India 75th Republic Day Celebration Live: देश आज अपना 75वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। दिल्ली में कर्तव्य पथ पर हुई परेड में दुनिया ने भारत का शौर्य देखा। साथ ही विभिन्न राज्यों और मंत्रालयों की झांकी में देश की समृद्ध संस्कृति ने अभिभूत किया। इस बार का गणतंत्र दिवस कई मायनों में खास रहा। 100 से ज्यादा महिलाओं के बैंड ने परेड की शुरुआत की। वहीं परेड के दौरान भारत की नारी शक्ति ने देशवासियों को गर्व करने का मौका दिया।
इमैनुएल मैक्रों से मिलीं मुर्मू
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मुलाकात की। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भारत के मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहें।
राष्ट्रपति भवन में 'एट होम' रिसेप्शन
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रपति भवन में 'एट होम' रिसेप्शन का आयोजन किया। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित हैं।
'मेरे लिए यह गर्व की बात है कि मैं भारत के गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होने भारत आया हूं।' यह कहना है फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों का। मैक्रों दो दिवसीय दौरे पर भारत आएं हैं। भारत दौरे के पहले दिन वे राजस्थान के जयपुर में रहे। वहीं, दूसरे दिन यानी शुक्रवार को उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ भारत की गणतंत्र दिवस परेड को भी देखा। मैक्रों ने परेड के बाद ट्वीट कर खुशी जताते हुए कहा कि 'यह फ्रांस के लिए सम्मान की बात है। शुक्रिया भारत।'
गणतंत्र दिवस परेड का हुआ समापन। पीएम मोदी ने लोगों से मुलाकात की और दर्शकों का अभिवादन स्वीकार किया।
कर्तव्य पथ पर प्रचंड हेलीकॉप्टर्स ने किया फ्लाई-पास्ट
भारतीय वायुसेना ने तंगैल फॉर्मेशन में कर्तव्य पथ से किया फ्लाईपास्ट।
उत्तर प्रदेश की झांकी में थीम अयोध्याः विकसित भारत-समृद्ध विरासत को प्रदर्शित किया गया। यूपी की झांकी में रामलला की प्रतिमा को प्रदर्शित किया गया।
छत्तीसगढ़ की झांकी में आदिवासी समुदाय में मौजूद लोकतांत्रिक मूल्यों को प्रदर्शित किया गया।
मध्य प्रदेश की झांकी में आत्मनिर्भर और प्रगतिशील; नारी शक्ति को सलाम किया गया है।
कर्तव्य पथ से गुजरी हरियाणा की झांकी। हरियाणा की झांकी की थीम 'मेरा परिवार, मेरी पहचान' है।
गणतंत्र दिवस परेड में शामिल हुए राष्ट्रीय बाल पुरस्कार विजेता। बहादुरी, कला-संस्कृति, विज्ञान, तकनीक और सामाजिक सेवा और खेलों में दिए गए हैं बाल पुरस्कार।
बीएसएफ के ऊंट सवार दस्ते ने कर्तव्य पथ पर किया मार्च
गणतंत्र दिवस परेड में पहली बार महिलाओं की तीनों सेनाओं की टुकड़ी ने लिया हिस्सा।
सेना की मद्रास रेजीमेंट ने कर्तव्य पथ पर किया मार्च। मद्रास रेजीमेंट, सेना की सबसे पुरानी रेजीमेंट में से एक है।
भारतीय सेना की रॉकेट रेजीमेंट ने कर्तव्य पथ पर पिनाका रॉकेट हथियारों का प्रदर्शन किया। इस रेजीमेंट का नेतृत्व 262 फील्ड रेजीमेंट की लेफ्टिनेंट प्रियंका सेवदा ने किया।
भारतीय सेना के टी-90 भीष्म ने कर्तव्य पथ पर मार्च किया। 42 आर्मर्ड रेजीमेंट के इस दस्ते का नेतृत्व लेफ्टिनेंट फयाज सिंह ढिल्लन ने नेतृत्व किया।
फ्रांस की सैन्य टुकड़ी ने कर्तव्य पथ पर किया मार्च। फ्रांस की टुकड़ी में म्यूजिक बैंड और मार्चिंग दस्ता शामिल है। यह दस्ता फ्रांस की सेना की सेकेंड इंफेंट्री रेजीमेंट का हिस्सा है।
सेना के दल 61 कैवेलरी ने कर्तव्य पथ पर किया मार्च। इस घुड़सवार दल का नेतृत्व भारतीय सेना के मेजर यशदीप अहलावत ने किया। यह कैवेलरी दुनिया की एकमात्र घुड़सवार दल है।
कर्तव्य पथ पर सेना के एमआई-17 हेलीकॉप्टर्स ने ध्वज फॉर्मेशन में कर्तव्य पथ पर किया फ्लाईपास्ट। साथ ही भारतीय सेना के सर्वोच्च वीरता पुरस्कार विजेता परमवीर चक्र और अशोक चक्र से सम्मानित जाबांजों ने कर्तव्य पथ पर किया मार्च।
राष्ट्रपति मुर्मू ने कर्तव्य पथ पर सलामी मंच से राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद राष्ट्रगान बजा और 21 तोपों की सलामी दी गई। अब कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस परेड शुरू हो गई है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रां कर्तव्य पथ पहुंच गए हैं। पीएम मोदी ने दोनों का स्वागत किया। राष्ट्रपति मुर्मू और फ्रांस के राष्ट्रपति बग्घी में बैठकर कर्तव्य पथ पहुंचे। अब राष्ट्रपति सलामी मंच की तरफ बढ़ रही हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर्तव्य पथ पहुंच गए हैं। कर्तव्य पथ पहुंचकर प्रधानमंत्री ने पहले विभिन्न नेताओं का अभिवादन स्वीकार किया। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ भी कर्तव्य पथ पहुंच गए हैं, जिनका प्रधानमंत्री ने स्वागत किया।
प्रधानमंत्री 75वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर पीएम मोदी दिल्ली स्थित वॉर मेमोरियल पहुंचे हैं। वहां उन्होंने सेना के तीनों प्रमुखों और सीडीएस से मुलाकात की। इसके बाद पीएम मोदी ने वॉर मेमोरियल पर बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी मौजूद रहे।
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रां भारत के 75वें गणतंत्र दिवस के मुख्य अतिथि हैं। इमैनुएल मैक्रां गुरुवार को ही भारत पहुंच गए थे। शुक्रवार को उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में भारतीयों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा, 'मेरे दोस्त नरेंद्र मोदी, भारतीय लोगों, गणतंत्र दिवस की बधाई। आपके साथ खुश और गौरवान्वित हूं। चलिए उत्सव मनाते हैं।'
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने देशवासियों को 75वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी हैं। राहुल ने सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में लिखा 'स्वतंत्रता आंदोलन के सपनों को एक सूत्र में पिरोने वाला हमारा महान संविधान भारतीय गणतंत्र की आत्मा है। संविधान के मूल सिद्धांतों की रक्षा और उनके प्रति निष्ठा ही अमर स्वतंत्रता सेनानियों को सच्ची श्रद्धांजलि है। सभी देशवासियों को गणतंत्र दिवस की ढेरों शुभकामनाएं। जय हिंद।'
ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने 75वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर भारत को दी बधाई। ऑस्ट्रेलियाई पीएम ने इस अवसर पर एक बधाई संदेश जारी किया, जिसमें उन्होंने लिखा कि 'दोनों देश एक ही दिन राष्ट्रीय दिवस मनाते हैं। यह हमारी गहरी दोस्ती का जश्न मनाने का मौका है। ऑस्ट्रेलिया और भारत कभी भी इतने करीब नहीं रहे।'
भारत स्थित रूसी दूतावास में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। रूसी दूतावास ने सोशल मीडिया पर इसका वीडियो भी शेयर किया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पद्म पुरस्कारों से सम्मानित लोगों को बधाई दी और कहा कि भारत उनके योगदान को हमेशा याद रखेगा। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर साझा पोस्ट में लिखा कि 'हम उम्मीद करते हैं कि वह आगे भी लोगों को अपने काम से प्रेरित करते रहेंगे।'
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने 75वें गणतंत्र दिवस पर दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में फहराया तिरंगा।
संघ मुख्यालय में संघ प्रमुख मोहन भागवत ने फहराया तिरंगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गणतंत्र दिवस की दी शुभकामनाएं।
अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने भी शुक्रवार को भारत को 75वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं हैं। उन्होंने कहा कि 'संयुक्त राज्य अमेरिका की ओर से मैं भारतीयों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देता हूं। दुनिया का सबसे बड़ा संविधान भारत का है। भारत के लोगों को खास दिन पर जश्न मनाने के लिए बधाई।'
दिल्ली पुलिस के विशेष पुलिस आयुक्त दीपेंद्र पाठक ने बताया कि 'कार्यक्रम की जगह यानी कर्तव्य पथ को सुरक्षा के लिहाज से जोन में बांटा गया है। कई वीआईपी और आम जनता की सुविधा का ध्यान रखा गया है और सुरक्षा में किसी तरह की कोताही नहीं बरती जाएगी। खुफिया एजेंसी, दिल्ली पुलिस केंद्रीय एजेंसियों को कई तरह की सूचनाएं मिली हैं और इन सभी को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। हमारी जनता से अपील है कि वह पुलिस के निर्देशों का पालन करें और जितना हो सकें सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें।'
मुख्यमंत्री भजनलाल ने अपने आधिकारिक आवास पर गणतंत्र दिवस पर फहराया तिरंगा।
दिल्ली मेट्रो सुबह चार बजे से शुरू
गणतंत्र दिवस के अवसर पर दिल्ली मेट्रो आज सुबह चार बजे से ही शुरू हो गई। स्टेशनों पर कई लोगों की चहलकदमी भी देखी गई।
रूस ने दी गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं
इसके अलावा, भारत में पदस्थ रूस के राजदूत डेनिस अलीपोव ने भी भारत को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं हैं। रूसी अधिकारी ने ट्वीट करते हुए कहा कि भारत को गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई। हम भारतीय मित्रों की समृद्धि, कल्याण और उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हैं। भारत जिंदाबाद। रूसी-भारतीय दोस्ती जिंदाबाद।
अमेरिका ने दी बधाई
संयुक्त राज्य अमेरिका ने भारत को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं हैं। उन्होंने भारत को अपना प्रमुख साझेदार बताया है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रधान उप प्रवक्ता वेदांत पटेल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि हम दोनों देश कई प्रमुख क्षेत्रों में अपने सहयोग को मजबूत करने के लिए तत्पर हैं।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर रियासी का भीमगढ़ किला सज गया है। रात में किले की छठा मनमोहक लग रही है।
रियाद-ताशकंद दूतावास भी तिरंगे के रंग में नहाए
75वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर सऊदी अरब के रियाद में स्थित भारतीय दूतावास को तिरंगे के रंग से सजा दिया गया है। दूतावास ने एक्स पर ट्वीट करते हुए इसकी जानकारी दी। वहीं, उज्बेकिस्तान के ताशकंद में भारतीय दूतावास ने गुरुवार को एक फोटो प्रदर्शनी का आयोजन किया। यह आयोजन ताशकंद स्थित अलीशेर नवोई नेशनल लाइब्रेरी में हुआ।
26 जनवरी के अवसर पर कलकत्ता और मुंबई स्थित राजभवन तिरंगे की रोशनी से चमक उठे हैं। वहीं, नवी मुंबई नगर पालिका का दफ्तर भी केसरी, सफेद और हरी रंग की रोशनी से ओतप्रोत हो गया है। तमिलनाडु का चेन्नई एयरपोर्ट भी गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर चमक रहा है।
गणतंत्र दिवस परेड के मद्देनजर राजधानी नई दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता की जा रही है। दिल्ली पुलिस मुस्तैदी से सुरक्षा व्यवस्था संभाल रही है।
परेड का समय और स्थान
गणतंत्र दिवस परेड का मुख्य आयोजन आज सुबह 10.30 बजे से शुरू होगा, जो करीब 12 बजे तक चलेगा। परेड नई दिल्ली में कर्तव्य पथ से लेकर नेशनल स्टेडियम तक जाएगी, जिसकी दूरी पांच किलोमीटर है।
13,000 विशेष मेहमानों को आमंत्रण
इस साल परेड में शामिल होने के लिए करीब 13 हजार विशेष मेहमानों को आमंत्रित किया गया है। ये वे लोग हैं जिन्होंने सरकार की करीब 30 प्रमुख योजनाओं का लाभ उठाया है। इसके अलावा पेटेंट हासिल करने वाले विशेषज्ञों, इसरो की महिला वैज्ञानिकों, स्वतंत्रता सेनानियों, किसानों और आदिवासी समुदाय के लोगों को भी निमंत्रण दिया गया है। इसका उद्देश्य सरकार के जनभागीदारी के दृष्टिकोण के अनुरूप जीवन के सभी क्षेत्रों के लोगों को राष्ट्रीय उत्सव में भाग लेने का अवसर प्रदान करना है। कर्तव्य पथ पर परेड देखने के लिए 77 हजार सीटों की क्षमता है। इनमें से आम जनता के लिए 42 हजार सीट टिकटों के जरिये बुक की जाती हैं।
गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों जयपुर से नई दिल्ली पहुंच गए हैं। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने हवाईअड्डे पर उनका स्वागत किया। गौरतलब है कि मैक्रों दो दिवसीय दौरे पर भारत आए हैं।
India 75th Republic Day Celebration Live: पूरा देश आज 75वां गणतंत्र दिवस (Republic Day) मना रहा है।इस मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कर्तव्यपथ पर तिरंगा फहराएंगी। इसके बाद कर्तव्य पथ पर परेड का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस साल फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों गणतंत्र दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। कर्तव्य पथ पर होने वाली परेड भी इस बार खास होगी। अभी तक हमेशा परेड की शुरुआत सैन्य बैंड के साथ होती आई है, लेकिन इस बार देशभर की 100 महिला सांस्कृतिक कलाकार पारंपरिक वाद्यों के साथ परेड का आगाज करेंगी।