फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

PM Modi Manipur Visit Live: 'विकास का केंद्र बनेगा मणिपुर', पीएम मोदी बोले- प्रदेश में हिंसा दुर्भाग्यपूर्ण

Sat, 13 Sep 2025 05:11 PM IST
बशु जैन न्यूज डेस्क, अमर उजाला, इंफाल

खास बातें

PM Modi in Manipur Today Live Updates: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मणिपुर के दौरे पर हैं। दो साल पहले साल 2023 में जातीय हिंसा भड़कने के बाद यह मणिपुर की उनकी पहली यात्रा है। इस दौरान उन्होंने 1200 करोड़ की परियोजनाओं का शुभारंभ किया। उन्होंने वहां के लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि यहां हिंसा होना दुर्भाग्यपूर्ण था, अब यह प्रदेश विकास का केंद्र बनेगा। साथ ही उन्होंने वहां के स्थानीय लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं भी सुनी।
विज्ञापन
चुराचांदपुर में जनसभा को संबोधित करते पीएम मोदी। - फोटो : ANI/वीडियो ग्रैब
विज्ञापन

लाइव अपडेट

04:45 PM, 13-Sep-2025

भाजपा प्रदेश कार्यालय के बाहर कार्यकर्ताओं ने किया पीएम का स्वागत

भाजपा कार्यालय के बाहर एकत्र कार्यकर्ताओं ने पार्टी के झंडे दिखाकर पीएम का स्वगात किया। वहीं, झंडे और नारों के बीच चलती गाड़ी से ही पीएम मोदी ने हाथ हिलाकर कार्यकर्ताओं के अभिवादन को स्वीकार किया।
 

04:24 PM, 13-Sep-2025

मणिपुर की धरती से पीएम मोदी का नेपाल को संदेश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के युवाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि हाल के दिनों में बड़ी संख्या में युवा सड़कों की सफाई और रंगाई-पुताई में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि इन युवाओं की सकारात्मक सोच और कड़ी मेहनत नई ऊर्जा और बदलाव का प्रतीक है। मोदी ने सोशल मीडिया पर इनकी तस्वीरें देखने का उल्लेख करते हुए कहा कि यह कार्य न केवल प्रेरणादायी है, बल्कि नेपाल के उज्ज्वल भविष्य की ओर स्पष्ट संकेत भी देता है। इसके साथ ही पीएम ने नेपाल को प्रगति और समृद्धि के लिए शुभकामनाएं दीं।

04:16 PM, 13-Sep-2025

'ऑपरेशन सिंदूर में मणिपुर के वीरों का अहम योगदान', पीएम मोदी ने शहीद दीपक को भी किया याद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मणिपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मणिपुर के अनेक बेटे और बेटियां देश के विभिन्न हिस्सों में मां भारती की रक्षा में तैनात हैं। हाल ही में पूरी दुनिया ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में भारतीय सेना की ताकत देखी, जिसमें पाकिस्तान की सेना घबराहट में आ गई। मोदी ने कहा कि इस अभियान में मणिपुर के वीर सपूतों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

प्रधानमंत्री ने शहीद दीपक चिंगाखाम को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनका बलिदान भारत हमेशा याद रखेगा। उन्होंने कहा कि मणिपुर की बहादुरी और त्याग भारतीय संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। मोदी ने जोर देकर कहा कि भारतीय संस्कृति मणिपुरी संस्कृति के बिना अधूरी है और भारत का खेल जगत मणिपुर के खिलाड़ियों के बिना अधूरा है।

प्रधानमंत्री ने मणिपुर की युवाशक्ति की सराहना करते हुए कहा कि यहां का युवा पूरे दिल और आत्मा से तिरंगे की शान के लिए समर्पित रहता है। उन्होंने इस योगदान को भारत के लिए गर्व की बात बताया।

विज्ञापन
04:08 PM, 13-Sep-2025

किसी भी प्रकार की हिंसा बेहद दुर्भाग्यपूर्ण- पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मणिपुर की जनता को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की हिंसा बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और यह हमारे पूर्वजों तथा आने वाली पीढ़ियों के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि मणिपुर को शांति और विकास के रास्ते पर मिलकर आगे बढ़ाना होगा। मोदी ने मणिपुर की भारत की आजादी की लड़ाई और देश की रक्षा में ऐतिहासिक भूमिका को याद किया। उन्होंने कहा कि यहीं की धरती पर आजाद हिंद फौज ने पहली बार भारतीय तिरंगा फहराया था और नेताजी सुभाषचंद्र बोस ने मणिपुर को भारत की आजादी का द्वार बताया था।

प्रधानमंत्री ने कहा कि यह भूमि अनेक वीर बलिदानों की गवाह रही है और उनकी सरकार इन्हीं महान हस्तियों से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ रही है। उन्होंने जानकारी दी कि अंडमान-निकोबार के माउंट हैरियट का नाम बदलकर ‘माउंट मणिपुर’ रखा गया है। यह निर्णय 140 करोड़ भारतीयों की ओर से मणिपुरी स्वतंत्रता सेनानियों को एक सच्ची श्रद्धांजलि है।

04:05 PM, 13-Sep-2025

'21वीं सदी उत्तर-पूर्व की है', पीएम मोदी बोले- विकास की नई उड़ान का केंद्र बनेगा मणिपुर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को मणिपुर की राजधानी इंफाल में आयोजित रैली को संबोधित करते हुए कहा कि 21वीं सदी भारत के उत्तर-पूर्व की सदी होगी। उन्होंने इंफाल को अवसरों का शहर बताते हुए कहा कि यह उन जगहों में से एक है, जो भारत के विकास की रफ्तार को तेज करने में अहम भूमिका निभाएगा। मोदी ने कहा कि मणिपुर की महिलाएं राज्य की आर्थिक प्रगति की अगुवाई कर रही हैं और स्थानीय उत्पादों को देश-दुनिया तक पहुंचा रही हैं। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार मणिपुर के विकास के लिए हर संभव कदम उठा रही है।

विज्ञापन
03:46 PM, 13-Sep-2025

पीएम मोदी के दौरे के खिलाफ कांग्रेस और एमपीपी ने किया विरोध प्रदर्शन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम से पहले कांग्रेस और मणिपुर पीपुल्स पार्टी (एमपीपी) की युवा इकाइयों ने विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पीएम का यह दौरा राज्य में शांति बहाल करने के बजाय 'राजनीतिक रणनीति' है। एमपीपी के कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय के बाहर नारेबाजी की, जो कांगला किले के पास स्थित है। यहीं मोदी कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और जनसभा करने वाले थे। कांग्रेस की युवा इकाई ने भी कांग्रेस भवन के पास प्रदर्शन किया, जो पीएम के कार्यक्रम स्थल से महज 100 मीटर दूर है। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को स्थल की ओर बढ़ने से रोका। बारिश और जलभराव के बावजूद हजारों लोग मोदी के संबोधन को सुनने कांगला किले पहुंचे।

03:45 PM, 13-Sep-2025

पीएम मोदी ने स्थानीय लोगों से की मुलाकात

इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्थानीय लोगों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार मणिपुर के विकास और शांति बहाली के लिए हरसंभव कदम उठा रही है। 
 

03:44 PM, 13-Sep-2025

पीएम मोदी ने 1200 करोड़ की परियोजनाओं का किया उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दौरे के दौरान उन्होंने 1200 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। ये परियोजनाएं राज्य की आधारभूत संरचना और सामाजिक विकास को मजबूत करने के उद्देश्य से शुरू की गई हैं।

03:01 PM, 13-Sep-2025

पीएम मोदी के दौरे को लेकर पूर्व सीएम एन बीरेन सिंह ने कहा कि भारी बारिश के बावजूद, आप सभी ने देखा है कि कैसे बड़ी संख्या में लोग यहां एकत्र हुए हैं। यह पीएम मोदी और भाजपा के प्रति लोगों के प्रेम को दर्शाता है। चुराचांदपुर में भी बड़ी संख्या में लोग जुटे थे। खराब मौसम के कारण, पीएम मोदी सड़क मार्ग से चुराचांदपुर गए। हमने पहले कभी ऐसा प्रधानमंत्री नहीं देखा जिसने मणिपुर के लिए इतना गहरा स्नेह दिखाया हो। 

02:58 PM, 13-Sep-2025

पीएम मोदी के मणिपुर दौरे पर बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि जब से नरेंद्र मोदी जी प्रधानमंत्री बने हैं। उन्होंने जितनी बार पूर्वोत्तर का दौरा किया है, वह सभी प्रधानमंत्रियों की कुल यात्राओं से भी ज्यादा है। प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी एक राष्ट्र की आकांक्षाओं को साकार करने में लगे हुए हैं। आज मणिपुर में कई विकास कार्य शुरू किए गए हैं। प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी का यही संदेश है कि 2047 तक देश के हर कोने का विकास होना चाहिए। 

02:00 PM, 13-Sep-2025

पीएम मोदी चुराचांदपुर से इंफाल के लिए रवाना
चुराचांदपुर में जनसभा को संबोधित करने के बाद पीएम मोदी इंफाल रवाना हो गए हैं। 

01:56 PM, 13-Sep-2025

पीएम मोदी ने कहा कि मणिपुर की धरती आशा और आकांक्षाओं की धरती है। दुर्भाग्य से हिंसा ने इस खूबसूरत क्षेत्र पर अपनी छाया डाल दी है। कुछ समय पहले मैं राहत शिविरों में रह रहे प्रभावित लोगों से मिला। उनसे मिलने के बाद मैं विश्वास के साथ कह सकता हूं कि मणिपुर में आशा और विश्वास का एक नया सवेरा उग रहा है। कहीं भी विकास की जड़ें जमाने के लिए शांति आवश्यक है। पिछले 11 वर्षों में पूर्वोत्तर में कई संघर्षों और विवादों का समाधान हुआ है। लोगों ने शांति का मार्ग चुना है और विकास को प्राथमिकता दी है। हमें संतोष है कि हाल ही में पहाड़ियों और घाटियों में विभिन्न समूहों के साथ समझौतों पर बातचीत हुई है। ये भारत सरकार के प्रयासों का हिस्सा हैं जिनमें संवाद, सम्मान और आपसी समझ को महत्व देते हुए शांति स्थापित करने का कार्य किया जा रहा है। मैं सभी संगठनों से शांति के मार्ग पर आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने की अपील करता हूं। मैं आपके साथ हूं, भारत सरकार मणिपुर के लोगों के साथ है।

01:38 PM, 13-Sep-2025

पीएम मोदी ने कहा कि मणिपुर के नाम में ही 'मणि' है। ये वो 'मणि' है जो भविष्य में पूरे पूर्वोत्तर को जगमगाने वाला है। भारत सरकार मणिपुर को विकास के पथ पर आगे ले जाने के लिए प्रयासरत है।

01:32 PM, 13-Sep-2025

पीएम मोदी ने कहा कि मणिपुर की धरती साहस और वीरता की धरती है। मैंने सड़क पर जो दृश्य देखे, उसके लिए मैं ईश्वर का धन्यवाद करता हूँ कि आज मेरा हेलीकॉप्टर काम नहीं कर रहा था। जिस तरह से मैंने मणिपुर के युवाओं और बुजुर्गों को हाथों में तिरंगा लिए देखा, मैं इस पल को जीवन में कभी नहीं भूल सकता। 

01:27 PM, 13-Sep-2025

पीएम मोदी ने कहा कि भारत तेजी से विकसित हो रहा है। हम विश्व की तीसरी अर्थव्यवस्था बनने जा रहे हैं। आज हमारा लक्ष्य देश के कोने-कोने तक विकास पहुंचाने का है। मणिपुर में भी विकास कार्य होंगे। 

01:24 PM, 13-Sep-2025

पीएम मोदी ने कहा कि मणिपुर बॉर्डर से सटा राज्य है। यहां कई चुनौती रही हैं। अच्छी सड़कें न होने से जो परेशानी आपको आई है। उसे हम दूर करेंगे। मैंने मणिपुर की कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए कहा। हमने मणिपुर में रेल और रोड का बजट बढ़ाया। शहरों के साथ गांवों तक सड़कें पहुंचाने पर जोर लगाया। यहां नेशनल हाईवे पर 3700 करोड़ रुपये खर्च किए गए। 8700 करोड़ से नए हाईवे पर काम चल रहा है।  

01:23 PM, 13-Sep-2025

पीएम मोदी ने कहा कि मणिपुर के लोगों के जज्बे को सलाम करता हूं। यहां की संस्कृति में बड़ा सामर्थ्य है। मणिपुर के नाम में ही मणि है। यहां कई परियोजनाओं का उद्घाटन हुआ है। मैं मणिपुर के लोगों को इन परियोजनाओं के लिए बधाई देता हूं। 
 

01:14 PM, 13-Sep-2025

पीएम मोदी ने दी 8500 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात
पीएम मोदी ने मणिपुर को 8500 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात दी। 

01:02 PM, 13-Sep-2025

पीएम मोदी ने हिंसा की वजह से विस्थापित लोगों के परिवारों से की मुलाकात
चूड़ाचांदपुर में पीएम मोदी ने हिंसा की वजह से विस्थापित लोगों के परिवारों से मुलाकात की।

12:58 PM, 13-Sep-2025

चुराचांदपुर पहुंचे पीएम मोदी, स्थानीय लोगों से की मुलाकात
पीएम मोदी चुराचांदपुर पहुंच गए हैं। उन्होंने यहां स्थानीय लोगों से मुलाकात की। 
 

12:52 PM, 13-Sep-2025

बीरेन सिंह ने किया पीएम मोदी की मणिपुर यात्रा का स्वागत
मणिपुर के पूर्व मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मणिपुर यात्रा का स्वागत किया। उन्होंने इसे शांति और स्थायी प्रगति की ओर ले जाने वाला क्षण बताया। एक्स पर पोस्ट में बीरेन सिंह ने लिखा कि मणिपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का हार्दिक स्वागत है। मणिपुर के लोगों को पूरी उम्मीद है कि यह क्षण हमें शांति और स्थायी प्रगति की ओर ले जाएगा। हम सब मिलकर इस विश्वास के साथ आगे बढ़ते हैं कि आने वाला कल अधिक सुरक्षित, मजबूत और समृद्ध होगा।
 

12:37 PM, 13-Sep-2025

मणिपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत में राज्य के लोग पारंपरिक नृत्य करेंगे। एक कलाकार ने कहा कि हम अपना पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत करके प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करने आए हैं। हम बहुत खुश हैं। हमें उम्मीद है कि प्रधानमंत्री मोदी भविष्य में भी राज्य में और विकास लाएंगे। 

12:26 PM, 13-Sep-2025

इंफाल से सड़क मार्ग से चुराचांदपुर जा रहे प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार दोपहर भारी बारिश के बीच मणिपुर की राजधानी इंफाल पहुंचने के बाद सड़क मार्ग से कुकी के गढ़ चुराचांदपुर जा रहे हैं। पहले उनका अपने आधिकारिक कार्यक्रम के बाद मिजोरम की राजधानी आइजोल से सीधे चुराचांदपुर के लिए उड़ान भरने का कार्यक्रम था, लेकिन खराब मौसम के कारण उनकी यात्रा योजना बाधित हो गई। इंफाल हवाई अड्डे पर राज्यपाल अजय कुमार भल्ला और मुख्य सचिव पुनीत कुमार गोयल ने मोदी का स्वागत किया। अधिकारियों ने बताया कि बाद में, वह चुराचांदपुर से मैतेई बहुल इंफाल लौटेंगे।

11:48 AM, 13-Sep-2025

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इंफाल पहुंचे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इंफाल पहुंच गए हैं। 2023 में जातीय हिंसा भड़कने के बाद यह उनकी मणिपुर की पहली यात्रा है।

11:41 AM, 13-Sep-2025

प्रधानमंत्री मोदी के मणिपुर दौरे पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, 'मुझे खुशी है कि उन्होंने दो साल बाद यह फैसला किया है कि यह दौरा उनके लिए सार्थक है। उन्हें बहुत पहले ही दौरा कर लेना चाहिए था। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि उन्होंने वहां जो कुछ भी हो रहा था उसे इतने लंबे समय तक होने दिया, इतने सारे लोगों को मारे जाने दिया और इतने सारे लोगों को इतने संघर्षों से गुजरने दिया, उसके बाद ही उन्होंने दौरा करने का फैसला किया। भारत में प्रधानमंत्रियों की यह परंपरा नहीं रही है। शुरू से ही, चाहे वे किसी भी पार्टी के हों, जहां भी दर्द होता था, जहां भी पीड़ा होती थी, वे जाते थे। आजादी के बाद से यही परंपरा रही है। इसलिए, वह इसे दो साल बाद पूरा कर रहे हैं, मुझे लगता है कि उन्हें पहले इसके बारे में सोचना चाहिए था।'

11:24 AM, 13-Sep-2025

प्रधानमंत्री के दौरे से पहले मणिपुर में भारी बारिश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राज्य दौरे से पहले शनिवार को मणिपुर में भारी बारिश हुई। इंफाल के कांगला किले के कुछ हिस्सों में घुटनों तक पानी भर गया। चुराचंदपुर शहर में भी भारी बारिश की खबर है। चुराचंदपुर जिला प्रशासन ने एक बयान में कहा कि प्रधानमंत्री निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही चुराचंदपुर का दौरा करेंगे और इसके रद्द होने की अफवाहें झूठी और भ्रामक हैं।

11:16 AM, 13-Sep-2025

मिजोरम की पहली रेलवे लाइन का उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को मिजोरम की पहली रेलवे लाइन का उद्घाटन किया। उन्होंने आइजोल को दिल्ली से जोड़ने वाली राज्य की पहली राजधानी एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई। भारतीय रेलवे के इतिहास में सबसे चुनौतीपूर्ण मानी जाने वाली 8,070 करोड़ रुपये की बैराबी-सैरांग रेलवे लाइन को 2008-09 में मंजूरी दी गई थी और इसका निर्माण 2015 में शुरू हुआ था। इस लाइन में 45 सुरंगें, 55 बड़े पुल और 87 छोटे पुल शामिल हैं।

बैराबी-सैरांग नई रेल लाइन को लेकर रेलवे बोर्ड में सूचना एवं प्रचार के कार्यकारी निदेशक दिलीप कुमार ने बताया, 'आज जिन 3 ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई गई है, उनमें से एक राजधानी एक्सप्रेस है... यह ट्रेन सैरांग को दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल से जोड़ेगी। इस ट्रेन का हफ्ते में एक दिन परिचालन किया जाएगा... इस ट्रेन से मिजोरम के साथ-साथ असम, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश के लोगों को भी लाभ होगा। एक मिजोरम एक्सप्रेस की भी शुरुआत आज से की जा रही है, यह सैरांग और गुवाहाटी के बीच रोजाना चलेगी।'

10:47 AM, 13-Sep-2025

10:47 AM, 13-Sep-2025

09:56 AM, 13-Sep-2025

पूर्णिया में हवाईअड्डा टर्मिनल का उद्घाटन
प्रधानमंत्री पूर्णिया में हवाईअड्डे के अंतरिम टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे, जिससे क्षेत्र में यात्री संचालन क्षमता में वृद्धि होगी। प्रधानमंत्री पूर्णिया में लगभग 36,000 करोड़ रुपये की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे।

भागलपुर के पीरपैंती में ताप विद्युत परियोजना का शिलान्यास करेंगे, जो बिहार में निजी क्षेत्र का सबसे बड़ा 25,000 करोड़ रुपये का निवेश होगा।  इस दौरान पीएम 2680 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली कोसी-मेची अंतर-राज्यीय नदी संपर्क परियोजना के पहले चरण की आधारशिला भी रखेंगे।

रेल संपर्क में सुधार की अपनी प्रतिबद्धता के अनुरूप प्रधानमंत्री रेल परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे और कई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। अन्य परियोजनाओं के अलावा वह प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत 35,000 ग्रामीण लाभार्थियों और प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत 5,920 शहरी लाभार्थियों के लिए गृह प्रवेश समारोह में हिस्सा लेंगे और कुछ लाभार्थियों को चाबियां सौंपेंगे।

09:41 AM, 13-Sep-2025

एक माह में दूसरी बार बिहार दौरे पर
प्रधानमंत्री एक माह के भीतर ही दूसरी बार 15 सितंबर को बिहार दौरे पर पहुंचेंगे, जहां वह राष्ट्रीय मखाना बोर्ड का शुभारंभ करेंगे। यह बोर्ड उत्पादन और नई तकनीक के विकास को बढ़ावा देगा, कटाई के बाद के प्रबंधन को मजबूत करेगा, मूल्य संवर्धन और प्रसंस्करण को बढ़ावा देगा और मखाना के बाजार, निर्यात और ब्रांड विकास को सुगम बनाएगा।

09:08 AM, 13-Sep-2025

असम, बिहार व बंगाल को भी सौगात
मिजोरम और मणिपुर का दौरा पूरा करने के बाद शनिवार शाम गुवाहाट पहुंचेंगे, जहां वह असमिया संगीत, साहित्य और संस्कृति में अद्वितीय योगदान देने वाले भारत रत्न भूपेन हजारिका की सौवीं जयंती के मौके पर आयोजित समारोह में हिस्सा लेंगे। वह बंगाल में सैन्य कमांडरों की साझा कांफ्रेंस का उद्घाटन करेंगे और बिहार में मखाना बोर्ड का शुभारंभ भी करेंगे।

प्रधानमंत्री 14 सितंबर को असम में 18,530 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली प्रमुख बुनियादी ढांचा और औद्योगिक विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इनमें दरांग मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, जीएनएम स्कूल और बी.एससी. नर्सिंग कॉलेज शामिल हैं। वह नुमालीगढ़ रिफाइनरी लि. (एनआरएल) में असम बायोएथेनॉल संयंत्र का उद्घाटन करेंगे। 

पीएम मोदी सशक्त सुरक्षित और आत्मनिर्भर भारत की प्रतिबद्धता के अनुरूप प्रधानमंत्री मोदी 15 सितंबर को कोलकाता में 16वें संयुक्त कमांडर्स कांफ्रेंस-2025 का उद्घाटन करेंगे और सैन्य बलों के कमांडरों को संबोधित करेंगे। दो साल में एक बार आयोजित होने वाला 16वां संयुक्त कमांडर सम्मेलन 15 से 17 सितंबर तक कोलकाता में आयोजित किया जा रहा है।  

08:44 AM, 13-Sep-2025

चुराचांदपुर और इंफाल में जानेंगे विस्थापितों का दर्द
मुख्य सचिव पुनीत कुमार गोयल ने बताया कि पीएम मोदी शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे कुकी-जो बहुल चुराचांदपुर पहुंचेंगे। सबसे पहले वह हिंसा के कारण विस्थापित लोगों से बातचीत करेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद करीब ढाई बजे इंफाल पहुंचेंगे व विस्थापितों से बातचीत कर उनकी पीड़ा जानेंगे। मणिपुर में मैतेई बहुल घाटी और कुकी-जो बहुल पहाड़ी क्षेत्रों के 280 से ज्यादा राहत शिविरों में करीब 57,000 लोग रह रहे हैं, जो दो वर्षों से ज्यादा से विस्थापित जीवन जीने को विवश हैं। 

08:25 AM, 13-Sep-2025

पीएम मोदी का पूर्वोत्तर दौरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 से 15 सितंबर तक पांच राज्यों-मिजोरम, मणिपुर, असम, बिहार और बंगाल के दौरे पर रहेंगे। इसकी शुरुआत शनिवार को मिजोरम से होगी, जहां से वह मणिपुर जाएंगे। 

07:14 AM, 13-Sep-2025

कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे पीएम मोदी
  • मणिपुर के समावेशी, सतत और समग्र विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के अनुरूप प्रधानमंत्री चुराचांदपुर में 7,300 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। इसके अलावा मोदी इंफाल में 1,200 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन भी करेंगे।
  • प्रधानमंत्री इंफाल के मंत्रीपुखरी में 101 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नए मणिपुर पुलिस मुख्यालय और उसी इलाके में 538 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नागरिक सचिवालय का उद्घाटन करेंगे।
  • चुराचंदपुर से पीएम मोदी विभिन्न परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे, जिनमें 3,647 करोड़ रुपये की जल निकासी और परिसंपत्ति प्रबंधन सुधार परियोजना और 550 करोड़ रुपये की मणिपुर इन्फोटेक डेवलपमेंट (MIND) परियोजना शामिल है।

06:57 AM, 13-Sep-2025

PM Modi Manipur Visit Live: 'विकास का केंद्र बनेगा मणिपुर', पीएम मोदी बोले- प्रदेश में हिंसा दुर्भाग्यपूर्ण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी 13 सितंबर को मणिपुर के दौरे पर हैं। दो साल पहले यानी 2023 में जातीय हिंसा भड़कने के बाद यह मणिपुर की उनकी पहली यात्रा होगी। इस दौरान वे चुराचांदपुर और इंफाल में आंतरिक रूप से विस्थापित लोगों से बातचीत करेंगे। वे मणिपुर के लोगों को 8,500 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात के तौर पर कई परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इससे पहले मुख्य सचिव पुनीत कुमार गोयल ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री के इस दौरे की आधिकारिक पुष्टि की। यह दौरा विपक्षी दलों की ओर से कुकी और मैतेई समुदायों के बीच जातीय संघर्ष के बाद मणिपुर का दौरा न करने की लगातार आलोचना के बीच हो रहा है। मई 2023 से अब तक 260 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं और हजारों लोग बेघर हो चुके हैं।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें