फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jammu Kashmir Weather Live: जम्मू और कटरा से आने-जाने वालीं 58 ट्रेनें रद्द, सीएम उमर ने पीएम मोदी से की बात

Wed, 27 Aug 2025 11:27 PM IST
आकाश दुबे न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जम्मू-कश्मीर

खास बातें

Jammu Kashmir Weather Cloudburst Landslide Live Updates in Hindi: जम्मू-कश्मीर में बारिश को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। वहीं उत्तर रेलवे ने बीते दिन कटरा, उधमपुर और जम्मू रेलवे स्टेशनों से आने-जाने वाली 58 ट्रेनें रद्द कर दी। माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर अर्धकुंवारी स्थित इंद्रप्रस्थ भोजनालय के पास भूस्खलन हुआ है। जिसमें अब तक 34 लोगों की मौत हो चुकी है। यहां पढ़ें पल-पल के अपडेट्स...
विज्ञापन
जम्मू में बारिश से मची आफत - फोटो : PTI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

09:46 PM, 27-Aug-2025

लगातार बारिश के चलते अलग-अलग घटनाओं में 41 की मौत
जम्मू एवं कश्मीर में पिछले दो दिनों में रिकॉर्ड बारिश के कारण हुई तबाही के बाद अलग-अलग घटनाओं में मरने वालों की संख्या बढ़कर 41 हो गई है, जिनमें से अधिकांश लोग वैष्णो देवी तीर्थयात्रा मार्ग पर भूस्खलन के शिकार हुए हैं। बुधवार को बारिश में कुछ कमी आई, जिससे राहत कार्यों में तेजी आई।

05:35 PM, 27-Aug-2025

जम्मू और कटरा से आने-जाने वाली 58 ट्रेनें रद्द
उत्तर रेलवे ने बुधवार को रिकॉर्ड बारिश से हुई तबाही के मद्देनजर जम्मू और कटरा स्टेशनों से आने-जाने वाली 58 ट्रेनों को रद्द करने का आदेश दिया, जबकि 64 ट्रेनों को मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर या तो पहले ही समाप्त कर दिया गया या फिर पहले ही रवाना कर दिया गया। 

03:00 PM, 27-Aug-2025

राष्ट्रपति ने हादसे को लेकर जताया दुख
राष्ट्रपति ने हादसे को लेकर दुख जताया है। उन्होंने एक्स अकाउंट पर लिखा कि, 'माता वैष्णो देवी मंदिर के यात्रा मार्ग पर हुए भूस्खलन में कई श्रद्धालुओं की मृत्यु होने की दुखद घटना अत्यंत कष्टदायक है। मैं शोक-संतप्त परिवारों के प्रति गहन संवेदना व्यक्त करती हूं तथा राहत व बचाव कार्य में सफलता की कामना करती हूं।'


सीएम उमर ने पीएम मोदी से की बात, दी हालात की जानकारी
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने प्रदेश में आई आपदा को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी से बातचीत की है। सीएम ने कहा कि मैंने उन्हें जम्मू-कश्मीर के सबसे अधिक प्रभावित इलाकों की स्थिति के बारे में जानकारी दी। मैंने तवी नदी के किनारे जम्मू के उन हिस्सों का दौरा किया। जहां कल काफी नुकसान हुआ था। मैं जम्मू-कश्मीर के लोगों को निरंतर सहायता देने के उनके आश्वासन के लिए आभारी हूं।

विज्ञापन
02:12 PM, 27-Aug-2025

डोडा में चार लोगों की मौत
डोडा के डिप्टी कमिश्नर हरविंदर सिंह ने जानकारी देते हुए कहा कि आज बारिश थमने की उम्मीद है। मौसम साफ हो सकता है। राजमार्गों को साफ करने और लोगों को राहत पहुंचाने का काम शुरू हो गया है। थाथरी व अन्य जगहों पर टीमें तैनात की गई हैं। 
 
आगे कहा कि शाम तक राजमार्ग बहाल होने की उम्मीद है। राजमार्ग पर 4-5 जगहों पर भूस्खलन भी हुआ है। मरम्मत का काम जारी है। अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है। आवासीय और व्यावसायिक ढाँचों को और नुकसान पहुंचने की उम्मीद नहीं है। इंटरनेट और मोबाइल कनेक्टिविटी भी जल्द ही बहाल कर दी जाएगी। लोगों को जल निकायों से दूर रहने की सलाह दी गई है। भारी बारिश हुई है। मौसम विभाग ने आधिकारिक तौर पर बादल फटने की घोषणा नहीं की है। स्कूल और कॉलेज कल बंद रहने की उम्मीद है। अंतिम निर्णय वरिष्ठ अधिकारी लेंगे।

02:06 PM, 27-Aug-2025

वैष्णो देवी में हुए भूस्खलन हादसे पर राष्ट्रपति मुर्मू ने जताया शोक
भूस्खलन हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एक्स पर पोस्ट साझा कर लिखा कि माता वैष्णो देवी मंदिर के तीर्थयात्रा मार्ग पर भूस्खलन में कई श्रद्धालुओं की मृत्यु की दुखद घटना अत्यंत दुखद है। आगे लिखा कि मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं। 
 

विज्ञापन
01:12 PM, 27-Aug-2025

उधमपुर में देवल के पास भूस्खलन
एसएसपी ट्रैफिक एनएचडब्ल्यू राजा आदिल हामिद ने कहा कि पिछले दो दिनों में भारी बारिश हुई है। कई जगहों पर भूस्खलन हुआ है। पत्थरों की वजह से रास्ते बंद हो गए हैं। जम्मू से चेनानी जाने वाले रास्ते पर भी कई जगहों पर भूस्खलन हुआ है। मार्ग बंद हो गया है। उधमपुर में देवल के पास भूस्खलन हुआ है। अभी तक हमें पूरी जानकारी नहीं मिली है, क्योंकि मोबाइल कनेक्टिविटी नहीं है... मैं इस हाईवे पर यात्रा करने वाले सभी लोगों से अपील करता हूं कि जब तक एनएच-44 पर सड़क साफ नहीं हो जाती, तब तक आप अपनी यात्रा की योजना न बनाएं।

01:12 PM, 27-Aug-2025

जम्मू-कश्मीर में उपायुक्त रामबन मोहम्मद अलयास खान, रामबन एसएसपी अरुण गुप्ता, एसएसपी ट्रैफिक एनएचडब्ल्यू राजा आदिल हामिद ने बनिहाल के पास जम्मू श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग की स्थिति का निरीक्षण किया।

12:30 PM, 27-Aug-2025

पीएम नरेंद्र मोदी ने जताई संवेदना
माता वैष्णो देवी में हुए भूस्खलन हादसे पर पीएम नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट साझा कर संवेदना जताई है। साथ ही प्रशासन को निर्देश भी दिया है।
 

11:52 AM, 27-Aug-2025

भूस्खलन में मरने वालों की संख्या हुई 32
पीटीआई से मिली जानकारी के मुताबिक, वैष्णो देवी भूस्खलन में मरने वालों की संख्या बढ़कर 32 हुई हो गई है तो वहीं घायलों की संख्या 20 हो गई है।

11:31 AM, 27-Aug-2025

डोडा में बारिश का अलर्ट
जम्मू कश्मीर के डोडा में हल्की बारिश अभी भी जारी है। पिछले 3-4 दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण आई बाढ़ की वजह से जिले में तीन लोगों की मौत हो गई है।
 

11:29 AM, 27-Aug-2025

'खतरे के निशान से ऊपर बह रहीं नदियां'
जिले में बाढ़ की स्थिति पर रामबन के एसएसपी अरुण गुप्ता ने जानकारी देते हुए कहा कि अभी स्थिति गंभीर है। सभी हाई अलर्ट पर हैं। हमें कई जगहों से लोगों को निकालना पड़ा क्योंकि नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। हम स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। हमने पुलिस स्टेशन और चौकी स्तर पर बचाव दल का गठन किया है। 
 

11:27 AM, 27-Aug-2025

'बारिश से काफी नुकसान हुआ'
जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बुधवार को कहा कि केंद्र शासित प्रदेश अभी भी लगभग नगण्य संचार व्यवस्था से जूझ रहा है, क्योंकि बारिश से काफी नुकसान हुआ है।

10:34 AM, 27-Aug-2025

कठुआ में सेना ने 22 जवानों का किया रेस्क्यू
जम्मू कश्मीर के कठुआ में लगातार बारिश के बाद बाढ़ आई। बाढ़ में सीआरपीएफ कैंप क्षतिग्रस्त हो गया। सेना के हेलीकॉप्टर ने 22 जवानों और तीन नागरिकों को बचाया।
 

09:17 AM, 27-Aug-2025

भूस्खलन के बाद राहत और बचाव सामग्री लेकर सी130 और आईएल76 जल्द ही हिंडन से जम्मू के लिए उड़ान भरेंगे। चिनूक, एमआई-17 वी5 जैसे हेलीकॉप्टर जम्मू, उधमपुर, श्रीनगर और पठानकोट जैसे सभी नजदीकी एयरबोस पर तैयार हैं। 
 

09:10 AM, 27-Aug-2025

वैष्णो देवी के दर्शन करने आई एक श्रद्धालु राजकुमारी देवी ने कहा कि मैं  बिहार की रहने वाली हूं। हम परसों यहां आए थे। हमने दर्शन किए। अब हम घर जाना चाहते हैं, लेकिन ट्रेनें रद्द होने के कारण हम नहीं जा पा रहे हैं। बहुत बड़ी दुर्घटना हो गई है। हम डरे हुए हैं और घर जाना चाहते हैं। 
 

08:14 AM, 27-Aug-2025

एक भक्त दशरथ ने कहा कि मैं बिहार के चंपारण का रहने वाला हूं। ट्रेनें बंद हो गई हैं। हमें बिहार पहुंचने में समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। हमने सुना है कि 'दर्शन' करके लौटने के बाद एक बड़ी दुर्घटना हुई है। हम बारिश के कारण यहां फंस गए हैं। हमारे पास टिकट थे, लेकिन ट्रेनें बंद हो गई हैं।
 

07:02 AM, 27-Aug-2025

भूस्खलन में 30 लोगों की मौत

एसएसपी रियासी परमवीर सिंह के मुताबिक जम्मू-कश्मीर के कटरा में वैष्णो देवी मंदिर के पास भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन में 30 लोगों की मौत हो गई है। 

06:51 AM, 27-Aug-2025

बह गई सड़क

लगातार भारी वर्षा के कारण जलस्तर बढ़ने से चौथे तवी पुल के पास सड़क बह गई है।

01:52 AM, 27-Aug-2025

जम्मू में बाढ़ जैसे हालात के बीच 3,500 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया

जम्मू जिला प्रशासन के नेतृत्व में एक त्वरित बहु-एजेंसी अभियान में मंगलवार को शहर भर में अचानक आई बाढ़ और जलभराव के बाद 3,500 से अधिक निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि जिला प्रशासन, पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, भारतीय सेना और स्थानीय स्वयंसेवकों की टीमें सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में लोगों को निकालने और राहत अभियान चला रही हैं, जबकि अधिकारी महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे और आवश्यक सेवाओं को बहाल करने पर भी ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।

12:04 AM, 27-Aug-2025

जम्मू, उधमपुर और कटड़ा आने वाले 22 ट्रेनें आज रहेंगी रद्द

चक्की नदी के किनारों से मिट्टी की कटाई और फ्लैश फ्लड जैसी स्थिति के चलते रेलवे ने ट्रेन संचालन रोक दिया है। इसके चलते मंगलवार को 17 ट्रेनों को रद्द रखा, जबकि बड़ी संख्या में ट्रेनों को पठानकोट और अमृतसर तक चलाया। बुधवार को जम्मू, उधमपुर और कटड़ा आने वाली 22 ट्रेनें रद्द रहेंगी।

10:17 PM, 26-Aug-2025

जम्मू-कश्मीर में आए सैलाब में 11 की मौत
मंगलवार को जम्मू क्षेत्र में नदियां उफान पर रहीं, पानी के तेज बहाव ने रास्ते में आने वाली हर चीज को तहस-नहस कर दिया। बहाव में चट्टानें, पेड़ और पत्थर ढलानों से नीचे गिर गए, जिससे कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई। इनमें वैष्णो देवी मार्ग पर भूस्खलन में जान गंवाने वाले सात तीर्थयात्री भी शामिल थे।

10:01 PM, 26-Aug-2025

जम्मू में रात्रिकालीन आवाजाही पर प्रतिबंध
जम्मू प्रशासन ने बाढ़ के खतरे के कारण लोगों की रात्रिकालीन आवाजाही पर प्रतिबंध लगाया है। प्रशासन ने इस संबंध में आदेश जारी कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।

08:52 PM, 26-Aug-2025

शिवखोड़ी धाम जाने वाले यात्रियों को रोका गया
पहाड़ी से पत्थर गिरने से आधार शिविर रनसू से शिवखोड़ी धाम जाने वाले यात्रियों को रोका गया। शिव गुफा के बाहर बने भोजनालय में लगभग एक सौ पचास श्रद्धालु बिठाए गए हैं। बारिश रुकने के बाद यात्रियों को आधार शिविर रवाना किया जाएगा।

07:41 PM, 26-Aug-2025

केंद्रीय गृह मंत्री ने सीएम अब्दुल्ला को फोन कर स्थिति की जानकारी ली
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने अपने एक्स पोस्ट पर लिखा कि अभी-अभी केंद्रीय गृह मंत्री से फोन पर बात करके उन्हें जम्मू-कश्मीर, खासकर जम्मू प्रांत के हालात की जानकारी दी। जहां लगातार और भारी बारिश से काफी नुकसान हुआ है और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। फोन/डेटा कनेक्टिविटी जल्द से जल्द बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। जम्मू हवाई अड्डा बंद होने के कारण मैं और मेरे साथी आज शाम जम्मू नहीं पहुंच पाए। कल पहली उड़ान से वहां पहुंचने की कोशिश करूंगा। स्थिति पर बारीकी से नजर रखी जा रही है।
 

07:35 PM, 26-Aug-2025

Jammu and Kashmir weather: जम्मू-कश्मीर में कॉलिंग और इंटरनेट सेवा बाधित
जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश के कारण सभी सेवा प्रदाताओं की कॉल और मोबाइल इंटरनेट सेवा बाधित है। भारी बारिश के कारण कई जगहों पर ऑप्टिकल फाइबर क्षतिग्रस्त होने के कारण मंगलवार को नेटवर्क बाधित हो गया है।
 

06:52 PM, 26-Aug-2025

कटरा, उधमपुर और जम्मू आने-जाने वालीं 18 ट्रेनें रद्द
जम्मू क्षेत्र में लगातार भारी बारिश के कारण उत्तर रेलवे ने मंगलवार को कटरा, उधमपुर और जम्मू रेलवे स्टेशनों से आने-जाने वाली 18 रेलगाड़ियां रद्द कर दी हैं। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि 18 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। चार ट्रेनों को बीच में ही रोक दिया गया है। जम्मू क्षेत्र में सोमवार रात से भारी बारिश हो रही है, जिससे पुल क्षतिग्रस्त हो गए हैं, संपर्क बाधित हुआ है और बड़े भूभाग में पानी भर गया है, जिससे लोगों को सुरक्षित क्षेत्रों में जाने के लिए मजबूर होना पड़ा है।



 

06:48 PM, 26-Aug-2025

27 अगस्त तक जम्मू संभाग में सभी स्कूल बंद
मौजूदा खराब मौसम की स्थिति और क्षेत्र भर में विभिन्न स्थानों पर बाढ़ जैसी स्थिति होने के चलते जम्मू संभाग के सभी सरकारी और निजी स्कूल 27 अगस्त, 2025 तक बंद रहेंगे। शिक्षा विभाग ने इस संबंध में पत्र जारी कर निर्देश जारी करे हैं।

06:37 PM, 26-Aug-2025

Jammu Kashmir Weather Live: जम्मू और कटरा से आने-जाने वालीं 58 ट्रेनें रद्द, सीएम उमर ने पीएम मोदी से की बात

वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर अर्धकुंवारी स्थित इंद्रप्रस्थ भोजनालय के पास भूस्खलन
कटड़ा में भारी बारिश के चलते माता श्री वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर अर्धकुंवारी स्थित इंद्रप्रस्थ भोजनालय के पास मंगलवार को भूस्खलन हुआ है, जिसमें छह लोगों की मौत हो गई है और अन्य कई घायल हो गए हैं। करीब छह लोग घायल हो गए और कुछ के दबे होने की आशंका है। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने भी अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट करते हुए भूस्खलन होने की जानकारी साझा की है। भूस्खलन के बाद बड़े स्तर पर राहत-बचाव कार्य किया जा रहा है। रियासी पुलिस-प्रशासन और एनडीआरएफ अलर्ट मोड पर हैं।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें