फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

PM Modi Visit LIVE: 'इन्फ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं का मतलब देरी नहीं डिलीवरी', चेन्नई में गरजे पीएम मोदी

Sat, 08 Apr 2023 10:34 PM IST
कीर्तिवर्धन मिश्र न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चेन्नई/सिकंदराबाद

खास बातें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज तेलंगाना को कई परियोजनाओं की सौगात दी। पीएम तेलंगाना में सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास की आधारशिला रखी। उन्होंने सिकंदराबाद से तिरुपति के मार्ग पर चलने वाली वंदे भारत को भी रवाना किया। पीएम ने इसके बाद तेलंगाना की जनता को भी संबोधित किया और सीएम केसीआर पर जबरदस्त निशाना भी साधा।  
विज्ञापन
रामकृष्ण मठ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी - फोटो : एएनआई
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:34 PM, 08-Apr-2023

 ‘प्रोजेक्ट टाइगर’ के 50 साल पूरे होने का जश्न मनाने मैसूरु पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस साल कर्नाटक के अपने आठवें दौरे के तहत शनिवार को मैसूरु पहुंचे। यहां पीएम मोदी रविवार को बांदीपुर बाघ अभयारण्य का दौरा करेंगे और ‘प्रोजेक्ट टाइगर’ के 50 साल पूरे होने पर बाघ गणना के नवीनतम आंकड़े जारी करेंगे।

प्रधानमंत्री के यात्रा कार्यक्रम के अनुसार, मोदी रात में मैसुरु रुकेंगे और रविवार सुबह सवा सात बजे वह बांदीपुर बाघ अभयारण्य जाएंगे और पूर्वाह्न 11 बजे बाघ गणना के आंकड़े जारी करेंगे। इस दौरन पीएम मोदी ‘बाघ संरक्षण के लिए अमृत काल का विजन’ जारी करेंगे और ‘इंटरनेशनल बिग कैट्स अलायंस’ (आईबीसीए) की शुरुआत भी करेंगे।

प्रधानमंत्री के दौरे के मद्देनजर मैसुरु में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। यहां जिला प्रशासन ने छह अप्रैल से नौ अप्रैल तक बाघ अभयारण्य में पर्यटकों पर प्रतिबंध लगा दिया है। इसके अलावा, प्राधिकारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग 181 पर वाहनों की आवाजाही भी बंद कर दी है।

07:38 PM, 08-Apr-2023

चेन्नई में 5200 करोड़ की लागत से विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चेन्नई में 5200 करोड़ की लागत से विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा, भारत इंफ्रास्ट्रक्चर के मामले में क्रांतिकारी बदलाव देख रहा है। यह तेज़ी से रफ्तार पकड़ रहा है। हमने बजट में से इंफ्रास्ट्रक्चर के निवेश के लिए 10 लाख करोड़ अलग से रखे हैं जो 2014 के मुकाबले 5 गुणा अधिक है। 

प्रधानमंत्री ने कहा, जहां तक रफ्तार की बात है तो तथ्य परिप्रेक्ष्य को समझने में मदद करेंगे। राष्ट्रीय राजमार्ग के हर साल बनने की रफ्तार 2014 से पहले की बनने की रफ्तार से दोगुनी हुई है। रेलवे में 2014 से पहले हर साल 600 रूट किलोमीटर का विद्युतीकरण होता था लेकिन यह अब 4000 रूट किलोमीटर पहुंच चुका है। 

उन्होंने कहा, पहले इंन्फ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं का मतलब देरी हुआ करता था लेकिन अब इसका मतलब डिलीवरी है। देरी से डिलीवरी  का यह सफर हमारी कार्य संस्कृति के कारण हुआ है। हम अपने करदाता द्वारा भुगतान किए जाने हर रुपए के प्रति उत्तरदायी हैं। हम विशिष्ट समय-सीमा के साथ काम करते हैं और समय से पहले ही परिणाम प्राप्त कर लेते हैं।

हवाई यात्रियों की संख्या बढ़कर हुई 14.5 करोड़ : ज्योतिरादित्य सिंधिया, विमानन मंत्री
विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस मौके पर कहा, 2013-2014 में जहां भारत में साल के 6 करोड़ हवाई यात्री हुआ करते थे अब वह बढ़कर 14.5 करोड़ हो चुके हैं। कोविड से पहले जहां 4.2 लाख यात्री एक दिन में हवाई यात्रा करते थे, 2.5 साल बाद उस आंकड़े को पीछे छोड़ते हुए 4.55 लाख का नया रिकॉर्ड कायम हुआ है। उन्होंने कहा, पहले जहां आजादी के बाद से सिर्फ 74 हवाई अड्डे बने थे। हमने पिछले 9 सालों में ही 74 हवाई अड्डे, हेलीपैड और वॉटर डोम बनाए हैं। प्रधानमंत्री को पता है कि इस देश को आगे बढ़ाना है और इसलिए हम इस संख्या को अगले 4-5 सालों में 200 से अधिक ले जाएंगे

सिंधिया ने कहा, पहले जिस देश में 2013-2014 में जहां सिर्फ 400 प्लेन हुआ करते थे आज वह संख्या 700 से अधिक हो चुकी है। प्रधानमंत्री ने एयर इंडिया के विनिवेश की कल्पना की थी जिसके बाद 470 विमानों का सबसे बड़ा ऑर्डर गया।
 


 

05:22 PM, 08-Apr-2023

श्री रामकृष्ण मठ की 125वीं वर्षगांठ के मौके पर आयोजित समारोह में शामिल हुए प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चेन्नई में श्री रामकृष्ण मठ की 125वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में भाग लिया। इस मौके पर राज्य के राज्यपाल आर. एन. रवि भी मौजूद रहे। इस मौके पर उन्होंने कहा, रामकृष्ण मठ का मैं बहुत सम्मान करता हूं। इस मठ ने मेरे जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। रामकृष्ण मठ चेन्नई में 125वीं वर्षगांठ मना रहा है। ये मुझे खुशी का एक और कारण देता है। मैं तमिल भाषा, संस्कृति और चेन्नई के माहौल से प्यार करता हूं।

उन्होंने कहा, आज मुझे विवेकानंद हाउस जाने का मौका मिला। कन्याकुमारी में प्रसिद्ध शिला पर ध्यान करते हुए, स्वामी जी ने अपने जीवन के उद्देश्य की खोज की। मैं प्रेरित और ऊर्जावान महसूस कर रहा हूं। मैं यह देख कर खुश हूं कि प्राचीन विचार नई पीढ़ी तक पहुंच रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा, देश भर के लोगों के पास हजारों वर्षों से एक राष्ट्र के रूप में भारत की स्पष्ट अवधारणा थी। यह एक भारत श्रेष्ठ भारत की भावना है। यह वही भावना है जिसके साथ रामकृष्ण मठ काम करता है।

मोदी ने कहा, देश ने अगले 25 साल को अमृत काल बनाने की ठान ली है। इस अमृत काल का उपयोग पांच विचारों - पंच प्राणों को आत्मसात करके महान चीजों को प्राप्त करने के लिए किया जा सकता है। जो हैं- विकसित भारत बनाना, औपनिवेशिक मानसिकता के किसी भी निशान को हटाना, अपनी विरासत का जश्न मनाना, एकता को मजबूत करना और अपने विचारों पर ध्यान केंद्रित करना।

विज्ञापन
04:26 PM, 08-Apr-2023

पीएम मोदी ने किया रोड़ शो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चेन्नई में रोड़ शो किया। इस दौरान सड़क के दोनों तरफ बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। 
 

 

03:46 PM, 08-Apr-2023

नई टर्मिनल भवन का उद्घाटन

पीएम मोदी ने चेन्नई हवाईअड्डे पर नई टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया। 
 

