रक्तदान अभियान के पहले दिन बना विश्व रिकॉर्ड
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मडाविया ने कहा कि शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर शुरू हुए पखवाड़े के रक्तदान अभियान के पहले दिन 87,137 लोगों ने रक्तदान किया जो एक 'विश्व रिकॉर्ड' है। मंडाविया ने नागरिकों से आरोग्य सेतु ऐप या ई-रक्तकोश पोर्टल पर रक्तदान करने के लिए 'रक्तदान अमृत महोत्सव' के तहत पंजीकरण करने का आग्रह किया। अभियान एक अक्तूबर तक चलेगा।
युवा कांग्रेस ने ‘बेरोजगार मेले’ का आयोजन किया
इस बीच भारतीय युवा कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर शनिवार को बेरोजगारी के मुद्दे को उठाते हुए ‘बेरोजगार मेले’ का आयोजन किया। उनकी ओर से कहा गया कि प्रधानमंत्री को युवाओं को रोजगार देने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। युवा कांग्रेस के कार्यालय परिसर में इसका आयोजन किया गया।
धर्मेंद्र प्रधान ने ओडिशा के चार जिलों के सभी टीबी रोगियों को गोद लिया
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने ओडिशा के चार जिलों के सभी टीबी रोगियों को गोद लिया। उन्होंने कहा कि 2025 तक पीएम मोदी के टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को साकार करने के लिए ओडिशा के अंगुल, देवगढ़, ढेंकनाल और संबलपुर जिलों के सभी टीबी रोगियों को अपनाया।
नड्डा ने करोल बाग में 'बस्ती संपर्क अभियान' में हिस्सा लिया
इ बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने करोल बाग में 'बस्ती संपर्क अभियान' में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित भी किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ताओं ने लाखों स्थानों पर सेवा पखवाड़ा मनाने का निश्चय किया है। ये कार्यकर्ताओं की उच्चतम सोच है। PM मोदी ने अपना जीवन देश सेवा, मानवता की सेवा, गरीब, समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों को ताकत देने का काम किया।
15 दिन तक पूरे देश में चलेगा रक्तदान अभियान
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मंडाविया ने राष्ट्रीय रक्तदान शिविर में भी हिस्सा लिया। पीएम मोदी के जन्मदिन पर यह रक्तदान अभियान का आयोजन किया गया है। इसे आजादी के अमृत महोत्सव के तहत आयोजित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के मौके पर सफदरजंग अस्पताल में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह अभियान अगले 15 दिन तक पूरे देश में चलाया जाएगा।
मंडाविया ने 72 टीबी रोगियों को गोद लिया
पीएम मोदी के 72वें जन्मदिन के मौके पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने 72 टीबी रोगियों को गोद लिया है। मंडाविया इन मरीजों के इलाज का पूरा खर्च उठाएंगे। उन्होंने गुजरात के पलिताना से इन 40 टीबी रोगियों को गोद लिया।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पीएम मोदी को उनके जन्मदिवस पर बधाई दी है। बघेल ने लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस पर बधाई एवं शुभकामनाएं। आपके अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता हूं।
तिब्बती आध्यात्मिक नेता दलाई लामा ने पीएम मोदी को बधाई देते हुए कहा कि भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 72वें जन्मदिन के अवसर पर मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य की प्रार्थना करता हूं।