फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

TMC Rift LIVE Updates: CM शुभेंदु की बैठक में पहुंचे बागी टीएमसी MP देव और जून मालिया, ममता गुट का रुख क्या?

Tue, 09 Jun 2026 02:34 PM IST
अमन तिवारी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली।

खास बातें

TMC Rift LIVE Updates: तृणमूल कांग्रेस में बगावत की चिंगारी लगातार चर्चा में है। पार्टी नेताओं और सांसदों की तरफ से बयानबाजी जारी है। कुछ सदस्य कथित तौर पर भाजपा के संपर्क में हैं। ऐसे में पूर्व सीएम ममता बनर्जी की पार्टी दो-फाड़ होने की कगार पर है। बागी नेताओं-सांसदों का गुट आज प्रेस वार्ता कर सकता है। इस घटनाक्रम पर सबकी नजरें टिकी हैं। अमर उजाला के इस लाइव में पढ़ें तृणमूल के राजनीतिक घटनाक्रम से जुड़े तमाम अपडेट्स
विज्ञापन
टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

लाइव अपडेट

03:43 PM, 09-Jun-2026

भाजपा सांसद राजू बिस्ता का टीएमसी पर हमला, कहा- पार्टी का कोई भविष्य नहीं बचा

भाजपा सांसद राजू बिस्ता ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि टीएमसी का अब कोई भविष्य नहीं बचा है और इसके लिए वह खुद जिम्मेदार है। बिस्ता का यह बयान उन खबरों के बाद आया है जिनमें दावा किया गया कि टीएमसी के 20 सांसद केंद्र में एनडीए को समर्थन दे सकते हैं। बिस्ता ने आरोप लगाया कि टीएमसी एक तानाशाही मॉडल पर चलती है और वहां लोकतंत्र खत्म हो चुका है। उन्होंने कहा कि अब टीएमसी के नेता और सांसद खुद पार्टी में नहीं रहना चाहते, इसमें भाजपा का कोई हाथ नहीं है।

सोशल मीडिया पर एक लिस्ट वायरल हो रही है जिसमें यूसुफ पठान, देव और रचना बनर्जी जैसे 20 सांसदों के नाम हैं। दावा है कि इन सांसदों ने एनडीए को समर्थन देने के लिए अलग गुट बना लिया है। हालांकि, टीएमसी नेता कीर्ति आजाद ने इस लिस्ट को पूरी तरह फर्जी बताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने 'ऑपरेशन लोटस' के तहत यह झूठी लिस्ट फैलाई है। आजाद के मुताबिक, लिस्ट में शामिल कई सांसदों ने किसी भी दस्तावेज पर हस्ताक्षर करने से साफ इनकार किया है।

02:22 PM, 09-Jun-2026

टीएमसी के बागी सांसद देव और जून मालिया मुख्यमंत्री की प्रशासनिक बैठक में शामिल हुए

पश्चिम बंगाल में टीएमसी के संसदीय दल के भीतर मतभेद की खबरें आ रही हैं। इस बीच बागी माने जाने वाले सांसद जून मालिया और दीपक अधिकारी (देव) मंगलवार को पूर्वी मेदिनीपुर जिले में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री शुभेंदु की प्रशासनिक बैठक में शामिल हुए।

टीएमसी सांसद कीर्ति आजाद ने शुभेंदु अधिकारी पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए
दिल्ली में टीएमसी सांसद कीर्ति आजाद ने पार्टी पर भ्रष्टाचार के आरोपों पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, पार्टी पर भ्रष्टाचार के आरोप हैं, इसलिए मैं यह जानना चाहता हूं। जब शुभेंदु अधिकारी को पांच लाख रुपये लेते और अपनी जेब में रखते हुए पकड़ा गया था, तो बाद में भाजपा ने उन्हें पद क्यों दिया?

01:01 PM, 09-Jun-2026

यूसुफ पठान पर क्या बोले टीएमसी नेता कल्याण बनर्जी?

टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने एक चौंकाने वाला दावा किया है। उन्होंने कहा कि यूसुफ पठान को गृह मंत्री अमित शाह ने फोन किया था। कल्याण बनर्जी के अनुसार, यूसुफ पठान ने खुद यह जानकारी दी है और वे उनसे मिलने दिल्ली आए थे।

बागी सांसदों ने ममता को छोड़ मोदी को चुना- कल्याण बनर्जी
टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने बागी सांसदों पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि ये सांसद भाजपा नेता भूपेंद्र यादव के घर गए, जहां शुभेंदु अधिकारी भी मौजूद थे। इसका मतलब साफ है कि वे अब भाजपा का हिस्सा बन चुके हैं। कल्याण बनर्जी के अनुसार, इन लोगों ने ममता बनर्जी की जगह नरेंद्र मोदी को अपना नेता मान लिया है। उन्होंने बागी सांसदों को चुनौती दी कि वे अपने चुनाव क्षेत्रों में जाकर टीएमसी कार्यकर्ताओं का सामना करें और जनता की राय सुनें। कल्याण बनर्जी ने यह भी कहा कि पश्चिम बंगाल में अब लोकतंत्र खत्म हो गया है और वहां तानाशाही का राज है।
 

विज्ञापन
12:41 PM, 09-Jun-2026

बागियों के जाने से हम खुश हैं, 20 से ज्यादा सांसद भी गए तो फर्क नहीं पड़ेगा- कल्याण बनर्जी

टीएमसी नेता कल्याण बनर्जी ने मीडिया वार्ता में कहा कि वह बागियों के पार्टी छोड़ने से बहुत खुश हैं। उन्होंने कहा कि अब पार्टी को नए खून यानी नए लोगों की जरूरत है। कल्याण बनर्जी ने साफ किया कि ममता बनर्जी ही उनकी नेता हैं और तृणमूल का चुनाव चिन्ह ही उनकी पहचान है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर 20 से ज्यादा सांसद भी पार्टी छोड़कर चले जाते हैं, तो इससे उन्हें कोई परेशानी नहीं होगी।

12:33 PM, 09-Jun-2026

टीएमसी चोरों और दुष्कर्मियों की पार्टी, पहले इस्तीफा देता तो हो जाती मेरी हत्या- सुखेंदु शेखर रॉय

टीएमसी से इस्तीफा देने वाले पूर्व राज्यसभा सांसद सुखेंदु शेखर रॉय ने अपनी पुरानी पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा, यह को चोरों और दुष्कर्मियों की पार्टी है। रॉय ने कहा कि आरजी कर अस्पताल की घटना ने उन्हें पार्टी छोड़ने का फैसला लेने पर मजबूर किया। उन्होंने एक बड़ा दावा करते हुए कहा कि अगर वह पहले इस्तीफा देते, तो सुपारी किलर उनकी हत्या कर सकते थे। रॉय के अनुसार, आरजी कर घटना के बाद जिस तरह जनता सड़कों पर उतरी, वैसा उन्होंने अपने पूरे राजनीतिक जीवन में कभी नहीं देखा था। उन्होंने दोषियों को फांसी देने की मांग की थी। रॉय ने बताया कि विरोध में ट्वीट करने और प्रदर्शन में बैठने की वजह से उन्हें समन भी भेजा गया था।


 

विज्ञापन
12:22 PM, 09-Jun-2026

सुखेंदु शेखर रॉय ने की नई सरकार की तारीफ, कल्याण बनर्जी के गद्दार वाले बयान पर साधी चुप्पी

टीएमसी के पूर्व राज्यसभा सांसद सुखेंदु शेखर रॉय ने नई सरकार के कामकाज को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने एक आम नागरिक के तौर पर कहा कि नई सरकार अपने घोषित एजेंडे के साथ मजबूती से आगे बढ़ रही है। जब उनसे टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी के गद्दार वाले बयान पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने इस पर कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। सुखेंदु शेखर रॉय ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि कल्याण बनर्जी ने किसे और क्यों गद्दार कहा है। वह इस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते।

12:16 PM, 09-Jun-2026

कीर्ति आजाद का बागी नेताओं पर तीखा हमला

पार्टी में बगावत पर TMC सांसद कीर्ति आजाद कहते हैं, 'हमारे 29 नेता मां, माटी और मानुष के नाम पर जीतकर सांसद बने। मैं इन गद्दारों से पूछना चाहता हूं कि उन्होंने चुनाव के बाद ही अपनी परेशानियां क्यों बताईं, पहले क्यों नहीं? सुखेंदु शेखर रॉय में कम से कम इस्तीफा देने की राजनीतिक नैतिकता तो थी। अगर आपमें भी राजनीतिक नैतिकता है, तो आप सब भी इस्तीफा दें और भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ें।'

12:08 PM, 09-Jun-2026

संदीपान साहा का दावा- हमारे पास दो-तिहाई बहुमत, विधानसभा में हम होंगे मुख्य विपक्ष

कोलकाता में टीएमसी से निकाले गए नेता और विधानसभा में उप-नेता प्रतिपक्ष संदीपान साहा ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि उनके पास 58 विधायकों के हस्ताक्षर हैं, जो दो-तिहाई बहुमत है। यह संख्या लगातार बढ़ रही है। साहा ने कहा कि अब यही विधायी दल विधानसभा में मुख्य विपक्षी दल बनेगा।

संदीपान साहा ने टीएमसी के संविधान पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पार्टी के संविधान में किसी को निकालने का कोई नियम नहीं है। उन्होंने साफ किया कि अगर दो-तिहाई से ज्यादा विधायक अपना नेता चुनते हैं, तो उसे ही आधिकारिक दर्जा मिलेगा, चाहे पार्टी उन्हें निकाल ही क्यों न दे।

12:01 PM, 09-Jun-2026

भाजपा किसी भी कीमत पर विपक्ष को खत्म करना चाहती है- शिवपाल सिंह यादव

समाजवादी पार्टी के नेता शिवपाल सिंह यादव ने भाजपा पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह बात सब जानते हैं कि भाजपा हर हाल में विपक्ष को खत्म करना चाहती है। शिवपाल यादव ने आरोप लगाया कि सरकार चुने हुए जनप्रतिनिधियों को ईडी के झूठे मामलों में फंसा रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में ऐसा पहले कभी नहीं हुआ है।

11:57 AM, 09-Jun-2026

टीएमसी में बगावत पर संजय झा ने दी प्रतिक्रिया

पटना में जेडीयू नेता संजय झा ने टीएमसी के 20 सांसदों के लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखने पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, टीएमसी ने चुनाव में बूथ कब्जा किया था, लेकिन अब सारा सच बाहर आ रहा है। उन्होंने दावा किया कि टीएमसी की हालत अब ताश के पत्तों की तरह हो जाएगी और वह पूरी तरह बिखर जाएगी। संजय झा ने आरोप लगाया कि टीएमसी के भीतर लोकतंत्र खत्म हो चुका है। उनके अनुसार, पार्टी में मची यह हलचल उसी का नतीजा है।

11:54 AM, 09-Jun-2026

टीएमसी में मची बगावत पर क्या बोले मंत्री अशोक डिंडा?

पश्चिम बंगाल के मंत्री अशोक डिंडा ने टीएमसी में मची बगावत पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि उन पर बम और हथियारों का केस दर्ज है। उन्होंने बहुत संघर्ष किया और अब मंत्री बनकर उन्हें अच्छा लग रहा है। अशोक डिंडा ने कहा कि अब टीएमसी में कुछ नहीं बचेगा। उन्होंने दावा किया कि जनता की नजर में टीएमसी का मतलब चोर है। लोग अब जागरूक हो गए हैं। अगर कोई खुद को टीएमसी का नेता बताएगा, तो जनता उसे अंडे, जूते और पत्थर मारेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी ने जनता को बहुत सताया है। हर चीज में सिर्फ पैसे की बात होती थी। डिंडा ने कहा कि टीएमसी ने पूरे बंगाल में डर और आतंक फैलाया था। उनके अनुसार, टीएमसी ने लोगों को डराकर जो माहौल बनाया था, उसका सच अब सबके सामने आ रहा है।

11:46 AM, 09-Jun-2026

मीडिया वार्ता में क्या बोले टीएमसी नेता कल्याण बनर्जी ?

मीडिया वार्ता को संबोधित करते हुए टीएमसी नेता कल्याण बनर्जी ने कहा, आप जानते हैं कि कल कुछ घटनाक्रम हुए। टीएमसी नेता सुखेन्दु शेखर रॉय ने कल राज्यसभा से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने कुछ आरोप लगाए हैं। उन आरोपों में कितनी सच्चाई है, इस पर सवाल उठ सकते हैं। हालांकि, हमारा मानना है कि इस्तीफा देकर उन्होंने सही काम किया है और नैतिक मानकों और राजनीतिक नैतिकता को कायम रखा है। ऐसा ही होना चाहिए। अगर किसी के पार्टी से मतभेद हैं, अगर उनके कार्यों से पार्टी जनता के सामने शर्मनाक स्थिति में आ जाती है, अगर पार्टी के खिलाफ उनकी कई शिकायतें हैं, या अगर वे अब पार्टी में नहीं रहना चाहते और किसी और का समर्थन करना चाहते हैं, तो इस्तीफा देना उनका नैतिक दायित्व है। जिस तरह सुखेन्दु शेखर रॉय ने इस्तीफा दिया, उसी तरह की स्थिति में अन्य लोगों को भी इस्तीफा देना चाहिए। मुझे नहीं पता कि कितने लोगों ने हस्ताक्षर किए, कितने लोगों ने नहीं किए, या वास्तव में क्या हुआ। मुझे नहीं पता कि कौन क्या दावा कर रहा है। लेकिन 24 घंटे बीत जाने के बाद भी, काकोली घोष दस्तीदार द्वारा भेजे गए पत्र को अभी तक सार्वजनिक नहीं किया गया है। किसी ने भी वह पत्र अभी तक नहीं देखा है। अगर ईमानदारी इतना महत्वपूर्ण मुद्दा है, और अगर नैतिकता इतनी महत्वपूर्ण है, तो उस पत्र का खुलासा क्यों नहीं किया जा सका?

11:36 AM, 09-Jun-2026

टीएमसी ने कल्याण बनर्जी को लोकसभा में पार्टी का मुख्य सचेतक नियुक्त किया

तृणमूल कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष ममता बनर्जी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को एक पत्र लिखा है। इस पत्र में उन्होंने जानकारी दी कि कल्याण बनर्जी को लोकसभा में पार्टी का मुख्य सचेतक नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति तुरंत प्रभाव से लागू हो गई है। ममता बनर्जी ने लोकसभा अध्यक्ष से अनुरोध किया है कि इस जानकारी को रिकॉर्ड में लिया जाए। साथ ही उन्होंने इस संबंध में जरूरी कार्रवाई करने की बात भी कही है।

11:27 AM, 09-Jun-2026

कांग्रेस ने भाजपा को विचारधारा के सवाल पर घेरा

तृणमूल से जुड़ी खबरों में दावा किया गया है कि केंद्र में सत्तारुढ़- राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के साथ गठबंधन करने की इच्छा जताते हुए कम से कम 20 तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसदों ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को पत्र सौंपा है। इस घटनाक्रम पर कांग्रेस विधायक विजय वाडेट्टीवार ने कहा, 2014 के बाद से देश का राजनीतिक माहौल पूरी तरह बदल गया है। अब कोई भी विचारधारा के आधार पर काम नहीं कर रहा है। यह सब भाजपा ने किया है। वे सत्ता में बने रहने के लिए पार्टियों को बांट रहे हैं।

11:26 AM, 09-Jun-2026

कांग्रेस नेता उदित राज क्या बोले?

कांग्रेस नेता उदित राज ने टीएमसी में मची बगावत पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि टीएमसी पहले ही टूट चुकी है और कई विधायक-सांसद पार्टी छोड़ चुके हैं। उदित राज ने इस स्थिति के लिए ममता बनर्जी को ही जिम्मेदार ठहराया। उदित राज का मानना है कि अगर ममता बनर्जी ने नीतीश कुमार को इंडिया गठबंधन का संयोजक बनने दिया होता, तो भाजपा 125 से 150 सीटों पर ही सिमट जाती। उन्होंने कहा कि 400 पार के नारे ने भाजपा को मनोवैज्ञानिक बढ़त दी, जिससे उन्हें 25-30 सीटें ज्यादा मिलीं। बिहार में नीतीश कुमार के साथ की वजह से ही भाजपा को इतनी सीटें मिल पाईं। उदित राज ने ममता बनर्जी को सलाह दी कि वह कांग्रेस में शामिल हो जाएं। उन्होंने कहा कि ममता को पुरानी गलतियां सुधारकर गठबंधन को मजबूत करना चाहिए। उन्होंने ममता से राहुल गांधी का नेतृत्व स्वीकार करने की अपील की। साथ ही, उन्होंने अरविंद केजरीवाल से दूर रहने की सलाह दी। उदित राज ने केजरीवाल को चालाक नेता और आरएसएस की विचारधारा वाला बताया।

11:05 AM, 09-Jun-2026

TMC Rift LIVE Updates: CM शुभेंदु की बैठक में पहुंचे बागी टीएमसी MP देव और जून मालिया, ममता गुट का रुख क्या?

पश्चिम बंगाल में सत्ताधारी दल रही तृणमूल कांग्रेस के नेताओं का असंतोष लगातार सुर्खियों में है। माना जा रहा है कि असंतुष्ट सांसदों का एक धड़ा भाजपा के संपर्क में है। इस घटनाक्रम के बीच आज तृणमूल के कई नेता प्रेस वार्ता करने वाले हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी में असंतोष के बीच तृणमूल नेता लगातार बयानबाजी कर रहे हैं। बंगाल के इस अहम राजनीतिक घटनाक्रम पर पूरे देश की नजर है। काकोली घोष दस्तीदार के बागी तेवरों के बीच महुआ मोइत्रा ने पार्टी सांसद युसुफ पठान को नसीहत दी है। सागरिका घोष ने भी बागी तेवर अपना रहे सांसदों-नेताओं को सख्त संदेश दिया है। जानिए किस नेता ने क्या कहा?

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें