भारत ने पाकिस्तानी अधिकारियों को अवांछित व्यक्ति नोट सौंपा
पहलगाम हमले के बाद तल्ख हुए भारत और पाकिस्तान के रिश्तों का आलम ये है कि भारत ने कल रात दिल्ली में पाकिस्तान के शीर्ष राजनयिक साद अहमद वराइच को तलब किया और अपने सैन्य राजनयिकों के लिए औपचारिक अवांछित व्यक्ति नोट (persona non grata) सौंपा। सूत्रों ने यह जानकारी दी है।
राहुल गांधी अमेरिका दौरा बीच में छोड़कर दिल्ली पहुंचे, आज CWC की बैठक में शामिल होंगे
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी अमेरिका दौरा बीच में छोड़कर भारत लौट आए हैं। राहुल आज कांग्रेस पार्टी की बैठक में शामिल होंगे। पहलगाम आतंकी हमले के बाद राहुल ने दौरा बीच में छोड़ने का फैसला लिया।
पूर्वोत्तर के वायुसेना अधिकारी का पार्थिव शरीर भी घर भेजा गया
अरुणाचल प्रदेश के लोअर सुबनसिरी जिले के जीरो निवासी भारतीय वायुसेना के कॉर्पोरल तागे हैलियांग का पार्थिव शरीर भी उनके गृह नगर भेजा गया है। पहलगाम आतंकी हमले में बलिदान हुए हैलियांग की पार्थिव देह गुवाहाटी एयरपोर्ट पर लाए जाने के बाद अरुणाचल भेजा गया। असम के मंत्री जयंत मल्ला बरुआ और गुवाहाटी शहर के पुलिस आयुक्त डॉ पार्थ सारथी महंत ने गुवाहाटी एयरपोर्ट पर सैनिक को पुष्पांजलि अर्पित की। असम के मंत्री जयंत मल्ला बरुआ ने कहा, उन्होंने असम सरकार, मुख्यमंत्री, राज्य की जनता तरफ और भाजपा की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित की। बरुआ ने कहा, 'पहलगाम के निंदनीय आतंकी कृत्य पर सभी भारतीय शोक मना रहे हैं। हम चाहते हैं कि सख्त कार्रवाई की जाए।'
ओडिशा पहुंचा मृतक का पार्थिव शरीर, आज सीएम गांव जाकर देंगे अंतिम विदाई
पहलगाम आतंकी हमले में ओडिशा के प्रशांत सत्पथी की भी मौत हुई। ओडिशा के उपमुख्यमंत्री कनक वर्धन सिंह देव और अन्य नेताओं ने आतंकवादी हमले में मारे गए प्रशांत सतपथी का पार्थिव शरीर भुवनेश्वर पहुंचने के बाद एयरपोर्ट पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उपमुख्यमंत्री ने कहा, राज्य सरकार की ओर से हमने पार्थिव शरीर प्राप्त किया। सरकार ने उनके पार्थिव शरीर को उनके गांव भेजने की व्यवस्था की है। कल सुबह मुख्यमंत्री उनके गांव जाएंगे और लोगों से मिलेंगे। कायराना आतंकी हमले में कई लोगों की जान गई है। इससे सख्ती से निपटने की जरूरत है। सभ्य समाज में इस तरह की घटनाओं की जगह नहीं। उन्होंने कहा, मुझे यकीन है कि प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री आवश्यक और सबसे सख्त कार्रवाई करेंगे। सुरक्षा पर कैबिनेट समिति की बैठक में पांच कड़े निर्णय लिए गए हैं। पूरा विश्व भारत के साथ खड़ा है।
सूरत पहुंचा आतंकी वारदात के शिकार शैलेष का शव, मंत्रियों ने दी श्रद्धांजलि
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले में सूरत शहर के शैलेश कलथिया की भी नृशंस हत्या की गई। गुजरात के अमरेली जिले में वराछा क्षेत्र के मूल निवासी शैलेश का पार्थिव शरीर एअर इंडिया के विशेष विमान से देर रात सूरत एयरपोर्ट लाया गया। केंद्रीय जल संसाधन मंत्री सीआर पाटिल, गुजरात के गृह मंत्री हर्ष संघवी, समेत विधायकों और अधिकारियों ने शैलेश की पार्थिव देह पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
जन्मदिन से ठीक पहले आतंकियों ने गोली का शिकार बनाया
मृतक शैलेश कलथिया की जिस दिन हत्या की गई, उसके अगले ही दिन उनका जन्मदिन था। ये जानकारी उनके भतीजे अंकुर सुतारिया ने दी। सूरत में उनकी पार्थिव देह पहुंचने के बाद अंकुर ने कहा, 'मेरे चाचा-चाची और उनके बच्चे कश्मीर घूमने गए थे। हमें मीडिया से आतंकवादी हमले के बारे में पता चला। इसके बाद हमने कॉल करने की कई बार कोशिश की, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। हमने वहां के अधिकारियों से बात की। उन्होंने हमें बताया कि उनके परिजन सुरक्षित हैं, लेकिन थोड़ी देर बाद, हमें बताया गया कि चाचा की मौत हो चुकी हैं। गुजरात के राजनीतिक लोग हमसे मिलने आ रहे हैं। हम सरकार से सख्त कार्रवाई करने का अनुरोध करते हैं ताकि किसी भी परिवार को ऐसी असहनीय पीड़ा न सहनी पड़े।
पहलगाम आतंकी हमला पीड़ितों को श्रद्धांजलि के लिए तेलंगाना में मौन
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमला पीड़ितों को श्रद्धांजलि देने के लिए तेलंगाना के पेद्दापल्ली में पूर्व सीएम के चंद्रशेखर राव की बेटी और विधान परिषद सदस्य के कविता के साथ भारत राष्ट्र समिति (BRS) के अन्य नेताओं ने भी श्रद्धांजलि दी।
ब्रिटेन के पूर्व पीएम ऋषि सुनक ने जताया दुख
पहलगाम आतंकी हमले के बाद दुनियाभर के नेताओं ने भारत के साथ एकजुटता दिखाई है। ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने कहा, पहलगाम में हुए बर्बर हमले में नवविवाहितों, बच्चों और खुशियां मनाने वाले परिवारों की ज़िंदगी छिन गई। सुनक ने एक्स पर जारी बयान में लिखा, 'पीड़ितों के दुखों को देखकर हमारा दिल टूट गया है। शोक मना रहे लोगों को पता है कि ब्रिटेन उनके दुख और एकजुटता में उनके साथ खड़ा है। आतंकवाद कभी नहीं जीतेगा। हम भारत के साथ खड़े हैं।'
NCP सांसद बोलीं- भारत की सुरक्षा के लिए एक साथ लड़ेंगे
पहलगाम आतंकी हमले को लेकर देशभर में आक्रोश है। महाराष्ट्र की लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले ने कहा, हम केंद्र सरकार से अनुरोध करते हैं कि आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस दिखाए... हम सभी भारतीय एक साथ हैं, और अगर कोई भारत के खिलाफ ऐसा करने की हिम्मत करता है, तो हम भारत की सुरक्षा के लिए एक साथ लड़ेंगे।
महाराष्ट्र के मृतकों का अंतिम संस्कार किया गया
पहलगाम आतंकवादी हमले में जान गंवाने वाले महाराष्ट्र के डोंबिवली निवासी अतुल मोने, हेमंत जोशी और संजय लेले का अंतिम संस्कार किया गया।
अहमदाबाद पहुंचे मृतकों के पार्थिव शरीर, गृह मंत्री संघवी ने दी श्रद्धांजलि
गुजरात के गृह मंत्री हर्ष संघवी ने अहमदाबाद हवाई अड्डे पर पहलगाम आतंकी हमला पीड़ितों- यतीशभाई परमार और स्मित परमार को श्रद्धांजलि दी।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने जम्मू-कश्मीर में फंसे पर्यटकों से की मुलाकात
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने जम्मू-कश्मीर में फंसे पर्यटकों से मुलाकात की। उन्होंने एक्स हैंडल पर तस्वीरें और वीडियो साझा कर लिखा, महाराष्ट्र से आए पर्यटक थोड़े थके और चिंतित, लेकिन दृढ़ निश्चयी हैं। यह देखकर खुशी हुई कि उन्होंने मनोबल नहीं टूटने दिया है। सरकार उनके साथ है। वे केवल उपमुख्यमंत्री के रूप में नहीं, बल्कि एक महाराष्ट्रीयन के रूप में इनके साथ खड़े हैं।वे व्यक्तिगत रूप से उनकी सुरक्षित घर वापसी के उपायों का समन्वय कर रहे हैं।
शिंदे ने कहा कि इस कठिन समय में डॉ. श्रीकांत शिंदे की टीम ने उत्कृष्ट कार्य किया है, जिस पर उन्हें गर्व है। रसद का इंतजाम करने के अलावा भावनात्मक संबल और प्रत्येक व्यक्ति की देखभाल की जा रही है। सरकार सभी को घर वापस लाएगी।
देश की एकता-अखंडता पर सीधा हमला, हम सरकार के साथ मिलकर लड़ेंगे: खरगे
पहलगाम आतंकी हमले के बाद संकट की इस घड़ी में एकजुटता दिखाते हुए कांग्रेस ने सरकार का समर्थन किया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुआ आतंकवादी हमला भारत की एकता व अखंडता पर सीधा हमला है। दुख और मुश्किल के इस समय में कांग्रेस पार्टी केंद्र सरकार के साथ खड़ी है। खरगे ने कहा कि पूरा देश आतंकवाद से लड़ने के लिए सरकार के साथ है। सरकार को पूरी ताकत के साथ आतंकियों का सफाया करना चाहिए। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, पहलगाम में की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है, जिसमें निर्दोष लोगों की हत्या कर दी गई। हम सभी को गहरा सदमा और दुख पहुंचा है। कांग्रेस इस कायराना आतंकी कृत्य और इसके लिए जिम्मेदार लोगों की कड़े शब्दों में निंदा करती है। हम सरकार से आग्रह करते हैं कि वह पूरी ताकत के साथ आतंकियों का सफाया करे। यह सामूहिक संकल्प का क्षण है, ताकि इस आतंकी हमले के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई कर उन लोगों को न्याय सुनिश्चित किया जा सके, जिन्होंने अपनी जान गंवाई है। ताकि पीड़ित परिवारों को न्याय मिल सके। जिन लोगों ने निहत्थे और निर्दोष लोगों की हत्या की, वे इंसान नहीं हो सकते। खरगे ने कहा, मुश्किल के इस समय में हम सब सरकार के साथ हैं और हमें मिलकर ऐसी घटनाओं, आतंकियों और हमारे खिलाफ लड़ने वालों से लड़ना है। देश को बचाने और देश की एकता और अखंडता के लिए हम सब एक होंगे। यह हमारे राष्ट्र की एकता और अखंडता पर सीधा हमला है। हमें उचित जवाब देना चाहिए और इस मामले में हम सब एक हैं और हम लड़ेंगे।
अमेरिका दौरा बीच में छोड़ स्वदेश लौट रहे राहुल गांधी
एक अन्य अहम घटनाक्रम में कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने बताया, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने अपनी अमेरिका यात्रा बीच में ही छोड़ दी है। वे बृहस्पतिवार सुबह 10:30 बजे नई दिल्ली में होने वाली कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) की बैठक में व्यक्तिगत रूप से भाग लेंगे।
पाकिस्तान ने बुलाई हाई-लेवल बैठक
सीसीएस बैठक में भारत ने 1960 की सिंधु जल संधि को निलंबित कर दिया और पाकिस्तान के साथ राजनयिक संबंधों में कटौती की घोषणा की। साथ ही पाकिस्तान के सैन्य सलाहकारों को भारत छोड़ने का आदेश दिया गया है। इस फैसले पर प्रतिक्रिया देने के लिए पाकिस्तान ने भी गुरुवार को एक हाई-लेवल बैठक बुला ली है। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने बुधवार रात बताया कि प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की अध्यक्षता में राष्ट्रीय सुरक्षा समिति (एनएससी) की बैठक होगी। इसमें पाकिस्तान के सभी सेना प्रमुख और प्रमुख कैबिनेट मंत्री शामिल होंगे। इस बैठक में भारत की कार्रवाई पर ‘उचित प्रतिक्रिया’ तय की जाएगी।
सिंधु जल समझौता पर रोक
पीएम मोदी के आवास पर हुई सीसीएस की बैठक में 1960 की सिंधु जल संधि को तत्काल प्रभाव से स्थगित रखा जाएगा, जब तक कि पाकिस्तान विश्वसनीय और अपरिवर्तनीय रूप से सीमा पार आतंकवाद के लिए अपने समर्थन को त्याग नहीं देता।
विदेश मंत्रालय की प्रेस कॉन्फ्रेंस
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में सीसीएस की बैठक समाप्त होने के बाद विदेश मंत्रालय मीडिया को संबोधित कर रहा है। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा, सीसीएस ने कड़े शब्दों में हमले की आलोचना की है। दुनिया के कई देशों ने समर्थन जताया है और कड़े शब्दों में हमले की निंदा की है। बैठक में कई फैसले लिए गए हैं। पाकिस्तानियों का वीजा रद्द किया गया है। सिंधु जल समझौता रोका गया है।
थोड़ी देर में विदेश मंत्रालय की प्रेस कॉन्फ्रेंस
सीसीएस बैठक के बाद शाम सात बजे विदेश मंत्रालय की प्रेस कॉन्फ्रेंस होगी। उधर, कश्मीर के कुलग्राम में सुरक्षबलों का आतंकियों के खिलाफ अभियान जारी है। टीआरएफ के एक कमांडर की घेराबंदी की गई है।
नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने ट्वीट किया, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी से बात की और पहलगाम आतंकवादी हमले में लोगों की मौत पर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। नेपाली नागरिक की मौत पर उनकी हार्दिक संवेदना के लिए आभारी हूं।'
पहलगाम आतंकी हमले पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, 'यह घटना निंदनीय है। ये एक प्रकार से भारत को विभाजित करने का प्रयास था। ऐसे प्रयासों को हमें विफल करना चाहिए और ऐसे तत्वों को कुचल देना चाहिए। महाराष्ट्र के जिन 6 लोगों की (पहलगाम आतंकी हमले में) मृत्यु हुई है, प्रत्येक पीड़ित परिवार को 5 लाख रुपये देंगे।'
जम्मू कश्मीर में हुए आतंकी हमले के मद्देनजर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का असम दौरा स्थगित कर दिया गया है। राष्ट्रपति मुर्मू को तय कार्यक्रम के अनुसार, गुरुवार की शाम को गुवाहाटी में आधिकारिक कार्यक्रमों में शामिल होना था। असम के राज्यपाल सचिवालय ने राष्ट्रपति का दौरा स्थगित होने की सूचना दी।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 'कुछ न्यूज चैनल्स और सोशल मीडिया पर ऐसी खबरें चल रही हैं कि पहलगाम हमले में कई आईबी अधिकारी घायल हुए हैं, वे भ्रामक खबरें हैं। इसे मासूम पर्यटकों की मौत को न्यायोचित ठहराने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। सिर्फ एक आईबी अधिकारी की हत्या हुई है और वे भी छुट्टी पर थे और अपने परिवार के साथ घूमने गए हुए थे।'
जम्मू-कश्मीर मुख्यमंत्री कार्यालय ने पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए मृतकों के परिवारों के लिए 10-10 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों के लिए 2 लाख रुपये और मामूली रूप से घायलों के लिए 1 लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक बयान जारी कर कहा कि 'कल पहलगाम में हुए घृणित आतंकवादी हमले से गहरा सदमा लगा है और बहुत दुखी हूँ। निर्दोष नागरिकों के खिलाफ़ क्रूरता का यह बर्बर और मूर्खतापूर्ण कृत्य हमारे समाज में कोई स्थान नहीं रखता। हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं। हम खोए हुए अनमोल जीवन पर शोक व्यक्त करते हैं। कोई भी धनराशि प्रियजनों के नुकसान की भरपाई नहीं कर सकती है, लेकिन समर्थन और एकजुटता के प्रतीक के रूप में, जम्मू-कश्मीर सरकार ने मृतकों के परिवारों के लिए 10-10 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों के लिए 2 लाख रुपये और मामूली रूप से घायलों के लिए 1 लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की है। पीड़ितों को उनके घरों तक वापस ले जाने के लिए सभी व्यवस्थाएं की गई हैं। घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सेवा प्रदान की जा रही है। हम शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हैं। हम आपके दुख को साझा करते हैं और इस कठिन समय में आपके साथ खड़े हैं। लेकिन आतंक हमारे संकल्प को कभी नहीं तोड़ पाएगा और हम तब तक चैन से नहीं बैठेंगे जब तक कि इस बर्बरता के पीछे के लोगों को न्याय के कटघरे में नहीं लाया जाता।'
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की एक टीम पहलगाम आतंकवादी हमला स्थल पर पहुंच गई है। यह टीम जांच में जम्मू-कश्मीर पुलिस की सहायता करेगी।
रक्षा मंत्रालय में हुई बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी और नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश त्रिपाठी सहित सेना प्रमुखों द्वारा पहलगाम में कल हुए आतंकी हमले के बाद कश्मीर घाटी में मौजूदा सुरक्षा स्थिति के बारे में जानकारी दी गई। शीर्ष अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में भेजा गया है और स्थानीय टुकड़ियों को अलर्ट रहने तथा आतंकवाद विरोधी अभियानों को और तेज करने को कहा गया है। तलाशी और विध्वंस अभियान चलाने के लिए हमले वाली जगह के पास के इलाकों में और अधिक सैनिकों को तैनात किया गया है।
पहलगाम में आतंकी हमले के मृतकों को श्रृद्धांजलि देने के बाद गृहमंत्री अमित शाह ने उनके परिजनों से भी मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने आतंकियों को साफ चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि इस नृशंस हमले के दोषियों को बक्शा नहीं जाएगा। भारत आतंक के आगे नहीं झुकेगा।
पहलगाम हमले पर PDP प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने कहा, 'जो कल पहलगाम में हमला हुआ वह केवल मासूम पर्यटकों पर हमला भर नहीं था बल्कि जम्मू कश्मीर के लोगों पर हमला था। हम इसकी निंदा करते हैं। यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्री यहां आए हुए हैं, मेरी उनसे अपील है कि वे पता लगाएं कि इसमें कौन लोग शामिल थे ताकि उन्हें जल्द से जल्द सजा दी जाए... मैं आपसे शर्मिंदा हूं, कश्मीरी आपसे शर्मिंदा हैं कि आप यहां आए और आपके साथ इतना बड़ा हादसा हुआ। इस समय हमें सियासत करने की जरूरत नहीं है। मैं एक बार फिर अपने देश के लोगों से माफी मांगना चाहती हूं और शर्मिंदगी जाहिर करना चाहती हूं।'
पहलगाम आतंकी हमले पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा, 'कल कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों द्वारा जो कायराना हरकत की गई है हम उसकी घोर निंदा करते हैं और मृतकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं। प्रधानमंत्री सऊदी अरब के दौरे पर थे, वे अपने दौरे को बीच में छोड़कर अपने देश वापस आए हैं। जब से पीएम मोदी (सत्ता में) आए हैं तब से देश (आतंकवादी हमलों का) जवाब देता आया है और निश्चित तौर पर इस हमले का भी जवाब दिया जाएगा।'
पहलगाम आतंकी हमले के बाद सीसीएस (सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति) की बैठक बुलाई गई है। यह बैठक आज शाम छह बजे नई दिल्ली स्थित पीएम आवास पर होगी। इस बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी शामिल होंगे। फिलहाल वे पहलगाम दौरे पर हैं, उनके दिल्ली वापस लौटने के बाद शाम में यह बैठक होनी है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पहलगाम में हमले वाली जगह का दौरा करने पहुंच गए हैं। अमित शाह ने हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की।
एनआईए, पहलगाम आतंकी हमले की जांच करेगी। इसके लिए दिल्ली और जम्मू से एनआईए की टीमें पहलगाम के लिए रवाना हो गई हैं और कुछ ही देर में वहां पहुंच जाएंगी। एनआईए स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर घटना की जांच करेगी।
पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद राजधानी श्रीनगर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पहलगाम हमले के विरोध में श्रीनगर में आज बंद बुलाया गया है। इसके चलते राजधानी की सड़कें सूनी पड़ी हैं।
जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। हमले में मारे गए लोगों में उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर के शुभम द्विवेदी भी शामिल हैं। शुभम द्विवेदी के चचेरे भाई सौरभ ने न्यूज एजेंसी एएनआई को बताया कि 'शुभम भैया की सादी 12 फरवरी को ही हुई थी। वे अपने पत्नी के साथ पहलगाम में थे। मेरी भाभी ने मेरे चाचा को फोन कर बताया था कि शुभम को सिर में गोली मार दी गई। ये भी बताया कि आतंकियों ने नाम पूछ-पूछकर लोगों को मारा। हमें बताया गया है कि दो-तीन दिन में शव परिजनों को सौंपा जाएगा।'