फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

West Bengal Panchayat Election: पश्चिम बंगाल में पंचायत चुनाव संपन्न, मतदान के दौरान हिंसा में 12 लोगों की मौत

Sat, 08 Jul 2023 11:59 PM IST
कीर्तिवर्धन मिश्र न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोलकाता

खास बातें

पश्चिम बंगाल में हिंसा के बीच पंचायत चुनाव में 73 हजार से अधिक सीटों पर मतदान हुआ। मतदान को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। कलकत्ता हाईकोर्ट के आदेश के बाद पंचायत चुनाव के दौरान राज्य में केंद्रीय बलों की तैनाती की गई है। केंद्रीय बलों के साथ 19 राज्यों की सशस्त्र पुलिस भी बंगाल में तैनात है, जिन्हें चुनाव के दौरान सुरक्षा का जिम्मा सौंपा गया है।
विज्ञापन
पश्चिम बंगाल में हिंसा जारी। - फोटो : PTI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:55 PM, 08-Jul-2023

मतदान के दौरान हिंसा की घटनाओं में 12 लोगों की मौत

पश्चिम बंगाल में भारी हिंसा के बीच शनिवार को पंचायत चुनाव संपन्न हुए। इस दौरान राज्य भर से हिंसा की घटनाएं सामने आईं, जिसमें 12 लोगों की मौत हो गई। वहीं, मत पेटियों में तोड़फोड़ की गई और कई गांवों में प्रतिद्वंद्वियों पर बम फेंके गए। इससे पहले साल 2003 के पंचायत चुनाव में मतदान के दिन 40 से अधिक लोग मारे गए थे। शनिवार को अधिकारियों ने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में आधी रात के बाद से हुई हिंसा में सत्तारूढ़ टीएमसी के आठ और भाजपा, सीपीएम तथा कांग्रेस के एक-एक कार्यकर्ता सहित 12 लोगों की मौत हो गई।

बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने पंचायत चुनावों के दौरान राज्य भर में हिंसा की घटनाओं की निंदा की है। उन्होंने कहा कि स्थिति काफी चिंतित करने वाली है। बोस ने मतदान के दौरान उत्तर और दक्षिण 24 परगना जिलों में विभिन्न स्थानों का दौरा किया। उन्होंने कहा कि आम लोगों की शिकायतों के समाधान के लिए राजभवन में 'पीस होम' का आयोजन जारी रखेंगे।

11:20 PM, 08-Jul-2023

नदिया में हिंसक झड़प में टीएमसी समर्थक की मौत, 11 घायल 

नदिया जिले में पंचायत चुनाव के दौरान शनिवार को दो पार्टियों के सदस्यों के बीच हिंसक झड़प में तृणमूल कांग्रेस के एक कार्यकर्ता की मौत हो गई और 11 अन्य घायल हो गए। पुलिस अधिकारी ने बताया कि नदिया के छपरा ब्लॉक के अंतर्गत कल्याणदाहा में सत्तारूढ़ टीएमसी और कांग्रेस समर्थकों के बीच झड़प हुई। हिंसक झड़प में घायल टीएमसी समर्थक अमजद हुसैन को छपरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। टीएमसी विधायक रुकबानुर रहमान ने अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर हमले के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के गुंडों ने हमारे समर्थकों पर उस वक्त धारदार हथियारों से हमला किया, जब वे वोट डालने जा रहे थे। 

10:37 PM, 08-Jul-2023

बंगाल में हिंसा और हत्या हो रही है
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने कहा कि मैंने जमीन पर जो देखा है वह बहुत परेशान करने वाला है, वहां हिंसा और हत्या हो रही है। एक बात जो मैंने देखी है वह यह है कि गरीब लोग ही मारे जाते हैं, हत्यारे भी गरीब हैं। हमें गरीबी को खत्म करना चाहिए लेकिन इसके बजाय हम गरीबों को मार रहे हैं। बंगाल इसके लायक नहीं है।
 

विज्ञापन
10:35 PM, 08-Jul-2023

 भाजपा विधायक ने उठाए सवाल
पश्चिम बंगाल पंचायत चुनाव के दौरान हिंसा पर भाजपा विधायक अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि बूथों पर सीसीटीवी कैमरे नहीं थे, राज्य पुलिस भी मौजूद नहीं थी। आज 18 लोगों की हत्या कर दी गई है...हमने घटना के संबंध में राज्य चुनाव आयोग को लिखा है।
 

08:56 PM, 08-Jul-2023

चुनाव आयोग के दफ्तर पर लगाया ताला, दफ्तर के बाहर प्रदर्शन
देर शाम भाजपा के वरिष्ठ नेता और नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी राज्य चुनाव आयोग के दफ्तर पहुंचे। उनके साथ सैकड़ों समर्थक भी थे। इस दौरान उन्होंने और भाजपा के नेताओं ने हाथ पर काली पट्टी बांधकर मतदान के दौराई हुई हिस्सा का विरोध जाताया। इस दौरान शुभेंदु अधिकारी ने चुनाव आयोग के दफ्तार के बाहर गेट पर ताला लगा दिया और विरोध प्रदर्शन करने पर धरने पर बैठ गए।

विज्ञापन
07:56 PM, 08-Jul-2023

मजूमदार ने अमित शाह को लिखा पत्र
भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष डॉ. सुकांत मजूमदार ने केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर राज्य में पंचायत चुनाव के दौरान हिंसा के बाद लोकतंत्र बहाल करने का अनुरोध किया है।

07:55 PM, 08-Jul-2023

बीएसएफ ने कहा- संवेदनशील इलाकों की नहीं मुहैया कराई गई सूची
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने एक बयान में कहा कि उसने एसईसी को एक पत्र भेजा है। संवेदनशील बूथों के बारे में एसईसी का दरवाजा खटखटाने के बावजूद कोई जानकारी साझा नहीं की गई। इसके अलावा, जिन स्थानों पर राज्य पुलिस तैनात है, वहां भारी हिंसा की घटना हुई हैं। अगर संवेदनशील इलाकों की उचित सूची मुहैया कराई गई होती तो केंद्रीय बलों की तैनाती आसान हो जाती।

07:51 PM, 08-Jul-2023

व्यक्ति के सिर लगा बम, मृत होने की आशंका: एसडीपीओ
दक्षिण 24 परगना जिले के फूल मलांचा में कथित विस्फोट पर उप-विभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) दिबाकर दास ने कहा, "एक व्यक्ति के मृत होने का संदेह है और डॉक्टरों द्वारा अभी तक मृत घोषित नहीं किया गया है। बम पीड़ित के सिर पर लगा।

07:48 PM, 08-Jul-2023

पुरुलिया में मतदान केंद्र पर बैलेट बॉक्स में डाला गया पानी
इस दौरान, पुरुलिया एक नंबर ब्लाक का अंतर्गत गाड़ाफुसड़ा जूनियर हाई स्कूल का 16 नंबर मतदान केंद्रों में एक व्यक्ति ने बैलट बॉक्स में पानी डाल दिया। इस घटना के बाद मौके पर पुलिस फोर्स भी पहुंची। जांच के लिए वे सीसी कैमरा लेकर लेकर गए। जांच पड़ताल के बाद चुनाव आयोग ने इस मतदान केंद्र में मतदान की प्रक्रिया को स्थगित कर दिया है।

06:42 PM, 08-Jul-2023

रविशंकर प्रसाद ने पूछा- कोई चुनाव होगा तो लाश गिरना जरूरी है क्या?
भाजपा के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा, "बंगाल में आज जो पंचायत चुनाव हो रहे हैं, उसमें हिंसा का तांडव हो रहा है। अभी तक एक दर्जन से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं और बड़ी संख्या में लोग घायल हैं। ममता जी आपने अपने बंगाल को कहां पहुंचा दिया? एक समय बंगाल लोकतंत्र की जननी थी। राष्ट्रीय जागरण का केंद्र था। सुभाष चंद्र बोस, रवींद्र नाथ टैगोर और ईश्वर चंद्र विद्यासागर का बंगाल...कोई चुनाव होगा तो लाश गिरना जरूरी है क्या?"

06:41 PM, 08-Jul-2023

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पश्चिम बंगाल में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी और भाजपा के राज्य प्रभारी मंगल पांडे के साथ फोन पर चुनावी हिंसा को लेकर बातचीत की। 

05:11 PM, 08-Jul-2023

भाजपा ने  राज्य चुनाव आयोग पर लगाया आरोप
भाजपा नेता राहुल सिन्हा ने दावा किया कि राज्य चुनाव आयोग (एसईसी) तृणमूल कांग्रेस सरकार के निर्देश के अनुसार काम कर रहा है और यह अपने कर्तव्यों का पूरी तरह से निर्वहन करने में विफल रहा है। उन्होंने कहा, 'आज जिस तरह से वे मतदान करा रहे हैं, उससे यह स्पष्ट है। कई बूथों पर केंद्रीय बल नहीं हैं, जबकि कुछ में राज्य पुलिस भी नदारद है। मेरे पास तस्वीरें और वीडियो हैं जहां सीसीटीवी तारों से भी जुड़े नहीं थे। इससे वास्तव में उपद्रवियों को हिंसा करने में मदद मिली।'

05:11 PM, 08-Jul-2023

टीएमसी ने जारी किया बयान

तृणमूल कांग्रेस ने एक बयान में कहा कि आठ जून को पंचायत चुनाव की घोषणा होने के बाद से 27 लोगों की मौत हुई है और उनमें से 17 तृणमूल से हैं, जो कुल मौतों का 60 फीसदी से अधिक है।उन्होंने कहा, 'अगर तृणमूल वास्तव में हिंसा भड़का रही होती, जैसा कि मीडिया आरोप लगा रहा है, तो उनके अपने कार्यकर्ताओं को निशाना क्यों बनाया जाएगा और उनकी हत्या क्यों की जाएगी? विपक्ष ने हार मान ली है और अब मीडिया में अपने सहयोगियों का इस्तेमाल करते हुए इस कहानी को आकार देने की कोशिश कर रहा है कि हिंसा ने चुनाव को कैसे प्रभावित किया।' बयान में कहा गया है कि पूरे पश्चिम बंगाल में 60,000 से अधिक बूथ हैं, लेकिन केवल 60 बूथों पर मतदान प्रक्रिया के दौरान व्यवधान देखा गया।

04:53 PM, 08-Jul-2023

पश्चिम बंगाल पंचायत चुनाव के दौरान कूच बिहार ज़िले में दिनहाटा के बारानाचिना में एक मतदान केंद्र पर कथित तौर पर फर्जी मतदान से नाराज मतदाताओं ने मतपेटी में आग लगा दी।

03:15 PM, 08-Jul-2023

मतदान शुरू होने के बाद पहली बार बोले चुनाव आयुक्त  
चुनाव आयुक्त राजीव सिन्हा ने कहा कि जो भी शिकायत आ रही हैं, उस पर तुरंत कार्रवाई कर रहे हैं। कुछ जगह अशांति की खबरें आ रही हैं। हाईकोर्ट के निर्देशानुसार ही हमने केंद्रीय बलों की तैनाती की है। हमारे कंट्रोल रूम चौबीस घंटे काम कर रहे हैं। हर शिकायत पर तुरंत एक्शन लिया जा रहा है।

02:44 PM, 08-Jul-2023

गुंडों के बल पर चुनाव जीतना चाहती है टीएमसी: सुकांत मजूमदार

बंगाल भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और बालूरघाट से भाजपा के सांसद सुकांत मजूमदार को धमकी दी गई है। उन्होंने कहा, मुझे धमकी दी गई।  सुरक्षाबलों ने भीड़ से बचाया। सुकांत मजूमदार ने कहा, मुझे धमकी दी गई। तृणमूल गुंडों के बल पर चुनाव जीतना चाहती है।

02:25 PM, 08-Jul-2023

रघुनाथ गंज में बम धमाके, लोगों में दहशत

पंचायत चुनाव के बीच बंगाल रणक्षेत्र में तब्दील हो गया है। यहां के रघुनाथ गंज में लगातार बम धमाकों की आवाज सुनी जा रही है, जिससे लोगों में दहशत है। बालुरघाट के गंगाधरपुर में भाजपा और तृणमूल कार्यकर्ताओं में हाथापाई हुई है, जिसके बाद बालुरघाट के सांसद और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार को सुरक्षा अधिकारियों ने अपनी सुरक्षा में ले लिया गया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि राज्य में पूरी तरह गुंडागर्दी चल रही है।

02:00 PM, 08-Jul-2023

पंचायत चुनाव में भारी हिंसा के बीच मतदान, 12 की मौत

पश्चिम बंगाल में पंचायत चुनाव का मतदान भारी हिंसा के बीच जारी है। पूरे राज्य भर से जगह-जगह हिंसा, आगजनी, पथराव की खबरें आ रही हैं। राज्य में शनिवार सुबह सात बजे पंचायत चुनाव शुरू होने के बाद से दोपहर तक नौ लोगों की मौत हो चुकी है और मध्यरात्रि से चुनाव संबंधी कथित हिंसा में तीन अन्य लोगों की मौत हुई थी। ऐसे में पंचायत चुनावों के दौरान 12 लोगों की मौत हो चुकी है। मरने वालों में पांच टीएमसी और एक-एक भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता शामिल हैं। उनके अलावा हिंसा में निर्दलीय पार्टी के समर्थकों की भी मौत हुई है। पढ़ें पूरी खबर...

01:43 PM, 08-Jul-2023

कांग्रेस नेता ने HC से पंचायत चुनाव को अमान्य घोषित करने की मांग की

कांग्रेस नेता कौस्तव बागची ने कलकत्ता उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश को ज्ञापन देकर उस याचिका पर तत्काल सुनवाई करने का अनुरोध किया है जिसमें पश्चिम बंगाल में हिंसा और हत्याओं के कारण शनिवार को होने वाले पंचायत चुनावों को अमान्य घोषित करने की मांग की गई है। पढ़ें पूरी खबर..

01:20 PM, 08-Jul-2023

दिनहाटा में बैलट बॉक्स पर फेंका गया पानी

पश्चिम बंगाल के कूच बिहार स्थित दिनहाटा में इंद्रेश्वर प्राइमरी स्कूल में बनाए गए मतदान केंद्र में अचानक ही मतदान रोकने की नौबत आ गई। यहां उपद्रवियों ने एक बैलट बॉक्स पर ही पानी फेंक दिया। इसके बाद चुनाव अधिकारियों ने एहतियातन मतदान रुकवाया।

12:50 PM, 08-Jul-2023

कूच बिहार में नाराज मतदाताओं ने मतपेटी फूंकी

पश्चिम बंगाल पंचायत चुनाव के दौरान कूच बिहार ज़िले में दिनहाटा के बारानाचिना में एक मतदान केंद्र पर कथित तौर पर फर्जी मतदान से नाराज मतदाताओं ने मतपेटी में आग लगा दी।

12:15 PM, 08-Jul-2023

सुवेंदु अधिकारी ने डाला वोट

भाजपा नेता और बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम में अपना वोट डाला। 

11:55 AM, 08-Jul-2023

पश्चिम बंगाल पंचायत चुनाव पर केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का भी बयान आया है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में पूरी व्यवस्था असंवैधानिक कामों में लग चुकी है। वहां की सरकार ना तो राज्यपाल के आदेश का सम्मान करती है और ना ही हाई कोर्ट के आदेश का। जब स्थानीय पुलिस और प्रशासन खुद ही पक्षपाती हो जाए और राजनीतिक दृष्टि से काम करे तो इसे संवैधानिक व्यवस्था नहीं कहा जाता है। लोकतंत्र में हिंसा के लिए कोई स्थान नहीं है मगर वहां की सरकार जनाधार खो चुकी है और इसी डर में वो हिंसक प्रवृत्ति अपना रहे हैं।

11:26 AM, 08-Jul-2023

हिंसा के लिए ममता बनर्जी जिम्मेदार: सुवेंदु अधिकारी

पश्चिम बंगाल में जारी हिंसा के बीच विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने कह है कि राज्य में गुंडों और पुलिस की मिलीभगत है इसलिए इतनी हत्या हो रही हैं। ममता बनर्जी हिंसा के लिए ज़िम्मेदार हैं।

11:00 AM, 08-Jul-2023

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने पंचायत चुनाव के बीच उत्तर 24 परगना जिले का दौरा किया। उन्होंने कहा कि मैं सुबह से ही फील्ड में हूं... लोगों ने मेरे काफिले को रोककर मुझसे बात की। उन्होंने, उनके आस-पास हो रही घटनाओं के बारे में बताया। लोगों ने बताया कि गुंडे उन्हें मतदान केंद्र तक नहीं जाने दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि आसपास हत्याएं हो रही हैं... ये चिंता का विषय है...चुनाव बैलेट बॉक्स से होना चाहिए, बुलेट से नहीं।

10:41 AM, 08-Jul-2023

बंगाल हिंसा पर आया भाजपा नेता का बयान

भाजपा नेता राहुल सिन्हा ने कहा बंगाल में जारी हिंसा पर कहा कि जब चुनाव आयोग और राज्य सरकार मिलकर निर्णय ले लें कि सत्तारूढ़ टीएमसी चुनाव में लूट करें, तो अब जो हो रहा है वह हो रहा है। केंद्रीय बल यहां आए लेकिन उन्हें बूथों पर नहीं भेजा गया। ऐसी स्थिति बनाई गई कि पूरे चुनाव में लूट हो जाए... अभी तक 4 लोगों की मृत्यु हो गई है। एक तो TMC के अंदर ही लड़ाई है और दूसरा TMC के लोग बीजेपी और अन्य पार्टियों पर हमला कर रही है... हम इसे जनता का चुनाव नहीं कह सकते।

10:18 AM, 08-Jul-2023

मतदान केंद्र पर उपद्रवियों ने देर रात किया हमला

कूच बिहार के सीताई में मतदान केंद्र में हुई तोड़फोड़ को लेकर प्रथम मतदान पदाधिकारी अशोक राय का बयान आया है। उन्होंने कहा कि कल रात 2 बजे एक दल के कुछ लोग आए और बैलेट बॉक्स में पानी डाला। इसके बाद सुबह 7 बजे एक अन्य दल के लोग आए और उन्होंने यहां पर तोड़फोड़ की।

09:50 AM, 08-Jul-2023

भाजपा उम्मीदवार का आरोप- टीएमसी के गुंडों ने मुझ पर बम फेंका

पश्चिम बंगाल पंचायत चुनाव के दौरान कूचबिहार के फलीमारी ग्राम पंचायत में एक मतदान केंद्र पर गुंडों के हमले में भाजपा उम्मीदवार के पोलिंग एजेंट माधव विश्वास की मौत हो गई। घायल होने के बाद उम्मीदवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, बूथ पर मतदान रोक दिया गया है। उम्मीदवार माया बर्मन ने बताया, "टीएमसी के गुंडों ने मेरे एजेंट पर बम फेंका और उसे मार दिया। उन्होंने मुझ पर भी हमला किया।"

09:35 AM, 08-Jul-2023

उत्तर 24 परगना के कदंबगाची ग्राम पंचायत के पिरगाचा में निर्दलीय प्रत्याशी के बूथ एजेंट की कथित तौर पर हत्या के बाद गांव के लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क पर प्रदर्शन किया।
 

09:12 AM, 08-Jul-2023

मुर्शीदाबाद के खारग्राम में 52 वर्षीय टीएमसी कार्यकर्ता सतेशुद्दीन शेख की हत्या के बाद से ही बवाल मचा है। शेख के शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है। इससे पहले कांग्रेस के एक कार्यकर्ता फूलचंद की पंचायत चुनाव के नामांकन के दौरान हिंसा में मौत हो गई थी।

08:42 AM, 08-Jul-2023

उत्तर 24 परगना में बूथ एजेंट की हत्या के बाद बवाल

पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना में कदंबगाची ग्राम पंचायत के पिरगाचा में निर्दलीय प्रत्याशी के बूथ एजेंट की कथित तौर पर हत्या के बाद गांव के लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क पर प्रदर्शन जारी हैं।

08:35 AM, 08-Jul-2023

मेदिनीपुर में मतदान का बहिष्कार कर रहे वोटर्स

पश्चिम बंगाल पंचायत चुनाव में मेदिनीपुर जिले के नंदीग्राम के ब्लॉक 1 के रहने वाले लोगों ने मतदान का बहिष्कार किया है। इन लोगों की मांग है कि महम्मदपुर के बूथ नंबर 67-68 पर केंद्रीय बल तैनात किए जाएं। इसके बाद ही वे मतदान के लिए जाएंगे।

08:11 AM, 08-Jul-2023

सीपीएम कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल बोस का काफिला रोका

पश्चिम बंगाल में पंचायत चुनाव के लिए मतदान हो रहे हैं। इस दौरान पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने उत्तर 24 परगना में मतदान केंद्रों का दौरा किया और मतदाताओं एवं उम्मीदवारों से बातचीत की। इस दौरान रास्ते में ही कुछ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीएम) के कार्यकर्ताओं ने उनके काफिले को रोक लिया। इसके बाद राज्यपाल ने उन सभी की चिंताओं को सुना।

07:54 AM, 08-Jul-2023

मतदान के दौरान कूच बिहार के सीताई में हिंसा

पश्चिम बंगाल पंचायत चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गए हैं। इस बीच कुछ अज्ञात उपद्रवियों ने कूच बिहार के सीताई में कथित तौर पर 6/130 बूथ, बरविटा प्राइमरी स्कूल में तोड़फोड़ की।

07:29 AM, 08-Jul-2023

मुर्शीदाबाद में भिड़े टीएमसी-भाजपा कार्यकर्ता

पश्चिम बंगाल के मुर्शीदाबाद में पंचायत चुनाव के लिए मतदान शुरू हुआ। राज्य में कुल 63,229 ग्राम पंचायत सीटों पर मतदान हो रहा है। 9,730 पंचायत समिति सीटों और 928 ज़िला परिषद सीटों पर चुनाव हो रहा है। खबर है कि मतदान से पहले ही राज्य में मुर्शीदाबाद में टीएमसी-भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई हैं। इस हिंसा में कई लोगों के घायल होने की बात सामने आई है। 

07:18 AM, 08-Jul-2023

West Bengal Panchayat Election: पश्चिम बंगाल में पंचायत चुनाव संपन्न, मतदान के दौरान हिंसा में 12 लोगों की मौत

पश्चिम बंगाल में हिंसा के बीच पंचायत चुनाव में 73 हजार से अधिक सीटों पर मतदान शुरू हो गया है। मतदान को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। कलकत्ता हाईकोर्ट के आदेश के बाद पंचायत चुनाव के दौरान राज्य में केंद्रीय बलों की तैनाती की गई है। केंद्रीय बलों के करीब 83 हजार जवानों की मतदान केंद्रों पर तैनाती की गई है। केंद्रीय बलों के साथ 19 राज्यों की सशस्त्र पुलिस भी बंगाल में तैनात है, जिन्हें चुनाव के दौरान सुरक्षा का जिम्मा दिया गया है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें