09:32 AM, 14-Oct-2026
‘जेल भेजकर डराना चाहती है सरकार’
हिरासत से बाहर आने के बाद सीजेपी नेता अजिंक्य शिंदे ने आरोप लगाया कि वह, आशुतोष रांका और सौरव दास पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ भारतीय तिरंगा लेकर जंतर-मंतर पहुंचे थे, जहां उन्होंने ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए। शिंदे के मुताबिक, इसी वजह से सौरव दास और आशुतोष रांका को पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। उन्होंने इसकी तुलना अंग्रेजों के शासनकाल से करते हुए कहा कि आजादी की लड़ाई के दौरान भी क्रांतिकारियों को तिरंगा लहराने और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाने पर जेल भेजा जाता था। शिंदे ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि मोदी-शाह की सरकार भी उसी तरह काम कर रही है। उन्होंने यह भी बताया कि आशुतोष रांका के जन्मदिन पर उन्हें जेल भेजा गया। शिंदे ने दावा किया कि सरकार अपनी ताकत का दुरुपयोग कर लोगों के मौलिक अधिकारों का उल्लंघन कर रही है।
'लेकिन हम डरने वाले नहीं'
अजिंक्य शिंदे ने देशभर के लोगों से एकजुट होकर सरकार के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि अगर सरकार को लगता है कि सौरव दास और आशुतोष रांका को पांच दिन के लिए जेल भेजकर सीजेपी नेताओं को डराया जा सकता है, तो यह उसकी गलतफहमी है। शिंदे के अनुसार, दोनों नेता पूरे आत्मविश्वास के साथ जेल जा रहे हैं और उन्होंने साफ कर दिया है कि वे डरने वाले नहीं हैं। वहीं, अभिजीत दिपके के पार्टी की कोर कमेटी की बैठक में शामिल होने के सवाल पर शिंदे ने पुष्टि की कि वह बैठक का हिस्सा होंगे। गौरतलब है कि सरकार और पुलिस पर लगाए गए ये आरोप CJP नेता अजिंक्य शिंदे के हैं।