फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

JK Election Result 2024 Live: जम्मू की दो सीटों पर भाजपा, कश्मीर की दो सीटों पर NC, बारामुला में राशिद जीते

Tue, 04 Jun 2024 08:49 PM IST
kumar गुलशन कुमार अमर उजाल नेटवर्क, जम्मू कश्मीर

खास बातें

Jammu and Kashmir Lok Sabha Election Result 2024 Live News in Hindi: उधमपुर और जम्मू सीट पर भाजपा ने जीत दर्ज की है। श्रीनगर और अनंताग-राजोरी सीट पर नेशनल कॉन्फ्रेंस विजयी हुई है। बारामुला सीट पर आजाद उम्मीदवार जेल में बंद इंजीनियर राशिद जीत गए हैं। लद्दाख में आजाद उम्मीदवार मोहम्मद हनीफा को जीत मिली है। पढ़ें मतगणना की पल-पल की लाइव अपडेट यहां अमर उजाला पर...
विज्ञापन
डॉ. जितेंद्र सिंह, मोहम्मद हनीफा, रुहुल्लाह मेहदी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

08:45 PM, 04-Jun-2024

जम्मू कश्मीर की पांच और लद्दाख की एक सीट पर नतीजे घोषित हो गए हैं।

पढ़ें किस सीट पर किसे मिली जीत

  • लोकसभा सीट - विजेता- पार्टी
  • जम्मू- जुगल किशोर शर्मा- भाजपा
  • उधमपुर- डॉ. जितेंद्र सिंह- भाजपा
  • अनंतनाग-राजोरी- मियां अल्ताफ- नेशनल कॉन्फ्रेंस
  • श्रीनगर- रुहुल्लाह मेहदी- नेशनल कॉन्फ्रेंस
  • बारामुला- इंजीनियर राशिद- निर्दलीय उम्मीदवार
  • लद्दाख- मोहम्मद हनीफा- निर्दलीय उम्मीदवार

08:17 PM, 04-Jun-2024
मियां अल्ताफ जीत का प्रमाण पत्र हासिल करते हुए - फोटो : संवाद

अनंतनाग राजोरी सीट पर 2.80 लाख वोटों से जीते मियां अल्ताफ

अनंतनाग-राजोरी लोकसभा सीट पर नेशनल कॉन्फ्रेंस के मियां अल्ताफ 2,81,794 वोटों से जीत चुके हैं। उन्हें कुल 5,21,836 वोट मिले। महबूबा मुफ्ती दूसरे स्थान पर रहीं। उन्हें 2,40,042 वोट मिले। अपनी पार्टी के जफर इकबाल मन्हास 1,42,195 वोट मिले। वह तीसरे स्थान पर रहे। भाजपा ने इस सीट पर अपना उम्मीदवार नहीं उतारा था। उन्होंने यहां अपनी पार्टी को समर्थन दिया था।

08:05 PM, 04-Jun-2024
जीत का जश्न मनाते हुए जुगल किशोर और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र रैना - फोटो : एजेंसी

जम्मू सीट पर तीसरी बार जीते जुगल किशोर शर्मा

जम्मू लोकसभा सीट पर भाजपा के प्रत्याशी जुगल किशोर शर्मा ने लगातार तीसरी बार जीत दर्ज की। उन्होंने 1,35,498 मतों से जीत हासिल की। जुगल किशोर शर्मा को 6,87,588 वोट मिले। कांग्रेस प्रत्याशी रमन भल्ला को 5,52,090 वोट मिले।

विज्ञापन
08:00 PM, 04-Jun-2024
इंजीनियर राशिद (फाइल फोटो) - फोटो : अमर उजाला

बारामुला सीट पर इंजीनियर राशिद दो लाख के अंतर से जीते

जेल में बंद इंजीनियर राशिद ने बारामुला लोकसभा सीट पर 2,04,142 मतों से जीत दर्ज की है। उन्होंने 4,72,481 वोट हासिल किए। इस सीट पर उमर अब्दुल्ला को 2,68,339 वोट मिले। सज्जाद लोन को 1,73,239 मत मिले। 
 

07:43 PM, 04-Jun-2024

श्रीनगर सीट पर नेशनल कॉन्फ्रेंस के रुहुल्लाह मेहदी ने दर्ज की जीत

श्रीनगर लोकसभा सीट पर नेशनल कॉन्फ्रेंस के रुहुल्लाह मेहदी ने जीत हासिल की है। रुहुल्लाह को 3,56,866 वोट मिले। उन्होंने 1,88,416 वोटों से पीडीपी के उम्मीदवार वाहिद पर्रा को पराजित किया। वाहिद को 1,68,450 वोट प्राप्त हुए।

विज्ञापन
06:57 PM, 04-Jun-2024
चौधरी लाल सिंह - फोटो : अनिल कुमार

चौधरी लाल सिंह बोले- साढ़े चार लाख लोगों का साथ मिलना बड़ी बात, विधानसभा चुनाव में दिखेंगे अच्छे परिणाम

कांग्रेस प्रत्याशी चौधरी लाल सिंह ने आखिरी राउंड के नतीजे से पहले ही वे मतगणना केंद्र से बाहर आ गए। उन्होंने कहा कि उन्हें साढ़े चार लाख लोगों ने वोट किया है। यह उनके लिए बड़ी बात है। लाल सिंह ने कहा कि जो लाख चार लाख से ज्यादा वोट से जीत लेने का दावा करते थे वह आज सवा लाख पर सिमट गए हैं।

06:20 PM, 04-Jun-2024
डॉ. जितेंद्र सिंह - फोटो : अमर उजाला

उधमपुर सीट पर तीसरी बार जीते डॉ. जितेंद्र सिंह
 
उधमपुर लोकसभा सीट पर भाजपा के प्रत्याशी डॉ. जितेंद्र सिंह ने तीसरी बार जीत दर्ज की है। डॉ. जितेंद्र सिंह को ने 571076 वोट हासिल किए। उन्होंने 1,24,373 वोटों से जीत दर्ज की। कांग्रेस के प्रत्याशी चौधरी लाल सिंह को 4,46,703 वोट मिले।

05:40 PM, 04-Jun-2024
मोहम्मद हनीफा लद्दाख में जीते - फोटो : संवाद

लद्दाख में आजाद उम्मीदवार मोहम्मद हनीफा जीते, भाजपा-कांग्रेस को हराया

लद्दाख में आजाद उम्मीदवार मोहम्मद हनीफा ने जीत दर्ज कर ली है। उन्होंने इस सीट पर कांग्रेस के सेरिंग नामग्याल और भाजपा के ताशा ग्यालसन को हरा दिया है।

04:53 PM, 04-Jun-2024
मतगणना केंद्र के बाहर जमा लोग - फोटो : संजय कुमार

जम्मू सीट पर जुगल किशोर शर्मा की जीत लगभग तय

जम्मू संसदीय सीट पर भाजपा प्रत्याशी करीब 1.30 लाख वोटो की लीड लेकर आगे चल रहे हैं, जिससे उनकी जीत लगभग पक्की मानी जा रही है। जुगल ने शुरू से ही लीड ली। अब तक की काउंटिंग में उन्हें  6.70 लाख से अधिक वोट मिल चुके हैं, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी रमन भल्ला को करीब 5.40 लाख वोट मिले हैं। 

04:17 PM, 04-Jun-2024
इंजिनियर राशिद के बेटे खुशी मनाते हुए - फोटो : बासित जरगर

जेल में बंद इंजीनियर राशिद के घर पर मनाई जा रहीं खुशियां

बारामुला सीट से इंजीनियर राशीद आगे चल रहे हैं। उन्हें 4,52,812 वोट मिल चुके हैं। वह 1,98,924 वोट से उमर अब्दुल्ला से आगे चल रहे हैं। उन्हें जीत की बधाई भी मिलना शुरू हो गई है। उनके घर पर इस समय बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। 

जेल में बंद होने के चलते उनके दोनों बेटों ने पार्टी के अन्य नेताओं के साथ प्रचार की कमान संभाली थी।अब्दुल रशीद उर्फ इंजीनियर रशीद आतंकी फंडिंग के मामले में यूएपीए के तहत दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद हैं। वह अवामी इत्तेहाद पार्टी के अध्यक्ष हैं। वह दो बार विधायक रह चुके हैं। 

03:52 PM, 04-Jun-2024

अल्ताफ बुखारी ने हार की स्वीकार, बोले- दो पूर्व मुख्यमंत्रियों की हार एक जोरदार संदेश

अपनी पार्टी के प्रमुख अल्ताफ बुखारी ने अनंतनाग-राजोरी और श्रीनगर सीट पर उनके उम्मीदवारों को मिल रही हार को स्वीकार किया है। उन्होंने कहा सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा- 'जम्मू-कश्मीर के लोगों ने अपनी बात कह दी है और उनका फैसला स्पष्ट है। हम विनम्रता और शालीनता के साथ चुनाव के नतीजों को स्वीकार करते हैं। वंशवादी राजनीति की अस्वीकृति और जम्मू-कश्मीर के पूर्व दो मुख्यमंत्रियों (उमर अब्दुल्ला और महबूबा मुफ्ती) की हार एक जोरदार संदेश है और हम बदलाव की इच्छा को स्वीकार करते हैं।'

उन्होंने आगे कहा कि जीतने वाले उम्मीदवारों को उनकी सफलता के लिए बधाई। हम इस अवसर का उपयोग आत्मनिरीक्षण करने, अपनी गलतियों से सीखने और अधिक मजबूत और अधिक लचीले बनकर उभरने के लिए करेंगे। हम लोकतांत्रिक प्रक्रिया और लोगों की इच्छा का सम्मान करते हैं और हम एक नई शुरुआत की उम्मीद करते हैं। यह नया अध्याय जम्मू-कश्मीर में समृद्धि, शांति और प्रगति लाए।
 

03:50 PM, 04-Jun-2024

माकपा नेता तारिगामी ने मियां अल्ताफ, रुहुल्लाह और इजीनियर राशिद को दी बधाई

जम्मू कश्मीर के वरिष्ठ माकपा नेता यूसुफ तारिगामी ने लोकसभा चुनाव में जीत की ओर बढ़ रहे नेशनल कॉन्फ्रेंस के उम्मीदवार मियां अल्ताफ, रुहुल्लाह मेहदी और स्वतंत्र उम्मीदवार इंजीनियर राशिद को बधाई दी। उन्होंने कहा, 'मुझे उम्मीद है कि ये नेता लोगों की आकांक्षाओं का प्रतिनिधित्व करेंगे और जम्मू-कश्मीर के लोगों के अधिकारों की वैध बहाली के लिए काम करेंगे।'

03:34 PM, 04-Jun-2024

जम्मू कश्मीर लोकसभा सीट पर कौन जीत की ओर
  • सीट - पार्टी- वोटों से आगे 
  • जम्मू- भाजपा- जुगल किशोर शर्मा - 1,32,007 वोटों से आगे
  • उधमपुर-भाजपा- डॉ. जितेंद्र सिंह - 106536 वोटों से आगे
  • अनंतनाग-राजोरी- नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC)- मियां अल्ताफ- 2,79,303 वोटों से आगे
  • श्रीनगर- नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC)- रुहुल्लाह मेहदी- 164526 वोटों से आगे
  • बारामुला- आजाद उम्मीदवार- इंजीनियर राशिद- 195126 वोटों से आगे

03:29 PM, 04-Jun-2024
विजयी चिन्ह बनाते हुए जुगल किशोर शर्मा - फोटो : अभिषेक बड़ू

जम्मू सीट पर भाजपा जीत की ओर भाजपा, जश्न शुरू

जम्मू लोकसभा सीट पर भाजपा जीत की ओर बढ़ रही है। इसे लेकर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाना शुरू कर दिया है।

03:19 PM, 04-Jun-2024

श्रीनगर सीट पर वाहिद पर्रा ने स्वीकार की हार

श्रीनगर सीट पर नेशनल कॉन्फ्रेंस के रुहुल्लाह मेहदी आगे चल रहे हैं। इस सीट पर पीडीपी के उम्मीदवार दूसरे स्थान पर हैं। उन्होंने हार स्वीकार कर ली है। उन्होंने कहा- 'कश्मीरियों ने कई सालों की चुप्पी के बाद पहली बार अपने वोट के जरिए हिम्मत से आवाज उठाई है। रुहुल्लाह मेहदी, इंजीनियर राशिद और मिया अल्ताफ को उनकी जीत के लिए बधाई।'

03:12 PM, 04-Jun-2024

पीपुल्स कॉन्फ्रेंस के सज्जाद लोन ने हार की स्वीकार

बारामुला सीट से लोकसभा चुनाव लड़ रहे पीपुल्स कॉन्फ्रेंस के सज्जाद लोन ने हार स्वीकार कर ली है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इस सीट से जीत की ओर बढ़ रहे इंजीनियर राशिद को बधाई दी है।

उन्होंने कहा- 'मैं पूरी विनम्रता के साथ हार स्वीकार करता हूं और अब इंजीनियर राशिद को बधाई देने का समय आ गया है। मैं बदलाव लाना चाहता था। मैंने सोचा कि हमें आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक रूप से सशक्त होना चाहिए ताकि हम बदलाव ला सकें। हमने पिछले 30 सालों में बहुत कुछ सहा है और हमारी सारी गरिमा छीन ली गई है। जनता का जनादेश सर्वोच्च है। मैं पूरी विनम्रता के साथ जनादेश स्वीकार करता हूं।'
 

03:07 PM, 04-Jun-2024
कठुआ में जश्न मनाते भाजपा सदस्य - फोटो : अनिल कुमार

भाजपा को उधमपुर और जम्मू सीट पर मिल रही जीत पर जश्न शुरू

जम्मू और उधमपुर सीट पर भाजपा के उम्मीदवार आगे हैं। ऐसे में दोनों सीटों पर भाजपा हैट्रिक लगाने की ओर बढ़ रही है। इसे लेकर भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है। उन्होंने जश्न मनाना शुरू कर दिया है।

02:57 PM, 04-Jun-2024

जम्मू सीट पर भाजपा उम्मीदवार जुगल किशोर एक लाख 29 हजार वोट से आगे

जम्मू लोकसभा सीट पर भाजपा के उम्मीदवार जुगल किशोर 1,29,133 वोट से आगे चल रहे हैं। उन्होंने अब तक 6,65,523 वोट हासिल किए हैं। कांग्रेस प्रत्याशी रमन भल्ला को अब तक 5,36,390 वोट मिले हैं। वह दूसरे स्थान पर है।

02:39 PM, 04-Jun-2024

लद्दाख में आजाद उम्मीदवार 28 हजार वोटों से आगे

लद्दाख में आजाद उम्मीदवार 28616 वोटों से आगे चल रहे हैं। उन्हें अब तक 64157 वोट मिले हैं।

02:25 PM, 04-Jun-2024

बारामुला सीट पर इंजीनियर राशिद डेढ़ लाख वोटों से आगे

बारामुला लोकसभा सीट पर इंजिनीयर राशिद 1,57,063 वोटों से आगे चल रहे हैं। उन्हें अबतक 3,43,953 मिल चुके हैं। इस सीट पर दूसरे स्थान पर उमर अब्दुल्ला हैं। उन्हें 1,86,890 वोट हासिल हो चुके हैं।

02:08 PM, 04-Jun-2024

महबूबा मुफ्ती ने भी हार की स्वीकार

अनंतनाग-राजोरी लोकसभा सीट पर पीडीपी उम्मीदवार महबूबा मुफ्ती ने हार स्वीकार कर ली है। हालांकि इस सीट पर अभी आधिकारिक परिणान घोषित नहीं किया गया है।

उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा, 'जनता के फैसले का सम्मान करते हुए मैं अपने पीडीपी कार्यकर्ताओं और नेताओं को उनकी कड़ी मेहनत और तमाम मुश्किलों के बावजूद समर्थन के लिए धन्यवाद देती हूं। मुझे वोट देने वाले लोगों के प्रति मेरी हार्दिक कृतज्ञता है। हार-जीत खेल का हिस्सा है और यह हमें हमारे रास्ते से नहीं हटा सकता। मियां साहब को उनकी जीत के लिए बधाई।'
 

01:56 PM, 04-Jun-2024
इंजीनियर राशिद के बेटा अबरार व डीपीएपी प्रवक्ता सलमान निजामी - फोटो : संवाद

इंजीनियर राशिद के बेटों के चेहरों पर छाई खुशी

जेल में बंद इंजीनियर राशिद के बेटों पर खुशी छा गई है। इंजीनियर राशिद के बेटा अबरार और गुलाम नबी आजाद की पार्टी डीपीएपी के प्रवक्ता सलमान निजामी की तस्वीर सामने आई है। डीपीएपी ने इस सीट पर इंजीनियर राशिद को समर्थन दिया है।

01:49 PM, 04-Jun-2024

उमर अब्दुल्ला ने हार की स्वीकार, बारामुला सीट के लिए इंजीनियर राशिद को दी बधाई

बारामुला सीट पर उमर अब्दुल्ला ने हार स्वीकार कर ली है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इंजीनियर राशिद को बधाई दी है। इंजीनियर राशिद सुबह से ही इस सीट पर बढ़त बनाए हुए हैं। हालांकि अभी इस सीट के परिणान की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। 
 

01:04 PM, 04-Jun-2024

महबूबा दो लाख, उमर अब्दुल्ला-रमन भल्ला एक-एक लाख वोटों से पीछे

अनंतनाग लोकसभा सीट पर महबूबा मुफ्ती दो लाख से अधिक वोटों से पीछे चल रही हैं। इस सीट पर नेशनल कॉन्फ्रेंस के मियां अल्ताफ सुबह से ही बढ़त बनाए हुए हैं। वहीं, बारामुला सीट पर उमर अब्दुल्ला और जम्मू सीट पर रमन भल्ला एक-एक लाख से अधिक वोटों से पीछे चल रहे हैं। बारामुला सीट पर इंजीनियर राशिद सुबह से ही बढ़त बनाए हुए हैं। जम्मू सीट पर भाजपा के उम्मीदवार आगे चल रहे हैं।

12:37 PM, 04-Jun-2024
उधमपुर लोकसभा सीट के लिए जारी मतगणना - फोटो : डीपीआईआर

उधमपुर सीट पर चौधरी लाल सिंह 50 हजार वोटों से पीछे चल रहे

उधमपुर लोकसभा सीट पर कांग्रेस के प्रत्याशी चौधरी लाल सिंह 53522 वोटों से पीछे चल रहे हैं। वह दूसरे स्थान पर चल रहे हैं। उन्हें 201860 वोट हासिल हो चुके हैं। इस सीट पर गुलाम नबी आजाद की पार्टी डीपीएपी के प्रत्याशी जीएम सरूरी तीसरे स्थान पर चल रहे हैं। उन्हें 17269 वोट मिल चुके हैं। इस सीट पर भाजपा प्रत्याशी पहले स्थान पर चल रहे हैं। उन्हें 2,55,382 मिल चुके हैं।

12:25 PM, 04-Jun-2024

श्रीनगर सीट पर पीडीपी के वाहिद पर्रा एक लाख वोटों से पीछे

श्रीनगर लोकसभा सीट पर पीडीपी के उम्मीदवार वाहिद पर्रा 1,03,521 वोटों से पीछे चल रहे हैं। उन्हें अब तक 80572 वोट हासिल हुए हैं। वह दूसरे स्थान पर हैं। इस सीट पर अपनी पार्टी के उम्मीदवार मोहम्मद अशरफ मीर तीसरे स्थान पर हैं। उन्हें 38,332 वोट मिले हैं। इस सीट पर नेशनल कांफ्रेंस (जेकेएनसी) के प्रत्याशी रुहुल्ला मेहदी सबसे आगे चल रहे हैं। उन्हें अब तक 1,84,093 वोट मिल चुके हैं।

12:21 PM, 04-Jun-2024

जम्मू सीट पर रमन भल्ला 78 हजार वोटों से पीछे

जम्मू लोकसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी रमन भल्ला 78,221 वोटों से पीछे चल रहे हैं। उन्हें अब तक 3,72,514 वोट मिले हैं। वह दूसरे स्थान पर हैं। वहीं, बहुजन समाज पार्टी के जगदीश राज इस सीट पर तीसरे स्थान पर हैं। उन्हें अब तक 7064 वोट मिले हैं। इस सीट पर भाजपा के उम्मीदवार जुगल किशोर शर्मा पहले स्थान पर चल रहे हैं। उन्हें अब तक 4,50,735 वोट मिल चुके हैं।

12:18 PM, 04-Jun-2024

अनंतनाग-राजोरी सीट पर अपनी पार्टी के जफर इकबाल 2 लाख वोटों से पीछे

अनंतनाग-राजोरी सीट पर अपनी पार्टी के जफर इकबाल मन्हास 2,44,851 वोटों से पीछे चल रहे हैं। वह तीसरे स्थान पर चल रहे हैं। उन्हें अब तक 65437 वोट मिले हैं। इस सीट पर भाजपा ने अपना उम्मीदवार नहीं उतारा है। भाजपा ने भी अपनी पार्टी को समर्थन दिया है।

महबूबा मुफ्ती दूसरे स्थान पर, मियां अल्ताफ सबसे आगे

इस सीट पर दूसरे स्थान पर पीडीपी की महबूबा मुफ्ती हैं। उन्हें अब तक 144776 मिल चुके हैं। इस सीट पर सबसे आगे नेशनल कांफ्रेंस (जेकेएनसी) के मियां अल्ताफ हैं। वह 165512 वोटों से आगे चल रहे हैं। उन्हें अबतक 3,10,288 मिल चुके हैं।

12:13 PM, 04-Jun-2024

बारामुला सीट पर सज्जाद लोन तीसरे स्थान पर चल रहे

बारामुला लोकसभा सीट पर पीपुल्स कॉन्फ्रेंस के प्रमुख सज्जाद लोन तीसरे स्थान पर चल रहे हैं। उन्हें अबतक 57836 वोट मिले हैं। वहीं, दूसरे स्थान पर नेशनल कॉन्फ्रेंस (जेकेएनसी) के उमर अब्दुल्ला हैं। उन्हें 82640 वोट मिल चुके हैं। इस सीट पर जेल में बंद इंजीनियर राशिद सबसे आगे हैं। वह 68933 वोटों से आगे चल रहे हैं। उन्हें 1,51,573 वोट मिल चुके हैं।

12:01 PM, 04-Jun-2024

राउंड-वार परिणाम की हो रही घोषणाएं

उधमपुर संसदीय क्षेत्र के लिए जीडीसी कठुआ में मतगणना हो रही है। प्रशासन का कहना है कि चुनाव मीडिया केंद्र में अस्पष्टता के लिए कोई जगह नहीं छोड़ी गई है। केंद्र एलईडी डिस्प्ले स्क्रीन और पीएएस के माध्यम से राउंड-वार परिणाम की घोषणाएं की जा रही हैं। मतगणना के रुझानों की स्पष्ट जानकारी प्रदान की जा रही है।
 

11:52 AM, 04-Jun-2024

नेशनल कॉन्फ्रेंस के पूर्व नेता हैं हनीफा

भाजपा ने 2014 और 2019 के लोकसभा चुनावों में यह सीट जीती थी। कांग्रेस ने यह सीट सबसे अधिक छह बार जीती है। नेशनल कॉन्फ्रेंस के पूर्व नेता हनीफा ने कांग्रेस द्वारा इंडिया ब्लॉक के उम्मीदवार के रूप में नामग्याल को मैदान में उतारने के बाद अपनी पूरी कारगिल इकाई के साथ पार्टी छोड़ दी थी। इसके बाद वह स्वतंत्र उम्मीदवार के तौर पर चुनाव मैदान में उतरे। हनीफा शिया मुस्लिम बहुल कारगिल क्षेत्र से एकमात्र उम्मीदवार हैं।

11:52 AM, 04-Jun-2024

लद्दाख में आजाद उम्मीदवार हनीफा 15535 वोटों से आगे, 

केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख की एकमात्र लोकसभा सीट पर स्वतंत्र उम्मीदवार मोहम्मद हनीफा 15535 वोटों से आगे चल रहे हैं। उन्हें 28534 वोट मिल चुके हैं। वहीं, कांग्रेस के प्रत्याशी सेरिंग नामग्याल दूसरे स्थान पर हैं। उन्हें 12999 वोट मिल चुके हैं। भाजपा प्रत्याशी ताशी ग्यालसन तीसरे स्थान पर हैं। उन्हें 11335 वोट मिल चुके हैं। नोटा को लद्दाख में अब तक 421 वोट मिल चुके हैं।

11:35 AM, 04-Jun-2024

श्रीनगर सीट पर राउंड 4 के पूरा होने के बाद रुहुल्लाह 50 हजार वोटों से आगे

नेशनल कॉन्फ्रेंस के उम्मीदवार रुहुल्लाह मेहदी 98510 वोटों से आगे चल रहे हैं। वह 54884 से आगे चल रहे हैं। वहीं, पीडीपी के वाहिद पर्रा को 43626 मिले हैं। अशरफ मीर को 21538 मिले हैं।

11:18 AM, 04-Jun-2024

जम्मू की दो सीटों पर भाजपा, श्रीनगर और अनंतनाग सीट पर एनसी, बारामुला में इंजीनियर राशिद आगे

जम्मू की दो सीटों पर भाजपा आगे चल रही है। वहीं, अनंतनाग और श्रीनगर सीट पर नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) आगे चल रहे हैं। वहीं, बारामुला सीट पर आजाद उम्मीदवार इंजीनियर राशिद आगे चल रहे हैं।  

10:59 AM, 04-Jun-2024

जम्मू की सीट पर जुगल किशोर शर्मा 53 हजार वोटों से आगे

जम्मू की लोकसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवार जुगल किशोर शर्मा 53828 वोटों से आगे चल रहे हैं। उन्हें 277914 वोट मिल चुके हैं। इस सीट पर कांग्रेस के रमन भल्ला दूसरे स्थान पर हैं। उन्हें अब तक 224086 वोट मिल चुके हैं।

10:44 AM, 04-Jun-2024

उधमपुर सीट पर भाजपा-कांग्रेस में कांटे की टक्कर, जितेंद्र सिंह आगे चल रहे

उधमपुर सीट पर कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। हालांकि भाजपा उम्मीदवार डॉ. जितेंद्र सिंह 16596 वोटों से आगे चल रहे हैं। उन्हें अबतक 102048 वोट मिल चुके हैं। वहीं कांग्रेस के उम्मीदवार उन्हें कड़ी टक्कर दे रहे हैं। वह दूसरे स्थान पर हैं। उन्हें 85452 वोट मिल चुके हैं।
 

10:34 AM, 04-Jun-2024
जम्मू कश्मीर लोकसभा चुनाव रिजल्ट - फोटो : बासित जरगर

महबूबा मुफ्ती 80 हजार से अधिक वोटों से पीछे चल रहीं

अनंतनाग-राजोरी सीट पर नेशनल कॉन्फ्रेंस के मियां अल्ताफ 84995 वोटों से आगे चल रहे हैं। उन्हें 1,47,517 वोट मिल चुके हैं। वहीं, महबूबा मुफ्ती दूसरे स्थान पर हैं। उन्हें अबतक 58,461 वोट मिले हैं। अपनी पार्टी के जफर इकबाल को 25,184 वोट मिले हैं। इस सीट पर भाजपा ने अपनी पार्टी को समर्थन दिया है। उधर, बारामुला सीट पर उमर अब्दुल्ला 40 हजार वोटों से पीछे चल रहे हैं।

10:26 AM, 04-Jun-2024

इंजीनियर राशिद 34717 वोट से आगे चल रहे

बारामुला सीट पर इंजीनियर राशिद 34717 वोटों से आगे चल रहे हैं। उन्हें अब तक 73271 वोट मिल चुके हैं। वहीं, नेशनल कॉन्फ्रेंस के उमर अब्दुल्ला को 38554 वोट मिले हैं। तीसरे नंबर पर पीपुल्स कॉन्फ्रेंस के सज्जाद लोन हैं। उन्हें 31157 वोट मिल चुके हैं।

 

10:15 AM, 04-Jun-2024

पूर्व मुख्यमंत्री उमर और महबूबा अपने निर्वाचन क्षेत्र में पीछे

जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और महबूबा मुफ्ती अपने निर्वाचन क्षेत्र में पीछे चल रहे हैं। उमर अब्दुल्ला ने बारामुल्ला लोकसभा क्षेत्र से चुनावी मैदान में हैं। बारामुला में जेल में बंद इंजीनियर राशिद आगे चल रहे हैं। वहीं, पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती अनंतनाग-राजोरी सीट से लोकसभा चुनाव की उम्मीदवार हैं। इस सीट पर नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रत्याशी मियां अल्ताफ आगे चल रहे हैं।

10:00 AM, 04-Jun-2024

लद्दाख में आजाद उम्मीदवार मोहम्मद हनीफा बड़े अंतर से आगे

लद्दाख की एकमात्र लोकसभा सीट पर आजाद उम्मीदवार मोहम्मद हनीफा आगे चल रहे हैं। उन्हें 13504 वोट मिल चुके हैं। वहीं, कांग्रेस के प्रत्याशी सेरिंग नामग्याल दूसरे स्थान पर हैं। उन्हें 4866 वोट मिल चुके हैं। भाजपा प्रत्याशी ताशी ग्यालसन तीसरे स्थान पर हैं। उन्हें 4457 वोट मिल चुके हैं। नोटा को लद्दाख में अब तक 252 वोट मिल चुके हैं।

09:53 AM, 04-Jun-2024

बारामुला सीट पर जेल में बंद इंजीनियर राशिद आगे

बारामुला सीट पर जेल में बंद इंजीनियर राशीद आगे चल रहे हैं। उन्हें 43156 वोट मिल चुके हैं। वहीं, नेशनल कॉन्फ्रेंस के उमर अब्दुल्ला को 24087 वोट मिले हैं। वह दूसरे नंबर पर हैं। पीपुल्स कॉन्फ्रंसे के सज्जाद लोन को 17427 वोट मिल चुके हैं। वह तीसरे नंबर पर हैं।

09:49 AM, 04-Jun-2024

जम्मू सीट पर भाजपा के जुगल किशोर शर्मा आगे

जम्मू लोकसभा सीट पर भाजा के प्रत्याशी जुगल किशोर शर्मा आगे चल रहे हैं। उन्हें 78165 वोट मिल चुके हैं। वहीं, कांग्रेस के उम्मीदवार रमन भल्ला को 56973 वोट मिल चुके हैं। वह दूसरे नंबर पर हैं।

09:45 AM, 04-Jun-2024

उधमपुर में पहले राउंड के नतीजे में भाजपा को बढ़त

उधमपुर सीट पर भाजपा उम्मीदवार डॉ. जितेंद्र सिंह आगे चल रहे हैं। उन्हें 45207 वोट मिल चुके हैं। वहीं, कांग्रेस के उम्मीदवार चौधरी लाल सिंह को 32157 वोट मिल चुके हैं वह दूसरे नंबर पर हैं।


यहां देखें राउंड 1 के नतीजे 

उम्मीदवार- वोट
  • डॉ. जितेन्द्र सिंह 45207
  • लाल सिंह 32157
  • गुलाम मोहम्मद सुरूरी 2732
  • अमित 792
  • बलवान 250
  • मनोज कुमार 1702
  • पंकज शर्मा 184
  • राजेश 139
  • सचिन गुप्ता 113
  • स्वर्णवीर 231
  • मोहम्मद अली 542
  • मेहराज 552
  • नोटा 1140

09:43 AM, 04-Jun-2024

जम्मू की दो सीटों पर भाजपा आगे

जम्मू संभाग की उधमपुर और जम्मू सीट पर भाजपा आगे चल रही है।

09:36 AM, 04-Jun-2024

श्रीनगर सीट पर रुहुल्लाह बड़े अंतर से आगे

श्रीनगर लोकसभा सीट पर नेशनल कॉन्फ्रेंस के रुहुल्लाह मेहदी बड़ें अंतर से आगे चल रहे हैं। उन्हें 26,480 वोट मिल चुके हैं। पीडीपी के वाहिद पर्रा 10,924 वोट मिले हैं। वह दूसरे नंबर पर हैं। वहीं, मोहम्मद अशरफ मीर को 5,066 वोट मिले हैं। वह तीसरे नंबर पर हैं। 

09:32 AM, 04-Jun-2024

अभी के रुझान में अनंतनाग-राजोरी सीट पर नेशनल कॉन्फ्रेंस बड़े अंतर से आगे

अनंतनाग-राजोरी सीट पर नेशनल कॉन्फ्रेंस (JKNC) के मियां अल्ताफ बड़े अंतर से आगे चल रहे हैं। उन्हें 37,061 वोट मिल चुके हैं। वहीं, महबूबा मुफ्ती दूसरे नंबर पर हैं। उन्हें 10,873 वोट मिल चुके हैं। अपनी पार्टी के जफर इकबाल मन्हास को 6,015 वोट मिल चुके हैं।

09:27 AM, 04-Jun-2024

जम्मू-कश्मीर की पांच सीटों पर अभी तक ऐसे हैं रुझान
  •  जम्मू- भाजपा 13029 वोटों से आगे चल रही है।
  • उधमपुर: भाजपा 5244 वोटों से आगे चल रही है।
  • अनंतनाग-राजोरी: जेकेएनसी 30513 वोटों से आगे चल रही है।
  • बारामुल्ला: इंजीनियर राशिद 3857 वोटों से आगे चल रहे हैं।
  • श्रीनगर: जेकेएनसी 5157 वोटों से आगे चल रहे हैं।

09:23 AM, 04-Jun-2024

उधमुपर सीट पर डॉ. जितेंद्र सिंह आगे

उधमपुर लोकसभा सीट पर डॉ. जितेंद्र सिंह आगे चल रहे हैं। उन्हें 2925 वोट मिल चुके हैं।

09:22 AM, 04-Jun-2024

श्रीनगर सीट पर रुहुल्लाह मेहदी आगे

अभी के रुझान में श्रीनगर लोकसाभ सीट पर नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के रुहुल्लाह मेहदी आगे हैं। उन्हें 5157 वोट मिल चुके हैं

09:18 AM, 04-Jun-2024

जम्मू सीट पर भाजपा आगे

अभी के रुझान में जम्मू लोकसभा सीट से भाजपा के जुगल किशोर शर्मा आगे हैं। उन्हें 13029 वोट मिल चुके हैं।

09:03 AM, 04-Jun-2024

अनंतनाग राजोरी सीट पर नेशनल कॉन्फ्रेंस के मियां अल्ताफ को 20,488 वोट मिले हैं। 

08:30 AM, 04-Jun-2024

शुरुआती रुझान में अनंतनाग में मियां अल्ताफ और बारामुला में सज्जाद लोन आगे 

जम्मू कश्मीर में शुरुआता रुझान में अनंतनाग-राजोरी सीट पर पर नेशनल कॉन्फ्रेंस के मियां अल्ताफ और बारामुला सीट पर पीसी के सज्जाद लोन आगे चल रहे हैं।

 

08:27 AM, 04-Jun-2024

2019 में किसे मिली थी जीत

जम्मू कश्मीर में 2019 के लोकसभा चुनाव में जम्मू संभाग की दो सीटों भाजपा ने जीती थी। लद्दाख की सीट पर भाजपा ने कमल खिलाय। कश्मीर की तीन सीटों पर नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) ने जीत दर्ज की थी। आज साफ हो जाएगा कि इस बार क्या नतीजे निकलेंगे।

08:09 AM, 04-Jun-2024
कठुआ में तैनात सुरक्षाकर्मी - फोटो : अनिल कुमार

कठुआ में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

कठुआ के राजकीय डिग्री कॉलेज में उधमपुर संसदीय क्षेत्र के वोटों की गिनती हो रही है। इसके लिए कठुआ शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

08:03 AM, 04-Jun-2024

जम्मू कश्मीर की पांच और लद्दाख की एक सीट पर मतगणना शुरू

जम्मू कश्मीर की पांच और लद्दाख की एक लोकसभा सीट पर मतगणना शुरू हुई। सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती हो रही है। इसके बाद ईवीएम से वोटों की गिनती शुरू होगी।

07:48 AM, 04-Jun-2024

जम्मू में यातायात रूट प्लान जारी

यातायात पुलिस ने मतगणना के लिए रूट प्लान जारी किया है। एसएसपी फैजल कुरेशी के अनुसार मतणगना के दिन गुलशन मैदान चौक से बिक्रम चौक की तरफ और बिक्रम चौक से एशिया चौक क्रासिंग पर यातायात बंद रहेगा। सिर्फ केवल आरओ/एआरओ/पर्यवेक्षकों/क्षेत्रीय अधिकारियों/पहचान पत्र रखने वाले उम्मीदवारों के वाहनों को उनके संबंधित मतगणना केंद्रों की ओर कट ऑफ पॉइंट पर अपने वाहनों के साथ आगे बढ़ने की अनुमति दी जा रही है। नरवाल एवं रेलवे स्टेशन से डोगरा चौक की ओर आने वाले वाहनों को बीआर अंबेडकर चौक से एशिया क्रॉसिंग की ओर मोड़ दिया जा रहा है। रेलवे स्टेशन जाने वाले वाहन अपने गंतव्य के लिए गुज्जर नगर पुल का विकल्प चुनें। गांधी नगर/शास्त्री नगर/त्रिकुटा नगर/सांबा-कठुआ जाने वाले वाहनों को बिक्रम चौक से फ्लाई-ओवर के माध्यम से मोड़ दिया जा रहा है।

07:29 AM, 04-Jun-2024
लोकसभा चुनाव 2024 - फोटो : डीपीआईआर

 पहले पोस्टल बैलेट से, फिर ईवीएम से होगी गिनती  

उधमपुर रिटर्निंग ऑफिसर डॉ राकेश मिन्हास ने बताया कि सुबह आठ बजे पहले 10 हजार 600 पोस्टल बैलेट की गिनती शुरू होगी। इसके बाद साढ़े बजे ईवीएम से वोटों की गिनती शुरू होगी। उन्होंने बताया कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। हर राउंड के पूरे होने के बाद परिणाम साझे किए जाते जांएगे। 20700 के लगभग ईवीएम मशीन राजकीय डिग्री कॉलेज कठुआ में हैं। 


 

07:17 AM, 04-Jun-2024

डॉ. जितेंद्र सिंह पहुंचे मतगणन केंद्र

केंद्रीय मंत्री और उधमपुर से भाजपा उम्मीदवार डॉ. जितेंद्र सिंह मतगणना केंद्र पहुंच गए हैं।

 

07:02 AM, 04-Jun-2024

पूरी जांच के बाद ही मिल रहा प्रवेश

मतगणना केंद्रों पर कर्मचारी और अधिकारी पहुंचना शुरू हो गए हैं। पूरी जांच के बाद ही उन्हें प्रवेश करने दिया जा रहा है। इसके साथ ही मतगणना केंद्रों के भीतर और बाहर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी की गई है।

06:43 AM, 04-Jun-2024

धारा 144 और आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) लागू 

मतगणना के दिन धारा 144 और आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) लागू रहेगी, जिसके तहत किसी भी तरह के उल्लंघन पर रोक रहेगी। इसके अलावा, डीईओ की अनुमति के बिना किसी भी तरह के जश्न के जुलूस की अनुमति नहीं दी जाएगी और मतगणना केंद्र परिसर में पटाखे फोड़ने पर सख्त पाबंदी होगी। 

06:39 AM, 04-Jun-2024

राजनीतिक पार्टियों के एजेंट सक्रिय
  
जम्मू सीट के लिए प्रमुख रूप से सभी 18 विधानसभा क्षेत्रों के हिसाब से भाजपा और कांग्रेस सहित अन्य राजनीतिक पार्टियों के एजेंट सक्रिय रहेंगे। इस दौरान कभी पलड़ा भारी तो कभी कमजोर रह सकता है। उम्मीदवारों की ओर से जीत के जश्न की भी तैयारियां की गई हैं। 

06:18 AM, 04-Jun-2024

कश्मीर विस्थापितों के मतों की गिनती होगी इन केंद्रों में

जम्मू निर्वाचन क्षेत्र के लिए वोटों की गिनती सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज और सरकारी एमएएम कॉलेज के परिसर में की जाएगी। इस सीट पर भाजपा के जुगल किशोर जीत की हैट्रिक लगाने की कोशिश कर रहे हैं। कांग्रेस की जम्मू-कश्मीर इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष रमन भल्ला इस सीट से मैदान में हैं। साथ ही 20 अन्य उम्मीदवारों रण में हैं।

अधिकारियों ने बताया कि कश्मीरी प्रवासियों के मतों की गिनती जम्मू के गांधी नगर स्थित राजकीय महिला महाविद्यालय, उधमपुर स्थित राजकीय बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और नई दिल्ली स्थित जेएंडके हाउस में होगी। 
 

06:17 AM, 04-Jun-2024

डल झील के किनारे वोटों की गिनती

श्रीनगर संसदीय क्षेत्र में वोटों की गिनती डल झील के किनारे शेर-ए-कश्मीर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर (एसकेआईसीसी) में होगी। इस सीट पर 16 निर्दलीय सहित सबसे अधिक 24 उम्मीदवार हैं। नेकां के रूहुल्लाह, अपनी पार्टी के मीर और पीडीपी के युवा नेता वाहिद पर्रा निर्वाचन क्षेत्र से मजबूत उम्मीदवार हैं।
 

06:17 AM, 04-Jun-2024

अनंतनाग और राजोरी के लिए मतगणना केंद्र तैयार

पीर पंजाल रेंज से विभाजित अनंतनाग-राजोरी निर्वाचन क्षेत्र में वोटों की गिनती गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज (लड़कों के लिए) अनंतनाग और गवर्नमेंट पीजी कॉलेज राजोरी में होगी। महबूबा मुफ्ती इस निर्वाचन क्षेत्र से जीत की तलाश में हैं और उन्हें नेकां के मियां अल्ताफ से बड़ी चुनौती मिल रही है। 10 निर्दलीय और आठ अन्य उम्मीदवार भी हैं, जिनमें भाजपा समर्थित अपनी पार्टी के जफर मन्हास शामिल हैं।

06:17 AM, 04-Jun-2024

बारामुला के सरकारी डिग्री कॉलेज में तैयारियां पूरी

बारामुला निर्वाचन क्षेत्र में मतों की गिनती बारामुला के सरकारी डिग्री कॉलेज (लड़कों के लिए) में होगी। इस सीट पर उमर अब्दुल्ला और सज्जाद लोन के बीच कड़ी टक्कर मानी जा रही है। जेल में कैद इंजीनियर राशिद सहित कुल 22 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 14 निर्दलीय हैं।

06:17 AM, 04-Jun-2024

उधमपुर के लिए कठुआ के सरकारी डिग्री कॉलेज में होगी गिनती

उधमपुर निर्वाचन क्षेत्र के लिए मतों की गिनती कठुआ के सरकारी डिग्री कॉलेज में होगी। इस सीट पर भाजपा के केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह, कांग्रेस चौधरी लाल सिंह के अलावा 10 अन्य उम्मीदवार हैं, जिनमें सात उम्मीदवार निर्दलीय हैं।
 

06:01 AM, 04-Jun-2024

100 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला आज

जम्मू कश्मीर में मतगणना में 100 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा, जिनमें वरिष्ठ भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह, दो पूर्व मुख्यमंत्री- नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के उमर अब्दुल्ला और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की महबूबा मुफ्ती शामिल हैं। अन्य दिग्गजों में भाजपा के सांसद जुगल किशोर शर्मा, कांग्रेस के पूर्व मंत्री रमन भल्ला और चौधरी लाल सिंह, डीपीएपी के जीएम सरूरी, नेकां के आगा रूहुल्लाह मेहदी और मियां अल्ताफ, अपनी पार्टी के अशरफ मीर, पीपुल्स कॉन्फ्रेंस (पीसी) के सज्जाद लोन शामिल हैं। पूर्व विधायक इंजीनियर राशिद ने इस बारा तिहाड़ जेल से चुनाव लड़ा है।
 

05:56 AM, 04-Jun-2024

सुबह सूरज की किरणों के साथ ही दिलों की धड़कनें भी होने लगी तेज

जम्मू में मतगणना के लिए सभी कर्मचारी मंगलवार तड़के एमएएम कॉलेज और पॉलिटेक्निक में रिपोर्ट करेंगे। वहीं, चुनाव नतीजों को लेकर उम्मीदवारों, पार्टी राजनेताओं और समर्थकों में तनाव के साथ दिलों की धड़कनें तेज हो गई हैं। नतीजों को लेकर अलग अलग कयास लगाए जा रहे हैं। जहां सत्तापक्ष दोबारा जीत का दावा कर रहा है तो विपक्ष एग्जिट पोल को गलत बताकर अपने पक्ष में चुनावी नतीजे बता रहा है।

05:47 AM, 04-Jun-2024

एलईडी के माध्यम से दिखते रहेंगे नतीजे

जम्मू संसदीय सीट के लिए 18 विधानसभा क्षेत्र के मतों की मतगणना होगी। इस सीट पर प्रमुख रूप से भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला देखा जा रहा है, हालांकि पिछले चुनावों में बहुजन समाज पार्टी का भी बहुमत रहा है। मतगणना प्रक्रिया के लिए करीब 1500 कर्मचारियों की सेवाएं ली जाएंगी। इसके साथ एलईडी के माध्यम से भी नतीजों को दिखाया जाता रहेगा। 

05:47 AM, 04-Jun-2024

चरणबद्ध तरीके से घोषित होंगे नतीजे 

जम्मू संसदीय सीट की मतगणना के लिए एमएएम कॉलेज और पालीटेक्निक विक्रम चौक में 282 टेबल स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा 50 टेबल सेवा मतों की गणना के लिए रखे गए हैं। एमएएम कॉलेज में 7 और पालीटेक्निक में 11 मतगणना हाल होंगे। नतीजे चरणबद्ध तरीके से घोषित किए जाते रहेंगे।

05:44 AM, 04-Jun-2024

जम्मू में स्ट्रांग रूम की इमारतों के साथ सटे रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्ट 

प्रदेश में मंगलवार सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी। इसके लिए जम्मू-कश्मीर में बनाए गए नौ और दिल्ली में बने एक मतदान केंद्र पर सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। मतदान केंद्रों के बाहर उत्साहित समर्थकों के संभावित हंगामे को रोकने के लिए पर्याप्त सुरक्षाबल तैनात कर दिए गए हैं। इसके साथ ही स्ट्रांग रूम की इमारतों के साथ सटे रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा। 

05:25 AM, 04-Jun-2024

Jammu Kashmir Election Result 2024 Live: जम्मू की दो सीटों पर भाजपा, कश्मीर की दो सीटों पर NC, बारामुला में इंजीनियर राशिद जीते

Jammu and Kashmir Lok Sabha Election Result 2024 Live News in Hindi: जम्मू कश्मीर की पांच लोकसाभा सीटों के लिए 10 मतगणना केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से एक दिल्ली में स्थापित किया गया है, जहां कश्मीर घाटी से बाहर रह रहे कश्मीरी विस्थापितों द्वारा किए गए वोटों की गिनती होगी। सुबह आठ बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी। जम्मू कश्मीर की सीटों के नतीजे यहां देखें लाइव....

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें