पश्चिम बंगाल की पानीहाटी विधानसभा सीट से एक भावनात्मक और अहम चुनावी नतीजा सामने आया है। भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार रत्ना देबनाथ, जो आरजी कर अस्पताल रेप पीड़िता की मां हैं, ने टीएमसी के तीर्थंकर घोष को 28,836 वोटों के बड़े अंतर से हराकर जीत दर्ज की।
ममता बनर्जी को भवानीपुर सीट से करारी हार का सामना करना पड़ा है। उनके प्रतिद्वंदी शुभेंदु अधिकारी ने उन्हें 15,114 वोटों के अंतर से पराजित कर दिया।
पश्चिम बंगाल के चुनावी नतीजों के बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह चुनाव नहीं बल्कि लूट है। भवानीपुर स्थित काउंटिंग सेंटर से बाहर निकलते हुए उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने 100 से ज्यादा सीटें गलत तरीके से हासिल की हैं। ममता ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाए और कहा कि उन्होंने राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज अग्रवाल से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने केंद्रीय बलों और केंद्र सरकार पर भी आरोप लगाते हुए कहा कि पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष नहीं रही, हालांकि उन्होंने भरोसा जताया कि उनकी पार्टी वापसी करेगी।
बहरामपुर सीट से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी को हार का सामना करना पड़ा। भाजपा उम्मीदवार शुभ्रत मैत्रा ने उन्हें 17,548 वोटों के अंतर से पराजित किया, जिससे इस सीट पर बड़ा राजनीतिक उलटफेर देखने को मिला।
पश्चिम बंगाल के भवानीपुर सीट से आ रही ताजा जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री ममता बनर्जी फिलहाल भाजपा उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी से पीछे चल रही हैं। शुरुआती रुझानों में शुभेंदु अधिकारी ने बढ़त बना ली है और ममता बनर्जी करीब 554 वोटों से पीछे बताई जा रही हैं।
पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत पर पूर्व भाजपा अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने प्रतिक्रिया देते हुए इसे जनता के विश्वास और बदलाव की जीत बताया है। जेपी नड्डा ने कहा कि यह परिणाम भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए भावनात्मक और ऐतिहासिक क्षण है। उनके अनुसार पश्चिम बंगाल में मिली यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और जनकल्याणकारी नीतियों पर जनता की मुहर है। उन्होंने कहा कि यह जनादेश राज्य में बदलाव की इच्छा को दर्शाता है। लोगों ने विकास और सुशासन के पक्ष में मजबूत फैसला लिया है। जेपी नड्डा ने इस जीत के लिए पार्टी के राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व सहित बूथ स्तर के सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी। साथ ही पश्चिम बंगाल की जनता का आभार भी व्यक्त किया गया।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव परिणामों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रतिक्रिया देते हुए जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया है। पीएम मोदी ने कहा कि 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव ऐतिहासिक रूप से याद किए जाएंगे। उनके अनुसार यह जनता की शक्ति की जीत है और सुशासन की राजनीति की सफलता का प्रतीक है। उन्होंने पश्चिम बंगाल की जनता को नमन करते हुए कहा कि लोगों ने भाजपा को मजबूत जनादेश दिया है।
प्रधानमंत्री ने आश्वासन दिया कि भाजपा जनता की आकांक्षाओं और सपनों को पूरा करने के लिए पूरी कोशिश करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी सभी वर्गों को अवसर और सम्मान देने वाली सरकार बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। पीएम मोदी ने भाजपा की इस जीत का श्रेय पार्टी कार्यकर्ताओं को देते हुए कहा कि यह सफलता वर्षों की मेहनत और संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमीन पर लगातार काम किया, कठिन परिस्थितियों का सामना किया और विकास के एजेंडे को जनता तक पहुंचाया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल के चुनावी नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए राज्य की जनता का आभार जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा कि बंगाल की जनता को कोटि-कोटि नमन। उनके अनुसार यह प्रचंड जनादेश भय, तुष्टीकरण और घुसपैठियों के समर्थकों के खिलाफ जनता का स्पष्ट संदेश है।
अमित शाह ने अपने बयान में कहा कि यह परिणाम TMC के भय के ऊपर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसे की जीत है। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए यह गर्व का समय है, क्योंकि गंगोत्री से लेकर गंगासागर तक पूरे बंगाल में पार्टी का भगवा ध्वज सम्मान के साथ लहरा रहा है।
ताजा आंकड़ों के मुताबिक-
पश्चिम बंगाल में चल रही मतगणना के बीच एक बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। चुनाव आयोग (ECI) ने तृणमूल कांग्रेस के महासचिव और लोकसभा सांसद अभिषेक बनर्जी को कोलकाता के हेस्टिंग्स स्थित मतगणना केंद्र में प्रवेश करने से रोक दिया है। बताया जा रहा है कि अभिषेक बनर्जी विधानसभा चुनावों में उम्मीदवार नहीं हैं, इसी वजह से आयोग ने यह सख्त कदम उठाया।
अभिषेक बनर्जी जब अपने सुरक्षा दल के साथ हेस्टिंग्स स्थित मतगणना केंद्र पहुंचे, उसी समय चुनाव आयोग की ओर से निर्देश जारी किए गए। इस आदेश में रिटर्निंग ऑफिसरों और ऑब्जर्वरों को कहा गया कि उन्हें परिसर में प्रवेश की अनुमति न दी जाए। इसकी पुष्टि मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) कार्यालय के एक अधिकारी ने भी की है।
दक्षिण कोलकाता की हाई-प्रोफाइल भवानीपुर विधानसभा सीट पर भी स्थिति चर्चा में रही। यहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी मतगणना केंद्र पहुंचे, लेकिन दोनों के पास मोबाइल फोन मौजूद थे। इस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए अधिकारियों ने CEO कार्यालय को सूचना दी, जिसने आगे चुनाव आयोग से संपर्क किया। बाद में चुनाव आयोग ने निर्देश दिया कि या तो दोनों नेता अपने मोबाइल फोन बाहर रखें या उन्हें जब्त किया जाए।
■ भगवानगोला से रेयत हुसैन सरकार ने 1,05,997 वोट हासिल कर 56,407 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। सभी 21 दौर की गणना के बाद यह परिणाम सामने आया।
■ मेटियाबुरुज से अब्दुल खालेक मोल्ला 1,24,230 वोटों के साथ 87,879 के बड़े अंतर से विजयी रहे। यहां सभी 11 दौर की गणना पूरी हुई।
■ कलिम्पोंग से भारत कुमार छेत्री ने 84,290 वोट हासिल कर 21,464 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। यह परिणाम 12 में से 12 दौर की गणना पूरी होने के बाद आया।
■ मेदिनीपुर से शंकर कुमार गुच्छैत 1,33,041 वोटों के साथ 38,747 के अंतर से विजयी रहे। यहां 21 में से 21 दौर की गणना पूरी हुई।
■ मोंटेश्वर से सैकत पांजा ने 96,559 वोट प्राप्त कर 14,798 मतों से जीत हासिल की। यह परिणाम 21 में से 21 दौर की गणना के बाद घोषित हुआ।
■ भतार से कारफा सौमेन 98,820 वोटों के साथ 6,528 के अंतर से जीते। यहां 14 में से 14 दौर की गणना पूरी हुई।
■ आसनसोल दक्षिण से अग्निमित्रा पॉल ने 1,19,582 वोट हासिल कर 40,839 मतों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की। यहां 15 दौर की गणना के बाद यह नतीजा घोषित हुआ।
बालुरघाट विधानसभा क्षेत्र से टीएमसी उम्मीदवार अर्पिता घोष ने कहा कि उनकी सीट से जो भी नतीजे सामने आ रहे हैं, वे तकनीकी खामी के कारण आ रहे हैं। उन्होंने कहा, जिस दिन मतदान हुआ तो मशीन में 98 फीसदी चार्ज था। लेकिन पूरे दिन मतदान के बाद यह घटकर 70 फीसदी से थोड़ा कम हो गया। लेकिन आज जब वही मशीन (ईवीएम) मतगणना केंद्र पर आई तो उसमें 92-95 फीसदी चार्ज दिख रहा है।
उन्होंने आगे कहा, हमने निर्वाचन अधिकारी को पत्र दिया है। अगर इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई तो हम अदालत जाएंगे। इस पर चुनाव आयोग से भी कोई जवाब नहीं मिला है। हमने पहले ही शिकायत दर्ज करा दी है।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सोमवार दोपहर भवानीपुर विधानसभा सीट के मतगणना केंद्र पहुंचीं। यह कदम तब उठाया गया, जब आरोप लगा कि तृणमूल कांग्रेस के एक मतगणना एजेंट को केंद्र से बाहर कर दिया गया। ममता बनर्जी लॉर्ड सिन्हा रोड स्थित सखावत स्मारक सरकारी बालिका विद्यालय पहुंचीं, जो इस सीट के लिए तय मतगणना केंद्र है। नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी के मुकाबले उनकी बढ़त पिछले कुछ दौर में कम हो गई थी।
शुभेंदु अधिकारी पहले से ही मतगणना केंद्र पर मौजूद हैं। तृणमूल कांग्रेस नेताओं का दावा है कि उनके एक मतगणना एजेंट को जबरन बाहर निकाला गया, जिसके बाद ममता बनर्जी वहां पहुंचीं। भवानीपुर सीट राज्य की सबसे चर्चित सीटों में से एक बन गई है, जहां दोनों नेताओं के बीच कड़ा मुकाबला चल रहा है और दिनभर रुझानों में उतार-चढ़ाव देखा गया। राज्य की 293 विधानसभा सीटों के लिए सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू हुई, जिसमें बीजेपी ने शुरुआती बढ़त बनाई।
पश्चिम बंगाल की अलीपुर द्वार सीट पर भारतीय जनता पार्टी के परितोश दास 39951 (+ 17112) मतों के साथ आगे हैं। 22839 मतों के साथ टीएमसी के सुमन कांजीलाल दूसरे नंबर पर हैं।
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में बैरकपुर राष्ट्रगुरु सुरेंद्रनाथ मतगणना केंद्र पर मतगणना के दौरान झड़प हो गई। घटना के तुरंत बाद सुरक्षा बल मौके पर पहुंच गए। वहीं, कूचबिहार के दिनहाटा में बीजेपी और तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच भी टकराव हुआ, जिसके बाद केंद्रीय बलों ने लाठीचार्ज किया।
कूचबिहार में मीडिया से बात करते हुए जलपाईगुड़ी रेंज की पुलिस उप महानिरीक्षक अंजलि सिंह ने बताया कि स्थिति शांतिपूर्ण है और कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है। उन्होंने कहा, स्थिति शांत है। किसी तरह की कोई गड़बड़ी नहीं है और न ही इसकी आशंका है। किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए बल तैयार है। इस बीच, भाजपा को बढ़त मिलने के साथ ही कोलकाता में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आवास के बाहर पार्टी कार्यकर्ताओं ने 'जय श्री राम' के नारे लगाए।
चुनाव आयोग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक अभी 193 विधानसभा सीटों पर भाजपा आगे है। वहीं, 94 सीटों पर टीएमसी, दो सीटों पर एजेयूपी, एक पर कांग्रेस, एक पर माकपा आगे है।
(विधानसभा चुनाव के नतीजों के रुझानों के बाद निराश एक टीएमसी कार्यकर्ता। फोटो स्रोत: पीटीआई)
कोलकाता पोर्ट विधानसभा सीट पर तृणमूल कांग्रेस के फिरहाद हाकिम 42373 (+ 37856) मतों के बड़े अंतर के साथ साथ आगे हैं। 4517 ( -37856) मतों के साथ भाजपा के राकेश सिंह दूसरे नंबर पर हैं।
(कोलकाता में मतगणना केंद्र पर मतों की गणना। फोटो स्रोत: पीटीआई)
मुर्शिदाबाद जिले की बहारामपुर विधानसभा सीट पर पांच दौर की मतगणना के बाद कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी भाजपा के सुब्रत मित्रा से 5,266 वोटों से पीछे चल रहे हैं। मौजूदा विधायक सुब्रत मित्रा को 31,365 वोट मिले हैं, जबकि चौधरी को अब तक 26,099 वोट हासिल हुए हैं। वहीं, 2021 के चुनाव में दूसरे स्थान पर रहे तृणमूल कांग्रेस के नारू गोपाल मुखर्जी फिलहाल 13,295 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर हैं।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने सोमवार को दक्षिण कोलकाता की भवानीपुर सीट पर भाजपा उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी पर 15,494 वोटों की मजबूत बढ़त बनाए रखी है। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, आठवें दौर की मतगणना के अंत तक ममता बनर्जी को 35,522 वोट मिले, जबकि शुभेंदु अधिकारी को 20,028 वोट हासिल हुए।
इससे पहले सातवें दौर के अंत तक बनर्जी ने 32,822 वोट हासिल कर 17,371 वोटों की बढ़त बनाई थी। जबकि अधिकारी को 15,451 वोट मिले थे। हालांकि, अगले दौर में यह अंतर थोड़ा कम हो गया। शुरुआती दौर में मुकाबला काफी उतार-चढ़ा भरा रहा। पहले दौर में बनर्जी 1,996 वोटों से आगे थीं, जहां उन्हें 3,666 वोट मिले और अधिकारी को 1,670 वोट मिले।
दूसरे दौर में अधिकारी ने वापसी करते हुए 1,558 वोटों से बढ़त बनाई। लेकिन तीसरे दौर में बनर्जी ने 898 वोटों से फिर बढ़त हासिल कर ली और चौथे दौर के अंत तक यह बढ़त बढ़ाकर 8,482 वोट कर दी। भवानीपुर सीट पर कुल 20 दौर की मतगणना होनी है, जिसके बाद अंतिम नतीजे घोषित किए जाएंगे। पश्चिम बंगाल की 293 विधानसभा सीटों के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना जारी है।
पश्चिम बंगाल की राजगंज सीट पर भारतीय जनता पार्टी के दिनेश सरकार 64672 (+15762) मतों के साथ आगे हैं। 48910 (-15762) मतों के साथ टीएमसी की स्वप्ना बर्मन दूसरे नंबर पर हैं।
पश्चिम बंगाल चुनाव में भाजपा की बढ़त पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव डी राजा ने कहा, पहली बार भाजपा सरकार बनाने जा रही है। यह न केवल एक चेतावनी है, बल्कि सभी धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक संगठनों के लिए एक सबक भी है। वामपंथियों का प्रदर्शन चिंताजनक है। जब तक हम बंगाल में वामपंथ को पुनर्जीवित नहीं करते, तब तक पूरे देश में वामपंथ के लिए चुनौती खड़ी हो जाएगी। अगर हम केरल को खो देते हैं, तो वामपंथ का भविष्य क्या होगा?
बंगाल के दीनहाटा में भी बवाल की खबर है। यहां टीएमसी और बीजेपी के कार्यकर्ता आपस मे भिड़ गए। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को जारी मतगणना के रुझानों के अनुसार पश्चिम मेदिनीपुर जिले की खड़गपुर सदर विधानसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता एवं पूर्व सांसद दिलीप घोष अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी तृणमूल कांग्रेस के प्रदीप सरकार से 3,156 मतों से आगे हैं। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष घोष को 6,229 मत मिले, जबकि सरकार को 3,073 मत प्राप्त हुए। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के मधुसूदन रॉय 344 मतों के साथ तीसरे स्थान पर थे।
मतगणना का एक दौर पूरा हो चुका है और अभी 19 दौर बाकी हैं।घोष और सरकार, दोनों इस निर्वाचन क्षेत्र से पूर्व विधायक रह चुके हैं। घोष मेदिनीपुर लोकसभा सीट का भी प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
पश्चिम बंगाल की सत्ता से तृणमूल कांग्रेस की बेदखली वाले रुझानों के बाद पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया पर अपील जारी की है। अपनी पार्टी के चुनावी एजेंट्स और उम्मीदवारों से उन्होंने कहा कि वे किसी भी हाल में मतगणना स्थल न छोड़ें। उन्होंने कहा कि कल ही मैंने कहा था कि पहले दो तीन दौर में वे भाजपा को आगे और हमें पीछे दिखाएंगे, पर आखिर में हम ही जीतेंगे, इसलिए हताश न हों। उन्होंने कहा कि कई जगहों पर दो तीन दौर की गिनती होने के बाद मतगणना रोक दी गई है, जिसका कोई औचित्य नही है। केंद्रीय बलों का जोर दिखाकर तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर अत्याचार किया जा रहा है। कार्यालय तोड़े जा रहे हैं। एसआईआर में वे पहले ही गड़बड़ी कर चुके हैं। चुनाव आयोग अपनी मनमानी से काम कर रहा है। हमारी पुलिस बल को भी केंद्रीय बलों के अधीन काम करना पड़ रहा है।
(पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील करतीं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी। फोटो स्रोत: पीटीआई)
कोलकाता में भाजपा के राज्य कार्यालय के बाहर जश्न का माहौल है, क्योंकि पार्टी राज्य में बहुमत का आंकड़ा पार करती दिख रही है। चुनाव आयोग के रुझानों के अनुसार, भाजपा 173 सीटों पर आगे चल रही है।
(विधानसभा चुनाव परिणाम के रुझाने में भाजपा की बढ़त के बाद जश्न मनाते पार्टी कार्यकर्ता। फोटो स्रोत: पीटीआई)
पश्चिम बंगाल की दिनहाटा सीट पर भारतीय जनता पार्टी के अजय राय 61565 (+ 15434) मतों के साथ आगे हैं। 46131 ( -15434) मतों के साथ टीएमसी के उदयन गुहा दूसरे नंबर पर हैं। इस सीट पर मतगणना के दौरान बवाल की खबर भी सामने आ रही है।
पश्चिम बंगाल की तुफानगंज सीट पर भारतीय जनता पार्टी की मालती राय 33692 (+ 8916) मतों के साथ आगे हैं। 24776 (-8916) मतों के साथ टीएमसी के शिवशंकर पॉल दूसरे नंबर पर हैं।
पश्चिम बंगाल की मीनाखान सीट पर ऑल इंडिया सेक्युलर फ्रंट के प्रतीक मंडल 10113 (+ 1472) मतों के साथ आगे हैं। 10113 (+ 1472) मतों के साथ टीएमसी की उषा रानी मंडल दूसरे नंबर पर हैं।
मतगणना को लेकर राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा, हमने निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव कराने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने की पूरी कोशिश की है। हमने यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया कि अधिक से अधिक लोग मतदान के लिए बाहर आएं। हम इतने आश्वस्त थे कि हमने चुनाव आयोग से एक ही चरण में चुनाव कराने तक की बात कही थी क्योंकि हम पूरी तरह तैयार थे। आने वाले समय में चुनाव एक ही चरण में कराए जाएंगे। मतों की दोबारा गणना केवल उन्हीं परिस्थितियों में की जाएगी, जिनमें नियमों के तहत इसकी अनुमति हो। इस बारे में निर्वाचन अधिकारी अच्छी तरह से अवगत हैं।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने भवानीपुर में मतगणना केंद्र के बाहर मिठाइयां वितरित कीं। पार्टी राज्य में बहुमत का आंकड़ा पार करते हुए दिख रही है। हालांकि, इसी सीट पर 20 में से तीन दौर की गणना के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भाजपा के शुभेंदु अधिकारी से 898 मतों से आगे चल रही हैं।
पश्चिम बंगाल की कुमारग्राम सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मनोज कुमार उरांव 11003 (+ 2671) मतों के साथ आगे चल रहे हैं। 8332 ( -2671) मतों के साथ टीएमसी के राजीव तिर्की दूसरे नंबर पर हैं।
पश्चिम बंगाल की कूचबिहार उत्तर सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सुकुमार रे 5454 (+ 880) मतों के साथ आगे चल रहे हैं। 4574 ( -880) मतों के साथ टीएमसी के कृष्णा दास दूसरे नंबर पर हैं।
पश्चिम बंगाल की जलपाईगुड़ी सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अनंत देव अधिकारी 8295 मतों (+1974) के साथ आगे चल रहे हैं। 6321 मतों के साथ टीएमसी के कृष्णा दास दूसरे नंबर पर हैं। जबकि 705 मतों के साथ माकपा के देवराज बर्मन तीसरे नंबर पर हैं।
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले की डोमकल सीट पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के मोहम्मद मुस्तफिजुर रहमान 6254 मतों (+618) के साथ आगे चल रहे हैं। 5636 मतों के साथ टीएमसी के हुमायूं कबीर दूसरे नंबर पर हैं।
पश्चिम बंगाल की कृष्णानगर दक्षिण सीट पर तृणमूल कांग्रेस के उज्जल बिस्वास 6141 मतों (+131) के साथ आगे हैं। 6010 मतों के साथ भाजपा के साधन घोष दूसरे नंबर पर हैं।
शुरुआती रुझानों पर पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और नंदीग्राम व भवानीपुर से भाजपा के उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि भाजपा स्पष्ट जनादेश के साथ सरकार बनाने जा रही है। कोलकाता के शिक्षित, हिंदू लोगों ने ममता बनर्जी को खारिज कर दिया है। यही शुरुआती रुझान बता रहे हैं।
पश्चिम बंगाल की काकद्वीप सीट पर तृणमूल कांग्रेस के मंतुराम पखीरा 15565 मतों (+1482) के साथ आगे हैं। 14083मतों के साथ भाजपा के दीपंकर जना दूसरे नंबर पर हैं। जबकि 3194 मतों के साथ माकपा के नारायण दास तीसरे नंबर पर हैं।
पश्चिम बंगाल की रानीनगर सीट पर तृणमूल कांग्रेस के अब्दुल सौमिक हुसैन 6721 मतों (+2303) के साथ आगे हैं। 4418 मतों के साथ कांग्रेस के जुल्फिकार अली दूसरे नंबर पर हैं। जबकि 3140 मतों के साथ भाजपा के राणा प्रताप सिंह राय तीसरे नंबर पर हैं।
पश्चिम बंगाल की मगराहट पूर्व सीट पर कड़ा मुकाबला जारी है। इस सीट पर तृणमूल कांग्रेस की शर्मिष्ठा पुर्केत 5501 मतों (+87) के साथ आगे हैं। 5414 मतों के साथ भाजपा के उत्तम कुमार बनिक दूसरे नंबर पर हैं।
पश्चिम बंगाल की सिंगूर सीट पर भारतीय जनता पार्टी के अरुप कुमार दास 9,643 मतों (+629) के साथ आगे हैं। 9,014 मतों के साथ टीएमसी के बेचराम मन्ना दूसरे नंबर पर हैं।
पश्चिम बंगाल की नकाशीपारा सीट पर तृणमूल कांग्रेस के कल्लोल खान 7,144 मतों (+1087) के साथ आगे हैं। 6057 मतों के साथ भाजपा के सांतनु डे दूसरे नंबर पर हैं।
पश्चिम बंगाल की महेशतला सीट पर तृणमूल कांग्रेस के सुभासिस दास 12,910 मतों (+11349) के बड़े अंतर के साथ आगे हैं। 1561 मतों के साथ भाजपा के सायन बनर्जी दूसरे नंबर पर हैं।
पश्चिम बंगाल की कूचबिहार दक्षिण सीट पर तृणमूल कांग्रेस के अविजीत डे भौमिक 6606 मतों (+3370) के साथ आगे हैं। 3932 मतों के साथ भाजपा के रतींद्र बोस दूसरे नंबर पर हैं।
पश्चिम बंगाल की मालदा सीट पर भारतीय जनता पार्टी के गोपाल चंद्र सहा 6307 मतों (+2375) के साथ आगे हैं। 3932 मतों के साथ टीएमसी की लिपिका बर्मन घोष दूसरे नंबर पर हैं।
पश्चिम बंगाल की डायमंड हार्बर सीट पर भारतीय जनता पार्टी के दिलीप कुमार हलदार 6578 मतों (+2580) के साथ आगे हैं। 3998 मतों के साथ टीएमसी के पन्ना लाल हलदार दूसरे नंबर पर हैं।
पश्चिम बंगाल चुनाव की मतगणना को लेकर भाजपा के राज्यसभा सांसद राहुल सिन्हा ने कहा, हम अभी नतीजों का इंतजार करेंगे। साथ ही यह भी देखेंगे कि हमारे कार्यकर्ता मतगणना केंद्रों से सुरक्षित वापस लौटें। हालांकि, यह निश्चित है कि भाजपा सत्ता में आ रही है। जिस पार्टी के खिलाफ हम लड़ रहे हैं, वह असामाजिक तत्वों की पार्टी है। इसलिए हम अपने कार्यकर्ताओं की सुरक्षा का ध्यान रखेंगे जो पूरी मतगणना के दौरान वहां मौजूद रहेंगे। सुबह 11 बजे तक रुझान साफ हो जाएंगे। टीएमसी जा रही है और भाजपा यहां नई सरकार बनाएगी। दोपहर 12 बजे तक टीएमसी के मतगणना एजेंट भागना शुरू कर देंगे।
पश्चिम बंगाल की बलरामपुर सीट पर भारतीय जनता पार्टी के जलाधर महतो 5517 मतों (+1591) के साथ आगे हैं। 3926 मतों के साथ टीएमसी के शांतिराम महतो दूसरे नंबर पर हैं।
पश्चिम बंगाल की बिष्णुपुर सीट पर भारतीय जनता पार्टी की शुक्ला चटर्जी 5561 मतों (+464) के साथ आगे हैं। 5097 मतों के साथ टीएमसी के तन्मय घोष दूसरे नंबर पर हैं।
पश्चिम बंगाल की पुरुलिया सीट पर भारतीय जनता पार्टी के सुदीप कुमार मुखर्जी 5514 मतों (+709) के साथ आगे हैं। 4805 मतों के साथ टीएमसी के सुजय बनर्जी दूसरे नंबर पर हैं।
पश्चिम बंगाल की बांकुड़ा सीट पर भारतीय जनता पार्टी के नीलाद्री शेखर 5993 मतों (+2428) के साथ आगे हैं। 3565 मतों के साथ टीएमसी के अनुप मंडल दूसरे नंबर पर हैं।
ओंडा सीट पर भारतीय जनता पार्टी के अमरनाथ शखा 6637 मतों (+2850) के साथ आगे चल रहे हैं। 3787 मतों के साथ टीएमसी के सुब्रत दत्ता दूसरे नंबर पर हैं।
कालना सीट पर भारतीय जनता पार्टी के सिद्धार्थ मजूमदार 5572 मतों के साथ आगे चल रहे हैं। 4194 मतों के साथ टीएमसी के देव प्रसाद बैग दूसरे नंबर पर हैं।
दुर्गापुर पूर्व सीट पर भारतीय जनता पार्टी के चंद्र शेखर बनर्जी 5351 मतों के साथ आगे चल रहे हैं। 5267 मतों के साथ टीएमसी के प्रदीप मजूमदार दूसरे नंबर पर हैं।
दुर्गापुर पश्चिम सीट पर भारतीय जनता पार्टी के लक्ष्मण चंद्र घोरुई 4313 मतों के साथ आगे चल रहे हैं। 3898 मतों के साथ टीएमसी के कवि दत्ता दूसरे नंबर पर हैं।
दार्जिलिंग सीट पर भारतीय गोरखा प्रजातांत्रिक मोर्चा के विजय कुमार राय 4313 मतों के साथ आगे चल रहे हैं। 3898 मतों के साथ भाजपा के नोमान राय दूसरे नंबर पर हैं।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों के शुरुआती रुझानों में भाजपा 135 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं, टीएमसी 107 सीटों पर आगे चल रही है
दक्षिण कोलकाता की कस्बा सीट पर तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार अहमद जावेद खाने 9215 मतों के साथ सबसे आगे चल रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार संदीप बनर्जी 802 मतों के साथ दूसरे नंबर पर हैं।
उत्तर 24 परगना जिले की देगंगा सीट पर टीएमसी के उम्मीदवार अनिसुर रहमान बिदेश आगे चल रहे हैं। बिदेश 5546 मतों के साथ आगे हैं। 3362 मतों के साथ ऑल इंडिया सेक्युलर फ्रंट के मोहम्मद मोफिदुल हक सहाजी मिंटू दूसरे नंबर पर हैं।
दार्जिलिंग जिले की कालिंपोंग सीट पर भारतीय गोरखा प्रजातांत्रिक मोर्चा के उम्मीदवार रुदेन सदा लेपचा आगे चल रहे हैं। लेपचा 6384 मतों के साथ आगे हैं। 5927 मतों के साथ भाजपा के भरत कुमार छेत्री दूसरे नंबर पर हैं।
चुनाव आयोग के मुताबिक, मोंटेश्वर और आसनसोल दक्षिण सीट पर भी भाजपा के उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। मोंटेश्वर में भाजपा के सैकत पांजा 6589 मतों के साथ आगे हैं। वहीं, 3109 मतों के साथ टीएमसी के चौधरी सिद्दीकुल्लाह दूसरे नंबर पर हैं। माकपा के अनुपम घोष 839 मतों के साथ तीसरे नंबर पर हैं। आसनसोल दक्षिण सीट पर भाजपा की अग्निमित्रा पॉल 10055 मतों के साथ सबसे आगे चल रही हैं। वहीं, टीएमसी के उम्मीदवार तपस बनर्जी 3784 मतों के साथ दूसरे नंबर पर हैं।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए पश्चिम बंगाल बीजेपी अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य ने कहा, हर कोई जाग रहा है। कार्यकर्ता भी हर जगह जाग रहे हैं। हम चाहते हैं कि दीदी थोड़ा आराम करें और विश्राम करें। चुनाव खत्म हो चुका है। नतीजे आने वाले हैं। इसमें उतार-चढ़ाव होंगे। शुरुआती रुझान आ रहे हैं। किसी के खिलाफ बयानबाजी करना या न करना हमारी संस्कृति से बाहर है। हम ऐसा नहीं कर सकते।
उन्होंने आगे कहा, तृणमूल कांग्रेस की संस्कृति, उसकी रुचि और वह जिस तरह से राजनीति को समझती है, वे उसी भाषा में बात करते हैं। लेकिन अगर हमारी पार्टी से कोई गलती हुई है, कोई व्यक्तिगत हमला हुआ है या मर्यादा से बाहर कुछ हुआ है, तो चुनाव खत्म होते ही मैंने उसके लिए माफी मांगी थी और आज भी मैं माफी मांगता हूं।
चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, झारग्राम सीट पर भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार लक्ष्मी कांत 5156 मतों के साथ सबसे आगे चल रहे हैं। वहीं, टीएमसी के उम्मीदवार मंगल 4180 मतों के साथ दूसरे नंबर पर हैं। चुनाव प्रचार के दौरान झारग्राम काफी चर्चाओं में रहा था, जब प्रधानमंत्री ने अचानक वाहन से उतरकर एक दुकान में झालमुड़ी खाई थी। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की मतगणना के शुरुआती रुझानों में भाजपा 117 और टीएमसी 108 सीटों पर आगे चल रही है।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की मतगणना के शुरुआती रुझानों में भाजपा और टीएमसी 100-100 सीटों का आंकड़ा पार कर चुकी हैं।
नोआपारा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार अर्जुन सिंह ने कहा, अभी तक उम्मीदवार या चुनाव प्रतिनिधि मतगणना केंद्र नहीं पहुंचे हैं और वे घोषणा कर रहे हैं कि वे स्ट्रांग रूम खोल रहे हैं। यह धोखाधड़ी करने का प्रयास है। हम अभी शिकायत करेंगे। हम पर्यवेक्षक के पास जा रहे हैं।
आम जनता उन्नयन पार्टी के संस्थापक हुमायूं कबीर ने सोमवार को पश्चिम बंगाल के बहारामपुर में मतगणना केंद्रों पर राजनीतिक दलों के मतगणना एजेंटों के लिए बैठने की उचित व्यवस्था नहीं होने की शिकायत की है। उन्होंने मुर्शिदाबाद जिले में पीटीआई से बात करते हुए कहा कि मतगणना केंद्रों पर एजेंटों के लिए सुरक्षा और बैठने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। उन्होंने उम्मीद जताई कि चुनाव आयोग राज्य भर के सभी मतगणना केंद्रों पर उचित व्यवस्था करेगा।
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों की मतगणना सोमवार सुबह आठ बजे शुरू हुई, जिसका नतीजा यह तय करेगा कि क्या ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली टीएमसी लगातार चौथी बार सत्ता में लौटेगी या भाजपा राज्य में पहली बार सरकार बनाकर इतिहास रचेगी। राज्य के 23 जिलों में 77 केंद्रों पर त्रिस्तरीय सुरक्षा के बीच 293 विधानसभा सीटों की मतगणना की जा रही है, जिसमें कुल 2,926 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होना है।
कूच बिहार विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार निसिथ प्रामाणिक डीआरसी मतगणना केंद्र पहुंचे। उन्होंने कहा, पूरा बंगाल बदलाव के लिए तैयार है।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के शुरुआती रुझानों में भाजपा 77 और टीएमसी 67 सीटों पर आगे चल रही है।
पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम के शुरुआती रुझानों में टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी भवानीपुर सीट पर आगे चल रही हैं। वहीं, नंदीग्राम में शुभेंदु अधिकारी आगे चल रहे हैं।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के शुरुआती रुझानों में भाजपा 31 और टीएमसी 21 सीटों पर आगे चल रही है।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए मतगणना शुरू हो चुकी है। इसके साथ ही शुरुआती रुझान भी सामने आने लगे हैं। इन रुझानों में अभी भाजपा सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस से आगे चल रही है।
मतगणना की तैयारियों को लेकर कोलकाता के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आशीष बिस्वास ने कहा, चुनाव आयोग के दिशानिर्देशों के अनुसार हमने त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की है। हमारे पास आरक्षित बल भी उपलब्ध है। जरूरत पड़ने पर उनका उपयोग किया जाएगा।
बीरभूम जिले में मतगणना केंद्र सूरी रामकृष्ण शिल्पा विद्यापीठ के बाहर जिला पुलिस लगातार गश्त कर रही है और अर्धसैनिक बल तैनात हैं। एसपी सूर्य प्रताप यादव ने कहा, मतगणना केंद्र पर पहले से ही त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू है। हमारे सभी अधिकारी ड्यूटी पर हैं। लोगों को जांच के बाद ही अंदर जाने की अनुमति दी जा रही है। यहां प्रत्येक मतगणना केंद्र पर तीन कंपनियां तैनात हैं। पूरे जिले में चुनाव की बाद की स्थिति को देखते हुए कुल 37 कंपनियां तैनात की गई हैं। हमें उम्मीद है कि सब कुछ ठीक रहेगा।
मालदा कॉलेज के मतगणना केंद्र परिसर में केंद्रीय बलों के बख्तरबंद वाहन गश्त करते हुए देखे गए। सुबह से ही केंद्रीय बल पूरी तरह अलर्ट पर हैं। मतगणना शुरू होने से पहले सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, थोड़ी ही देर में मतगणना शुरू होगी।
खड़गपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार दिलीप घोष ने कहा कि यहां के लोग बदलाव चाहते हैं। उन्होंने कहा, यहां अच्छी संख्या के साथ भाजपा सरकार बनाएगी। पहले बंगाल में कानून-व्यवस्था नहीं थी। जब से चुनाव आयोग ने सब अपने हाथ में लिया है, जिस तरह शांतिपूर्ण चुनाव हुए हैं, उसी तरह मतगणना भी होगी और उसी तरह नई सरकार भी शपथ लेगी।
सिलीगुड़ी से टीएमसी के उम्मीदवार और सिलीगुड़ी के मेयर गौतम देव मतगणना केंद्र पर पहुंचे। उन्होंने कहा, मेरी पार्टी राज्य स्तर पर बहुत आराम से जीत दर्ज करने जा रही है। जहां तक सिलीगुड़ी की बात है। यह मेरा गृह नगर है, मेरी मातृभूमि है। मैंने पूरे जीवन सिलीगुड़ी के विकास के लिए काम किया है। मैं यहां पहली बार चुनाव लड़ रहा हूं। मैंने पूरी ईमानदारी, गरिमा और निष्ठा के साथ काम किया है। मुझे उम्मीद है कि सिलीगुड़ी की जनता मुझे बड़े अंतर से समर्थन देगी। मुझे 100 फीसदी विश्वास है कि हमारी पार्टी भारी बहुमत के साथ सत्ता में आएगी।
पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने बताया कि (मतगणना के लिए) सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था है। हमारे निर्वाचन अधिकारी, सहायक निर्वाचन अधिकारी, मतगणना एजेंट और मतगणना पर्यवेक्षक सभी तैयार हैं। उन्हें कई बार प्रशिक्षण दिया गया है। कहीं भी किसी तरह की गड़बड़ी की कोई संभावना नहीं है। सब कुछ नियमों के अनुसार होगा। मतगणना केंद्रों पर सीएपीएफ की 200 कंपनियां तैनात की गई हैं।"
मतगणना से पहले उन्होंने आगे कहा, हर जगह एक जैसी व्यवस्था है। कोई भी संवेदनशील या असंवेदनशील मतगणना केंद्र नहीं है। त्रिस्तरीय सुरक्षा है। सीएपीएफ के अलावा, सशस्त्र पुलिस और राज्य पुलिस भी तैनात हैं। सभी तरह की व्यवस्थाएं पूरी हैं। कोई समस्या नहीं है।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आरोपों पर उन्होंने कहा, बिजली कटौती चुनाव आयोग के हाथ में नहीं होती। यह बिजली विभाग के अंतर्गत आता है। मैंने बिजली विभाग से निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए सभी अनुरोध किए हैं। जनरेटर भी उपलब्ध हैं, इसलिए कोई समस्या नहीं होगी।
नंदीग्राम व भवानीपुर से भाजपा उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी ने कहा, मैंने लक्ष्मी नारायण मंदिर में प्रार्थना की। भगवान हमारे साथ हैं। सनातन धर्म के हितों की रक्षा करने वाली सरकार आने वाली है।
अधिकारी ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के फलता विधानसभा क्षेत्र में पुनर्मतदान को लेकर एक्स पर पोस्ट लेकर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, यह उनके अहंकार को दिखाता है। यह तरीका काम नहीं करेगा। आखिरकार देश में हर बार लोकतंत्र की जीत होती है। उत्तर प्रदेश में भी ऐसी ही परिस्थितियां थीं। भाजपा के सत्ता में आने के बाद वहां जंगलराज बहुत पहले खत्म हो गया। 20 साल पहले बिहार में भी भारी जंगलराज था। लोगों ने उसे भी खत्म कर दिया।
श्यामपुकुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार पूर्णिमा चक्रवर्ती ने कहा, पश्चिम बंगाल के लोगों के आशीर्वाद से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बंगाल में कमल खिलने जा रहा है। भाजपा यहां सरकार बनाने जा रही है। श्यामपुकुर एक महिला-विरोधी मंत्री से मुक्त होने जा रहा है।
फलता में 21 मई को होने वाले पुनर्मतदान पर उन्होंने कहा, उन्होंने वोट चोरी का हरसंभव प्रयास किया। लेकिन हम इस बार चुनाव आयोग की भूमिका के लिए उसका धन्यवाद करते हैं। यह बंगाल में पहली ऐसी चुनाव प्रक्रिया है जिसमें कोई हत्या, अपहरण या दुष्कर्म नहीं हुआ, जिसमें घरों को नहीं तोड़ा गया, लोगों को परेशान नहीं किया गया, खेतों में आग नहीं लगाई गई। भरोसा रखिए, इस बार बंगाल की जनता अपने अधिकार लेगी और 'चोर टीएमसी' को उसकी जगह दिखाई जाएगी।
आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी उम्मीदवार अग्निमित्रा पॉल ने कहा, एक सुनामी आने वाली है। बंगाल की जनता ने 92% वोट डालकर इस सुनामी को बुलाया है, इसके खिलाफ सभी नेता उड़ जाएंगे।
श्यामपुकुर विधानसभा सीट से टीएमसी उम्मीदवार शशि पांजा ने मतगणना प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा, हम अपने साथ सभी दस्तावेज लेकर आते हैं, जिनसे हम मतगणना पर नजर रखते हैं। यह सब चुनाव आयोग का काम है, लेकिन सब कुछ फेंका जा रहा है। क्या हम यहां लड़ाई करने आए हैं? क्या हम यहां गोलियां, हथियार और पिस्तौल लेकर आए हैं?
वहीं, चुनाव आयोग ने इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए स्पष्ट किया है कि दिखाए गए वीवीपीएटी पेपर स्लिप मॉक पोल (मतदान से पहले किए गए परीक्षण) से संबंधित हैं और वास्तविक मतदान से उनका कोई संबंध नहीं है। आयोग ने कहा कि मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है और सत्यापन व आवश्यक कार्रवाई के लिए औपचारिक शिकायत दर्ज की गई है।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों के लिए आज का दिन बहुत महत्वपूर्ण है। कोलकाता में मुख्य चुनाव अधिकारी के दफ्तर के बाहर भारी सुरक्षा बल तैनात किया गया है। राज्य की 293 विधानसभा सीटों के लिए वोटों की गिनती आज सुबह आठ बजे से शुरू होगी। प्रशासन ने किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
पश्चिम बंगाल की भवानीपुर विधानसभा सीट पर वोटों की गिनती शुरू होने से पहले तनाव देखा गया। यहां के सखावत मेमोरियल स्कूल में बने काउंटिंग सेंटर के बाहर टीएमसी और बीजेपी के काउंटिंग एजेंट आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक तीखी बहस हुई। राज्य की 293 विधानसभा सीटों के लिए वोटों की गिनती आज सुबह 8 बजे से शुरू होगी। प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं ताकि मतगणना शांति से पूरी हो सके।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के वोटों की गिनती से पहले जादवपुर से माकपा (CPI-M) उम्मीदवार विकास रंजन भट्टाचार्य ने कहा, आज नतीजों का दिन है और उम्मीद है कि इस बार वामपंथी दल अच्छा प्रदर्शन करेंगे। भट्टाचार्य के अनुसार, आम जनता मौजूदा सरकार से बहुत परेशान है और राज्य में बदलाव होना चाहिए। उन्होंने कहा कि अब देखना होगा कि नतीजे क्या आते हैं।
21 मई को फलता में हुए दोबारा मतदान को लेकर उन्होंने गंभीर सवाल उठाए। भट्टाचार्य ने आरोप लगाया कि फलता में चुनाव के दौरान गलत तरीके अपनाए गए। उन्होंने दावा किया कि इस धांधली में चुनाव आयोग के अधिकारी भी शामिल थे। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि अगर चुनाव आयोग के अधिकारी ही ऐसी गतिविधियों में मिल जाएंगे, तो फिर हम क्या कह सकते हैं।
बंगाल में सोमवार को होने वाली मतगणना के लिए चुनाव आयोग ने जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि सुरक्षा और पारदर्शिता के साथ कोई समझौता नहीं होगा, जिससे जनता का भरोसा लोकतंत्र पर बना रहे। इसको लेकर सीईओ मनोज अग्रवाल ने कई बड़ी बाते कही हैं। पढे़ं पूरी खबर
पश्चिम बंगाल में आज (सोमवार, 4 मई) होने वाली निर्णायक मतगणना से ठीक पहले, ममता बनर्जी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से सतर्क रहने और रात भर जागकर नजर रखने की अपील की है। उन्होंने दावा किया कि उन्हें कई जगहों से जानबूझकर बिजली काटने की खबरें मिल रही हैं। हुगली के श्रीरामपुर, नदिया के कृष्णानगर, बर्धमान के औसग्राम और कोलकाता के क्षुदिराम अनुशीलन केंद्र में ऐसी घटनाएं सामने आई हैं।
ममता बनर्जी के अनुसार, इन जगहों पर रुक-रुक कर बिजली काटी जा रही है और सीसीटीवी कैमरे बंद किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि स्ट्रॉन्ग रूम के पास गाड़ियों की संदिग्ध आवाजाही हो रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि जैसे वह खुद रात भर जागकर नजर रख रही हैं, वैसे ही कार्यकर्ता भी लोगों के वोटों की सुरक्षा करें।
उन्होंने निर्देश दिया कि अगर कहीं भी कोई संदिग्ध स्थिति दिखे, तो तुरंत घेराव करें और शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही सीसीटीवी फुटेज की मांग भी करें। ममता बनर्जी ने दावा किया कि यह सब भाजपा के इशारे पर किया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को हर समय चौकन्ना रहने के लिए कहा है।
माथाभांगा से भाजपा उम्मीदवार निशिथ प्रमाणिक ने टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी के बयान पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि डराना-धमकाना शैतान का काम है और अभिषेक बनर्जी यह बात अच्छी तरह जानते हैं।
निशिथ प्रमाणिक ने केंद्रीय बलों की भूमिका की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि शांति स्थापित करने का काम केंद्रीय बल ही करते हैं। देश में जहां भी नक्सली हिंसा या विद्रोह हुआ, केंद्रीय बलों ने उसे खत्म किया है। उन्होंने आगे कहा कि इस बार पश्चिम बंगाल में चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से हुए हैं और इसका पूरा श्रेय केंद्रीय बलों को ही जाता है। उन पर उंगली उठाना देश के संविधान पर उंगली उठाने के बराबर है।
भाजपा नेता ने दावा किया कि इस चुनाव में टीएमसी की हार होने वाली है। उन्होंने कहा कि पार्टी की विदाई अब निश्चित है। जिस तरह चुनाव प्रक्रिया से फर्जी वोटरों को हटाया गया, उसी तरह जनता टीएमसी को भी सत्ता से हटा देगी।
भारत निर्वाचन आयोग ने जानकारी दी है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए वोटों की गिनती की तैयारी पूरी हो चुकी है। आयोग ने सोशल मीडिया पर बताया कि राज्य अब नतीजों के लिए पूरी तरह तैयार है। आयोग ने कोलकाता दक्षिण के जिला निर्वाचन अधिकारी (DEO) के तहत आने वाले 159 भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र की कुछ तस्वीरें भी साझा की हैं। इन तस्वीरों में पोस्टल बैलेट (डाक मतपत्र) की गिनती के लिए तैयार किया गया कमरा दिखाया गया है।
भाजपा नेता लॉकेट चटर्जी ने मतगणना से कुछ घंटे पहले प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में भाजपा सत्ता में आ रही है। लॉकेट चटर्जी ने कहा कि नोआपाड़ा की एक वीवीपीएटी (VVPAT) मशीन अपनी तय जगह के बजाय कहीं और मिली है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बीडीओ और पुलिस इस मशीन को कहीं और ले जा रहे थे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस मशीन को पकड़ लिया। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर वीवीपीएटी मशीन बाहर कैसे जा सकती है? लॉकेट चटर्जी ने कहा कि कुछ लोग ऐसी स्थिति पैदा करना चाहते हैं जिससे वोटों की गिनती रुक जाए। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता ने अपना फैसला सुना दिया है और यह भाजपा के पक्ष में ही होगा।
भाजपा की राज्य उपाध्यक्ष तनुजा चक्रवर्ती ने पश्चिम बंगाल में महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा उठाया है। उन्होंने कहा कि राज्य में सुरक्षा एक बड़ी चुनौती है। पिछले चुनावों का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि स्ट्रॉन्ग रूम से मतपेटियां लूटी गई थीं और मतगणना केंद्रों पर भी चोरियां हुई थीं।
तनुजा चक्रवर्ती के अनुसार, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सबसे पहले अपने वोट और लोकतांत्रिक अधिकार को बचाना जरूरी है। इसी को ध्यान में रखते हुए भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं ने एक बड़ा फैसला लिया है। हुगली की पांच विधानसभा सीटों पर जब वोटों की गिनती होगी, तब महिलाएं स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर लगातार पहरा देंगी। वे अपने वोटों की सुरक्षा के लिए खुद वहां तैनात रहेंगी।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजे आज घोषित किए जाएंगे। राज्य में मतों की गिनती सुबह 8 बजे से शुरू हो गई है। सबसे पहले डाक मतपत्र की गणना की जाएगी। उसके बाद 8:30 बजे से ईवीएम खुलेंगी। इस बार राज्य की 294 सीटों वाली विधानसभा में से 293 सीटों पर 77 केंद्रों पर मतगणना हो रही है। बहुमत का आंकड़ा 148 सीट है। राज्य की फलता सीट पर धांधली के चलते मतदान रद्द कर दिया गया और यहां पर अब 21 मई को वोट डाले जाएंगे और इस सीट पर मतगणना 24 मई को होगी। बंगाल चुनाव से जुड़े पल-पल के अपडेट यहां देखें....।