फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pune Bridge Collapse Live: हादसे में अब तक चार की मौत, मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये का मुआवजा

Sun, 15 Jun 2025 11:36 PM IST
राहुल कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

Pune Indrayani River Bridge Collapse News Live:  महाराष्ट्र के पुणे में रविवार दोपहर इंद्रायणी नदी पर बना पुल ढह गया। इस हादसे में जहां चार लोगों की मौत हो गई, वहीं 18 लोग घायल बताएं जा रहे हैं। करीब 38 लोगों को बचाव कर्मियों ने बचा लिया है। लाइव ब्लॉग में पढ़ें हादसे की पल-पल की अपडेट....
विज्ञापन
पुणे हादसा - फोटो : एएनआई
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:31 PM, 15-Jun-2025

यह घटना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है- रोहित पवार
पुणे में इंद्रायणी नदी पर पुल ढहने की घटना पर एनसीपी-एसपी विधायक रोहित पवार ने कहा, 'यह घटना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है... जब यह घटना हुई, तो स्थानीय युवाओं ने करीब 20-25 लोगों को बचाया; एनडीआरएफ और पुलिस ने भी लोगों को बचाया। पुल काफी पुराना था और इसके जीर्णोद्धार की चर्चा होती थी, लेकिन दुर्भाग्य से ऐसा नहीं हो सका। पूरे महाराष्ट्र में ऐसे कई पुल हैं जो पुराने हैं, कुछ तो 100 साल पुराने हैं, औपनिवेशिक काल के हैं और उनकी स्थिति भी जीर्ण-शीर्ण है'।



11:28 PM, 15-Jun-2025

घायलों से मिले राहत एवं पुनर्वास मंत्री मकरंद पाटिल
महाराष्ट्र के राहत एवं पुनर्वास मंत्री मकरंद पाटिल और जिला कलेक्टर जितेंद्र डूडी पिंपरी-चिंचवाड़ में इंद्रायणी नदी पर पुल ढहने की घटना के बाद घायल और गंभीर रूप से घायल लोगों से मिलने सिविल अस्पताल पहुंचे।

11:22 PM, 15-Jun-2025

शिवसेना यूबीटी ने पुराने पुलों के ऑडिट की मांग की
शिवसेना (यूबीटी) नेता आनंद दुबे ने कहा, "यह घटना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है... जब प्रशासन को यह पता था कि पुल कमजोर था, तो अधिकारियों ने बैरिकेड क्यों नहीं लगाए?... पर्यटकों की सुरक्षा पुख्ता क्यों नहीं की गई?... इस पुल के रखरखाव के लिए जिम्मेदार सभी उच्च अधिकारियों को गिरफ्तार किया जाना चाहिए और उन्हें दंडित किया जाना चाहिए...एक साल पहले ही इस पुल के लिए 8 करोड़ रुपये का फंड भी आवंटित किया गया था, लेकिन यह कागजों तक ही सीमित रहा... हमारे देश में लोगों को घूमना पसंद है और वे ऐसी जगहों पर जाना चाहते हैं... पुणे की खराब स्थिति को देखते हुए, लोग पर्यटक के रूप में भी यात्रा नहीं कर सकते?... हम मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री अजीत पवार से मांग करते हैं कि सभी जिम्मेदार लोगों को दंडित किया जाना चाहिए, सभी पुराने पुलों का ऑडिट किया जाना चाहिए, सभी पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा तैनात की जानी चाहिए... यह मामला सीधे तौर पर हत्या का मामला है'।

विज्ञापन
10:59 PM, 15-Jun-2025

हादसे में चार की मौत, सात ICU में भर्ती कुल 50 लोग बचाए गए
इंद्रायणी नदी पर पुल ढहने की घटना पर पुणे ते जिला कलेक्टर जितेंद्र डूडी ने कहा, 'अथर्व अस्पताल के आईसीयू में सात मरीज भर्ती हैं और उनकी स्थिति की समीक्षा की गई है। डॉक्टरों के अनुसार, छह मरीज खतरे से बाहर हैं, लेकिन एक, जिसे देर से पाया गया था, उसकी हालत गंभीर है, लेकिन अभी उसकी हालत स्थिर है। कुल मिलाकर, अब तक 50 लोगों को बचाया गया है। दुर्भाग्य से चार लोगों की मौत हो गई है... एनडीआरएफ और अन्य टीमें पुलिस और अन्य टीमों के साथ समन्वय में काम कर रही हैं। उम्मीद है कि किसी मरीज की जान नहीं जाएगी।'

10:55 PM, 15-Jun-2025

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हादसे पर जताया दुख
राहुल गांधी ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा- पुणे में इंद्रायणी नदी पर पुल टूटने की वजह से कई लोगों के डूबने की खबर अत्यंत दुखद है। मैं मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और जो लोग अब भी लापता हैं, उनकी सकुशलता की आशा करता हूं। प्रशासन से अपील है कि पूरी तत्परता के साथ राहत और बचाव कार्य किए जाएं।

विज्ञापन
10:29 PM, 15-Jun-2025

पुणे के मावल तहसील में बचाव अभियान जारी
इंद्रायणी पुल ढहने की घटना के बाद पुणे के मावल तहसील में बचाव अभियान जारी है, जहां आज दिन में एक पुराना लोहे का पुल ढह गया, जिससे चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 18 अन्य घायल हो गए।

09:54 PM, 15-Jun-2025

250 लोग बचाव अभियान में जुटे- जिला कलेक्टर
पुणे में इंद्रायणी नदी पर पुल ढहने की घटना जिला कलेक्टर जितेंद्र डूडी ने कहा, 'अभी हमने 4 शव बरामद किए हैं। बचाव अभियान में 250 लोग काम कर रहे हैं। उनका रिस्पांस टाइम काफी अच्छा था, जिसकी वजह से ज्यादा से ज्यादा लोगों को तुरंत बचाया जा सका... हम तब तक ऑपरेशन जारी रखेंगे जब तक हम पूरे इलाके को कवर नहीं कर लेते'।

09:45 PM, 15-Jun-2025

बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी- गिरीश महाजन
महाराष्ट्र के मंत्री गिरीश महाजन ने कहा, 'बचाव कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। मलबे के नीचे शव होने की संभावना है...एनडीआरएफ और एसडीआरएफ सभी मलबा हटाने के लिए काम कर रहे हैं...यह पुल किसानों की आवाजाही के लिए था लेकिन 250-300 पर्यटक इस पर खड़े थे और अत्यधिक भार के कारण पुल ढह गया'।

08:51 PM, 15-Jun-2025

पुल हादसे में मरने वालों का बढ़ा आंकड़ा
पुणे में रविवार दोपहर हुए पुल हादसे में मरने वालों की संख्या चार हो गई है। बचावकार्य के दौरान बचावकर्मियों को दो और शव मिले हैं। वहीं 18 लोग घायल हुए हैं। जबकि बचाव कर्मियों ने 35 से अधिक लोगों को बचाया है।

08:31 PM, 15-Jun-2025

सीआरपीएफ और एनडीआरएफ की टीम बचाव में जुटी
पुणे में पुल ढहने से हुए हादसे पर सीआरपीएफ के डीआईजी वैभव निंबालकर ने कहा, 'घटना की जानकारी मिलने के बाद हमने बिना किसी आदेश का इंतजार किए तालेगांव की सीआरपीएफ की टीमें भेजीं। एनडीआरएफ की टीमें भी भेजी गईं। हमारा काम मुख्य रूप से प्रशासन की मदद करना है और भीड़ को संभालने समेत हर तरह की मदद करना है...एनडीआरएफ की दो टीमें बचाव अभियान पर काम कर रही हैं'।
 

08:17 PM, 15-Jun-2025

डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने जताया दुख
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे इस घटना पर दुख जताया है। एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने लिखा- पुणे जिले के मावल तालुका के कुंदमाला में इंद्रायणी नदी पर बना एक पुराना पुल ढहने से दुर्घटना हुई है। आशंका है कि इस जगह घूमने आए 25-30 पर्यटक पुल ढहने से बह गए हैं। एनडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई है और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। मैंने इस संबंध में पुणे के जिला कलेक्टर से व्यक्तिगत रूप से बात की है और तत्काल सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।
 

08:15 PM, 15-Jun-2025

भारी भीड़ के कारण गिरा पुल- गिरीश महाजन
महाराष्ट्र के मंत्री गिरीश महाजन इंद्रायणी नदी पर पुल ढहने के घटनास्थल पर पहुंचे। हादसे पर उन्होंने कहा 'यह एक छोटा पुल है, जो किसानों और पैदल यात्रियों के आवागमन के लिए बनाया गया है। लेकिन, इस पर बड़ी संख्या में पर्यटक खड़े थे और यह इतने लोगों का भार सहन नहीं कर सका। वहां एक बोर्ड लगा था जिस पर लिखा था कि यह पुल पुराना है और खराब हो चुका है। दो लोगों के शव बरामद किए गए हैं और कहा जा रहा है कि 4-5 लोगों की जान चली गई है।'
 

07:44 PM, 15-Jun-2025

पुणे में पुल ढहने की घटना में मुआवजे का एलान
पुणे जिले में इंद्रायणी नदी पर बना लोहे का पुल ढहने की घटना में राज्य सरकार ने मुआवजे का एलान किया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घोषणा की है कि राज्य सरकार पुणे जिले के तालेगांव के पास इंद्रायणी नदी पर पुल ढहने की घटना में मारे गए लोगों के परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देगी। इसके अलावा, राज्य सरकार घायलों के इलाज का खर्च भी उठाएगी।
 

07:39 PM, 15-Jun-2025

गृह मंत्री ने जताया दुख, सीएम फडणवीस से की बात
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पुणे हादसे पर दुख जताया है। एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने लिखा- 'पुणे के तालेगांव में इंद्रायणी नदी पर पुल ढहने की दुखद घटना से बहुत दुखी हूं। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से बात की और जमीनी हालात के बारे में जानकारी ली। पास में तैनात एनडीआरएफ की टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं, बचाव अभियान में शामिल हुईं और उल्लेखनीय तत्परता से कई लोगों की जान बचाई। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति हार्दिक संवेदना। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।'
 

07:37 PM, 15-Jun-2025

पुल हादसे पर पीएम मोदी ने सीएम फडणवीस से की बात
पुणे में पुल टूटने से हुए हादसे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से बात की। उन्हें प्रभावित लोगों की सहायता के लिए चल रहे प्रयासों के बारे में जानकारी दी गई। पुणे जिले के तालेगांव के पास इंद्रायणी नदी पर एक पुल ढह गया। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई और 32 लोग घायल हैं।

07:36 PM, 15-Jun-2025

डिप्टी सीएम अजित पवार ने हादसे पर जताया दुख 
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार ने इस हादसे पर दुख जताया है। एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने लिखा- मावल तालुका के कुंदमाला में इंद्रायणी नदी पर बने पुल के ढहने से हुई दुर्घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण एवं पीड़ादायक है। प्रारंभिक जानकारी से पता चलता है कि इस दुर्घटना के कारण कुछ नागरिक एवं पर्यटक नदी की धारा में बह गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय नागरिक एवं स्थानीय प्रशासन तत्काल दुर्घटना स्थल पर पहुंचे तथा बचाव एवं राहत कार्य प्रारंभ किया। जिला प्रशासन एवं राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) भी घटना के तुरंत बाद घटनास्थल पर पहुंचे तथा बचाव एवं राहत कार्य प्रारंभ कर दिया है। घायल नागरिकों को सभी आवश्यक चिकित्सा उपचार प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रारंभिक जानकारी से पता चलता है कि इस पुल की स्थिति जीर्ण-शीर्ण थी। इसलिए प्रशासन को इस दुर्घटना की गहन जांच करने के निर्देश दिए गए हैं तथा मैं आश्वस्त करता हूं कि रखरखाव के संबंध में यदि कोई लापरवाही पाई जाती है तो जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। राज्य सरकार संकट की इस घड़ी में प्रभावित नागरिकों एवं उनके परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है तथा सरकार के माध्यम से घायलों को आवश्यक चिकित्सा सहायता तत्काल प्रदान की जाएगी। मैं सभी से आग्रह करता हूं कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर ही भरोसा करें। मैं सभी से धैर्य रखने और प्रशासन के साथ सहयोग करने की अपील करता हूं।
 

07:31 PM, 15-Jun-2025

पुणे पुल हादसे पर ममता बनर्जी ने जताया दुख
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने देश में हुई कई घटनाओं पर शोक जताया है। एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने लिखा- रेलवे, नागरिक उड्डयन और अब सड़क मार्ग में हाल के दिनों में हुई आपदाओं की श्रृंखला से स्तब्ध और स्तब्ध हूं। पुणे के पास इंद्रायणी नदी पर आज हुए पुल के ढहने की घटना के सबसे दुखद परिणाम होने की आशंका है। मीडिया में पहले से ही पुल दुर्घटना में कई लोगों की मौत की बात चल रही है, जबकि कई लोग अभी भी लापता हैं। सभी मृतकों के परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना, जबकि हम बेसब्री से जीवित बचे लोगों की रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। आइए हम दुर्घटना के पीड़ितों के बचने के लिए प्रार्थना करें।
 

07:28 PM, 15-Jun-2025

एनसीपी- एसपी नेता जितेंद्र आह्वाड ने हादसे पर जताया शोक
एनसीपी (सपा) नेता जितेंद्र आह्वाड ने इंद्रायणी पुल ढहने से हुई जानमाल की हानि पर शोक व्यक्त किया।
 
 

07:25 PM, 15-Jun-2025

सिविल अस्पताल में पीड़ित के परिजनों से मिली सुप्रिया सुले
एनसीपी-एसपी सांसद सुप्रिया सुले ने पिंपरी-चिंचवाड़ पुल ढहने की घटना में पीड़ितों के परिजनों से मिलने के लिए सिविल अस्पताल का दौरा किया। बता दें कि, इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई और 32 लोग घायल हो गए, जिनमें से छह की हालत गंभीर है।
 

07:23 PM, 15-Jun-2025

30 साल पहले किसानों के बनाया गया था पुल- सुनील शेलके
वहीं एनसीपी विधायक सुनील शेलके ने कहा, 'यह पुल 30 साल पहले किसानों के आवागमन के लिए बनाया गया था। लेकिन पर्यटकों और दोपहिया वाहनों के अत्यधिक भार के कारण यह पुल ढह गया। 2 लोगों की मौत हो गई है। पिंपरी-चिंचवड़ और एनडीआरएफ पूरी मदद कर रहे हैं। हम समय-समय पर इसकी मरम्मत करते थे और पर्यटकों के प्रवेश पर रोक लगा दी थी... लेकिन वे यहाँ आ गए और यह त्रासदी हो गई'।
 

06:43 PM, 15-Jun-2025

टीएमसी के वार पर भाजपा का पलटवार
इंद्रायणी नदी पर पुल ढहने को लेकर महाराष्ट्र में एनडीए सरकार की आलोचना करने वाली टीएमसी पर भाजपा सांसद समिक भट्टाचार्य ने कहा, 'पुणे में जो हुआ, भाजपा सरकार ने पुल नहीं बनाया, लेकिन ऐसा नहीं है कि सरकार अपने कर्तव्यों का पालन नहीं कर रही है। टीएमसी को ऐसी घटनाओं पर राजनीति करने से बचना चाहिए।'
 

06:30 PM, 15-Jun-2025

शिवसेना यूबीटी ने हादसे पर उठाए सवाल
इस घटना पर शिवसेना (यूबीटी) नेता आनंद दुबे ने कहा कि, 'इस घटना में कई लोग बह गए। इनमें से दो की मौत भी हो गई है, जबकि कई अन्य घायल हैं। एनडीआरएफ और पुलिस की टीमें बचाव कार्य में लगी हुई हैं। लेकिन पुल के पास बैरिकेडिंग क्यों नहीं की गई? इसे पूरा क्यों नहीं किया गया? क्या यह लोगों को मारने की साजिश थी?'
 

 

06:23 PM, 15-Jun-2025

टीएमसी ने घटना को लेकर पीएम से पूछा सवाल
इंद्रायणी पुल ढहने पर टीएमसी नेता कुणाल घोष ने कहा, 'जब कोलकाता फ्लाईओवर ढह गया था, तो प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि यह ईश्वर का कृत्य नहीं बल्कि धोखाधड़ी का कार्य है। अब, जब महाराष्ट्र में पुल ढह गया है और गुजरात में रखरखाव में चूक के कारण विमान दुर्घटना हुई है, तो क्या मोदी जी अब भी इसे ईश्वर का कृत्य कहने के बजाय धोखाधड़ी का कार्य कहेंगे?'
 

06:19 PM, 15-Jun-2025

घटनास्थल पर पहुंची एनसीपी-एसपी सांसद सुप्रिया सुले
पुणे में इंद्रायणी नदी पर पुल ढहने की घटना के बाद सांसद सुप्रिया सुले पिंपरी-चिंचवाड़ में घटनास्थल पर पहुंचीं।
 

06:12 PM, 15-Jun-2025

झील और झरने के पास पुरान लोहे का पुल
मामले में डीसीपी विशाल गायकवाड़ (जोन 2, पिंपरी चिंचवाड़) ने बताया, 'झील और झरने के पास एक पुराना लोहे का पुल दोपहर 3:30 से 4:30 बजे के बीच ढह गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, दो लोगों की मौत हो गई है और छह-सात अन्य घायल हो गए हैं और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। एनडीआरएफ की टीम पहुंच गई है और बचाव अभियान चला रही है'।
 

05:59 PM, 15-Jun-2025

हादसे में 32 लोग घायल हुए
महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने ट्वीट कर बताया, प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई है। कुछ लोग बह गए हैं, इसलिए युद्ध स्तर पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। मौके पर एनडीआरएफ को तैनात किया गया है। अब तक छह लोगों को बचाया गया है। सभी एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रहने का आदेश दिया गया है। 32 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से छह की हालत गंभीर है। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 


 

05:52 PM, 15-Jun-2025

इंद्रायणी पुल हादसा
एनसीपी विधायक सुनील शेलके ने बताया, हादसे में दो पर्यटकों की जान चली गई है। इसके अलावा, चार से पांच लोगों को बचा लिया गया है। एनडीआरएफ की टीमें यहां तैनात की गई हैं।
 

05:47 PM, 15-Jun-2025

रेस्क्यू ऑपरेशन में स्थानीय लोग भी जुटे
एनडीआरएफ की टीम, पुलिस और स्थानीय लोग मिलकर नदी में बहे लोगों को खोजने का हर संभव प्रयास कर रहे हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह पुल पहले से ही बहुत खराब और जर्जर स्थिति में था। हादसे के समय पुल पर क्षमता से अधिक पर्यटक मौजूद थे।
 

05:46 PM, 15-Jun-2025

चार-पांच लोग अभी भी पुल के नीचे फंसे
देहू रोड कैंटोनमेंट बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष रघुवीर शेलार ने कहा, यहां एक पुराना पुल शाम लगभग चार बजे ढह गया। पुल पर लगभग 125 पर्यटक खड़े थे और उसी स्थान पर अचानक पुल गिर गया। लगभग 20-25 लोग नदी में बह गए। कुछ लोगों को स्थानीय लोगों ने बाहर निकाल लिया है।
 

05:43 PM, 15-Jun-2025

हादसे पर बोले सीएम- कई घायल, फंसे लोगों को बचाने की कोशिश जारी
इंद्रायणी नदी पर पुल ढहने पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, मावल में पुल ढहने की घटना हुई है। मैंने डिविजनल कमिश्नर, तहसीलदार और पुलिस कमिश्नर से बात की है। कुछ लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया है। कुछ लोग फंसे भी हैं। एनडीआरएफ की टीम वहां पहुंच रही है...पूरी जानकारी मिलने के बाद ही मैं इस बारे में जानकारी दूंगा। अभी प्रशासन लोगों को राहत पहुंचाने की पूरी कोशिश कर रहा है।
 

05:29 PM, 15-Jun-2025

Pune Bridge Collapse Live: हादसे में अब तक चार की मौत, मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये का मुआवजा

पुणे के तलेगांव क्षेत्र के कुंदामाला गांव के पास इंद्रायणी नदी पर बना एक पुराना पुल रविवार को अचानक ढह गया। इस हादसे में करीब 20 से 25 लोग नदी में बह जाने की खबर सामने आ रही है। हादसे में चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की टीमें और अग्निशमन विभाग समेत अन्य विशेष इकाइयों के कर्मी घटनास्थल पर हैं। राहत बचाव कार्य जारी है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस इलाके में पिकनिक मनाने वालों की भारी भीड़ रहती है। इसी के चलते पुल के इस हिस्से पर लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। 
 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें