फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Parliament Live: चीन के साथ सीमा विवाद को लेकर विपक्ष का हंगामा, लोकसभा की कार्यवाही पूरे दिन के लिए स्थगित

Thu, 22 Dec 2022 10:46 PM IST
संजीव कुमार झा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

संसद के शीतकालीन सत्र के 12 दिन भी हंगामा जारी है क्योंकि विपक्ष चीन के मुद्दे पर चर्चा की अपनी मांग पर अभी भी अड़ा हुआ है। वहीं कोरोना संक्रमण पर देश को संदेश देने के लिए आज दोनों सदनों के सभापति मास्क लगाकर संसद पहुंचे। इसके अलावा केंद्र तमिलनाडु, हिमाचल और कर्नाटक में एसटी सूची को संशोधित करने के लिए राज्यसभा में तीन विधेयक पेश करेगा। संसद के पल-पल के अपडेट से जुड़े रहने के लिए बने रहें अमर उजाला के साथ...
विज्ञापन
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया - फोटो : संसद टीवी
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:46 PM, 22-Dec-2022

घरेलू हिंसा कानून के प्रावधानों में लिव-इन रिलेशनशिप शामिल
केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के फैसलों का हवाला देते हुए गुरुवार को राज्यसभा में कहा कि लिव-इन रिलेशनशिप भी घरेलू हिंसा कानून के प्रावधानों के तहत आते हैं। इन्हें शादी की तरह की माना जाएगा। कानून मंत्री किरेन रिजिजू से पूछा गया था कि क्या सरकार की लिव-इन रिलेशनशिप को पंजीकृत करने और ऐसे रिश्तों में शामिल लोगों के लिए सुरक्षा प्रदान करने की कोई योजना है। यह भी पूछा गया था कि क्या सरकार समलैंगिक लिव-इन रिलेशनशिप को मान्यता देने का इरादा रखती है।

रिजिजू ने लिखित जवाब में कहा कि जहां तक लिव-इन रिलेशनशिप में लोगों की सुरक्षा का संबंध है, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम, 2005 महिलाओं के अधिकारों की सुरक्षा का प्रावधान करता है, जो परिवार के भीतर, उनसे जुड़े या प्रासंगिक मामलों में होने वाली किसी भी प्रकार की हिंसा की शिकार हैं। उन्होंने कहा कि नवतेज सिंह जौहर और अन्य बनाम भारत सरकार तथा अन्य मामले में, सुप्रीम कोर्ट ने माना कि वयस्कों की सहमति से निजी तौर पर यौन संबंध संवैधानिक हैं।

06:27 PM, 22-Dec-2022

सभापति धनखड़ ने सोनिया गांधी की टिप्पणी को अशोभनीय बताया 
उप-राष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने न्यायपालिका को लेकर पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की टिप्पणी को अशोभनीय करार दिया है। सोनिया गांधी ने कहा था कि सरकार न्यायिक सुधार के बहाने न्यायपालिका को कमजोर करना चाहती है। संसद के उच्च सदन में बोलते हुए धनखड़ ने कहा कि न्यायपालिका को लेकर सोनिया गांधी का बयान उनकी समझ और सोच से परे है। उन्होंने कहा कि पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष की टिप्पणी पूरी तरह अनुचित है, जो लोकतंत्र में विश्वास की कमी का संकेत देती है।

06:01 PM, 22-Dec-2022

कॉलेजियम प्रणाली पर सरकार ने कही यह बात
सरकार ने राज्यसभा में कहा कि न्यायाधीशों की नियुक्ति की प्रणाली में सुधार लाए जाने के अनुरोध के साथ ही सुप्रीम कोर्ट एवं हाईकोर्ट में न्यायाधीशों की नियुक्ति की कॉलेजियम प्रणाली में पारदर्शिता, वस्तुनिष्ठता और सामाजिक विविधता के अभाव के संबंध में विभिन्न स्रोतों से अभ्यावेदन प्राप्त हुए हैं। विधि एवं न्याय मंत्री किरेन रिजिजू ने एक सवाल के लिखित जवाब में राज्यसभा को यह जानकारी दी।

विज्ञापन
05:58 PM, 22-Dec-2022

यूट्यूब के 104 चैनल और 6 वेबसाइट के खिलाफ कार्रवाई: अनुराग ठाकुर
सरकार ने गुरुवार को राज्यसभा में कहा कि देश के खिलाफ मुहिम चलाने वाले और समाज में भ्रम एवं भय फैलाने को लेकर यूट्यूब के 104 चैनलों के साथ ही ट्विटर के पांच अकाउंट और छह वेबसाइट के खिलाफ आईटी कानून के तहत कार्रवाई की गई है। सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने उच्च सदन में प्रश्नकाल के दौरान पूरक सवालों के जवाब में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में अब तक यूट्यूब के 104 चैनल, 45 वीडियो, फेसबुक के चार अकाउंट और दो पोस्ट, इंस्टाग्राम के तीन व ट्विटर के पांच अकाउंट और छह वेबसाइट के खिलाफ कार्रवाई की गई है।

05:57 PM, 22-Dec-2022

इस विधेयक को संसद से मंजूरी
संसद ने तमिलनाडु की दो जातियों को अनुसूचित जनजाति की सूची में डालने के प्रावधान वाले ‘संविधान (अनुसूचित जनजातियां) आदेश (दूसरा संशोधन) विधेयक, 2022’ को मंजूरी प्रदान कर दी। राज्यसभा ने गुरुवार को इस विधेयक को मंजूरी दे दी। लोकसभा में यह विधेयक पिछले सप्ताह पारित हो चुका है।

विज्ञापन
05:57 PM, 22-Dec-2022

बड़े बाड़े में छोड़े गए सभी आठ चीते...
पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने राज्यसभा को बताया कि नामीबिया से भारत लाए गए सभी आठ चीतों को कूनो नेशनल पार्क के बड़े बाड़े में छोड़ दिया गया है। अब कोई भी चीता क्वारंटाइन में नहीं है। इन चीतों में कोई स्वास्थ्य समस्या नहीं पाई गई है। 

उन्होंने कहा कि 'प्रोजेक्ट टाइगर' योजना के तहत पांच साल के लिए 38.7 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं, इसके अलावा चीतों के प्रबंधन और रखरखाव के लिए 29.47 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता जारी की गई है। उन्होंने कहा कि चीतों के लिए शुरुआती कार्य योजना के अनुसार, हर साल जानवरों की उपलब्धता और पेश किए गए चीतों की स्थिति के आधार पर, अगले पांच वर्षों के दौरान दक्षिण अफ्रीका और नामीबिया या अन्य अफ्रीकी देशों से 12-14 व्यक्तियों को लाने का प्रस्ताव है।

05:43 PM, 22-Dec-2022

राहुल जिंदगी भर यात्रा करें, मगर कोविड नियमों का पालन करें...
कोविड महामारी की नई लहर की आशंका के बीच राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा स्थगित करने की मांग उठ रही है। इस पर केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने कहा कि आज संसद में सभी सांसद मास्क लगाकर आए क्योंकि आसपास के देशों को देखकर भारत सरकार ने जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि हम राहुल गांधी की यात्रा से डर नहीं रहे हैं। वह जिंदगी भर यात्रा करते रहें, मगर कोरोना के नियमों का पालन करें।

05:33 PM, 22-Dec-2022

चीन के साथ सीमा विवाद पर विपक्ष की चर्चा की मांग को लेकर आज पूरे दिन लोकसभा में गतिरोध बना रहा। विपक्षी सदस्यों के हंगामे और नारेबाजी के चलते लोकसभा की कार्यवाही पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गई। इससे पहले सदन की कार्यवाही चार बार स्थगित हो चुकी थी।

05:29 PM, 22-Dec-2022

गुमनाम नकद चुनावी चंदे पर रोक लगाने के प्रस्ताव पर विचार जारी
केंद्र सरकार ने गुरुवार को राज्यसभा को बताया कि व्यक्तिगत गुमनाम राजनीतिक चंदे की मौजूदा सीमा 20,000 रुपये को घटाकर दो हजार रुपये करने के चुनाव आयोग के प्रस्ताव पर विचार किया जा रहा है। एक सवाल पर कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने यह उत्तर दिया। राज्यसभा में पूछा गया था कि क्या चुनाव आयोग ने गुमनाम राजनीतिक चंदे को 20,000 रुपये से घटाकर 2,000 रुपये करने और नकद चंदे की सीमा 20 प्रतिशत या अधिकतम 20 करोड़ रुपये करने का प्रस्ताव दिया है।

इसी साल सितंबर में, चुनाव आयोग ने काले धन का इस्तेमाल चुनावी चंदे के रूप में करने से रोकने के लिए गुमनाम राजनीतिक चंदे को 20,000 रुपये से घटाकर 2,000 रुपये करने और नकद चंदे को 20 प्रतिशत या अधिकतम 20 करोड़ रुपये करने का प्रस्ताव दिया था। मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) राजीव कुमार ने कानून मंत्री रिजिजू को पत्र लिखकर जनप्रतिनिधित्व अधिनियम में कई संशोधनों की सिफारिश की थी।

04:42 PM, 22-Dec-2022

विपक्ष के हंगामा के चलते चौथी बार स्थगित हुई लोकसभा की कार्यवाही
चीन के साथ सीमा विवाद पर चर्चा की मांग को लेकर लोकसभा में विपक्ष का हंगामा जारी है। हंगामे के कारण आज लोकसभा की कार्यवाही चौथी बार स्थगित करनी पड़ी। तीन बार के स्थगन के बाद शाम चार बजे सदन की कार्यवाही फिर से शुरू हुई, लेकिन विपक्षी सांसदों ने फिर से नारेबाजी शुरू कर दी।

इससे पहले, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने कोविड की स्थिति और सरकार की तैयारियों पर सदन में बयान दिया। इस दौरान विपक्षी सांसद नारेबाजी करते रहे और जरूरी मुद्दों पर बहस की मांग की। कार्यवाही की अध्यक्षता कर रहे किरीट सोलंकी ने सदन को सुचारू रूप से चलाने का अनुरोध किया, लेकिन विपक्षी सदस्यों ने इस अस्वीकार कर दिया। इसके बाद सदन को शाम 4.30 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।

04:25 PM, 22-Dec-2022

कोविड दिशा-निर्देशों का पालन करें राहुल गांधी
कांग्रेस के 'भारत जोड़ो यात्रा' रोकने से इनकार करने पर संसद भवन में भाजपा सांसद अरुण सिंह ने कहा कि हमने राजस्थान में अपनी 'जन आक्रोश यात्रा' रोक दी। राहुल गांधी को भी कोविड-19 दिशा-निर्देशों का पालन करना चाहिए, क्योंकि लोगों की सुरक्षा सबसे जरूरी है।

04:14 PM, 22-Dec-2022

प्रह्लाद जोशी ने विपक्षी सांसदों के मास्क न पहनने की निंदा की
संसद में मास्क पहनने के निर्देश पर केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि आज सदन अध्यक्ष ने अनुरोध किया था कि कोविड की स्थिति देखते हुए सभी सांसद मास्क पहन कर आएं, लेकिन विपक्ष ने ऐसा नहीं किया। ये उनकी मानसिकता दिखाता है। हम इसकी निंदा करते हैं। हम अनुरोध करते हैं कि सदन अध्यक्ष का सम्मान करने की परंपरा को वे आगे बढ़ाएं। 

विपक्ष के हंगामा पर संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि आज राज्यसभा में भारत-चीन सीमा पर चर्चा के लिए विपक्ष ने हंगामा खड़ा किया। जब सदन अध्यक्ष ने कहा कि सदन के नेता और विपक्ष के नेता मेरे कैबिन में आएं बातचीत करते हैं। तब मल्लिकार्जुन खरगे ने अहंकार के साथ इसे ठुकरा दिया। हम इसकी निंदा करते हैं।

04:08 PM, 22-Dec-2022

पीएम मोदी की गुजरात में रैलियों पर क्यों रोक नहीं लगी?
कोविड की नई लहर की आशंका के बीच कांग्रेस की 'भारत जोड़ो यात्रा' स्थगित करने की मांग पर पार्टी सांसद अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि आज जब राहुल गांधी पदयात्रा करते हुए दिल्ली में आ रहे हैं तब उनको ओमिक्रॉन दिख रहा है। ओमिक्रॉन के मामले अगस्त से सामने आ रहे हैं। तब पीएम मोदी की गुजरात चुनाव में रैलियों पर क्यों रोक नहीं लगी? मिलेट लंच क्यों हुआ? सदन बिना मास्क क्यों चला? 

03:06 PM, 22-Dec-2022

सरकार ने कोरोना पर राजनीति नहीं की: राज्यसभा में बोले मनसुख मंडाविया

स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने राज्यसभा में भी कोरोना की स्थिति पर बयान दिया। मांडविया ने कहा कि हमने कोविड पर कोई राजनीति नहीं की है। देशभर के बड़े अस्पतालों में ऑक्सीजन प्लांट लगाए गए हैं और चलाए जा रहे हैं। हमने देश में पर्याप्त मात्रा में दवाओं की समीक्षा की है।

02:08 PM, 22-Dec-2022

कोरोना महामारी अभी खत्म नहीं हुई है: स्वास्थ्य मंत्री मंडाविया

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने कोरोना की ताजा स्थिति को लेकर लोकसभा में अपना बयान जारी किया है। उन्होंने कहा कि जापान, चीन, दक्षिण कोरिया समेत कई देशों में कोरोना के केसों और मौतों में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय कोरोना से खराब होती स्थिति को देखते हुए पहले से ही कदम उठाना शुरू कर चुकी है। तकनीकी सहायता के अलावा भारत सरकार ने एनडीआरएफ, आयुष्मान योजना और अन्य सरकारी योजनाओं के जरिए कोरोना का सामना करने की तैयारी की है। कोरोना से निपटने के लिए भारत में अब तक कोरोना के 220 करोड़ से ज्यादा टीके लग चके हैं। राज्यों को कोविड से सहायता के लिए मदद दी जा रही है। उन्हें जीनोम सीक्वेंसिंग बढ़ाकर कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग की सलाह दी गई है।

एयरपोर्ट पर विदेश से भारत आने वाले लोगों की आरटीपीसीआर जांच शुरू
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने बताया कि हमने अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर विदेश से भारत आने वाले लोगों की रैंडम आरटीपीसीआर जांच करना शुरू कर दिया है। हम महामारी से निपटने के लिए प्रतिबद्ध हैं और उचित कदम उठा रहे हैं।

मास्क, सैनिटाइजर को फिर से उपयोग में लाएं
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया लोकसभा में कहा कि त्योहारी और नए साल के मौसम के मद्देनजर, राज्यों को सलाह दी जाती है कि वे एहतियाती खुराक के लिए जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ लोगों को मास्क पहनना, सैनिटाइजर का उपयोग करना और सामाजिक दूरी बनाए रखना सुनिश्चित करें।

राज्यों को जीनोम-सीक्वेंसिंग बढ़ाने की सलाह
लोकसभा में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा कि हम वैश्विक कोविड स्थिति पर नजर रख रहे हैं और उसी के अनुसार कदम उठा रहे हैं। कोविड-19 के नए प्रकार की समय पर पहचान करने के लिए राज्यों को जीनोम-सीक्वेंसिंग बढ़ाने की सलाह दी जाती है। 

कोरोना के खिलाफ लड़ाई में राज्यों को वित्तीय सहायता प्रदान
लोकसभा में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा कि कोरोना महामारी के प्रबंधन में स्वास्थ्य विभाग काफी सक्रिय रहा है। केंद्र सरकार ने महामारी के खिलाफ लड़ाई में राज्यों को वित्तीय सहायता प्रदान की है। अब तक 220 करोड़ कोविड वैक्सीन शॉट दिए जा चुके हैं।  

पिछले कुछ दिनों से दुनिया में कोरोना के मामले बढ़ रहे
 स्वास्थ्य मंत्री  मंडाविया ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से दुनिया में कोविड के मामले बढ़ रहे हैं लेकिन भारत में मामले कम हो रहे हैं। हम चीन में बढ़ते कोविड मामलों और इससे होने वाली मौतों को देख रहे हैं।

01:25 PM, 22-Dec-2022

कोरोना की ताजा स्थिति पर दोनों सदनों में बयान देंगे स्वास्थ्य मंत्री मंडाविया

कोरोना की ताजा स्थिति पर अहम जानकारी देने के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया आज संसद के दोनों सदनों में अपना बयान देंगे। दोपहर दो बजे वे लोकसभा को संबोधित करेंगे तो दोपहर ढाई बजे राज्यसभा को संबोधित करेंगे।

01:06 PM, 22-Dec-2022

राज्यसभा में मास्क लगाकर पहुंचे पीएम मोदी

राज्यसभा की कार्यवाही में भाग लेने के लिए पीएम नरेंद्र मोदी और कई अन्य सांसद मास्क पहनकर पहुंचे हैं। वहीं चीन से तनाव के मुद्दे पर चर्चा को लेकर लोकसभा की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

12:15 PM, 22-Dec-2022

विपक्षी सांसदों ने किया राज्यसभा से वॉकआउट

चीन के मुद्दे पर चर्चा की मांग और बिहार के खिलाफ केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल की टिप्पणी को लेकर विपक्षी सांसद राज्यसभा से वॉकआउट कर गए। इससे पहले पीयूष गोयल ने कांग्रेस को 1962 युद्ध की याद दिलाकर घेरने की कोशिश की।

11:37 AM, 22-Dec-2022

संसद में मास्क लगाकर पहुंचे दोनों सभापति

कोरोना संक्रमण पर देश को संदेश देने के लिए आज दोनों सदनों के सभापति मास्क लगाकर संसद पहुंचे। उनके अलावा भाजपा और विपक्ष के कई सांसद भी मास्क लगाए नजर आए।

11:21 AM, 22-Dec-2022

लोकसभा दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित

 सदन में हंगामे के बीच लोकसभा दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।

11:15 AM, 22-Dec-2022

संसद में इन नेताओं ने दिया नोटिस

  • कांग्रेस सांसद रंजीत रंजन ने चीन के साथ सीमा की स्थिति पर चर्चा के लिए राज्यसभा में नियम 267 के तहत सस्पेंशन ऑफ बिजनेस नोटिस दिया।
  • तमिल मनीला कांग्रेस (मूपनार) के सांसद जीके वासन ने देश में मैला ढोने की प्रथा को खत्म करने की आवश्यकता" पर चर्चा करने के लिए राज्यसभा में शून्यकाल नोटिस दिया।
  • अनिल देसाई, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) सांसद ने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) की दीवारों पर जातिवादी टिप्पणी के मुद्दे पर राज्यसभा में शून्यकाल नोटिस दिया।
  • आप सांसद राघव चड्ढा ने नियम 267 के तहत राज्यसभा में कोरोना से आसन्न खतरे और इससे निपटने के लिए सरकार की तैयारी पर चर्चा के लिए सस्पेंशन ऑफ बिजनेस नोटिस दिया।

11:05 AM, 22-Dec-2022

खरगे की अन्य विपक्षी नेताओं के साथ बैठक, चीन के मुद्दे पर चर्चा

केंद्र सरकार को घेरने की रणनीति पर चर्चा करने के लिए विपक्षी दलों के नेताओं ने संसद में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के चैंबर में विपक्ष के नेता से मुलाकात की। इसबैठक में सदन में चीन के साथ सीमा के मुद्दे को उठाने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है।

11:04 AM, 22-Dec-2022

एसटी सूची को संशोधित करने के लिए राज्यसभा में तीन विधेयक पेश करेगी सरकार

 केंद्र सरकार आज तमिलनाडु, हिमाचल और कर्नाटक में एसटी सूची को संशोधित करने के लिए राज्यसभा में तीन विधेयक पेश करेगी।

10:55 AM, 22-Dec-2022

Parliament Live: चीन के साथ सीमा विवाद को लेकर विपक्ष का हंगामा, लोकसभा की कार्यवाही पूरे दिन के लिए स्थगित

संसद के शीतकालीन सत्र का 12वां कार्य दिवस भी हंगामेदार रहने की उम्मीद है क्योंकि विपक्ष चीन के मुद्दे पर चर्चा की अपनी मांग पर अड़ा है। विपक्ष भारत जोड़ो यात्रा में कोविड प्रोटोकॉल पालन करने को लेकर भी सरकार को घेर सकता है। इसके अलावा केंद्र तमिलनाडु, हिमाचल और कर्नाटक में एसटी सूची को संशोधित करने के लिए राज्यसभा में 3 विधेयक पेश करेगा। संसद के पल-पल के अपडेट से जुड़े रहने के लिए बने रहें अमर उजाला के साथ...

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें