फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

PM Modi Jammu Visit Live: पीएम बोले- टनल से सर्दियों में भी बनी रहेगी कनेक्टिविटी, टूरिज्म को भी नए पंख लगेंगे

Mon, 13 Jan 2025 02:30 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, जम्मू

खास बातें

PM Modi Z-Morh Tunnel Inaugration Live: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोनमर्ग से पहले शुटकड़ी नामक स्थान पर प्रधानमंत्री जेड मोड़ टनल का उद्घाटन किया।। गांदरबल से लेह तक सुगम यात्रा की सौगात दी। 
विज्ञापन
Narendra Modi - फोटो : @BJP4India
विज्ञापन

लाइव अपडेट

02:30 PM, 13-Jan-2025

कश्मीर तो देश का मुकुट है भारत का ताज है: मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू कश्मीर में विकास की दिशा में हो रहे कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि भारत का सपना अब बदल चुका है। हमारा सपना तब पूरा होगा जब देश के हर हिस्से में तरक्की होगी। कश्मीर तो देश का मुकुट है भारत का ताज है।  इसलिए मैं चाहता हूं यह और सुंदर हो और समृद्ध।मुझे देखकर खुशी होती है किस काम में मुझे यहां के नौजवानों का बुजुर्गों का बेटे बेटियों का लगातार साफ मिल रहा है।  यहां के युवा, बुजुर्ग, और बच्चे अपने सपनों को हकीकत में बदलने के लिए मेहनत कर रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने जम्मू कश्मीर के लोगों को भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार उनके साथ कदम से कदम मिलाकर चलेगी और उनके रास्ते में आने वाली हर रुकावट को हटाएगी। मैं आपके सपनों के साथ हूं और आपके विकास की राह में कोई भी मुश्किल नहीं आने दूंगा। मोदी ने कहा कि अब समय आ गया है कि हम सभी मिलकर अपने सपनों को समझें और उन्हें पूरा करने का संकल्प लें। "अब दूरी मिट चुकी है, हम सबको मिलकर यह काम करना है, और मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि हम इस सफर को साथ मिलकर तय करेंगे। प्रधानमंत्री ने जम्मू कश्मीर के लोगों को एकजुट होकर देश के विकास में अपना योगदान देने की अपील की और सभी को आभार व्यक्त किया।

02:24 PM, 13-Jan-2025

अब दूरी मिट चुकी है, हम सबको मिलकर यह काम करना है: मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू कश्मीर में विकास की दिशा में हो रहे कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि भारत का सपना अब बदल चुका है। हमारा सपना तब पूरा होगा जब देश के हर हिस्से में तरक्की होगी। कहा कि जम्मू कश्मीर में हो रही प्रगति के चलते मुझे खुशी होती है। यहां के युवा, बुजुर्ग, और बच्चे अपने सपनों को हकीकत में बदलने के लिए मेहनत कर रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने जम्मू कश्मीर के लोगों को भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार उनके साथ कदम से कदम मिलाकर चलेगी और उनके रास्ते में आने वाली हर रुकावट को हटाएगी। मैं आपके सपनों के साथ हूं और आपके विकास की राह में कोई भी मुश्किल नहीं आने दूंगा। मोदी ने कहा कि अब समय आ गया है कि हम सभी मिलकर अपने सपनों को समझें और उन्हें पूरा करने का संकल्प लें। "अब दूरी मिट चुकी है, हम सबको मिलकर यह काम करना है, और मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि हम इस सफर को साथ मिलकर तय करेंगे। प्रधानमंत्री ने जम्मू कश्मीर के लोगों को एकजुट होकर देश के विकास में अपना योगदान देने की अपील की और सभी को आभार व्यक्त किया।

02:19 PM, 13-Jan-2025

पीएम ने जम्मू कश्मीर के लोगों की भूमिका को सराहा

प्रधानमंत्री मोदी ने जम्मू कश्मीर के लोगों की भूमिका को सराहा और कहा कि यह सब किसी एक सरकार के द्वारा नहीं हो सकता। जम्मू कश्मीर के हालात बदलने का बहुत बड़ा श्रेय यहां की आवाम को जाता है। प्रधानमंत्री ने श्रीनगर में पहली बार आयोजित इंटरनेशनल मैराथन का भी उल्लेख किया। कहा कि श्रीनगर में पहली बार इंटरनेशनल मैराथन हुई थी, जो आनंद से भरी थी। मुझे याद है कि मुख्यमंत्री जी ने भी उस मैराथन में हिस्सा लिया था और वह वीडियो वायरल हुआ था। मैं विशेष रूप से मुख्यमंत्री जी को बधाई देना चाहता हूं। जब मैं दिल्ली में उनसे मिला था, तो वह उत्साहित थे और हमें बताया था कि यह आयोजन कश्मीर के लिए एक नई दिशा है। मोदी ने इस अवसर पर कश्मीर के विकास में स्थानीय लोगों की मेहनत और योगदान को सलाम किया और भरोसा जताया कि जम्मू कश्मीर का भविष्य और भी उज्जवल होगा।

विज्ञापन
02:18 PM, 13-Jan-2025

जम्मू कश्मीर अब विकास की नई कथा लिख रहा: मोदी

मोदी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में अमन और तरक्की का असर पर्यटन सेक्टर में पहले ही दिखने लगा है। साल 2024 में 2 करोड़ से अधिक पर्यटकों ने जम्मू कश्मीर की यात्रा की। सोनमर्ग में भी पिछले 10 सालों में 6 गुना ज्यादा टूरिस्ट आए हैं। इसका फायदा होटल वालों, होमस्टे वालों, ढाबा वालों, कपड़े की दुकानदारों, और टैक्सी वालों को हुआ है। जम्मू कश्मीर अब विकास की नई कथा लिख रहा है और पीछे छोड़कर यह क्षेत्र फिर से धरती का स्वर्ग बनने की पहचान वापस पा रहा है। लोग रात के समय लाल चौक पर आइसक्रीम खाने जाते हैं, रात के समय भी सड़कों पर रौनक रहती है। कश्मीर के लोग ने व्यू मार्केट को नया हैबिटेट सेंटर बना दिया है। सोशल मीडिया पर हम देख सकते हैं कि यहां के म्यूजिशियन और सिंगर्स ढेर सारी परफॉर्मेंस करते हैं। लोग बच्चों के साथ सिनेमा हॉल में फिल्में देखते हैं और आराम से खरीदारी करते हैं।

02:16 PM, 13-Jan-2025

'भारत में करोड़ों लोगों को मुफ्त इलाज मिल रहा'

पीएम मोदी ने कहा कि इसके साथ ही भारत में करोड़ों लोगों को मुफ्त इलाज मिल रहा है, जिसका जम्मू कश्मीर के लोगों को भी बड़ा फायदा हुआ है। प्रधानमंत्री ने कहा कि नौजवानों की पढ़ाई के लिए देश भर में नए मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज और पॉलिटेक्निकल कॉलेज लगातार बनाए जा रहे हैं। जम्मू कश्मीर में भी बीते 10 सालों में शिक्षा संस्थान बने हैं, जो युवाओं को बेहतर शिक्षा और रोजगार के अवसर प्रदान कर रहे हैं।

विज्ञापन
02:14 PM, 13-Jan-2025

जम्मू-कश्मीर और पूरे देश के चार करोड़ से ज्यादा गरीबों को पक्के घर: मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोनमर्ग टनल के उद्घाटन के दौरान जम्मू-कश्मीर और पूरे देश के लिए विकास के नए दौर की शुरुआत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस चैनल और विकास के नए दौर के लिए मैं तहे दिल से बधाई देता हूं। आज भारत तरक्की की नई बुलंदी की तरफ बढ़ चुका है। हर देशवासी 2047 तक भारत को डेवलप नेशन बनाने में जुटा है और यह तभी संभव है जब हमारे देश का कोई भी हिस्सा, कोई भी परिवार, विकास से पीछे न छूटे। पीएम ने यह भी बताया कि सरकार सबका साथ, सबका विकास की भावना के साथ काम कर रही है। हमारी सरकार पूरे समर्पण से दिन-रात काम कर रही है ताकि जम्मू कश्मीर सहित पूरे देश के हर कोने में विकास का लाभ पहुंचे। मोदी ने कहा कि उनकी सरकार ने जम्मू-कश्मीर और पूरे देश के चार करोड़ से ज्यादा गरीबों को पक्के घर दिए हैं। आने वाले समय में तीन करोड़ और नए घर मिलने वाले हैं।

02:13 PM, 13-Jan-2025

'मुझे खुशी है कि इस टनल का काम हमारी ही सरकार में पूरा भी हुआ'

पीएम मोदी ने कहा कि केंद्र में हमारी सरकार बनने के बाद ही 2015 में सोनमर्ग टनल के वास्तविक निर्माण का काम शुरु हुआ था। मुझे खुशी है कि इस टनल का काम हमारी ही सरकार में पूरा भी हुआ है। सोनमर्ग सुरंग सर्दियों के दौरान सोनमर्ग की कनेक्टिविटी सुनिश्चित करेगी। यह सोनमर्ग और क्षेत्र में पर्यटन को नए पंख देगी। जल्द ही जम्मू और कश्मीर में कई सड़क और रेल संपर्क पूरे हो जाएंगे।

02:12 PM, 13-Jan-2025

हर काम का एक समय होता है: मोदी

उन्होंने यह भी बताया कि कश्मीर वादी को जल्द ही रेल से जोड़ा जाएगा। यह एक और बड़ा कनेक्टिविटी प्रोजेक्ट है, जिस पर काम चल रहा है। कश्मीर को रेल से जोड़ने से यहां एक नई ऊर्जा आएगी और लोगों को जोड़ों के साथ-साथ आसानी से यात्रा करने का मौका मिलेगा। मोदी ने कहा कि कश्मीर और जम्मू के लोगों के लिए यह कनेक्टिविटी परियोजनाएं उनके जीवन में बदलाव लाएंगी और उनके लिए विकास के नए रास्ते खोलेंगी। पीएम मोदी ने कहा कि आप पक्का मानिए, ये मोदी है वादा करता है, तो निभाता है। हर काम का एक समय होता है और सही समय पर सही काम भी होने वाले हैं। 

02:10 PM, 13-Jan-2025

'टनल से लोगों की जिंदगी आसान होगी'

इस टनल से लोगों की जिंदगी आसान होगी और लैंडस्लाइड के कारण रास्ते बंद होने की समस्या कम होगी। अस्पतालों और कॉलेजों तक पहुंचने में जो कठिनाइयां होती थीं, वह भी कम होंगी। प्रधानमंत्री ने यह भी बताया कि केंद्र में उनकी सरकार बनने के बाद, 2015 में सोनमर्ग टनल का वास्तविक निर्माण कार्य शुरू हुआ था। प्रधानमंत्री मोदी ने कश्मीर की सर्दियों में टनल से होने वाले फायदे के बारे में भी बताया। कहा कि इस टनल के माध्यम से सोनमर्ग की कनेक्टिविटी बनी रहेगी और इस पूरे इलाके में टूरिज्म को नए पंख मिलेंगे। यह कनेक्टिविटी पूरे क्षेत्र के लिए एक नया युग लेकर आएगी। आने वाले दिनों में रोड और रेल कनेक्टिविटी के कई प्रोजेक्ट जम्मू-कश्मीर में पूरे होने वाले हैं।

02:09 PM, 13-Jan-2025

ये आपकी बहुत पुरानी डिमांड थी: मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि ये मौसम सोनमर्ग जैसे पर्यटन स्थल के लिए नए मौके भी लाता है। देश भर से सैलानी यहां पहुंच रहे हैं। कश्मीर की वादियों में आकर वो लोग आपकी मेहमाननवाजी का भरपूर आनंद ले रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि आज मैं एक बड़ी सौगात लेकर आपके एक सेवक के रूप में आपके बीच आया हूं। कुछ दिन पहले मुझे जम्मू में आपके अपने रेल डिवीजन का शिलान्यास करने का अवसर मिला था। ये आपकी बहुत पुरानी डिमांड थी। आज मुझे सोनमर्ग टनल देश को और आपको सौंपने का मौका मिला है। यानी जम्मू-कश्मीर की, लद्दाख की एक और बहुत पुरानी डिमांड आज पूरी हुई है। जब हम काम शुरू करते हैं, तो उसे पूरा भी करते हैं। हर काम का एक सही समय होता है और हम हमेशा उस समय में सही काम करते हैं। 

02:08 PM, 13-Jan-2025

'आज देश के हर कोने में उत्सव का माहौल है'

पीएम ने कहा कि आज का दिन बहुत ही खास है। आज देश के हर कोने में उत्सव का माहौल है। आज से ही प्रयागराज में महाकुंभ आरंभ हो रहा है। करोड़ों लोग वहां पवित्र स्नान के लिए उमड़ रहे हैं। आज पंजाब समेत पूरा उत्तर भारत लोहड़ी की उमंग से भरा है। ये समय उत्तरायण, मकर संक्रांति, पोंगल जैसे कईं त्योहारों का है। मैं देश और दुनिया में इन त्योहारों को मना रहे सभी लोगों के मंगल की कामना करता हूं।

02:06 PM, 13-Jan-2025

यह टनल पूरे देश के लिए विकास का प्रतीक है: मोदी

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि सोनमर्ग टनल केवल जम्मू-कश्मीर के लिए एक महत्वपूर्ण परियोजना नहीं है, बल्कि यह पूरे देश के लिए विकास का प्रतीक है। इस टनल के खुलने से अब जम्मू-कश्मीर में यात्रा और व्यापार को नई गति मिलेगी, जिससे क्षेत्र में विकास के नए रास्ते खुलेंगे।

02:03 PM, 13-Jan-2025

'ये मौसम, ये बर्फ, ये बर्फ की सफेद चादर से ढकी खूबसूरत पहाड़ियां...'

पीएम मोदी ने कहा कि ये मौसम, ये बर्फ, ये बर्फ की सफेद चादर से ढकी खूबसूरत पहाड़ियां, इन्हें देखकर दिल एकदम प्रसन्न हो जाता है। दो दिन पहले हमारे मुख्यमंत्री जी ने सोशल मीडिया पर यहां की कुछ तस्वीरें शेयर की थी। उन तस्वीरों को देखने के बाद यहां आपके बीच आने के लिए मेरी बेसब्री और बढ़ गई थी।

02:00 PM, 13-Jan-2025

'मैं उन सभी भाइयों को धन्यवाद देना चाहता हूं जिन्होंने...'

जेड-मोड़ सुरंग के उद्घाटन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि "सबसे पहले मैं उन सभी भाइयों को धन्यवाद देना चाहता हूं जिन्होंने सबसे कठिन परिस्थितियों में, अपनी जान जोखिम में डालकर, देश और जम्मू-कश्मीर की प्रगति के लिए काम किया। साथ ही हमारे सात श्रमिक साथियों ने अपनी जान गंवाई, लेकिन सभी चुनौतियों को पार करते हुए इस काम को पूरा किया। आज मैं हमारे उन सात साथियों को याद करना चाहता हूं जिन्होंने अपनी जान गंवाई।"
 

 

01:54 PM, 13-Jan-2025

देश का इंफ्रास्ट्रक्चर सही करना होगा: गडकरी

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि अगर विकसित भारत बनाना है तो देश का इंफ्रास्ट्रक्चर सही करना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि जल, बिजली, परिवहन और संचार जैसे चार महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सुधार किए बिना उद्योग, पर्यटन और व्यापार को बढ़ावा नहीं मिल सकता। केंद्रीय मंत्री ने राज्य के समग्र विकास के लिए इन चार क्षेत्रों को प्राथमिकता देते हुए कहा कि जब तक इन क्षेत्रों में सुधार नहीं होगा, तब तक राज्य का विकास संभव नहीं है।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा, इसलिए, प्रधानमंत्री ने हमें विकसित भारत के साथ-साथ जम्मू और कश्मीर को खुशहाल, समृद्ध, समृद्ध और विकसित बनाने के संकल्प के साथ इस बुनियादी ढांचे के विकास की जिम्मेदारी दी है...प्रधानमंत्री द्वारा निर्धारित मिशन यह है कि उद्योग और व्यवसाय यहां आएं ताकि जम्मू और कश्मीर खुशहाल, समृद्ध और समृद्ध हो...इसी भावना के साथ हम इस बुनियादी ढांचे को विकसित करने का प्रयास कर रहे हैं।"
 

01:40 PM, 13-Jan-2025

'जम्मू कश्मीर की चर्चा टेररिज्म के लिए नहीं टूरिज्म के कारण'

जेड-मोड़ सुरंग के उद्घाटन पर जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि "मेरा मानना है कि जम्मू-कश्मीर के इतिहास में एक नया अध्याय शुरू हुआ है... इस सुरंग के खुलने से न केवल सोनमर्ग में पर्यटन क्षेत्र की किस्मत बदलेगी बल्कि इस क्षेत्र की सामाजिक और आर्थिक स्थिति भी बदलेगी... यह सुरंग शीतकालीन पर्यटन के लिए गेम चेंजर साबित होने वाली है..."

राज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर को अमावस से निकाल कर विकास की ओर ले जाने का काम प्रधानमंत्री ने किया है। आज जम्मू कश्मीर की चर्चा टेररिज्म के लिए नहीं टूरिज्म के कारण है। इस टनल से सामाजिक और आर्थिक व्यवस्था में बढ़ोतरी होगी। 2026 तक जोजिला का निर्माण भी हो जाएगा और लेह तक कनेक्टिविटी बढ़ेगी।
 

01:33 PM, 13-Jan-2025

सीएम उमर ने रियासत के दर्जे पर की बात

उमर अब्दुल्ला ने इस प्रोजेक्ट की शुरुआत के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि 2012 में इस प्रोजेक्ट की नींव रखी गई थी, लेकिन इसे पूरा करने में कई चुनौतियां आईं। उन्होंने कहा कि इस टनल को पूरा करने में प्रधानमंत्री और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के प्रयासों से मदद मिली और आज यह प्रोजेक्ट सफलतापूर्वक पूरा हुआ। उमर अब्दुल्ला ने टनल के उद्घाटन को जम्मू-कश्मीर के विकास की दिशा में एक अहम कदम बताया और कहा कि यह टनल न केवल जम्मू-कश्मीर के लोगों के लिए विकास का प्रतीक है, बल्कि यह आतंकवाद और शांति विरोधी ताकतों के लिए भी एक सख्त संदेश है। 

जम्मू-कश्मीर के लोग अब विकास, अमन और जम्हूरियत की राह पर चलने के लिए प्रतिबद्ध हैं। कोई भी ताकत इसे रोक नहीं सकती। इस टनल से क्षेत्र में पर्यटन और आर्थिक विकास को नई दिशा मिलेगी। अब स्थानीय लोग सर्दियों में निचले इलाकों में पलायन नहीं करेंगे और यह टनल क्षेत्र के अन्य हिस्सों के साथ संपर्क को सुनिश्चित करेगी। उमर ने कहा कि यह टनल एक नई ऊर्जा लेकर आई है और अब जम्मू-कश्मीर में पर्यटन का क्षेत्र और भी बढ़ेगा। उमर ने कहा कि इस टनल के उद्घाटन के साथ, दिल की दूरी और दिल्ली की दूरी दोनों ही कम हो जाएंगी। उन्होंने जम्मू-कश्मीर में हाल ही में संपन्न चुनावों का जिक्र किया और कहा कि चुनाव में लोकतांत्रिक प्रक्रिया पूरी तरह से सफल रही। उन्होंने कहा कि कहीं भी हिंसा या अनियमितताओं की शिकायत नहीं आई, जो कि इस चुनाव की सफलता का प्रमुख संकेत है। सीएम उमर अब्दुल्ला ने रियासत के दर्जे की बात की। कहा मेरा दिल कहता है कि पीएम साहब आप जम्मू कश्मीर को जल्द रियासत का दर्ज वापस देंगे।
 

01:20 PM, 13-Jan-2025

हम सोनमर्ग को विंटर डेस्टिनेशन के तौर पर प्रमोट करेंगे: उमर

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने टनल में आतंकवादी हमले में मारे गए सात लोगों का नाम लिया। उन्होंने कहा कि अगर मैं इनके नाम लिए बिना तकरीर शुरू करूं यह उनके लिए नाइंसाफी है। इन सबने इस टनल के निर्माण के लिए कुर्बानी दी, मैं ऐसी तंजीम से तालुक रखता हूं जिन्होंने 35 वर्षों में कुर्बानियां दी। पीएम साहब आपकी यहां मौजूदगी यह गवाही है जो लोग यहां शांति नहीं देखना चाहते उन्हें हम कामयाब नहीं होने देंगे। मेरी खुशकिस्मती है कि जब इसकी नींव का पत्थर रखा गया, तब भी मैं मुख्यमंत्री था और आज भी मैं हूं हम सोनमर्ग को विंटर डेस्टिनेशन के तौर पर प्रमोट करेंगे।

01:13 PM, 13-Jan-2025

मोदी ने निर्माण श्रमिकों से भी मुलाकात की

पिछले साल सितंबर-अक्तूबर में विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद पहली बार जम्मू-कश्मीर की यात्रा पर आए मोदी ने निर्माण श्रमिकों से भी मुलाकात की, जिन्होंने इस इंजीनियरिंग उपलब्धि में उनके योगदान को स्वीकार करते हुए कठोर परिस्थितियों में सावधानीपूर्वक काम किया है। सुरंग परियोजना सोनमर्ग को साल भर के गंतव्य में बदलकर पर्यटन को भी बढ़ावा देगी, जिससे शीतकालीन पर्यटन, साहसिक खेल और स्थानीय आजीविका को बढ़ावा मिलेगा।

 

01:00 PM, 13-Jan-2025

2,700 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनी सुरंग 

मध्य कश्मीर के गंदेरबल जिले में गगनगीर और सोनमर्ग के बीच 6.5 किलोमीटर लंबी दो-लेन वाली द्वि-दिशात्मक सड़क सुरंग 2,700 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनाई गई है। आपात स्थिति के लिए समानांतर 7.5 मीटर चौड़ा रास्ता भी है। समुद्र तल से 8,650 फीट की ऊंचाई पर स्थित यह सुरंग भूस्खलन और हिमस्खलन मार्गों को दरकिनार करते हुए लेह के रास्ते श्रीनगर और सोनमर्ग के बीच सभी मौसम में संपर्क को बढ़ाएगी।

 

12:53 PM, 13-Jan-2025

पीएम ने किया जेड-मोड़ सुरंग का उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को जम्मू-कश्मीर के सोनमर्ग इलाके में रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण जेड-मोड़ सुरंग का उद्घाटन किया, जिससे यह पर्यटक स्थल साल भर सुलभ हो गया है। अधिकारियों ने कहा कि 2700 करोड़ रुपये की परियोजना का उद्घाटन करने के बाद, प्रधानमंत्री सुरंग का निरीक्षण करने और परियोजना अधिकारियों से बातचीत करने के लिए सुरंग के अंदर गए। उद्घाटन के समय केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला भी मौजूद थे। प्रधानमंत्री सुबह 10:45 बजे श्रीनगर पहुंचे और फिर उद्घाटन और एक सार्वजनिक बैठक के लिए सोनमर्ग के लिए रवाना हुए।

12:45 PM, 13-Jan-2025

पीएम मोदी ने टनल का निर्माण करने वाली टीम से बात की

जम्मू और कश्मीर के सोनमर्ग में जेड-मोड़ सुरंग का उद्घाटन करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुरंग का निरीक्षण किया। पीएम मोदी ने टनल का निर्माण करने वाली टीम से बात की। टीम ने सुरंग के बारे में जानकारी दी। साथ ही बताया कि उन्हें किन कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। इस दौरान सीएम उमर अब्दुल्ला, एलजी मनोज सिन्हा और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी भी मौजूद हैं।

12:43 PM, 13-Jan-2025

जेड-मोड़ सुरंग का उद्घाटन करने के बाद निरीक्षण

जम्मू और कश्मीर के सोनमर्ग में जेड-मोड़ सुरंग का उद्घाटन करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुरंग का निरीक्षण किया। इस दौरान सीएम उमर अब्दुल्ला, एलजी मनोज सिन्हा और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी भी मौजूद हैं।
 

12:40 PM, 13-Jan-2025

पीएम मोदी ने सोनमर्ग सुरंग का किया उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बहुप्रतीक्षित सोनमर्ग सुरंग का उद्घाटन कर दिया। उनके साथ केंद्रीय मंत्री नितिन जयराम गडकरी और डॉ. जितेंद्र सिंह, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और अन्य अधिकारी मौजूद थे। उद्घाटन समारोह सुरंग के पूर्वी पोर्टल पर हुआ। कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री ने गणमान्य व्यक्तियों के साथ सुरंग का दौरा किया। वे थोड़ी देर में मुख्य कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना होंगे।

12:35 PM, 13-Jan-2025

पीएम मोदी आज करेंगे सोनमर्ग में जेड-मोड़ सुरंग का उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सोनमर्ग में जेड-मोड़ सुरंग का उद्घाटन करेंगे। श्रीनगर-लेह राजमार्ग पर 2,700 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 6.4 किलोमीटर लंबी सुरंग सोनमर्ग को पूरे साल पर्यटकों के लिए खुला रखेगी और इसे कश्मीर घाटी को लद्दाख से जोड़ने के लिए एक प्रमुख मील का पत्थर भी माना जा रहा है।
 

11:48 AM, 13-Jan-2025

लद्दाख क्षेत्र को कश्मीर घाटी से जोड़ने में भी सहायक सिद्ध होगी टनल

यह टनल राष्ट्रीय महत्व की एक परियोजना है, जो ग्रीष्मकालीन और शीतकालीन मौसम में क्षेत्र को जोड़ने के लिए महत्वपूर्ण है। ज़ेड-मोड़ टनल के उद्घाटन से पर्यटकों और स्थानीय निवासियों के लिए यात्रा को सुगम बनाया जाएगा, साथ ही यह लद्दाख क्षेत्र को कश्मीर घाटी से जोड़ने में भी सहायक सिद्ध होगी। यह परियोजना क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने और सड़क यातायात को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
 

11:29 AM, 13-Jan-2025

अब पूरे साल पर्यटन के लिए खुला रहेगा सोनमर्ग

बता दें कि जेड-मोड़ टनल के उद्घाटन से सोनमर्ग पूरे साल पर्यटन के लिए खुला रहेगा। सोनमर्ग अब एक बेहतरीन स्की रिसॉर्ट के रूप में विकसित होगा। स्थानीय लोगों को सर्दियों में बाहर नहीं जाना पड़ेगा। श्रीनगर से कारगिल/लेह की यात्रा में लगने वाला समय भी कम हो जाएगा।

10:54 AM, 13-Jan-2025

टनल खोलेगी विकास के नए रास्ते : मुख्यमंत्री

जेड मोड़ टनल विकास के नए रास्ते खोलेगी। श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रा आसान बनाएगी। सोनमर्ग जल्द ही शीतकालीन खेलों के गंतव्य के रूप में उभरेगा। हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करते हैं, जो सोमवार को टनल का उद्घाटन करने जम्मू-कश्मीर आएंगे। अब हम जोजिला टनल के पूरा होने का इंतजार कर रहे हैं, जो कुछ वर्षों में कनेक्टिविटी को और बढ़ाएगी। अंतरराष्ट्रीय आयोजनों की मेजबानी करने के लिए हमें बुनियादी ढांचे को उन्नत करना होगा। यह कश्मीर को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर खड़ा करने के लिए आवश्यक है। मैं पूरी कोशिश करूंगा कि अगले पांच वर्षों में सोनमर्ग को गुलमर्ग की तरह विकसित किया जाए और कश्मीर में एक और स्कीइंग गंतव्य बने।

 

10:27 AM, 13-Jan-2025

80 किमी प्रति घंटे की अधिकतम गति

जेड-मोड़ सुरंग जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले में गगनगीर और सोनमर्ग को जोड़ती है। यह सुरंग समुद्र तल से 2,637 मीटर (8,652 फीट) की ऊंचाई पर स्थित है। इसे 80 किमी प्रति घंटे की अधिकतम गति से प्रति घंटे 11,000 वाहनों को संभालने के लिए डिज़ाइन किया गया है। सुरंग का निर्माण न्यू ऑस्ट्रियन टनलिंग मेथड का उपयोग करके किया गया है. जेड मोड़ सुरंग एनएच 1 श्रीनगर-लेह राजमार्ग का हिस्सा है। इस परियोजना को 24 अरब रुपये की लागत से मंजूरी दी गई थी।

10:17 AM, 13-Jan-2025

स्थानीय लोगों को भी दिया गया निमंत्रण

स्थानीय प्रशासन ने जिले के लोगों को भी निमंत्रण दिया है। लोगों का कहना है कि उन्हें बताया गया है कि प्रधानमंत्री सभा को संबोधित भी करेंगे। हालांकि लोगों को संबोधित करने से पहले पीएम टनल बनाने वाले इंजीनियरों और श्रमिकों से बात करेंगे।
 

10:08 AM, 13-Jan-2025

'जगह-जगह शार्प शूटर तैनात'

सुरंग के उद्घाटन से पहले गांदरबल जिले समेत पूरी घाटी में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। टनल को स्पेशल प्रोटेक्शन फोर्स (एसपीजी) के साथ पीएम की सुरक्षा टीम ने सुरक्षा घेरे में ले लिया है। कार्यक्रम स्थल को आम लोगों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया है। जगह-जगह शार्प शूटर तैनात किए गए हैं। ड्रोन से निगरानी की जा रही है। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त चाैकियां स्थापित कर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती बढ़ा दी है। वाहनों और यात्रियों की गहन तलाशी के बाद ही उन्हें आगे बढ़ने दिया जा रहा है। जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।

09:56 AM, 13-Jan-2025

टनल 6.5 किलोमीटर लंबी

यह परियोजना क्षेत्रीय विकास और कनेक्टिविटी की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है। इसके बनने से जन्मू-कश्मीर में सोनमर्ग को पर्यटन के लिहाज से विकसित करने में मदद मिलेगी। टनल 6.5 किलोमीटर लंबी है।

09:52 AM, 13-Jan-2025

PM Modi Jammu Visit Live: पीएम बोले- टनल से सर्दियों में भी बनी रहेगी कनेक्टिविटी, टूरिज्म को भी नए पंख लगेंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गांदरबल से लेह तक सुगम यात्रा की सौगात देंगे। आज सोनमर्ग से पहले शुटकड़ी नामक स्थान पर प्रधानमंत्री जेड मोड़ टनल का उद्घाटन करेंगे। इस दौरान जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला भी मौजूद रहेंगे। पीएम मोदी के दौरे को लेकर वहां पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें