फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राज्यसभा चुनाव परिणाम LIVE: गठबंधन के उम्मीदवार की हार पर बोले प्रफुल्ल पटेल- हमारे पास 200 विधायक नहीं हैं, वरना नतीजा कुछ और होता

Sat, 11 Jun 2022 02:12 PM IST
संजीव कुमार झा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

Rajya Sabha Election Results 2022: आखिरकार चार राज्यों की 16 राज्यसभा सीटों पर हुई वोटिंग की मतगणना शनिवार तड़के तक पूरी हो ही गई। सबसे आखिर में महाराष्ट्र के नतीजे आए। महाराष्ट्र में भाजपा को जहां तीन सीटें मिलीं वहीं शिवसेना, कांग्रेस और एनसीपी ने क्रमश: एक-एक सीट पर जीत दर्ज की। हरियाणा में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा जहां कि वरिष्ठ नेता अजय माकन को हार का सामना करना पड़ा। हरियाणा में भाजपा के कृष्ण लाल पंवार तो वहीं निर्दलीय प्रत्याशी कार्तिकेय शर्मा ने जीत दर्ज की। राजस्थान की बात करें तो यहां कांग्रेस को तीन सीटें मिलीं तो भाजपा को एक सीट पर संतोष करना पड़ा। राज्यसभा परिणाम से जुड़े हर अपडेट के लिए बने रहें अमर उजाला के साथ...
विज्ञापन
एनसीपी नेता प्रफुल्ल पटेल - फोटो : ANI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

01:24 PM, 11-Jun-2022

हमारे पास 200 विधायक नहीं हैं, नहीं तो नतीजा कुछ और होता: प्रफुल्ल पटेल

गठबंधन के उम्मीदवार की हार पर एनसीपी नेता प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि महाराष्ट्र में एमवीए सरकार 200 सीटों के साथ नहीं आई। चुनाव बाद गठबंधन के साथ सरकार बनी थी। संख्या आधे से ज्यादा जरूर है लेकिन हमारे पास 200 विधायक नहीं हैं, नहीं तो नतीजा कुछ और होता। उन्होंने कहा कि कुछ अपवादों को छोड़कर, उम्मीदवार पार्टी की ताकत के आधार पर (राज्यसभा चुनावों में) जीतते हैं। यह स्वाभाविक है कि किसी राज्य की विधानसभा में बहुमत वाली पार्टी के पास राज्यसभा में अधिक जीतने वाले उम्मीदवार होंगे। कर्नाटक में भाजपा की सरकार, राजस्थान में कांग्रेस की सरकार उदाहरण हैं।

12:09 PM, 11-Jun-2022

कांग्रेस नेता कुलदीप बिश्नोई को पार्टी से निलंबित किया जाएगा: कांग्रेस

समाचार एजेंसी एएनआई ने कांग्रेस सूत्रों के हवाले से बताया है कि हरियाणा में राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोट करने वाले कुलदीप बिश्नोई को सीडब्ल्यूसी (विशेष आमंत्रित) की सदस्यता से हटा दिया जाएगा और उन्हें पार्टी से निलंबित भी कर दिया जाएगा। विधानसभा से सदस्यता रद्द कराने के लिए अध्यक्ष को पत्र भी लिखा जाएगा।

10:17 AM, 11-Jun-2022

फडणवीस की वजह से चमत्कार: पवार

राज्यसभा चुनाव परिणाम पर एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने कहा कि चमत्कार इसलिए हुआ क्योंकि भाजपा के देवेंद्र फडणवीस निर्दलीय उम्मीदवारों को अपने पक्ष में करने में कामयाब रहे...जिससे सारा फर्क पड़ा। लेकिन यह सरकार की स्थिरता (महा विकास अघाड़ी) को प्रभावित नहीं करेगा। हालांकि परिणाम मुझे आश्चर्य नहीं करता। कांग्रेस, शिवसेना, एनसीपी को कोटा के अनुसार वोट दिया गया है, सिवाय (एनसीपी के) प्रफुल पटेल को जिन्हें अतिरिक्त वोट मिला है। वह वोट एमवीए से नहीं है, यह दूसरी तरफ से है।

विज्ञापन
09:26 AM, 11-Jun-2022

मेरे पास सांप को कुचलने की भी क्षमता: कुलदीप बिश्नोई

कांग्रेस नेता अजय माकन की हार के बाद कांग्रेस विधायक कुलदीप बिश्नोई ने कहा मेरे पास सांप को कुचलने की भी क्षमता है, सांपों के डर से जंगल नहीं छोड़ूंगा। दरअसल, बिश्नोई ने अपनी ही पार्टी के खिलाफ क्रॉस वोटिंग की थी जिससे माकन को हार का सामना करना पड़ा। सूत्रों के मुताबिक पार्टी बिश्नोई के खिलाफ कार्रवाई करने पर विचार कर रही है।

09:12 AM, 11-Jun-2022

हरियाणा के मुख्यमंत्री ने दी बधाई

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भाजपा के कृष्ण लाल पंवार और कार्तिकेय शर्मा को जीत पर बधाई दी।

विज्ञापन
08:10 AM, 11-Jun-2022

राजस्थान से भाजपा विधायक शोभारानी की प्राथमिक सदस्यता निलंबित

राजस्थान भाजपा ने विधायक शोभारानी कुशवाहा को राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार प्रमोद तिवारी के पक्ष में क्रॉस वोटिंग के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया है। उन्हें 7 दिन में स्पष्ट करना होगा कि उन्होंने व्हिप के खिलाफ वोट क्यों किया?

08:06 AM, 11-Jun-2022

महाराष्ट्र में तीन पार्टियों के गठबंधन को झटका

महाराष्ट्र में राज्यसभा चुनाव में भाजपा को शानदार जीत मिली है। यहां भाजपा को तीन सीटें मिलीं तो वहीं शिवसेना, कांग्रेस और एनसीपी ने क्रमश: एक-एक सीट पर जीत दर्ज की। भाजपा उम्मीदवार पीयूष गोयल 48 वोट हासिल करने में सफल रहे। इसके अलावा भाजपा  उम्मीदवार अनिल बोंडे ने 48 वोट के साथ जीत दर्ज की। वहीं भाजपा के धनंजय महादिक को 41.58 वोट के साथ जीत मिली। अब बात करें शिवसेना की तो संजय राउत ने 41 वोटों के साथ जीत दर्ज की। कांग्रेस की तरफ से इमरान प्रतापगढ़ी 44 वोट हासिल कर जीत गए। एनसीपी के प्रफुल्ल पटेल को 43 वोट मिले और वे भी जीतने में कामयाब रहे।  

07:52 AM, 11-Jun-2022

राजस्थान में कांग्रेस का जलवा

राज्यसभा चुनाव में राजस्थान से कांग्रेस के तीनों प्रत्याशी प्रमोद तिवारी, रणदीप सुरजेवाला और मुकुल वासनिक विजयी हुए, जबकि भाजपा के पूर्व मंत्री घनश्याम तिवारी ही उच्च सदन पहुंच सके। राजस्थान से भाजपा ने निर्दलीय उम्मीदवार सुभाष चंद्रा को समर्थन दिया था, जो चुनाव हार गए।

07:50 AM, 11-Jun-2022

कर्नाटक में भाजपा की शानदार जीत

कर्नाटक में राज्यसभा की चार सीटों पर वोटिंग हुई। यहां भाजपा को तीन और कांग्रेस को एक सीट मिली है। एचडी देवगौड़ा की पार्टी JDS को कोई सीट नहीं मिली। भारतीय जनता पार्टी से केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, दक्षिण के चर्चित अभिनेता जग्गेश और लहर सिंह सिरोया को जीत हासिल हुई है। वहीं, कांग्रेस की ओर से पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश को जीत हासिल हुई है।

07:16 AM, 11-Jun-2022

राज्यसभा चुनाव परिणाम LIVE: गठबंधन के उम्मीदवार की हार पर बोले प्रफुल्ल पटेल- हमारे पास 200 विधायक नहीं हैं, वरना नतीजा कुछ और होता

 आखिरकार चार राज्यों की 16 राज्यसभा सीटों पर हुई वोटिंग की मतगणना शनिवार तड़के तक पूरी हो ही गई। सबसे आखिर में महाराष्ट्र के नतीजे आए। महाराष्ट्र में भाजपा को जहां तीन सीटें मिलीं वहीं शिवसेना, कांग्रेस और एनसीपी ने क्रमश: एक-एक सीट पर जीत दर्ज की। हरियाणा में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा जहां कि वरिष्ठ नेता अजय माकन को हार का सामना करना पड़ा। हरियाणा में भाजपा के कृष्ण लाल पंवार तो वहीं निर्दलीय प्रत्याशी कार्तिकेय शर्मा ने जीत दर्ज की। राजस्थान की बात करें तो यहां कांग्रेस को तीन सीटें मिलीं तो भाजपा को एक सीट पर संतोष करना पड़ा। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें