06:43 PM, 19-Dec-2022
5जी सेवा के लिए स्थापित हुए 20,980 बेस स्टेशन : संचार राज्य मंत्री
संचार राज्य मंत्री देवु सिंह चौहान ने संसद को बताया कि दूरसंचार सेवा प्रदाताओं (टीएसपी) ने देश में 5जी सेवाएं प्रदान करना शुरू कर दिया है और इस साल 26 नवंबर तक 14 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कुल 20,980 बेस स्टेशन सेवाएं स्थापित की जा चुकी हैं।
भाजपा के राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी द्वारा 5जी टावरों पर पूछे गए सवाल पर लिखित जवाब में मंत्री ने कहा, टीएसपी प्रति सप्ताह औसतन करीब 2,500 बेस स्टेशन स्थापित कर रहे हैं। उन्होंने 16 दिसंबर को अपने जवाब में कहा, दिल्ली में सबसे अधिक 5जी बेस स्टेशन 5,829 स्टेशन (938 एयरटेल, 4,891 रिलायंस जिओ) स्थापित किए गए हैं। इसके बाद महाराष्ट्र में कुल 4,051 बेस स्टेशन स्थापित किए गए हैं। दूरसंचार सेवा प्रदाताओं ने 1 अक्तूबर, 2022 से देश में 5जी सेवाएं प्रदान करना शुरू कर दिया है। 26 नवंबर, 2022 तक 14 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में 20,980 बेस स्टेशन स्थापित किए गए हैं।