फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

West Bengal Voting LIVE: दूसरे चरण में 92.01% मतदान, चुनाव बाद भी CAPF की 700 कंपनियां बंगाल में ही रहेंगी

Wed, 29 Apr 2026 08:42 PM IST
Devesh Tripathi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोलकाता

खास बातें

West Bengal Vidhan Sabha Chunav Phase 2 Voting, Bengal Election News LIVE: पश्चिम बंगाल में आज 142 सीटों पर मतदान कराए गए। बंगाल की जनता ने कड़े सुरक्षा बंदोबस्त के बीच दूसरे चरण में 1,448 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद कर दी। कुछ जगहों से टीएमसी और भाजपा कार्यकर्ताओं की झड़प की खबरें भी आईं। शाम पांच बजे तक 89.99 फीसदी मतदान हुआ। अब अंतिम घंटे में कतार में लगे मतदाता मतदान कर रहे हैं। चुनाव आयोग की ओर से आंकड़े जारी किए जाने के बाद अंतिम मतदान प्रतिशत में बदलाव हो सकता है। अमर उजाला के इस लाइव ब्लॉग से मतदान की पल-पल की अपडेट के लिए जुड़ें...
विज्ञापन
बंगाल चुनाव मतदान प्रतिशत - फोटो : @अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

06:22 PM, 29-Apr-2026

उत्तर 24 परगना में मतदान के बाद बवाल, भाजपा और टीएमसी कार्यकर्ताओं में झड़प

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण का मतदान खत्म होते ही उत्तर 24 परगना के अरबिंद रैल इलाके में भारी हिंसा भड़क गई। यहां बूथ नंबर 120 पर टीएमसी और भाजपा के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट और पत्थरबाजी हुई। इस झड़प में कई लोगों के घायल होने की खबर है। हिंसा की सूचना मिलते ही भारी संख्या में सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया। इलाके में अभी भी तनाव का माहौल बना हुआ है और सुरक्षा बलों ने फ्लैग मार्च शुरू कर दिया है।

06:20 PM, 29-Apr-2026

नोआपाड़ा में भाजपा उम्मीदवार अर्जुन सिंह का आरोप, बोले- काउंसलर के पति डाल रहे फर्जी वोट

नोआपाड़ा विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार अर्जुन सिंह ने मतदान के अंतिम घंटों में गंभीर धांधली का आरोप लगाया है। अर्जुन सिंह के अनुसार, एक स्थानीय पार्षद के पति ने फर्जी तरीके से चार बूथों के कार्ड बनवा लिए हैं और वह जबरन मतदान केंद्रों में घुसकर वोट डाल रहा है। सिंह ने आरोप लगाया कि वहां मौजूद पीठासीन अधिकारी सब कुछ देखकर भी चुप हैं। उन्होंने इस मामले की शिकायत चुनाव आयोग से करने की बात कही है। भाजपा नेता ने दावा किया कि उनके समर्थकों को डराया जा रहा है ताकि चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित किया जा सके।

05:59 PM, 29-Apr-2026

बंगाल में मतदान के बाद भी पहरा, तैनात रहेंगी सुरक्षा बलों की 700 कंपनियां

पश्चिम बंगाल चुनाव के दूसरे चरण का मतदान संपन्न होने के बाद भी राज्य में सुरक्षा चाक-चौबंद रहेगी। चुनाव आयोग की तैनाती योजना के अनुसार, आज पोलिंग खत्म होने के बाद भी केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की 700 कंपनियां राज्य में ही रुकी रहेंगी। ये कंपनियां सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और कानून-व्यवस्था की ड्यूटी संभालेंगी। चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि अगले आदेश तक ये बल बंगाल में तैनात रहेंगे ताकि चुनावी नतीजों से पहले और बाद में किसी भी तरह की हिंसा या गड़बड़ी को रोका जा सके। यह फैसला राज्य के संवेदनशील माहौल को देखते हुए लिया गया है।

विज्ञापन
05:38 PM, 29-Apr-2026
बंगाल चुनाव मतदान प्रतिशत - फोटो : @अमर उजाला

5 बजे तक करीब 90 फीसदी मतदान

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में 5 बजे तक 89.99 फीसदी मतदान हुआ है।

04:55 PM, 29-Apr-2026

ममता बनर्जी का बड़ा दावा: बोलीं-बंगाल में हार रही है भाजपा, हम बनाएंगे दो-तिहाई बहुमत से सरकार

मुख्यमंत्री और भवानीपुर से टीएमसी उम्मीदवार ममता बनर्जी ने अपनी जीत को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने फेसबुक के जरिए दावा किया कि उनके पास मौजूद जानकारी के अनुसार भाजपा बंगाल में हार की कगार पर है। ममता बनर्जी ने आत्मविश्वास जताते हुए कहा कि तृणमूल कांग्रेस राज्य में दो-तिहाई बहुमत के साथ फिर से अपनी सरकार बनाने जा रही है। मतदान के बीच आए मुख्यमंत्री के इस बयान ने राजनीतिक हलचल तेज कर दी है। उन्होंने साफ कर दिया है कि बंगाल की जनता का भरोसा एक बार फिर टीएमसी के साथ है।

विज्ञापन
04:53 PM, 29-Apr-2026

वर्धमान में मतदान के बीच मिले बम, NIA और CID की टीमें जांच में जुटीं

पश्चिम बंगाल चुनाव के दूसरे चरण के दौरान पूर्व वर्धमान जिले के बिरुरी प्राथमिक विद्यालय के पास बम मिलने से हड़कंप मच गया। मतदान केंद्र के पास बम की सूचना मिलते ही सुरक्षा बल अलर्ट हो गए और एनआईए , सीआईडी और अन्य केंद्रीय एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। सुरक्षाबलों ने बमों को कब्जे में लेकर इलाके को सुरक्षित कर लिया है। चुनाव के बीच इस घटना से स्थानीय लोगों में डर का माहौल है, हालांकि प्रशासन ने भारी सुरक्षा तैनाती के बीच मतदान जारी रखा है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि चुनाव प्रक्रिया में खलल डालने के लिए ये बम यहां किसने रखे थे?

04:49 PM, 29-Apr-2026

कांग्रेस सांसद राजेश ठाकुर बोले- बंगाल में हिंसा दुखद, जनता का फैसला चार मई को आएगा

पश्चिम बंगाल चुनाव पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस सांसद राजेश ठाकुर ने राज्य की स्थिति पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की सख्ती के दावों के बावजूद बंगाल में हिंसा और अफरातफरी का माहौल दिख रहा है, जो बेहद दुखद है। ठाकुर ने टीएमसी और भाजपा दोनों के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि एग्जिट पोल सिर्फ नाम के होते हैं। उनके अनुसार, असली जनादेश चार मई को ही सामने आएगा, जब जनता का फैसला सबके सामने होगा। सांसद ने संकेत दिया कि शोर-शराबे से अलग मतदाता शांति से अपना निर्णय ले चुका है।

04:39 PM, 29-Apr-2026

जगदलपुर से TMC उम्मीदवार सोमनाथ श्याम का आरोप, बोले- नेताओं को धमका रहे हैं अफसर

उत्तर 24 परगना की जगदलपुर सीट से टीएमसी उम्मीदवार सोमनाथ श्याम इचिनी ने सुरक्षा अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि नए तैनात अधिकारी उनके नेताओं को डरा रहे हैं और रात के वक्त उनके घरों पर छापेमारी की जा रही है। सोमनाथ ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता को धमकाकर वोट पाने की सोच गलत है। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि यह बंगाल है और यहां ऐसी धमकियां काम नहीं करेंगी। टीएमसी नेता के अनुसार, डराने की कोशिशों के बावजूद जनता उनके साथ है।

04:31 PM, 29-Apr-2026

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष शुभंकर सरकार बोले-चुनाव आयोग पूरी तरह फेल, भाजपा-TMC में मिलीभगत

पश्चिम बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने चुनाव आयोग और सुरक्षा बलों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग एकतरफा काम कर रहा है और पूरी तरह विफल रहा है। सरकार के अनुसार, मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें हैं और बुजुर्गों का कोई ख्याल नहीं रखा जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा और टीएमसी के बीच केवल दिखावे की लड़ाई है, जबकि असल में दोनों मिलकर आयोग का फायदा उठा रहे हैं। शुभंकर सरकार ने भरोसा जताया कि 4 मई के बाद बंगाल में नया अध्याय शुरू होगा और कांग्रेस सरकार बनाएगी।

04:26 PM, 29-Apr-2026

ममता बनर्जी का बड़ा आरोप: बोलीं- कल रात से अत्याचार हो रहा है, बुथों पर पुलिस की जगह CRPF का कब्जा

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भवानीपुर में वोट डालने के बाद सुरक्षाबलों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कल रात से ही उनके कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर उन पर अत्याचार किया जा रहा है। ममता ने इसे अदालत की अवमानना करार देते हुए कहा कि उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में ऐसा लोकतंत्र कभी नहीं देखा। मुख्यमंत्री का आरोप है कि बूथों पर राज्य पुलिस नहीं है और CRPF ने सब कब्जा कर लिया है। उन्होंने तंज कसा कि सेना को बॉर्डर सुरक्षित करना चाहिए, लेकिन वे एक खास राजनीतिक दल की मदद कर रहे हैं। हालांकि, इन चुनौतियों के बावजूद उन्होंने दावा किया कि जीत तृणमूल कांग्रेस की ही होगी।

04:16 PM, 29-Apr-2026

भवानीपुर में बोलीं ममता बनर्जी- हमारी जीत पक्की है, तृणमूल ही जीतेगी

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भवानीपुर में अपनी जीत का भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस भारी बहुमत से सत्ता में वापसी कर रही है। मतदान के दौरान उन्होंने मीडिया से बात करते हुए विक्ट्री का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने शांतिपूर्ण मतदान की अपील की। उन्होंने दावा किया कि जनता विकास के नाम पर वोट दे रही है। बंगाल में आज दूसरे चरण के लिए वोट डाले जा रहे हैं। सभी की नजरें अब 4 मई को आने वाले नतीजों पर टिकी हैं।

04:13 PM, 29-Apr-2026

फर्जी वोटिंग रोकने के लिए बूथों पर उतरीं प्रियंका टिबरेवाल, कहा- असली मतदाता निर्भीक होकर करें वोट

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान कोलकाता की एंटली सीट से भाजपा उम्मीदवार प्रियंका टिबरेवाल काफी सक्रिय नजर आ रही हैं। मतदान केंद्रों का दौरा करते हुए उन्होंने कहा कि वह यह सुनिश्चित करने की कोशिश कर रही हैं कि केवल असली मतदाता ही अपना वोट डाल सकें। टिबरेवाल ने आरोप लगाया कि कुछ जगहों पर डराने-धमकाने और बल प्रयोग की कोशिश की जा रही है, जिसे रोकने के लिए वे खुद बूथों पर जाकर स्थिति का जायजा ले रही हैं और गड़बड़ी करने वालों को पकड़ रही हैं। उनका मुख्य उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाए रखना है ताकि जनता बिना किसी डर के मतदान कर सके।

03:56 PM, 29-Apr-2026

ईवीएम से छेड़छाड़ हुई तो दोबारा होगा चुनाव, चुनाव पर्यवेक्षक सुब्रत गुप्ता का बड़ा बयान

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के मतदान के बीच विशेष चुनाव पर्यवेक्षक सुब्रत गुप्ता ने बड़ी बात कही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदान प्रक्रिया में किसी भी तरह की गड़बड़ी या ईवीएम से छेड़छाड़ की शिकायतों को गंभीरता से लिया जा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जिन बूथों पर धांधली की पुष्टि होगी, वहां चुनाव आयोग नियमानुसार दोबारा मतदान कराएगा। बंगाल के इस निर्णायक दौर में निष्पक्षता बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी में है।

03:42 PM, 29-Apr-2026

टीएमसी नेता का आरोप- चुनाव आयोग बंगाल में तांडव कर रहा है

टीएमसी की राज्यसभा सांसद ममता ठाकुर ने आरोप लगाया है कि चुनाव आयोग बंगाल में तांडव कर रहा है। ममता ठाकुर ने कहा, 'बीती रात मुझे एक फोन आया, जिसमें मुझे बताया गया कि चुनाव आयोग ने बागदा विधानसभा में पैसे बांटने के आरोप में मेरे खिलाफ शिकायत दर्ज की है जबकि मैं अपने घर पर थी। केंद्रीय सुरक्षा बल कई नेताओं को धमका रहे हैं। ऐसा पहली बार हुआ है। भाजपा चुनाव आयोग के साथ मिलकर बंगाल में तांडव कर रही है। हमने ऐसा पहले कभी नहीं देखा। जनता ये साफ करेगी कि वे क्या चाहते हैं।'

03:38 PM, 29-Apr-2026
बंगाल चुनाव मतदान प्रतिशत - फोटो : @अमर उजाला ग्राफिक्स

3 बजे तक 79 फीसदी मतदान

चुनाव आोग के आंकड़ों के अनुसार, बंगाल में दोपहर तीन बजे तक 79 प्रतिशत मतदान हुआ है। 

03:00 PM, 29-Apr-2026

भवानीपुर में जीत का अंतर कितना होगा, जानिए क्या बोले शुभेंदु अधिकारी

मीडिया के साथ बातचीत में भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी से पूछा गया कि क्या भवानीपुर में 2021 का इतिहास दोहराया जाएगा? इस सवाल के जवाब में शुभेंदु अधिकारी ने कहा, 'जीत का अंतर क्या होगा, ये मैं शाम 6 बजे के बाद बताऊंगा।'
 

02:52 PM, 29-Apr-2026

'ममता बनर्जी के हाथ से बंगाल जा रहा है'

भाजपा नेता लॉकेट चटर्जी ने कहा, 'मैंने सुना है कि 85% मतदान हो चुका है। बहुत कम लोग बचे हैं। बहुत शांति से प्रक्रिया चल रही है। मुझे लगता है कि पहले चरण से अधिक मतदान होने वाला है। सभी को अपने अधिकार का उपयोग करना चाहिए। भाजपा सरकार बना रही है। ममता बनर्जी के हाथ से बंगाल जा रहा है।'

02:50 PM, 29-Apr-2026

अधीर रंजन चौधरी का बयान- 'आम लोग इस बार बिना डरे वोट कर रहे'

बहरामपुर से कांग्रेस उम्मीदवार अधीर रंजन चौधरी ने कहा, 'बंगाल में चुनाव हिंसा मुक्त होना मानिए असंभव है। इस बार लोग भारी संख्या में चुनाव में शिरकत कर रहे हैं। आम लोगों को लगता है कि बूथ-बूथ जाकर लोग मतदान करने में सक्षम होंगे क्योंकि भारी संख्या में केंद्रीय बल तैनात किए गया है। आम लोग भयभीत न होकर बूथ जाकर चुनाव में हिस्सा ले रहे हैं।'

01:58 PM, 29-Apr-2026

बंगाल की हॉट सीटों पर कितना रहा मतदान प्रतिशत

बंगाल की 15 हॉट सीटों पर दोपहर 1 बजे तक कितना है मतदान प्रतिशत-
 

हॉट सीट                  मतदान प्रतिशत (दोपहर 1 बजे तक)
हुगली 64.57%
हावड़ा 60.68%
कोलकाता उत्तर 60.18%
कोलकाता दक्षिण 57.73%
नादिया 61.41%
उत्तर 24 परगना 59.20%
पूर्वा वर्धमान 66.80%
दक्षिण 24 परगना 58.58%
भवानीपुर 58.53%
कोलकाता पोर्ट 56.89%
सोनारपुर दक्षिण 54.10%
भांगड़ 54.13%
नोआपाड़ा 62.00%
कामरहटी 59.22%
जाधवपुर 54.61%
रासबिहारी 59.58%
बेलेघाटा 60.47%
माणिकतला 62.29%
बैरकपुर 61.51%
बरानगर 60.97%
हिंगलगंज 60.91%
एंटली 57.54%
शिवपुर 58.49%

01:44 PM, 29-Apr-2026
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव - फोटो : अमर उजाला

दोपहर 1 बजे तक बंगाल में जिलेवार मतदान प्रतिशत कितना रहा

बंगाल में दोपहर 1 बजे तक जिलेवार मतदान प्रतिशत-
 

जिला (District)          प्रतिशत (%)
हुगली 64.57%
हावड़ा 60.68%
कोलकाता उत्तर 60.18%
कोलकाता दक्षिण 57.73%
नादिया 61.41%
उत्तर 24 परगना 59.20%
पूर्वा वर्धमान 66.80%
दक्षिण 24 परगना 58.58%

01:36 PM, 29-Apr-2026
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव - फोटो : अमर उजाला

1 बजे तक 61 प्रतिशत से अधिक मतदान

चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, पश्चिम बंगाल में दोपहर 1 बजे तक 61.11 प्रतिशत मतदान हुआ है। 

01:31 PM, 29-Apr-2026

हुगली जिले में 43 फीसदी तो हावड़ा में 39 फीसदी मतदान

चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, 11 बजे तक हुगली जिले में 43 फीसदी, हावड़ा में 39 फीसदी, कोलकाता उत्तर में 38 फीसदी और कोलकाता दक्षिण में 36 फीसदी मतदान हुआ है। 

01:15 PM, 29-Apr-2026

आईएसएफ प्रमुख नौशाद सिद्दीकी से भिड़े टीएमसी कार्यकर्ता

भांगर के प्रानगंज में आईएसएफ नेता नौशाद सिद्दीकी और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच बूथ नंबर 233 और 234 पर झड़प हो गई। नौशाद सिद्दीकी का आरोप है कि टीएमसी कार्यकर्ता पोलिंग बूथ से सिर्फ 100 मीटर के दायरे में मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया, 'मैंने केंद्रीय बलों से अपील की है कि वे इस मामले को देखें। जब मैं अपनी कार में था तो टीएमसी कार्यकर्ताओं ने मेरे साथ गाली-गलौज की। फिलहाल मतदान शांतिपूर्ण चल रहा है। लोग 2023 के पंचायत चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव में वोट नहीं कर पाए थे, इस बार लोग मतदान कर पा रहे हैं और हमें उम्मीद है कि लोग टीएमसी के खिलाफ और हमारे पक्ष में वोट करेंगे।'
 
 

01:04 PM, 29-Apr-2026

पीएम मोदी बोले- बंगाल में जो अब तक नहीं हुआ, वो अब हो रहा

उत्तर प्रदेश के हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के मौके पर जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बंगाल चुनाव को लेकर कहा, 'आज लोकतंत्र के उत्सव का भी एक अहम दिन है। बंगाल में इस समय दूसरे चरण का मतदान हो रहा है और जो खबरें आ रही हैं, उससे पता चलता है कि बंगाल में भारी मतदान हो रहा है। पहले चरण की तरह ही जनता वोट देने के लिए बड़ी संख्या में घरों से निकल रही है, लंबी-लंबी कतारों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं। पिछले 6-7 दशक में जो नहीं हुआ, जिसकी कल्पना भी मुश्किल थी, वैसे निर्भीक वातावरण में बंगाल में इस बार मतदान हो रहा है। लोग भयमुक्त होकर वोट दे रहे हैं। यह देश के संविधान और देश के मजबूत होते लोकतंत्र का पुण्य प्रतीक है। मैं बंगाल की जनता का आभार व्यक्त करता हूं कि वो अपने अधिकार के प्रति इतनी सजग है और बड़ी संख्या में मतदान कर रही है।'
 

12:52 PM, 29-Apr-2026

सौरव गांगुली बोले- देखते हैं इस बार क्या मतदान प्रतिशत रहता है

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने बेहाला के बारिशा शशिभूषण जनकल्याण विद्यापीठ बूथ पर मतदान किया। मतदान के बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, 'मैंने अपना वोट दे दिया है। देखते हैं इस बार मतदान प्रतिशत क्या रहता है। पहले चरण में 90 फीसदी से ज्यादा वोट हुआ। इस बार क्या मतदान प्रतिशत रहेगा, वो शाम तक पता चल जाएगा।'
 

12:29 PM, 29-Apr-2026

हुगली में भिड़े टीएमसी और आईएसएफ कार्यकर्ता

हुगली के खानकुल सीट पर राजहाटी-1 पंचायत में बूथ नंबर 147 पर टीएमसी और आईएसएफ समर्थकों में झड़प हो गई। इस दौरान दोनों तरफ से जमकर लात-घूंसे चले। फर्जी पोलिंग एजेंट की शिकायत पर ये हंगामा हुआ। बवाल की सूचना मिलते ही सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे और हालात को काबू किया। 
 

12:11 PM, 29-Apr-2026

फाल्टा की घटना पर बोले शुभेंदु अधिकारी

फाल्टा घटना पर नंदीग्राम और भवानीपुर विधानसभा सीटों से भाजपा उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी ने कहा, 'हम भी मॉनिटर कर रहे हैं और जो जरूरी होगा करेंगे। चुनाव आयोग ने भी इस पर संज्ञान लिया है। अगर यह इसी तरह काम करता है, तो जो जरूरी होगा वह किया जाएगा। मैं उम्मीदवार से इस बारे में बात करूंगा। भूपेंद्र यादव ने मुझे सुबह 9 बजे फोन किया। मैंने उन्हें स्थिति बताई। कुछ मिनट पहले ही गृह मंत्री अमित शाह ने मुझे फोन किया। मैंने उन्हें फाल्टा घटना के बारे में बताया। यह टीएमसी की टेक्निक है। हम एक्शन ले रहे हैं। अभी कुछ नहीं हुआ है। 35 परसेंट वोटिंग हो चुकी है; अभी बहुत कुछ देखना बाकी है।'

गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले की फाल्टा विधानसभा सीट सुर्खियों में है। यहां तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार जहांगीर खान और चुनाव आयोग के पर्यवेक्षक आईपीएस अधिकारी अजय पाल शर्मा के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिल रही है। जहांगीर खान ने कहा कि अगर अधिकारी खुद को ‘सिंघम’ समझते हैं, तो वह ‘पुष्पा’ हैं और किसी भी दबाव को बर्दाश्त नहीं करेंगे।

दरअसल, चुनाव आयोग को शिकायत मिली थी कि इलाके में मतदाताओं को डराने-धमकाने और उनके वोटर आईडी जमा कराने की कोशिश हो रही है। इसी के बाद पर्यवेक्षक अजय पाल शर्मा फाल्टा पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि किसी भी हालत में मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस घटना का वीडियो भी वायरल हुआ था।

12:10 PM, 29-Apr-2026

सीपीआईएम सांसद मोहम्मद सलीम ने परिवार समेत डाला वोट

CPI(M) के राज्य सचिव मोहम्मद सलीम और उनकी पत्नी डॉ. रोसिना खातून ने कोलकाता के एक पोलिंग बूथ पर वोट डालने के बाद अपनी स्याही लगी उंगली दिखाई।
 

12:02 PM, 29-Apr-2026

ईवीएम पर टेप लगाने की खबरों पर निर्वाचन आयुक्त का बयान

पश्चिम बंगाल के निर्वाचन आयुक्त ने एक बयान में कहा है कि अगर ईवीएम के किसी बटन पर टेप लगाने का मामला सामने आया है तो उसकी पुष्टि होनी चाहिए। अगर ये सच है तो उस बूथ पर फिर से चुनाव कराया जाएगा। 
 

11:52 AM, 29-Apr-2026

भाजपा उम्मीदवार पर हमला, कार में तोड़फोड़

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए दूसरे चरण का मतदान जारी है। इस बीच बसंती विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार विकास सरदार की कार पर बूथ संख्या 76 पर कथित हमला हुआ। विकास सरदार ने कहा, 'हर जगह गुंडागिरी हो रही है। वोट लूट हो रही थी। मेरे जाने के बाद 250 टीएमसी के गुंडों ने मेरे पर हमला किया। मेरे सुरक्षाकर्मी की गन भी छीन ली।'
 

हुगली में खानाकुल में भाजपा और टीएमसी समर्थकों में झड़प हो गई। यह झड़प बूंथ नंबर 147-148, रामचंद्रपुर आदर्श बिद्याभवन में वोटिंग के दौरान हुई। सीआरपीएफ की सब इंस्पेक्टर उषा ने कहा, ये एक छोटी घटना थी फिलहाल सब शांत है और सीआरपीएफ की महिला बटालियन तैनात है। 

11:34 AM, 29-Apr-2026

बंगाल में सुबह 11 बजे तक करीब 40 फीसदी मतदान

चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, सुबह 11 बजे तक पश्चिम बंगाल में करीब 40 फीसदी मतदान हो चुका है। इन आंकड़ों को देखते हुए उम्मीद की जा रही है कि दूसरे चरण में भी बंगाल में मतदान प्रतिशत काफी ज्यादा रहेगा। 

11:18 AM, 29-Apr-2026

'ऊपर वाला भी बदलाव चाहता है'

उत्तर 24 परगना की बिधाननगर सीट पर पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने अपना वोट डाला। इस दौरान उन्होंने कहा, 'अनहोनी को होनी कोई नहीं कर सकता है। ऊपर वाला साथ है, वे भी बदलाव चाहते हैं और नीचे मनुष्य भी विसर्जन करके रहेंगे। तोड़ना, मरोड़ना, जोड़ना और बदलना भाजपा का खेल है।'

10:38 AM, 29-Apr-2026

ईवीएम खराबी पर हंगामा

उत्तर 24 परगना की बारानगर सीट पर वोटर्स की शिकायत है कि बारानगर के बूथ नंबर 72 पर ईवीएम काम नहीं कर रही है। इसे लेकर मतदाताओं में नाराजगी दिखी। इस दौरान कुछ देर के लिए हंगामे की स्थिति बन गई। 
 

10:34 AM, 29-Apr-2026

भाजपा पोलिंग एजेंट पर जानलेवा हमला

छपरा विधानसभा सीट के हत्रा पंचायत के बूथ नंबर 52 के भाजपा पोलिंग एजेंट मोशर्रफ मीर ने कहा, 'वहां टीएमसी के कुछ गुंडे छिपे हुए थे। उनके खिलाफ कई केस हैं। जनियालामुल्ला एक अपराधी है। उसके पास एक गन थी और 2 और लोगों के पास भी गन थी। वे उन्हें लहरा रहे थे। फिर, करीब 15-20 और लोग हमारी तरफ आए। उनके पास लोहे की रॉड और बेंत थीं। उन्होंने पहले मुझ पर हमला किया और मुझे मारा, जिससे मैं गिर गया। उसके बाद, वे मुझे बार-बार मारते रहे। उन्होंने मेरे साथ के लोगों पर भी हमला किया। मेरे सिर पर 6 टांके लगे हैं। मैं चाहता हूं कि पुलिस उन्हें गिरफ्तार करे। मुझे इंसाफ चाहिए।'

10:25 AM, 29-Apr-2026

शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी के मतदान केंद्रों पर घूमने पर उठाए सवाल

पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता और नंदीग्राम और भवानीपुर विधानसभा सीटों से भाजपा उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी ने कहा, 'यहां (BNSS की) धारा 163 लागू है। ममता बनर्जी कई लोगों के साथ घूम रही हैं। ममता बनर्जी यहां क्यों घूम रही हैं?'
 

10:06 AM, 29-Apr-2026

खरगे की बंगाल के लोगों से अपील- अधिकारों को कमजोर करने वाली ताकतों के खिलाफ खड़े होने का समय 

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार को पश्चिम बंगाल के लोगों से अपील करते हुए उनसे बड़ी संख्या में अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का प्रयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह समय उन ताकतों के खिलाफ खड़े होने का है जो उनके अधिकारों को कमजोर करने की कोशिश कर रही हैं और उन्हें करारा जवाब देने का वक्त है।

खड़गे ने एक्स पर कहा, 'आज पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान हो रहा है। मैं हर मतदाता से अपील करता हूं कि वह बिना किसी डर या हिचकिचाहट के बड़ी संख्या में बाहर निकले और अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग करे।' खरगे ने कहा, 'प्रगतिशील मूल्यों के लिए वोट करें। विकास के लिए वोट करें। सद्भाव के लिए वोट करें। भाईचारे के लिए वोट करें।'

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पश्चिम बंगाल हमेशा सार्थक बदलाव की दिशा में अग्रणी रहा है और आज का दिन भी ऐसा ही एक अहम अवसर है। उन्होंने कहा, 'यह समय उन ताकतों के खिलाफ खड़े होने का है जो आपके अधिकारों को कमजोर करने की कोशिश कर रही हैं और उन्हें करारा जवाब देने का है।'

खरगे ने विशेष रूप से युवाओं और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं से अपील करते हुए कहा, 'आपकी आवाज महत्वपूर्ण है। सुनिश्चित करें कि पश्चिम बंगाल में सच्चे लोकतंत्र की भावना बनी रहे।' पश्चिम बंगाल में दूसरे और अंतिम चरण में 142 विधानसभा सीटों पर मतदान जारी है। 294 सदस्यीय विधानसभा की 152 सीटों पर पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को हुआ था। मतों की गिनती 4 मई को की जाएगी।
 

09:46 AM, 29-Apr-2026

मिथुन चक्रवर्ती बोले- समझ जाइए क्या होने वाला है

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए दूसरे चरण के लिए भाजपा नेता मिथुन चक्रवर्ती काशीपुर बेलगछिया विधानसभा क्षेत्र के बूथ नंबर 248 पर वोट डालने पहुंचे। उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि मतदान 90 प्रतिशत से अधिक होगा। और अगर इतना हुआ तो समझ जाइए क्या होने वाला है।'
 

09:45 AM, 29-Apr-2026

आरजी कर पीड़िता के पिता का बयान

RG कर मेडिकल कॉलेज दुष्कर्म और हत्या की पीड़िता के पिता शंकरन देबनाथ ने कहा, 'जनता जल्दी-जल्दी मतदान करने की कोशिश कर रही है। टीएमसी की सरकार दरिंदों की सरकार है उसे हटाने के लिए जनता मैदान में उतर गई है। तृणमल कांग्रेस के लोग सब जगह हैं, CRPF और पुलिस ने उन्हें हटाया। वे लोग सबको कह रहे हैं कि 2 नंबर पर मतदान करिए।'

09:42 AM, 29-Apr-2026
बंगाल चुनाव में मतदान प्रतिशत - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

सुबह 9 बजे तक 18 फीसदी मतदान

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में सुबह 9 बजे तक 18 फीसदी मतदान हुआ है। 


पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और भवानीपुर विधानसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार ममता बनर्जी ने कहा, 'देखिए हमारे कार्यकर्ता को रात में कैसे पीटा गया। जरा इस ज़ुल्म को देखिए। किस तरह की गुंडागर्दी चल रही है? वोटिंग ऐसे नहीं होती। वोटिंग शांति से होती है। यह लोकतंत्र का त्योहार है। लेकिन उन्होंने इसे पूरी तरह बर्बाद कर दिया है। इरादा बिल्कुल साफ है कि भाजपा जबरदस्ती चुनाव में धांधली करना चाहती है। हमारे कार्यकर्ता और लोग मरने को तैयार हैं, लेकिन वे जगह नहीं छोड़ेंगे।'
 

09:25 AM, 29-Apr-2026

अभिषेक बनर्जी ने भवानीपुर सीट पर वोट डाला

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण में TMC नेता अभिषेक बनर्जी ने भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के मित्रा संस्थान में अपना वोट डाला। मतदान के बाद मीडिया से बात करते हुए अभिषेक बनर्जी ने दावा किया कि विधानसभा चुनाव में टीएमसी की जीत तय है। उन्होंने कहा कि भाजपा विधानसभा चुनाव में 50 से भी कम सीटें जीतेगी। उन्होंने कहा, 'भाजपा हर बार क्लीन स्वीप करने की बात करती है, लेकिन जब भी नतीजे आते हैं तो तस्वीर अलग ही होती है। जब भी आप भाजपा नेताओं से पूछेंगे तो वे जीत का दावा करते हैं, लेकिन नतीजे टीएमसी के पक्ष में आते हैं।' 

अभिषेक बनर्जी ने कहा, 'साल 2021 के चुनाव में अमित शाह ने कहा था कि भाजपा 200 से ज्यादा सीटें जीतेगी, लेकिन टीएमसी ने 200 सीटों का आंकड़ा पार किया। उन्होंने बंगाल में 30 लोकसभा सीटें जीतने का दावा किया, लेकिन टीएमसी ने 29 सीटें जीतीं। इस बार वे कह रहे हैं कि वे 177 सीटें जीतेंगे, लेकिन उनका ट्रैक रिकॉर्ड देखते हुए मुझे लगता है कि वे 50 से भी कम सीटें जीत पाएंगे।'

09:24 AM, 29-Apr-2026

शुभेंदु अधिकारी ने पोलिंग बूथों का दौरा किया

पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता और नंदीग्राम और भवानीपुर विधानसभा सीटों से भाजपा उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी ने कोलकाता के भवानीपुर निर्वाचन क्षेत्र में एक पोलिंग बूथ का दौरा किया।
 

09:22 AM, 29-Apr-2026

पोलिंग अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों से भाजपा उम्मीदवार की तीखी बहस

एंटली सीट से भाजपा उम्मीदवार प्रियंका टिबरेवाल की कोलकाता के एक पोलिंग बूथ पर पोलिंग अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों से बहस हो गई। दरअसल बूथ छोटा होने की वजह से उनके पोलिंग एजेंट को बाहर भेज दिया गया। तृणमूल कांग्रेस के चुनाव एजेंट भी इस बहस में शामिल हो गए, जिसके बाद दोनों को बाहर भेज दिया गया।
 
 

09:12 AM, 29-Apr-2026

बंगाल में मतदान के शुरुआती घंटों में हिंसा और तोड़फोड़ की खबरें


बुधवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के शुरुआती घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों से हिंसा और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं। अधिकारियों के अनुसार, ये घटनाएं चापड़ा, शांतिपुर, निमतला और भांगर समेत कई इलाकों से रिपोर्ट की गई हैं। भाजपा नेताओं का आरोप है कि नदिया जिले के चापड़ा में बूथ संख्या 53 पर सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) से जुड़े उपद्रवियों ने भाजपा के एक पोलिंग एजेंट पर हमला किया।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि घायल व्यक्ति की पहचान मोशारेफ मीर के रूप में हुई है और उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भाजपा उम्मीदवार सैकत सरकार ने कहा कि यह घटना मॉक पोल शुरू होने के बाद हुई। उन्होंने आरोप लगाया, 'टीएमसी समर्थकों ने भाजपा एजेंट को रोका और उसके सिर पर हमला किया, जिससे वह घायल हो गया।' इस संबंध में स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है, हालांकि टीएमसी ने आरोपों से इनकार किया है।

पुलिस के अनुसार, शांतिपुर में वार्ड संख्या 16 स्थित भाजपा के एक कैंप कार्यालय में बुधवार सुबह तोड़फोड़ की गई, जहां फर्नीचर को नुकसान पहुंचाया गया, जिससे इलाके में तनाव फैल गया। दक्षिण 24 परगना जिले के भांगर में आरोप लगे हैं कि आईएसएफ के एक एजेंट को मतदान केंद्र में प्रवेश करने से रोका गया, जिससे वहां अशांति की स्थिति पैदा हो गई। आईएसएफ नेता अराबुल इस्लाम ने दावा किया, 'एजेंटों के फॉर्म छीने जा रहे हैं और उन्हें बाहर निकाला जा रहा है... महिलाओं को मतदान नहीं करने दिया जा रहा है। हमने एजेंट इसलिए तैनात किए ताकि हर कोई वोट डाल सके।'

निमतला में बूथ संख्या 140 पर मतदान में देरी हुई, जहां सुबह 7:30 बजे तक मतदान शुरू नहीं हुआ था, जिससे मतदाताओं में नाराजगी देखी गई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय के एक अधिकारी ने कहा, 'हमने संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी है। उन्हें यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि मतदान निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से हो तथा हर व्यक्ति बिना किसी डर के मतदान कर सके।'

इस बीच, पुलिस ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भाई कार्तिक बनर्जी और टीएमसी कार्यकर्ताओं को चेतावनी जारी की, जो एक मतदान केंद्र के पास एकत्र हुए थे। अधिकारियों ने कहा कि एक स्थान पर चार से अधिक लोगों के एकत्र होने की अनुमति नहीं है। वहीं, उत्तर प्रदेश पुलिस के अधिकारी अजय पाल शर्मा को सुबह से दक्षिण 24 परगना जिले के फलता क्षेत्र में काफिले के साथ गश्त करते देखा गया। डायमंड हार्बर और फलता में केंद्रीय बलों की भारी तैनाती की गई है, जहां कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) की इकाइयां भी तैनात हैं।
 

08:48 AM, 29-Apr-2026

ममता बनर्जी ने भवानीपुर निर्वाचन क्षेत्र में पोलिंग बूथों का दौरा किया

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को अपने भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के कई बूथों का दौरा किया, जहां मतदान चल रहा है। भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र बनर्जी का राजनीतिक गढ़ है, जहां उनका मुकाबला विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी से है। यह मुकाबला प्रतिष्ठा की लड़ाई है। पिछले विधानसभा चुनाव में शुभेंदु ने ममता बनर्जी को हराया था। टीएमसी प्रमुख आमतौर पर मतदान के दिन दोपहर में अपने कालीघाट आवास से निकलकर मित्रा इंस्टीट्यूशन स्कूल में अपना वोट डालने जाती हैं। हालांकि, इस बार वे सुबह 8 बजे से पहले ही अपने आवास से निकल गईं और भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के कई पोलिंग स्टेशनों का दौरा किया, जिनमें दक्षिण कोलकाता के चेतला इलाके के बूथ भी शामिल हैं। 

08:40 AM, 29-Apr-2026

मतदान केंद्रों के बाहर लंबी लाइनें

राज्य विधानसभा चुनाव के दूसरे और आखिरी चरण में वोट डालने के लिए अपनी बारी का इंतज़ार करते हुए वोटर्स लंबी लाइनों में लगे हैं।
 

08:13 AM, 29-Apr-2026

'बुआ भतीजे की प्राइवेट लिमिटेड कंपनी बंद हो जाएगी'

पुरसुरा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार बिमान घोष ने कहा, 'मैं वोटर्स से अपील करता हूं कि वे सुबह बाहर आएं और वोट दें। यह एक त्योहार है। वोट करें और बंगाल को बदलें। असली बदलाव अब आएगा। इस बार, वह रिकॉर्ड (पहले फेज में) टूटेगा। उम्मीद है वोटिंग शांतिपूर्ण होगी। हम ज़्यादा सीटें जीतेंगे और सत्ता में आएंगे। बंगाल बदलेगा... बुआ-भतीजे की TMC प्राइवेट लिमिटेड कंपनी बंद हो जाएगी। इसके वर्कर्स को दूसरी कंपनियां ढूंढनी पड़ेंगी... लोगों से मैं कहना चाहूंगा - पहले मतदान, फिर जलपान।' चुनाव प्रचार के दौरान TMC सांसद मिताली बाग की कार पर कथित हमले पर उन्होंने कहा, 'यह मिताली बाग का किया हुआ ड्रामा था। क्या जनता यह सब नहीं समझती? क्या रोने से उनका केस चलेगा? नहीं। सांसद एक ज़िम्मेदार पद है। उन्हें यह सोचना चाहिए था। वे खत्म हो जाएंगे।'

07:56 AM, 29-Apr-2026

टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने किया मतदान

टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने नादिया के बूथ नंबर 120 पर करीमपुर गर्ल्स हाई स्कूल में मतदान किया। मतदान को बाद महुआ मोइत्रा ने कहा, 'हम लोकतंत्र को बचाने के लिए हैं। 27 लाख वोटों को काटा गया है। जिनके नाम वोटर लिस्ट में रह गए हैं, वे सभी 100% वोट देने आएंगे। यह कारण है कि मत प्रतिशत बहुत ज्यादा है। लोग प्रतिशोध के लिए वोट दे रहे हैं। पिछले 5 महीनों से केंद्र सरकार और चुनाव आयोग लोगों के साथ मजाक कर रहा है। हमने पहले फेज में जो काम शुरू किया था वह दूसरे फेज में पूरा हो रहा है।'
 

07:47 AM, 29-Apr-2026

अर्जुन सिंह बोले- बदलाव के लिए वोट किया

कोलकाता की नोआपाड़ा सीट से भाजपा उम्मीदवार अर्जुन सिंह ने मतदान किया। मतदान के बाद मीडिया से बात करते हुए अर्जुन सिंह ने कहा कि उन्होंने बदलाव और राज्य में भाजपा सरकार बनाने के लिए वोट किया। 

07:43 AM, 29-Apr-2026

भाजपा उम्मीदवार स्वप्न दासगुप्ता ने वोट किया

पश्चिम बंगाल की रासबिहारी सीट से उम्मीदवार स्वप्न दासगुप्ता ने लाइन में लगकर वोट किया। 
 

07:34 AM, 29-Apr-2026

भाजपा उम्मीदवार रत्ना देबनाथ ने किया मतदान

कोलकाता की पानीहाटी सीट से भाजपा उम्मीदवार और आरजी कर मेडिकल कॉलेज मामले की पीड़िता की मां रत्ना देबनाथ ने मतदान किया। 
 

07:22 AM, 29-Apr-2026

बांग्लादेश में भारत के अगले उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने किया मतदान

पूर्व केंद्रीय मंत्री और बांग्लादेश में भारत के अगले उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने कोलकाता के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। दिनेश त्रिवेदी ने कहा, 'यह लोकतंत्र का त्योहार है। यह हमारी धरोहर है... मैं चुनाव आयोग और सभी लोगों को बहुत-बहुत बधाई देना चाहता हूं। वे सभी कई महीनों से मेहनत कर रहे हैं... चुनाव आयोग कानूनी तौर पर ही सब चीजे करता है।'
 
 

07:06 AM, 29-Apr-2026

बंगाल चुनाव: पीएम मोदी ने मतदाताओं से की रिकॉर्ड मतदान की अपील

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए मतदाताओं से खास अपील की है। उन्होंने लोगों से रिकॉर्ड संख्या में मतदान करने का आग्रह किया। पीएम ने कहा कि भारी मतदान से हमारा लोकतंत्र और अधिक मजबूत बनेगा। उन्होंने विशेष रूप से बंगाल की महिलाओं और युवाओं से बड़ी संख्या में बाहर निकलकर वोट डालने की अपील की है। 

07:00 AM, 29-Apr-2026

बंगाल में दूसरे और अंतिम चरण के लिए मतदान शुरू

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे और अंतिम चरण के लिए मतदान शुरू हो गया है। कई मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें लगी हुई हैं। लोग अपने लोकतांत्रिक अधिकार का इस्तेमाल करने के लिए काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं। सुबह 7 बजे मतदान शुरू होने से पहले ही लोग केंद्रों पर जुटना शुरू हो गए थे। यह मतदान प्रक्रिया शाम 6 बजे तक चलेगी।
 

06:55 AM, 29-Apr-2026

मतदान से पहले जोड़े गए 1,468 मतदाताओं के नाम

मतदान से एक दिन पहले चुनाव आयोग ने एसआईआर प्रक्रिया के तहत एक और अतिरिक्त सूची जारी की जिसमें 1,468 मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं।

06:52 AM, 29-Apr-2026

142 में से 123 सीटों पर तृणमूल का है कब्जा

2021 के विधानसभा चुनाव में दूसरे चरण की 142 सीटों पर तृणमूल कांग्रेस का दबदबा देखने को मिला था। तब तृणमूल ने 123 सीटें जीती थीं, जबकि 18 सीटें भाजपा को मिली थीं। जबकि एक सीट सेक्युलर फ्रंट को मिला था।

06:48 AM, 29-Apr-2026

उपद्रव की आशंका में 2,473 से अधिक हिरासत में लिए गए

विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण से पहले गहन निगरानी के तहत पिछले तीन दिनों में 2,473 लोगों को हिरासत में लिया गया। चुनाव आयोग के एक अधिकारी के अनुसार, 29 अप्रैल को मतदान वाले जिलों में ये हिरासत और गिरफ्तारियां की गईं। सोमवार रात को 809 लोग हिरासत में लिए गए थे। यह संख्या मंगलवार तक बढ़कर 2,473 हो गईं। हिरासत में लिए गए अधिकांश लोगों की पहचान संभावित उपद्रवियों के रूप में की गई है। आयोग के आंकड़ों के अनुसार, पूर्वी बर्धमान में सबसे अधिक 479 लोगों को पकड़ा गया। इसके बाद उत्तर 24 परगना में 319 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

06:43 AM, 29-Apr-2026

मतदान से ठीक पहले आईएसएफ अध्यक्ष की टीएमसी पर हमला

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव का दूसरा चरण के मतादान से पहले इंडियन सेक्युलर फ्रंट (आईएसएफ) अध्यक्ष नौशाद सिद्दीकी ने कहा, 'कल रात से एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें ग्राम पंचायत प्रमुख लोगों को वोट न डालने की धमकी दे रहे हैं। वे भांगर के लोगों को डरा-धमकाकर कुछ भी हासिल नहीं कर पाएंगे। शौकत टीएमसी उम्मीदवार को हराएगा और उसे घर वापस भेज देगा।

06:32 AM, 29-Apr-2026

वोटिंग शुरू होने से पहली ही मतदान केंद्रों पर लगी कतारें 

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे और अंतिम चरण के लिए आज मतदान होना है। दक्षिण 24 परगना जिले के कई मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। लोग अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग करने के लिए सुबह 7 बजे मतदान शुरू होने से पहले ही केंद्रों पर जुटना शुरू हो गए हैं। मतदान सुबह 7 बजे से शुरू होकर शाम 6 बजे तक चलेगा।

06:24 AM, 29-Apr-2026

बंगाल चुनाव: दूसरे चरण की वोटिंग से पहले मतदान केंद्रों पर मॉक पोल शुरू

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण के लिए आज मतदान की प्रक्रिया शुरू होने से पहले, मतदान केंद्रों पर मतदान केद्रों पर मॉक पोल शुरू हो गए हैं। 
 

04:58 AM, 29-Apr-2026

West Bengal Voting LIVE: दूसरे चरण में 92.01% मतदान, चुनाव बाद भी CAPF की 700 कंपनियां बंगाल में ही रहेंगी

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए मतदान की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। मतदान सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक होगा। अगर कोई मतदाता शाम छह बजे तक वोटिंग की कतार में खड़ा है तो उसे मतदान का अधिकार होगा।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें