लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने दिल्ली में उपराष्ट्रपति चुने गए जगदीप धनखड़ से मुलाकात करके उनको जीत की बधाई दी।
केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी ने जगदीप धनखड़ ने देश के उप-राष्ट्रपति के रूप में निर्वाचित होने पर बधाई दी है। उन्होंने जगदीप धनखड़ का अभिनंदन करते हुए कहा कि आप का उपराष्ट्रपति चुना जाना, देश के लिए गौरव की बात है। उप-राष्ट्रपति के पद पर आपका कार्यकाल पूर्णतः सफल रहेगा, यह मुझे विश्वास है।
जगदीप धनखड़ के उपराष्ट्रपति पद के लिए निर्वाचित होने के बाद झुंझुनू में उनके पैतृक आवास पर जश्न का माहौल है।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट करके जगदीप धनखड़ को भारत के 14वें उपराष्ट्रपति के रूप में चुने जाने पर बधाई दी है। इसके साथ ही उन्होंने विपक्ष की उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा का भी आभार जताया है। उन्होंने कहा कि ने संयुक्त विपक्ष की भावना का अनुग्रह और सम्मान के साथ प्रतिनिधित्व करने के लिए मार्गरेट अल्वा का आभार।
विपक्ष की उप-राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा ने एनडीए के जगदीप धनखड़ को चुनाव जीतने पर बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट करके बिना नाम लिए टीएमसी पर निशाना भी साधा। उन्होंने ट्वीट किया, टदुर्भाग्य से, कुछ विपक्षी दलों ने एकजुट विपक्ष के विचार को पटरी से उतारने की कोशिश में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से भाजपा का समर्थन करना चुना...इस तरह उन्होंने अपनी खुद की विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने आगे कहा कि 'यह चुनाव खत्म हो गया है। हमारे संविधान की रक्षा, हमारे लोकतंत्र को मजबूत करने और संसद की गरिमा को बहाल करने की लड़ाई जारी रहेगी।'
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उपराष्ट्रपति चुनाव जीतने पर जगदीप धनखड़ को बधाई दी।
गृह मंत्री अमित शाह ने भी जगदीप धनखड़ को जीत की बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट किया, 'किसान पुत्र जगदीप धनखड़ जी का भारत के उपराष्ट्रपति के रूप में निर्वाचित होना पूरे देश के लिए हर्ष का विषय है। धनखड़ जी अपने लम्बे सार्वजनिक जीवन में निरंतर जनता से जुड़े रहे हैं। जमीनी मुद्दों की बारीकी समझ व उनके अनुभव का उच्च सदन को निश्चित रूप से लाभ मिलेगा।' उन्होंने अपने अगले ट्वीट में लिखा कि,' मुझे विश्वास है कि उपराष्ट्रपति व राज्यसभा के सभापति के रूप में जगदीप धनखड़ जी संविधान के एक आदर्श संरक्षक सिद्ध होंगे। उन्हें इस जीत पर बधाई देता हूँ। साथ ही मोदी जी के नेतृत्व में NDA सहयोगियों, अन्य दलों व संसद सदस्यों का धनखड़ जी का समर्थन करने के लिए आभार व्यक्त करता हूँ।'
केंद्रीय संसदीय मंत्री प्रहलाद जोशी के आवास पर पीएम मोदी भी पहुंच गए हैं। यहां भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पीएम मोदी का स्वागत किया। पीएम मोदी ने यहां पहुंचकर जगदीप धनखड़ को फूलों का गुलदस्ता भेंट करके जीत की बधाई दी।
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा दिल्ली में एनडीए उम्मीदवार जगदीप धनखड़ को बधाई देने के लिए केंद्रीय संसदीय मंत्री प्रहलाद जोशी के आवास पर पहुंचे हैं। जगदीप धनखड़ भी वहीं मौजूज हैं। उन्हें भारत का उपराष्ट्रपति चुना गया है। जेपी नड्डा ने उनके घर पहुंचकर धनखड़ को बधाई दी। जीत दर्ज करने के बाद उनके आवास पर जश्न मनाया जा रहा है।
देश के अगले उपराष्ट्रपति पद के लिए हो रहे चुनाव के नतीजे सामने आ गए हैं। इन नतीजों में एनडीए के उम्मीदवार जगदीप धनखड़ ने जीत हासिल की है। चुनाव आयोग के अधिकारियों ने बताया कि नए उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को 528 मत प्राप्त हुए हैं। वहीं विपक्ष से इस पद की उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा को 182 वोट मिले हैं। जबकि 15 वोटों को रद्द कर दिया गया है।
उपराष्ट्रपति चुनाव में शनिवार को करीब 93 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। अधिकारियों ने बताया कि 50 से अधिक सांसदों ने अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं किया। अधिकारियों ने बताया कि कुल 780 सांसदों में से 725 सांसदों ने मतदान शाम पांच बजे तक मतदान किया। तृणमूल कांग्रेस ने पहले ही चुनाव से दूर रहने के फैसले की घोषणा की थी। हालांकि, इसके दो सांसदों शिशिर कुमार अधिकारी और दिब्येंदु अधिकारी ने मतदान किया।
उपराष्ट्रपति चुनाव के मतदान के बाद सामने आया है कि सनी देओल ने वोट नहीं किया। वहीं, टीएमसी के इस चुनाव से किनारा करने के बावजूद दिव्येंदु अधिकारी और उनके पिता शिशिर अधिकारी ने पार्टी के फैसले के खिलाफ मतदान में हिस्सा लिया।
उपराष्ट्रपति पद के लिए हो रहा मतदान पूर्ण हो गया है। थोड़ी दी देर में वोटो की गिनती भी शुरू हो जाएगी। वहीं, आज ही इस चुनाव के नतीजे भी घोषित कर दिए जाएंगे। नतीजे घोषित होने के बाद पीएम मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार जगदीप धनखड़ से मिलने उनके आवास पर जा सकते हैं।
देश के अगले उपराष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए हो रहे मतदान का समय पूर्ण हो गया है। थोड़ी देर में वोटो की गितनी शुरू होगी। इस पद के लिए राजग उम्मीदवार जगदीप धनखड़ और विपक्ष की उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा के बीच मुकाबला है।
उपराष्ट्रपति चुनाव में दोपहर दो बजे तक 85 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ है। अधिकारियों ने जानकारी दी कि दोनों सदनों के 780 सांसदों में से लगभग 670 ने अब तक अपना वोट डाला। गौरतलब है कि राज्यसभा की आठ अन्य सीटें खाली हैं। पीएम मोदी और पूर्व पीएम मनमोहन सिंह ने सुबह अपने मताधिकार का प्रयोग किया। लोकसभा में 23 सहित 39 सांसदों वाली तृणमूल कांग्रेस ने पहले ही इस चुनाव से दूर रहने के अपने फैसले की घोषणा कर दी थी।
दिल्ली: उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, शशि थरूर, जयराम रमेश और मल्लिकार्जुन खड़गे ने संसद में वोट डाला।
दिल्ली: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने संसद में उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए अपना वोट डाला।
दिल्ली: विपक्ष की उपराष्ट्रपति पद की उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा ने संसद में केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल से बातचीत की। उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए वोटिंग जारी है।
दिल्ली: भाजपा सांसद हेमा मालिनी, राज्यवर्धन सिंह राठौर, केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री मिनाक्षी लेखी और केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए संसद में वोट डाला।
दिल्ली: संसद में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए वोट डाला। उनके अलावा पार्टी के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी और मनीष तिवारी भी वोट डालने पहुंचे।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, धर्मेंद्र प्रधान और राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश ने उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए संसद में वोट डाला।
दिल्ली: केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और केंद्रीय संसदीय कार्य और संस्कृति राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए वोट डाला।
दिल्ली: उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए पूर्व प्रधानमंत्री और कांग्रेस सांसद डॉ मनमोहन सिंह ने संसद में अपना वोट डाला।
दिल्ली: उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी, केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपना वोट डाला।
दिल्ली: पूर्व प्रधानमंत्री और कांग्रेस सांसद डॉ मनमोहन सिंह उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए अपना वोट डालने संसद पहुंचे।
दिल्ली: उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह और अश्विनी वैष्णव ने संसद में वोट डाला।
उपराष्ट्रपति चुनाव से दूर रहने का एलान कर चुकी तृणमूल कांग्रेस ने सुवेंदु अधिकारी के पिता शिशिर अधिकारी को चिट्ठी लिखी। इसमें शिशिर से कहा गया है कि वे उपराष्ट्रपति चुनाव में मतदान न करें। गौरतलब है कि जहां सुवेंदु भाजपा में शामिल हो चुके हैं, वहीं बंगाल से सांसद उनके पिता शिशिर अधिकारी अभी भी टीएमसी का हिस्सा हैं।
उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान शुरू हो चुके हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबसे पहले संसद परिसर में पहुंचकर मतदान किया।
उपराष्ट्रपति चुनाव में मतदान होता कैसे है?
संविधान के अनुच्छेद 66 में उपराष्ट्रपति चुनाव की प्रक्रिया का जिक्र है। यह चुनाव अनुपातिक प्रतिनिधि पद्धति से किया जाता है। इसमें वोटिंग सिंगल ट्रांसफरेबल वोट सिस्टम से होती है। आसान शब्दों में इस चुनाव के मतदाता को वरीयता के आधार पर वोट देना होता है। मसलन वह बैलट पेपर पर मौजूद उम्मीदवारों में अपनी पहली पसंद के उम्मीदवार को एक, दूसरी पसंद को दो और इसी तरह से अन्य प्रत्याशियों के आगे अपनी प्राथमिकता नंबर के तौर पर लिखता है। ये पूरी प्रक्रिया गुप्त मतदान पद्धति से होती है। मतदाता को अपनी वरीयता सिर्फ रोमन अंक के रूप में लिखनी होती है। इसे लिखने के लिए भी चुनाव आयोग द्वारा उपलब्ध कराए गए खास पेन का इस्तेमाल करना होता है।
उपराष्ट्रपति में कौन वोट डालता है?
उपराष्ट्रपति चुनाव में राज्यसभा के 233 निर्वाचित सांसद, राज्यसभा में मनोनीत 12 सांसद और लोकसभा के 543 सांसद वोट डाल सकते हैं। इस तरह के कुल 788 लोग वोट डाल सकते हैं। जम्मू कश्मीर विधानसभा भंग होने के कारण इस वक्त राज्यसभा में जम्मू कश्मीर के कोटे की चार सीटें रिक्त हैं।
त्रिपुरा के मुख्यमंत्री के इस्तीफे की वजह से भी एक सीट रिक्त है। इस तरह निर्वाचित सदस्यों की वर्तमान संख्या 228 ही है। वहीं, मनोनीत सांसदों की भी तीन सीटें खाली हैं। इस तरह से इलेक्टोरल कॉलेज में कुल सदस्य संख्या फिलहाल 780 ही है।
चुनाव की प्रक्रिया में कब क्या होगा?
आज सुबह दस बजे से शाम पांच बजे तक मतदान जारी रहेगा। इसके बाद वोटों की गिनती की जाएगी। छह अगस्त को ही नतीजे आ जाएंगे। 11 अगस्त को नए उपराष्ट्रपति का शपथ ग्रहण होगा।
विपक्ष से उपराष्ट्रपति पद की उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा को कांग्रेस, एनसीपी, वामदल, नेशनल कॉन्फ्रेंस, समाजवादी पार्टी, डीएमके, आरजेडी, आम आदमी पार्टी, टीआरएस, झामुमो का समर्थन मिला हुआ है। शिवसेना उद्धव ठाकरे गुट ने भी अल्वा का समर्थन किया है। शिवसेना सांसद संजय राउत अल्वा की नामांकन प्रक्रिया में भी शामिल हुए थे। हालांकि, शिवसेना के ज्यादातर सदस्य एनडीए के उम्मीदवार जगदीप धनखड़ के साथ हैं।