हुई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के नए समर्थ का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह प्रदेश अब विकास के नए युग में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने चिनाब और अंजी ब्रिज का लोकार्पण करने के साथ दो नई वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई और जम्मू में नए मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारत के नए समर्थ का जयघोष हो रहा है। जम्मू-कश्मीर को आज दो नई वंदे भारत ट्रेनें मिली हैं और यहां जम्मू में एक नए मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास भी हुआ है। ये सभी मिलाकर 46,000 करोड़ रुपये की परियोजनाएं हैं, जो प्रदेश के विकास को नई गति देंगी।
उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर की कई पीढ़ियां रेलवे कनेक्टिविटी का सपना देखते-देखते गुजर गईं। उन्होंने कल उमर अब्दुल्ला का बयान देखा। जिसमें वह कह रहे थे कि जब वे आठवीं में पढ़ते थे तभी से इस प्रोजेक्ट को पूरा होते देखने की उम्मीद थी।
आज जम्मू-कश्मीर के लाखों लोगों का सपना पूरा हो गया है। पीएम ने कहा कि हकीकत यह है कि जितने अच्छे काम हैं, वो मेरे लिए ही बचे रहते हैं। यही हमारा सौभाग्य है कि इस प्रोजेक्ट को हमारे कार्यकाल में गति मिली और हमने इसे पूरा करके दिखाया। पीएम मोदी ने इन योजनाओं को जम्मू-कश्मीर के लिए विकास की रफ्तार, संकल्प की मिसाल और भारत की एकता का उत्सव बताया।
पीएम मोदी ने कहा कि चिनाब ब्रिज, दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे आर्च ब्रिज है। ये ब्रिज, एफिल टॉपर से भी उंचा है। अब लोग चिनाब ब्रिज के जरिए कश्मीर देखने तो जाएंगे ही, साथ ही ये ब्रिज भी अपने आप में एक आकर्षक टूरिस्ट डेस्टिनेशन बनेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि "ये हमारी सरकार का सौभाग्य है कि इस प्रोजेक्ट ने हमारे कार्यकाल में गति पकड़ी और हमने इसे पूरा करके दिखाया। रास्ते में आने जाने की मुश्किलें, मौसम की परेशानी, लगातार पहाड़ों से गिरते पत्थर... ये प्रोजेक्ट पूरा करना चुनौतीपूर्ण था, लेकिन हमारी सरकार ने चुनौती को ही चुनौती देने का रास्ता चुना है।"
पीएम मोदी ने कहा कि उधमपुर-श्रीनगर-बारामुला रेल लाइन परियोजनाएं, ये सिर्फ नाम नहीं हैं, ये जम्मू कश्मीर के नए सामर्थ्य की पहचान हैं। भारत के नए सामर्थ्य का जयघोष है। थोड़ी देर पहले मुझे चिनाब ब्रिज और अंजी ब्रिज का लोकार्पण करने का अवसर मिला है। आज ही दो नई वंदे भारत ट्रेनें जम्मू कश्मीर को मिली है। जम्मू में नए मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास हुआ है। 46,000 करोड़ रुपये की ये परियोजनाएं जम्मू और कश्मीर के विकास को नई गति देंगे।
कटरा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "आज का ये कार्यक्रम भारत की एकता और भारत की इच्छाशक्ति का विराट उत्सव है...माता वैष्णो देवी के आर्शीवाद से आज वादी-ए-कश्मीर भारत के रेल नेटवर्क से जुड़ गई है...हम कहते आए हैं कि कश्मीर से कन्याकुमारी और ये अब रेलवे नेटवर्क के लिए हकीकत बन गया है... "
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कटरा में 46,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और लोकार्पण किया।
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा कहते हैं, "मुझे लगता है कि 'कश्मीर से कन्याकुमारी' अब सिर्फ एक नारा नहीं रह गया है। अभी कुछ समय पहले ही प्रधानमंत्री ने कटरा-श्रीनगर वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर इसे हकीकत में बदल दिया है। देश के दो कोनों को एक करके उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों को भी साकार किया है... उन्होंने इस रेलवे लाइन से जुड़े शहरों में लाखों भारतीयों के दिलों की धड़कन को भी जोड़ा है... आज उद्घाटन किया गया रेलवे पुल सिर्फ सीमेंट और लोहा नहीं है, बल्कि जम्मू-कश्मीर की आकांक्षाओं को जोड़ने का माध्यम है।"
सीएम उमर ने कहा कि इस प्रोजेक्ट के पूरा होने से जम्मू-कश्मीर में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, लोगों का आना-जाना सुगम होगा और राज्य की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। उमर अब्दुल्ला ने उम्मीद जताई कि अब वह दिन दूर नहीं जब जम्मू-कश्मीर को फिर से पूर्ण राज्य का दर्जा मिलेगा।अंत में उन्होंने कहा, कि मनोज सिन्हा जी को प्रमोशन मिला और वह अब उपराज्यपाल हैं, लेकिन मुझे थोड़ी डिमोशन मिली, मैं अब रियासत का नहीं, यूटी का मुख्यमंत्री हूं। माता वैष्णो देवी की कृपा से यह अस्थायी है, अब बदलाव दूर नहीं।"
जनसभा में सीएम उमर ने कहा कि मुझे गर्व है कि आज जिस रेल संपर्क का सपना अंग्रेजों ने देखा था। झेलम नदी के किनारे रेल लाइन बिछाने का वह सपना भी प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पूरा हुआ। अंग्रेजों की अधूरी योजना आज साकार हुई है। पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को भी याद करते हुए कहा कि इस प्रोजेक्ट की नींव 1983-84 में रखी गई थी। उस वक्त वह आठवीं क्लास में पढ़ते थे। अब उनकी उम्र 55 हो चुकी है और उनके बच्चे भी कॉलेज पास कर चुके हैं। तब जाकर यह ऐतिहासिक रेल प्रोजेक्ट पूरा हुआ। यह तभी संभव हुआ जब बीजेपी सरकार ने इसे प्रोजेक्ट ऑफ नेशनल इंपोर्टेंस घोषित कर विशेष बजट का प्रावधान किया।
जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शुक्रवार को कहा कि उन्हें गर्व है कि राज्य की सभी बड़ी रेलवे परियोजनाओं के उद्घाटन में उन्हें प्रधानमंत्री के साथ शामिल होने का सौभाग्य मिला। उन्होंने भावुक अंदाज में कहा कि भले ही राजनीतिक परिस्थितियों के चलते उनका पद मुख्यमंत्री से घटकर केंद्र शासित प्रदेश के सीएम जैसा हो गया, लेकिन उम्मीद है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों ही जम्मू-कश्मीर को फिर से राज्य का दर्जा मिलेगा। उमर अब्दुल्ला ने याद करते हुए कहा कि सबसे पहले जब अनंतनाग रेलवे स्टेशन का उद्घाटन हुआ, फिर बनिहाल रेलवे सुरंग और 2014 में कटरा रेलवे स्टेशन का उद्घाटन किया गया। इन सभी अवसरों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, तत्कालीन रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा, मैं और अन्य प्रमुख लोग साथ मौजूद थे। आज भी वही चार लोग इस मंच पर एक बार फिर मौजूद हैं।
जनसभा में जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि अब राज्य में तेजी से विकास हो रहा है। कई बुनियादी ढांचा परियोजनाएं तेजी से पूरी हो रही हैं, चाहे वह जम्मू रिंग रोड हो, श्रीनगर रिंग रोड हो, दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे हो, जम्मू-श्रीनगर फोर लेन हाईवे हो, जम्मू और श्रीनगर हवाई अड्डों का विस्तार हो या रेलवे नेटवर्क का विस्तार हो। हम विकसित भारत के लिए विकसित जम्मू-कश्मीर के अपने लक्ष्य को प्राप्त करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। मैं जम्मू-कश्मीर के सभी लोगों की ओर से प्रधानमंत्री जी को तहे दिल से धन्यवाद देता हूं..."
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चिनाब पुल और अंजी पुल का उद्घाटन करने के बाद स्मारक सिक्के और टिकट जारी किए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कटरा से श्रीनगर तक पहली वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के बाद कटरा में एक कार्यक्रम में जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से बातचीत की।
कटरा जनसभा में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि मुझे जम्मू-कश्मीर में सभी रेलवे परियोजनाओं में प्रधानमंत्री के साथ जुड़ने का सौभाग्य मिला है। सबसे पहले, जब अनंतनाग रेलवे स्टेशन का उद्घाटन किया गया था। दूसरा, जब बनिहाल रेलवे सुरंग का उद्घाटन किया गया था, 2014 में जब कटरा रेलवे स्टेशन का उद्घाटन किया गया था, तब भी यही चार लोग यहां मौजूद थे, जबकि तत्कालीन रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा को जम्मू-कश्मीर के एलजी के पद पर पदोन्नत किया गया था, मुझे एक राज्य के सीएम से एक केंद्र शासित प्रदेश के सीएम के रूप में पदावनत किया गया था। लेकिन हमें पता भी नहीं चलेगा कि चीजें सामान्य हो जाएंगी और पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा जम्मू-कश्मीर को एक राज्य का दर्जा दिया जाएगा।" मैं अटल बिहार को नहीं भूल सकता।
जम्मू-कश्मीर के रियासी कटरा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 46,000 करोड़ रुपए से अधिक लागत की कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और लोकार्पण के कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
कटरा जनसभा में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि "आज का दिन ऐतिहासिक है। जम्मू-कश्मीर में एक और रत्न जुड़ गया है। आज पीएम मोदी ने जम्मू को श्रीनगर से जोड़ने वाली रेलवे लाइन का उद्घाटन किया है। देश ने दशकों से इस रेलवे लाइन का सपना संजोया था। इसके निर्माण में बड़ी चुनौतियां थीं, प्रकृति पर विजय पाने की कोशिश करने के बजाय, प्रकृति के साथ सामंजस्य बिठाते हुए, पुलों और सुरंगों के इस नेटवर्क के माध्यम से यह रेलवे लाइन आज एक वास्तविकता बन गई है। यह हमारे प्रधान मंत्री के दृढ़ संकल्प, कड़ी मेहनत और लेजर-शार्प फोकस के कारण संभव हुआ है।"
इससे पहले, कटरा में लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाहन की आरती की और फूल बरसाए, क्योंकि उनका काफिला शहर के एक हिस्से से गुजर रहा था।
कटरा में केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि, "ठीक 11 साल पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कटरा रेलवे स्टेशन के उद्घाटन के लिए यहां आए थे। उस समय मैंने कहा था कि कटरा में कोई तभी आता है जब माता बुलाती है...पीएम मोदी का यहां आना किसी न किसी कारण से टलता रहा। फिर चुनाव की घोषणा हुई, सरकार बदली और माता की इच्छा पूरी हुई कि पीएम मोदी प्रधानमंत्री बनें और कटरा रेलवे स्टेशन का उद्घाटन किया...शायद विधाता चाहते थे कि पीएम मोदी दोबारा प्रधानमंत्री बनें ताकि वो कश्मीर घाटी को रेलवे से जोड़ने का ऐतिहासिक काम कर सकें।"
कटरा और श्रीनगर को जोड़ने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन, कटरा रेलवे स्टेशन से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हरी झंडी दिखाए जाने के तुरंत बाद चिनाब पुल को पार कर गई।
जम्मू-कश्मीर के कटरा रेलवे स्टेशन से कटरा और श्रीनगर को जोड़ने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्रेन में सवार स्कूली बच्चों से बातचीत की। उन्होंने ट्रेन में मौजूद रेलवे कर्मचारियों से भी बातचीत की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कटरा रेलवे स्टेशन से कटरा और श्रीनगर को जोड़ने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के पहले केबल रेल पुल अंजी पुल का उद्घाटन किया। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, सीएम उमर अब्दुल्ला और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी मौजूद।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे आर्च चिनाब ब्रिज का उद्घाटन करते हुए तिरंगा लहराया।
जम्मू-कश्मीर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कुछ ही देर में कटरा और श्रीनगर को जोड़ने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। श्री माता वैष्णो देवी कटरा (एसवीडीके) से श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस के लोको पायलट रामपाल शर्मा कहते हैं, "यह हम सभी भारतीयों के लिए गर्व का क्षण है कि पीएम नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और भारतीय रेल कर्मचारियों ने एक सदियों पुराना सपना पूरा किया है। यह विशेष रूप से रेल इंजीनियरों के दृढ़ संकल्प, भक्ति और समर्पण से संभव हुआ है। यह कोई साधारण या आसान काम नहीं था। मार्ग बेहद चुनौतीपूर्ण है... यह वंदे भारत ट्रेन सभी आधुनिक सुविधाओं से भरपूर है। यह ट्रेन पूरे 12 महीने चलेगी..."
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे आर्च चिनाब ब्रिज का उद्घाटन किया। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, सीएम उमर अब्दुल्ला और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में चिनाब नदी पर बने दुनिया के सबसे ऊंचे चिनाब रेलवे ब्रिज का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह से मुलाकात की। उन्होंने यूएसबीआरएल परियोजना पर काम करने वाले श्रमिकों से भी बातचीत की। प्रधानमंत्री मोदी आज जम्मू-कश्मीर में कई अन्य रेलवे परियोजनाओं के साथ चिनाब ब्रिज का उद्घाटन करेंगे। पीएम आज कटरा से श्रीनगर तक उधमपुर-श्रीनगर-बारामुल्ला रेल लिंक (यूएसबीआरएल) पर वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चिनाब ब्रिज का निरीक्षण किया। इसके बाद कामगारों से मुलाकात की। साथ ही चिनाब रेल ब्रिज के बारे में जानकारी हासिल की। कुछ ही देर में पीएम मोदी इस ब्रिज का उद्घाटन करेंगे। नदी से 359 मीटर की ऊंचाई पर स्थित चेनाब रेल ब्रिज दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे आर्च ब्रिज है। यह 1,315 मीटर लंबा स्टील आर्च ब्रिज है जिसे भूकंप और हवा की स्थिति को झेलने के लिए डिज़ाइन किया गया है। इस ब्रिज का एक अहम असर जम्मू और श्रीनगर के बीच कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने में होगा।
वहीं, रेलवे बोर्ड के सूचना एवं प्रचार के कार्यकारी निदेशक दिलीप कुमार कहते हैं, "रेलवे ने इस सेक्शन (उधमपुर-श्रीनगर-बारामुल्ला रेल लिंक) पर दो ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। दो वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें श्री माता वैष्णो देवी, कटरा से श्रीनगर तक प्रतिदिन चलेंगी। एक ट्रेन सुबह 8.10 बजे और दूसरी 1455 बजे (दोपहर 2.55 बजे) रवाना होगी। सुबह 8.10 बजे रवाना होने वाली ट्रेन बनिहाल से गुजरते हुए करीब 3 घंटे में सुबह 11.10 बजे श्रीनगर पहुंचेगी। 1455 बजे (दोपहर 2.55 बजे) रवाना होने वाली ट्रेन शाम 6 बजे श्रीनगर पहुंचेगी। विपरीत दिशा की बात करें तो 26404 ट्रेन प्रतिदिन सुबह 8 बजे श्रीनगर से रवाना होगी और यह श्री माता वैष्णो देवी, कटरा स्टेशन पहुंचेगी। दूसरी ट्रेन श्रीनगर से दोपहर 2 बजे रवाना होगी और प्रतिदिन 1705 बजे (शाम 5:05 बजे) श्री माता वैष्णो देवी पहुंचेगी। इसमें आठ कोच होंगे। ट्रेन में एक्जीक्यूटिव क्लास और चेयर कार भी शामिल हैं..."
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चिनाब ब्रिज पहुंच गए हैं। थोड़ी देर में चिनाब ब्रिज का उद्घाटन करेंगे।
जम्मू-कश्मीर के कटरा एक छात्र ने कहा कि श्रीनगर के लिए ट्रेन को आज हरी झंडी दिखाई जाएगी। हमें खुशी है कि हम ट्रेन में यात्रा करेंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मिलेंगे...मैंने उन्हें पिछली बार कटरा में देखा था, लेकिन आज मैं उन्हें और भी करीब से देखूंगा।"
जम्मू-कश्मीर के कटरा में स्कूली बच्चे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन का इंतजार कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कटरा से श्रीनगर तक उधमपुर-श्रीनगर-बारामुल्ला रेल लिंक (यूएसबीआरएल) पर वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाने के लिए यहां आने वाले हैं। एक छात्र ने कहा, "...प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी श्रीनगर के लिए ट्रेन को हरी झंडी दिखाने यहां आ रहे हैं। मेरा पूरा स्कूल और सभी शिक्षक यहां आए हैं। हम सभी बहुत उत्साहित हैं। पिछली बार जब वे यहां आए थे, तो मैं उन्हें नहीं देख पाया था, लेकिन आज मैं बहुत उत्साहित हूं कि मैं उन्हें देख पाऊंगा... मैं इतना उत्साहित हूं कि मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकता। अगर मुझे कभी मौका मिला, तो मैं श्रीनगर जरूर जाऊंगा..."
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज जम्मू और कश्मीर में चिनाब पुल और अंजी पुल का उद्घाटन करेंगे। नदी से 359 मीटर की ऊंचाई पर स्थित चिनाब रेल पुल दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे आर्च ब्रिज है। यह 1,315 मीटर लंबा स्टील आर्च ब्रिज है जिसे भूकंप और हवा की स्थिति का सामना करने के लिए डिज़ाइन किया गया है। इस पुल का एक प्रमुख प्रभाव जम्मू और श्रीनगर के बीच संपर्क को बढ़ाना होगा। पुल पर चलने वाली वंदे भारत ट्रेन के ज़रिए कटरा और श्रीनगर के बीच यात्रा करने में सिर्फ़ 3 घंटे लगेंगे, जिससे मौजूदा यात्रा समय में 2-3 घंटे की कमी आएगी। अंजी ब्रिज भारत का पहला केबल-स्टेड रेल ब्रिज है जो चुनौतीपूर्ण इलाके में देश की सेवा करेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे से पहले रामबन के संगलदान रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। प्रधानमंत्री आज चिनाब पुल का उद्घाटन करेंगे और पुल के डेक का दौरा करेंगे। इसके बाद, वे अंजी पुल का दौरा करेंगे और उसका उद्घाटन करेंगे। वे दोपहर करीब 12 बजे वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके बाद, वे कटरा में 46,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि कटड़ा-श्रीनगर रेलमार्ग प्रदेश में विकास की नई किरण साबित होगा। इससे जम्मू-कश्मीर का आगे बढ़ना तय है। शुक्रवार का दिन प्रदेश के लिए मील का पत्थर साबित होगा। घाटी को शेष भारत से जोड़ने का सपना पूरा होने जा रहा है। इससे पर्यटन और कारोबार दोनों बढ़ेंगे। विकास को नई रफ्तार मिलेगी। घाटी की फल-सब्जियां आसानी से अन्य राज्यों की मंडियों तक पहुंचेंगी। देश के किसी भी कोने से पर्यटक अब सड़क, वायु और रेलमार्ग तीनों तरह से घाटी तक आसानी से पहुंच पाएंगे।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि छह जून का दिन वास्तव में जम्मू-कश्मीर के मेरे बहनों और भाइयों के लिए विशेष दिन है। 46,000 करोड़ रुपये की लागत वाली प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा। इसका लोगों के जीवन पर बहुत सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। वास्तुकला की असाधारण उपलब्धि होने के अलावा चिनाब रेल पुल जम्मू और श्रीनगर के बीच संपर्क में सुधार करेगा। अंजी ब्रिज भारत के पहले केबल-स्टेड रेल पुल के रूप में चुनौतीपूर्ण भूभाग पर स्थित है। उधमपुर-श्रीनगर-बारामुला रेल लिंक (यूएसबीआरएल) परियोजना सभी मौसम में कनेक्टिविटी सुनिश्चित करेगी। श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा से श्रीनगर तक वंदे भारत ट्रेनें आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देंगी तथा आजीविका के अवसर पैदा करेंगी।
कटड़ा-श्रीनगर तक का चेयरकार (सीसी) का किराया 715 रुपये, जबकि एक्जीक्यूटिव क्लास (ईसी) एसी का 1320 रुपये होगा। दोपहर में श्रीनगर से कटड़ा आने वाली ट्रेन में चेयरकार का किराये में 880 रुपये जबकि एसी का 1515 रुपये है। ट्रेन 190 किमी का सफर एक तरफ से तीन घंटे पांच मिनट में तय करेगी।
पीएम 46 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इसमें 43,780 करोड़ की लागत से निर्मित 272 किलोमीटर लंबी उधमपुर-श्रीनगर-बारामुला रेलवे लिंक (यूएसबीआरएल) परियोजना भी शामिल है। यूएसबीआरएल घाटी को सीधी ट्रेन कनेक्टिविटी देगा। कश्मीर और देश के बाकी हिस्सों के बीच सभी मौसमों में निर्बाध रेल संपर्क स्थापित होगा।
वहीं, पीएम मोदी की जम्मू-कश्मीर के दौरे के चलते बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। आयोजन स्थलों पर और उसके आसपास भारी सुरक्षा बल तैनात किए गए। ड्रोन समेत नवीनतम गैजेट तैनात किए गए हैं। घुसपैठ और राष्ट्रविरोधी व विध्वंसक तत्वों की आवाजाही रोकने के लिए सीमाओं और भीतरी इलाकों में सुरक्षा ग्रिड को और मजबूत किया गया है। 22 अप्रैल को हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद ऑपरेशन सिंदूर के बाद पीएम मोदी की यह केंद्रशासित प्रदेश की पहली यात्रा है।
जम्मू-कश्मीर शुक्रवार को इतिहास रचेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रदेश को ऐतिहासिक सौगातें देंगे। चिनाब दरिया पर बने रेलवे के नायाब, अद्भुत और बेमिसाल चिनाब पुल को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इससे देश के मस्तक पर एक और नगीना जड़ जाएगा।
पीएम कटड़ा से वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर श्रीनगर रवाना करेंगे। इससे कश्मीर रेल मार्ग से कन्याकुमारी तक जुड़ जाएगा और दिल्ली के दिल में कश्मीर और नजदीक आएगा। वहीं वर्षों पहले कश्मीर तक ट्रेन पहुंचाने का सपना भी पूरा होगा। प्रदेश तरक्की के सफर पर आगे बढ़ेगा। यात्री वंदे भारत में शनिवार से सफर कर सकेंगे।