कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को निर्वाचन आयोग की तरफ से भेजी गई नोटिस पर शिवसेना सांसद ने समर्थन किया है। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के खेमे की समर्थक- सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने भाजपा से तीखे सवाल किए हैं। उन्होंने कहा कि खुद प्रधानमंत्री ने कई मौकों पर आपत्तिजनक बयान दिए हैं। अब भी लगातार बयानबाजी हो रही है, लेकिन उनके खिलाफ कोई कार्रवाई न होना चौंकाने वाला है। प्रियंका ने कहा, चुनाव आयोग अगर एकतरफा हो रहा है तो सवाल चुनाव आयोग पर भी उठेंगे।
राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए तमाम तैयारियां हो चुकी हैं। मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि पूरे राज्य में 51,890 मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे से वोटिंग शुरू हो जाएगी। 12500 पोलिंग बूथ संवेदनशील हैं। सुरक्षा इंतजामों के संबंध में मुख्य चुनाव अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने कहा, जनता बेखौफ होकर मतदान कर सकेगी।
राजस्थान से निर्वाचित भाजपा सांसद और अब लोक सभा स्पीकर ओम बिरला ने स्थानीय लोगों से बड़ी संख्या में मतदान की अपील की है। उन्होंने 25 नवंबर की वोटिंग को लोकतंत्र का सबसे बड़ा पर्व बताया और कहा कि जनता को अपने प्रतिनिधियों का चुनाव करने के लिए बड़ी संख्या में विधानसभा चुनाव-2023 में मतदान करना चाहिए। बिरला ने राजस्थान के विकास के लिए जनता से बढ़-चढ़ कर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने का आह्वान किया।
राजस्थान में चुनावी समर से पहले भाजपा और कांग्रेस के बीच जमकर जुबानी जंग हो रही है। पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता वसुंधरा राजे ने कहा, तीन दिसंबर को होने वाली मतगणना के दौरान इसका पता लगेगा कि कौन सी पार्टी के पक्ष में लहर चल रही है। इससे पहले कांग्रेस के कद्दावर नेता और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा था कि राजस्थान में कांग्रेस के पक्ष में अंडरकरंट है। जनता कांग्रेस नेताओं के साथ है।
तेलंगाना विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 30 नवंबर को होने हैं। इससे पहले भाजपा चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक रही है। इसके संकेत उस समय मिले जब बीजेपी के चाणक्य कहे जाने वाले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रोड शो कर जनता से भाजपा के लिए समर्थन मांगा।
कद्दावर कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने आरोप लगाया है कि राजस्थान में भाजपा जातिगत राजनीति कर रही है। यह अच्छे संकेत नहीं हैं। उन्होंने कहा कि चुनावी हार सामने देखकर भाजपा जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है। पायलट ने कहा, प्रदेश में किसी भी पार्टी की सरकार बनने में राजस्थान के आठ करोड़ लोगों की भूमिका होती है।
तेलंगाना में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच सत्तारूढ़- बीआरएस ने कांग्रेस पार्टी को आड़े हाथों लिया है। हैट्रिक चुनावी जीत का भरोसा जताते हुए, बीआरएस नेता के कविता ने शुक्रवार को कहा कि उनकी पार्टी इस बार के विधानसभा चुनाव में 100 से अधिक सीटें जीतेगी। कविता का दावा है कि एक दशक की कड़ी मेहनत के कारण उन्हें इस बार की परीक्षा पास करना काफी आसान लग रहा है। एक साक्षात्कार में मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव की बेटी कविता ने कहा, कुछ इलाकों में सत्ता विरोधी लहर हो सकती है लेकिन आम तौर पर तेलंगाना के मतदाता भारत राष्ट्र समिति से "नाराज" नहीं हैं। कांग्रेस को बीआरएस के लिए 'दूर की चुनौती' बताते हुए कविता ने कहा, भाजपा का जनाधार कहीं नहीं है। उन्होंने त्रिशंकु विधानसभा की संभावना को भी सिरे से खारिज कर दिया। बता दें कि 119 सदस्यों वाली तेलंगाना विधासभा में पांच साल पहले (2018) बीआरएस को 88 सीटें मिली थीं। कांग्रेस को 19, एआईएमआईएम को छह और बीजेपी को केवल एक सीट मिली थी। चुनाव के कुछ महीने बाद कांग्रेस के 12 विधायक सत्तारूढ़ दल में शामिल हो गए थे। भाजपा पूरे तेलंगाना के लोगों का भरोसा खो चुकी है। उन्हें इस बार राज्य में कहीं भी जीत मिलने वाली नहीं है।
तेलंगाना में विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करने के लिए कांग्रेस लगातार जनसभाएं, रैलियां आयोजित कर रही है। कांग्रेस के स्टार प्रचार लगातार लोगों से वोट देने की अपील कर रहे हैं। इसी बीच, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी तेलंगाना के पालकुर्थी में आयोजित चुनावी रैली में पहुंचे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा, आज कल कुछ ज्यादा ही पेपर लीक हो रहे हैं। हमारे सत्ता में आते ही यह समस्या ही खत्म हो जाएगी। इस समस्या के समाधान के लिए हम एक नौकरी कैलेंडर की शुरुआत करेंगे। हम दो लाख नौकरियां देंगे। हम अंतरराष्ट्रीय स्तर के विद्यालयों का निर्माण करेंगे।
तेलंगाना के विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करने के लिए सभी दल जोर अजमाइश कर रहे हैं। लगातार सभी दल एक-दूसरे पर जमकर बयानबाजी कर रहे हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि केसीआर ने कई घोटाले किए हैं, भाजपा के सत्ता में आते ही सभी भ्रष्टाचारी सलाखों के पीछे होंगे। वहीं दूसरी ओर, एक चुनावी रैली में राज्य के मुख्यमंत्री चंद्रशेखर राव ने कांग्रेस को जमकर घेरा है। उन्होंने कहा, कांग्रेस नेता यह कहकर वोट मांग रहे हैं कि चुनाव के बाद बीआरएस में शामिल हो जाएंगे। कांग्रेस के अहसास हो गया कि सूबे में उनकी हार निश्चित है।
वहीं मुख्यमंत्री चंद्रशेखर राव ने भाजपा को भी आड़े हाथ लिया। उन्होंने रैली में मौजूद लोगों से पूछा, आखिर भाजपा को वोट क्यों दें, जब उन्होंने राज्य को एक मेडिकल कॉलेज और नवोदय स्कूल तक नहीं दिया है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तेलंगाना दौरे पर हैं। आर्मूर जिले में चुनावी रैली को अमित शाह ने संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा, मुख्यमंत्री के बेटे केटीआर ने राज्य में करोड़ों के घोटाले किए हैं। अमित शाह ने भाजपा अगर राज्य में सत्ता में आई तो, इन सभी घोटालों की जांच कराएगी और सभी दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी। सूबे के मुख्यमंत्री को यह घमंड नहीं होना चाहिए कि उनके खिलाफ कभी भी जांच नहीं की जा सकती। याद रखिए भाजपा के सत्ता में आते ही वे सभी सलाखों के पीछे होंगे।
मेदचल-मलकाजगिरी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि हम सभी कहते हैं कि देश पहले लेकिन बीआरएस कहती है परिवार पहले। उन्होंने कहा कि अगर राज्य में भाजपा की सरकार बनी तो उस सरकार में परिवार पहले नहीं बल्कि तेलंगाना पहले होगा।
तेलंगाना के निजामाबाद में रैली को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि बीते सात सालों में तेलंगाना राज्य सेवा आयोग के छह कैटेगरी के पेपर लीक हुए। हमने फैसला किया है कि हम तेलंगाना के ढाई लाख युवाओं को योग्यता के आधार पर नौकरी देंगे। अमित शाह ने कहा कि पेपर लीक के दोषियों को जेल में डाला जाएगा।
चुनाव आयोग के नोटिस पर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, "नोटिस का जवाब दिया जाएगा। यहां चुनाव प्रचार के दौरान 5 राज्यों के उनके मुख्यमंत्री और नेता लोग यहां आए हैं, उन्होंने क्या-क्या बोला है ये पता है।"
कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा, 'देश में लोकतंत्र बहुत मजबूत हो गया है। मतदाता बहुत जागरुक हो गए हैं, ये बहुत खुशी की बात है कि भारत में जब लोकतंत्र स्थापित हुआ था तब से अब तक के इस सफर ने बहुत कुछ देखा और सीखा। कल राजस्थान में मतदान होंगे। ये चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है, यहां तमाम मुद्दों को उठाने की कोशिश की गई। कांग्रेस की जो रीति नीति रही उसे लोग पसंद कर रहे हैं। तमाम कोशिशों के बावजूद भाजपा का चुनाव प्रचार यहां उठ नहीं पाया, उनका मामला यहां जमा नहीं। मैं सभी लोगों से अपील करता हूं कि सभी अपने मत का उपयोग करें। ताकि लोकतंत्र और मजबूत हो सके।'
पीएम मोदी पर टिप्पणी को लेकर राहुल गांधी को चुनाव आयोग के नोटिस पर केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि 'राहुल गांधी सबसे गैर जिम्मेदार व्यक्ति हैं और वह बहुत निचले स्तर की भाषा बोलते हैं। उन्होंने एक बार फिर दिखाया है कि वह कितना नीचे गिर सकते हैं। हम राहुल गांधी के बयान की कड़ी भर्त्सना करते हैं और मांग करते हैं कि कांग्रेस पार्टी की तरफ से पार्टी के अध्यक्ष माफी मांगे।'
बीआरएस एमएलसी के कविता ने कहा कि एआईएमआईएम बीते 10 सालों से हमारी सहयोगी पार्टी रही है लेकिन हमारे बीच कभी गठबंधन नहीं हुआ है और हम एक दूसरे के प्रति दोस्ताना रवैया रखते हैं। जहां तक भाजपा-कांग्रेस की बात है तो वो नहीं चाहते कि कोई अन्य राजनीतिक पार्टी सत्ता में आए। जिस तरह से पूरे देश में बीआरएस की लोकप्रियता बढ़ रही है, उसके बाद से पूरी राजनीतिक व्यवस्था ने किसानों के बारे में सोचना शुरू कर दिया है। हम किसी की बी टीम नहीं हैं, हम तेलंगाना के लोगों की टीम हैं।
शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने केंद्र सरकार पर महाराष्ट्र की अहमियत कम करने का आरोप लगाया है। संजय राउत ने कहा कि सुप्रिया सुले हों, शरद पवार या फिर उद्धव ठाकरे, सभी मानते हैं कि जो लोग दिल्ली में बैठे हैं, वह महाराष्ट्र की अहमियत कम करने में लगे हैं।
केरल के पूर्व विधायक पीसी जॉर्ज ने कहा है कि उनकी पार्टी केरल जनप्रकाशम (सेक्युलर) ने एनडीए, भाजपा को अपना समर्थन देने का फैसला किया है। पीसी जॉर्ज ने कहा कि हम भाजपा और पीएम मोदी के समर्थन में हैं।