लोकसभा की कार्यवाही भी विपक्ष के हंगामे के चलते 27 नवंबर तक स्थगित कर दी गई है।
राज्यसभा की कार्यवाही 11.45 बजे फिर से शुरू हुई, लेकिन विपक्ष ने फिर से हंगामा शुरू कर दिया। इस पर राज्यसभा सभापति जगदीप धनखड़ ने नाराजगी जाहिर करते हुए सदन की कार्यवाही पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी। कल यानी मंगलवार को संविधान दिवस के मौके पर सदन की कार्यवाही नहीं चलेगी। ऐसे में अब बुधवार को फिर से सदन की कार्यवाही शुरू होगी।
राज्यसभा में गौतम अदाणी के मुद्दे पर हंगामा हो गया। कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता विपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अदाणी मामले पर चर्चा की मांग की, लेकिन राज्यसभा सभापति ने नियमों का हवाला देते हुए इसकी अनुमति नहीं दी। हंगामे के चलते राज्यसभा सभापति ने सदन की कार्यवाही दोपहर 11.45 तक स्थगित कर दी।
संसद में हाल ही में दिवंगत सांसदों को श्रद्धांजलि दी जा रही है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने दिवंगत सांसदों की उपलब्धियों का जिक्र किया। इसके बाद ही विपक्ष ने हंगामा शुरू कर दिया, जिसके बाद लोकसभा की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगति की गई।
Parliament Winter Session Live Updates News In Hindi: संसद के सोमवार से शुरू हो रहे शीतकालीन सत्र में अदाणी और वक्फ संशोधन विधेयक की ही गूंज सुनाई देने के आसार हैं। अदाणी समूह को लेकर समय-समय पर सरकार पर निशाना साधते रहे विपक्ष ने रिश्वत प्रकरण सामने आने के बाद और भी हमलावर रुख अपना लिया है। विपक्षी इंडिया ब्लॉक अदाणी मामले में पहले ही दिन चर्चा कराने पर अड़ा है। दूसरी तरफ, सरकार ने विपक्ष के विरोध की परवाह न करते हुए वक्फ संशोधन विधेयक इसी सत्र में पेश करने का संकेत दिए हैं। इससे जुड़ी जेपीसी शुक्रवार को विधेयक पर अपनी रिपोर्ट पेश करेगी। शीत सत्र ऐसे समय शुरू हो जा रहा है जब शनिवार को ही महाराष्ट्र और झारखंड के नतीजे आए हैं। इससे पूर्व मानसून सत्र के बाद हरियाणा और जम्मू कश्मीर में भी विधानसभा चुनाव हो चुके हैं। हरियाणा के बाद महाराष्ट्र में प्रचंड जीत से मोदी सरकार उत्साहित है, जबकि लोकसभा चुनाव के लगे लगातार झटके से विपक्षी खेमे में निराशा का वातावरण है।