विज्ञापन
03:23 PM, 08-Apr-2023

चेन्नई पहुंचे पीएम मोदी, राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने किया स्वागत
हैदराबाद में कार्यक्रमों के बाद पीएम नरेंद्र मोदी चेन्नई पहुंचे, जहां राज्यपाल आरएन रवि, सीएम एमके स्टालिन, मंत्रियों, सांसदों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने उनका स्वागत किया।

03:19 PM, 08-Apr-2023

आज चेन्नई के इतिहास का महत्वपूर्ण दिन : ज्योतिरादित्य सिंधिया
चेन्नई हवाई अड्डे के नए एकीकृत टर्मिनल भवन के उद्घाटन को लेकर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा, चेन्नई के इतिहास में आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण है। चेन्नई भारत की क्षमता को दर्शाता है। चेन्नई एयरपोर्ट की क्षमता आज 50 फीसदी बढ़ जाएगी। यह राज्य को न केवल दक्षिण भारत बल्कि पूरे भारत के लिए प्रवेश द्वार बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

01:42 PM, 08-Apr-2023

'मोदी ने भ्रष्टाचार की जड़ पर प्रहार किया है'

पीएम मोदी ने कहा, "हमने देशभर में डिजिटल पेमेंट की व्यवस्था बढ़ाई है लेकिन ऐसा पहले क्यों नहीं हुआ? इस लिए नहीं हुआ क्योंकि परिवारवादी ताकतें व्यवस्था पर... सिस्टम पर अपना कंट्रोल छोड़ना नहीं चाहती थीं। किस लाभार्थी को क्या लाभ मिले, कितना मिले ये नियंत्रण ये परिवारवादी अपने पास ही रखना चाहते थे।" 

01:31 PM, 08-Apr-2023

तिलमिलाएं हुए हैं भ्रष्ट, कोर्ट ने भी दिया झटका: मोदी

पीएम ने कहा, "इनके तीन मतलब सच थे। पहला इनके ही परिवार की जय-जयकार हो, दूसरा करप्शन का पैसा इनके पास आता रहे और तीसरा जो पैसे गरीब के लिए भेजे जाते थे वह पैसे इनके भ्रष्ट ईको सिस्टम के अंदर बांटने में काम आ जाए। ये तिलमिलाए हुए हैं, बौखलाहट में कुछ भी किए जा रहे हैं। कुछ दिन पहले ऐसे कई राजनीतिक दल कोर्ट पहुंच कि हमें सुरक्षा दो कि हमारे भ्रष्टाचार की किताबें कोई खोले नहीं, कोर्ट ने वहां भी उन्हें झटका दे दिया"

01:29 PM, 08-Apr-2023

पीएम मोदी ने तेलंगाना सीएम पर बोला जुबानी हमला

प्रधानमंत्री ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री केसीआर और उनकी राजनीति पर हमला करते हुए कहा, "कुछ मुट्ठीभर लोग विकास कार्यों से भौखलाए हुए हैं, ऐसे लोग जो परिवारवाद, भाई-भतीजावाद और भ्रष्टाचार को पोषित करते रहे उन्हें काम करने वाले लोगों से परेशानी हो रही है। इन्हें देश, समाज के भले से कोई लेनादेना नहीं है। इन्हें सिर्फ अपने कुंबे को फलता-फूलता देखना पसंद है। तेलंगाना को ऐसे लोगों से सतर्क रहना ज़रूरी है।"

01:27 PM, 08-Apr-2023

पीएम ने आगे कहा, "तेलंगाना के विकास को लेकर... तेलंगाना के लोगों के विकास को लेकर जो सपना आपने देखा था उसको पूरा करना केंद्र की NDA सरकार अपना कर्तव्य समझती है। हम 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' के मॉडल को लेकर आगे बढ़ रहे हैं। बीते 9 वर्षों के दौरान हैदराबाद में करीब 70 किलोमीटर का मेट्रो नेटवर्क बनाया गया है। हैदराबाद के मल्टी मॉडल ट्रांसपोर्ट सिस्टम (MMTS) प्रोजेक्ट पर भी तेजी से काम हुआ है। MMTS का तेजी से विस्तार हो इसके लिए इस वर्ष के केंद्रीय बजट में तेलंगाना के लिए 600 करोड़ रुपये रखे गए हैं।"

01:26 PM, 08-Apr-2023

पीएम मोदी ने दी परियोजनाओं की जानकारी

पीएम मोदी ने तेलंगाना में 11 हजार करोड़ से ज्यादा की परियोजनाओं की शुरुआत करने के बाद यहां जनता को भी संबोधित किया। पीएम ने कहा, "महान क्रांतिकारियों की धरती... तेलंगाना को मेरा शत-शत प्रणाम। आज मुझे तेलंगाना के विकास को और गति देने का पुन: सौभाग्य मिला है। आज यहां शुरू की गई वंदे भारत एक्सप्रेस आस्था, आधुनिकता, टेक्नोलॉजी और टूरिज़म को कनेक्ट करने वाली है।"

01:23 PM, 08-Apr-2023

पीएम मोदी ने तेलंगाना को दी 11 हजार करोड़ की परियोजनाओं की सौगात

तेलंगाना: प्रधानमंत्री पीएम मोदी हैदराबाद पहुंचे हैं जहां वे 11,360 करोड़ रुपए की कई परियोजनाओं का उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हैदराबाद में AIIMS बीबीनगर का शिलान्यास किया। PM ने पांच राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं, सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास और अन्य विकास परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी।

12:27 PM, 08-Apr-2023

प्रधानमंत्री मोदी ने वंदे भारत को दिखाई हरी झंडी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को सिकंदराबाद से तिरुपति के लिए शुरू होने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखा दी। हालांकि, तेलंगाना के सीएम केसीआर इस कार्यक्रम में भी हिस्सा लेने नहीं पहुंचे।

12:02 PM, 08-Apr-2023

प्रधानमंत्री मोदी हैदराबाद पहुंचे

पीएम नरेंद्र मोदी शनिवार दोपहर तेलंगाना में 11 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की परियोजनाओं की सौगात देने पहुंचे। हैदराबाद एयरपोर्ट पर तेलंगाना की राज्यपाल तमिलसाई सौंदरराजन ने उनका स्वागत किया। हालांकि, तमिलनाडु सीएम इस मौके पर पीएम को लेने नहीं पहुंचे।

10:40 AM, 08-Apr-2023

पीएम मोदी आज तेलंगाना के सिकंदराबाद में रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास की आधारशिला रखेंगे और राज्य को सिकंदराबाद-तिरुपति वंदे भारत ट्रेन का भी तोहफा देंगे। हालांकि, इस मौके पर तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव खुद पीएम के साथ मौजूद नहीं रहेंगे। बताया गया है कि केसीआर को प्रोटोकॉल के तहत न्योता भेजा गया था। बताया गया है कि केसीआर बेगमपेट एयरपोर्ट पर पीएम मोदी के स्वागत के लिए भी नहीं पहुंचेंगे।

10:38 AM, 08-Apr-2023

सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास की रखेंगे आधारशिला

पीएम मोदी अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत केंद्र सरकार देशभर के 7,337 रेलवे स्टेशनों में से 1,275 का कायाकल्प करेगी। इसी क्रम में प्रधानमंत्री सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास की आधारशिला रखेंगे। पीएम ने ट्वीट कर कहा, सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास बुनियादी ढांचे के उन्नयन की महत्वपूर्ण परियोजना है, जिससे असंख्य लोगों को लाभ होगा।

10:22 AM, 08-Apr-2023

वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे पीएम मोदी

पीएम मोदी आज ही नए टर्मिनल के उद्घाटन के अलावा चेन्नई और कोयंबटूर के बीच वंदे भारत ट्रेन को पुराची थलाइवर डॉ एम जी आर सेंट्रल रेलवे स्टेशन से हरी झंडी दिखाएंगे। दरअसल, दक्षिण रेलवे ने बुधवार को छोड़कर सभी दिनों में दोनों शहरों के बीच हाई-स्पीड वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की योजना बनाई है। दक्षिणी रेलवे ने कहा कि ट्रेन 130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दोनों तरफ के गंतव्य पर लगभग 5.50 घंटे में पहुंचेगी। यह एक्सप्रेस ट्रेनों की तुलना में 1.20 घंटे की यात्रा समय बचाएगी। प्रधानमंत्री धमनी कामराजार सलाई (बीच रोड) पर विवेकानंदर इल्लम में रामकृष्ण मठ के 125वें वार्षिक समारोह में भी भाग लेंगे और पल्लवरम में बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन भी करेंगे।

09:50 AM, 08-Apr-2023

2.20 लाख वर्गमीटर में फैला है टर्मिनल

चेन्नई हवाई अड्डे के अधिकारियों के अनुसार नया टर्मिनल करीबन 2.20 लाख वर्गमीटर में फैला हुआ है। उन्होंने कहा कि यह टर्मिनल सरकार द्वारा किए गए वादे के अनुसार यात्रियों को उच्च गुणवत्ता वाली आधारभूत संरचना प्रदान करेगा। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने कहा कि चेन्नई हवाई अड्डे की आधुनिक सुविधा वार्षिक 35 मिलियन यात्रियों के हवाई यात्रा के अनुभवों में सुधार लाएगा। अधिकारियों ने बताया कि टर्मिनल 108 अप्रवासन काउंटरों से बना हुआ है जो कि आगमन और प्रस्थान क्षेत्रों के बीच समान रूप से विभाजित है।

09:31 AM, 08-Apr-2023

चेन्नई हवाई अड्डे के नए टर्मिनल का आज उद्घाटन करेंगे पीएम

चेन्नई हवाई अड्डे पर नए टर्मिनल के पहले चरण का काम पूरा हो चुका है। इसके बनने से अब यात्रियों की संख्या बढ़कर 35 मिलियन प्रति वर्ष होने की उम्मीद है। नए टर्मिनल के उद्घाटन से पहले पीएम मोदी ने एक ट्वीट करके इसके बारे में जानकारी दी है। उन्होंने लिखा कि यह चेन्नई के बुनियादी ढांचे के लिए काफी महत्वपूर्ण है। इसके जरिए यहां से ना केवल कनेक्टिविटी भी बढ़ेगी बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी काफी लाभ पहुंचेगा। 

09:13 AM, 08-Apr-2023

मोदी के दौरे से पहले कानून व्यवस्था चाक-चौबंद

प्रधानमंत्री मोदी के आगमन से पहले पुलिस ने राज्य में सुरक्षा बढ़ा दी है। उनकी सुरक्षा के लिए विस्तृत यातायात मार्ग के बदलने के कारण मोटर चालकों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए अन्य मार्गों का सहारा लेना पर रहा है।

09:03 AM, 08-Apr-2023

PM Modi Visit LIVE: 'इन्फ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं का मतलब देरी नहीं डिलीवरी', चेन्नई में गरजे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज तमिलनाडु और तेलंगाना को कई परियोजनाओं की सौगात देंगे। तमिलनाडु में पीएम चेन्नई हवाई अड्डे पर अत्याधुनिक एकीकृत टर्मिनल भवन सहित कई बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा वे एमजीआर रेलवे स्टेशन से चेन्नई-कोयंबटूर स्टेशन के बीच चलने वाली वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके बाद पीएम तेलंगाना में सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास की आधारशिला रखेंगे। 

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें