सचिन पायलट को सीएम बनाने को लेकर कांग्रेस विधायक प्रशांत बैरवा ने बयान दिया। उन्होंने कहा कि वो लोग भी तो कांग्रेस के ही विधायक हैं। अगर सुबह का भूला शाम को आ जाता है तो उसे भूला नहीं कहते। इसके साथ ही बैरवा ने कहा कि गहलोत पॉलिटिक्स के इनसाइक्लोपीडिया हैं तो सचिन पायलट कांग्रेस के भविष्य हैं।
शांति धारीवाल ने बड़ा बयान दिया है। साजिश में राजस्थान खोने जा रहे हैं। इसी साजिश में पंजाब भी खोया है। नहीं संभले तो राजस्थान भी जाएगा। वहीं अशोक गहलोत खड़गे और माकन से मिलने मैरियट पहुंचे हैं।
राजस्थान अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष खिलाड़ी लाल बैरवा ने एएनआई से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि एक बच्चे से भी पूछेंगे तो वह भी बता देगा कि इतना कुछ होने के बाद कुछ गुंजाइश नहीं बनती अशोक गहलोत के अध्यक्ष बनने की। सचिन पायलट पार्टी का वफादार सिपाही हैं। सब आलाकमान के साथ हैं।
राजस्थान सियासी संकट पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि 'भारत जोड़ो' में मनोरंजन कम हुआ, जो अब राजस्थान में भी शुरू हो गया है। राजस्थान में सरकार नाम की कोई चीज नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सिर्फ सत्ता का सुख भोगना चाहती हैं, जनता की सेवा नहीं करना चाहती। कांग्रेस में न दिशा है न नेता हैं।
सोनिया गांधी को रिपोर्ट सौंपेंगे माकन-खड़गे
गहलोत समर्थक विधायकों को अजय माकन और मल्लिकार्जुन खड़गे ने बहुत मनाने का प्रयास किया लेकिन वो अकेले बात करने को तैयार नहीं हुए। ऐसे में माकन ने कहा कि अब दिल्ली जाकर सोनिया गांधी को पूरे घटनाक्रम की विस्तृत रिपोर्ट सौेंपेंगे।