05:04 PM, 28-Nov-2021
अगरतला की सभी सीटें भाजपा ने जीतीं
भाजपा ने निकाय चुनाव में बड़ी जीत हासिल की है। अगरतला की बात करें तो भाजपा ने यहां की सभी 51 सीटें अपने नाम कर ली हैं। इसके साथ ही अन्य शहरी स्थानीय निकायों में भी भाजपा बड़ी जीत की ओर बढ़ रही है। वहीं, विपक्षी दल टीएमसी और सीपीआई (एम) अगरतला नगर निकाय चुनाव में अपना खाता भी नहीं खोल पाए हैं।
भाजपा ने त्रिपुरा निकाय चुनाव में विपक्ष का सूपड़ा ही साफ कर दिया है। अगरतला सहित 14 निकायों में भाजपा ने कुल 334 वार्ड्स में से 329 पर कब्जा जमा लिया है। कुल 334 सीटों में से 222 पर 25 नवंबर को मतदान हुआ था। इनमें से 217 सीटों पर भाजपा ने जीत हासिल की है, जबकि 112 पर उसके प्रत्याशी निर्विरोध चुने गए हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक, भाजपा 15 सीटों वाली खोवाई नगर परिषद, 17 सीटों वाली बेलोनिया नगर परिषद, 15 सीटों वाली कुमारघाट नगर परिषद और नौ सीटों वाली सबरूम नगर पंचायत के सभी वार्डों पर परचम लहराने में कामयाब रही है। भाजपा ने धर्मनगर नगर परिषद, तेलियामुरा नगर परिषद और अमरपुर नगर पंचायत में भी क्लीन स्वीप किया है।
चुनाव अधिकारियों के मुताबिक, सोनमुरा नगर पंचायत और मेलाघर नगर पंचायत में भी भाजपा ने सभी 13 सीटों पर जीत हासिल की है। भाजपा ने जिरानिया नगर पंचायत को भी जीत लिया है। भाजपा ने अंबासा नगर परिषद की 12 सीटों पर जीत हासिल की है, यहां टीएमसी और सीपीआई-एम ने एक-एक सीट जीती है। यहां एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार को भी मिली है।