तृणमूल कांग्रेस के उपाध्यक्ष एवं अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में केन्द्रीय मंत्री रहे यशवंत सिन्हा ने रविवार को कहा कि पश्चिम बंगाल चुनाव के आए नतीजों के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह को अपने पदों से इस्तीफा दे देना चाहिए।
हजारीबाग से तीन बार सांसद रहे यशवंत सिन्हा ने यहां अपने निवास पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि जिस प्रकार से भाजपा के इन वरिष्ठ नेताओं ने तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष एवं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निजी हमले किये उससे वहां की जनता बहुत नाराज हुई और आज के परिणाम उसी के नतीजे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के इस हाल की जिम्मेदारी स्वयं प्रधानमंत्री मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह एवं जेपी नड्डा को लेनी चाहिए।
निर्वाचन आयोग ने नंदीग्राम से भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी को विजयी घोषित किया। सुवेंदु ने ममता बनर्जी को हराया।
सुवेंदु अधिकारी ने ट्वीट कर नंदीग्राम के लोगों का आभार प्रकट किया। अधिकारी ने लिखा, 'प्यार, विश्वास, आशीर्वाद और समर्थन प्रदान करने तथा मुझे अपना प्रतिनिधि चुनने के लिये नंदीग्राम की जनता का आभार। मैं उनकी सेवा करने और उनके कल्याण के लिये काम करते रहने का वादा करता हूं। मैं आपका आभारी हूं।'
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की प्रचंड जीत के लिए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को बधाई दी। उन्होंने फेसबुक पोस्ट में कहा, ‘‘मैं भाजपा को पराजित करने के लिए ममता बनर्जी जी और पश्चिम बंगाल के लोगों को बधाई देता हूं।’’
भाजपा ने ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस को लगातार तीसरी बार पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव जीतने पर बधाई दी और आश्वासन दिया कि वह रचनात्मक विपक्ष के रूप में काम करेगी। प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष जय प्रकाश मजूमदार ने कहा कि भाजपा सरकार के साथ उसकी सभी जनोन्मुख गतिविधियों में सहयोग करेगी ।
उन्होंने कहा, हम पश्चिम बंगाल में सक्रिय एवं जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभायेंगे। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के विजेता के रूप में उभरने के स्पष्ट संकेत के बाद कहा kf तृणमूल कांग्रेस तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है और भाजपा उसके लिए ममता बनर्जी को बधाई देती है।
टीएमसी ने नंदीग्राम में दोबारा वोटिंग के लिए चुनाव आयोग को पत्र लिखा। बता दें कि यहां भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी ने ममता को हरा दिया है।
भाजपा के जोरदार प्रचार अभियान के बावजूद पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के शानदार जीत की ओर बढ़ने के साथ ही कुछ नेताओं ने कहा कि ममता बनर्जी ‘‘स्वाभाविक’’ नेता हैं जो आगामी दिनों में भाजपा के खिलाफ विपक्ष की राजनीति का मार्गदर्शन कर सकती हैं। तृणमूल कांग्रेस की जीत को गैर भाजपा दलों की जीत के तौर पर देखा जा रहा है। विभिन्न दलों के नेताओं ने ममता बनर्जी को उनकी पार्टी की जीत पर बधाई दी।
कांग्रेस नेता शशि थरूर ने ट्वीट किया, सांप्रदायिक ताकतों और असहिष्णुता पर ममता बनर्जी की शानदार जीत के लिए उनको बधाई। बंगाल के मतदाताओं ने दिखा दिया कि वे क्या चाहते हैं। भाजपा को उसके बराबर की टक्कर मिली और वह हार गई।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी बनर्जी को बधाई दी । केजरीवाल ने ट्वीट किया, ममता दीदी को जबरदस्त जीत पर बधाई । पश्चिम बंगाल के लोगों को शुभकामनाएं।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) प्रमुख शरद पवार ने भी तृणमूल कांग्रेस प्रमुख को शुभकामनाएं दी। पवार ने ट्वीट किया, इस शानदार जीत के लिये ममता बनर्जी को बधाई। इस चुनौतीपूर्ण समय में लोगों के कल्याण और महामारी से निपटने के लिए अपना काम जारी रखें।
बंगाल के कृष्णानगर नॉर्थ से भाजपा के मुकुल रॉय आगे चल रहे हैं। मुकुल रॉय 21578 वोटों के साथ आगे चल रहे हैं।
पश्चिम बंगाल में वोटों की गिनती जारी है और 200 से ज्यादा सीटों पर शुरुआती रुझान आ चुके हैं। वहीं टीएमसी ने बढ़त का शतक मार दिया है। सुबह 9.19 बजे तक टीएमसी 107 सीटों पर आगे चल रही है और भाजपा 100 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं कांग्रेस छह सीटों पर आगे चल रही है।
राज्य में वोटों की गिनती को शुरू हुए एक घंटा हो गया है। सुबह नौ बजे तक टीएमसी को 87 सीटों पर बढ़त मिलती नजर आ रही है तो वहीं भाजपा 75 सीटों पर आगे चल रही है। कांग्रेस अभी भी तीन सीटों पर ही बढ़त बनाए हुए है।
सुबह आठ बजे से पश्चिम बंगाल समेत बाकी राज्यों में वोटों की गिनती शुरू हो गई है। शुरुआती रुझान के मुताबिक भाजपा और टीएमसी के बीच कांटे की टक्कर है। सुबह 8.29 बजे तक शुरुआती रिझानों में टीएमसी 40 सीटों पर तो भाजपा 39 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं रुझानों की माने तो कांग्रेस के झोले में मात्र दो सीटें आई हैं।