फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Parliament Winter Session Live: लोकसभा कल तक के लिए स्थगित; रेलवे (संशोधन) विधेयक 2024 पारित

Wed, 11 Dec 2024 05:42 PM IST
अभिषेक दीक्षित न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

Parliament Winter Session Live Updates News in Hindi: सभापति जगदीप धनखड़ को पद से हटाने संबंधी नोटिस और अदाणी-सोरोस के मुद्दे पर राज्यसभा में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जमकर हंगामा हुआ। वहीं, लोकसभा में कांग्रेस ने ओम बिरला को चिट्ठी लिखकर सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलाने की अपील की है।
विज्ञापन
संसद सत्र - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

लाइव अपडेट

05:14 PM, 11-Dec-2024

लोकसभा कल तक के लिए स्थगित

लोकसभा की कार्यवाही कल सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है। 

04:16 PM, 11-Dec-2024

लोकसभा की कार्यवाही कुछ देर के लिए स्थगित

लोकसभा 4:40 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है। 

03:57 PM, 11-Dec-2024

लोकसभा में रेलवे (संशोधन) विधेयक 2024 पारित

लोकसभा में रेलवे (संशोधन) विधेयक 2024 पारित किया गया। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि 10 हजार लोकोमोटिव और 15 हजार किमी रेलवे ट्रैक पर कवच का काम चालू हो गया है। विकसित देशों ने जो 20 साल में काम किया, वह काम भारत ने पांच साल में किया। कवच लगने से 10 किमी दूर का सिग्नल ड्राइवर को केबिन में मिल जाएगा। बाहर कुहासा हो, तो भी कवच से सिग्नल मिलेगा। ओवर स्पीड होने पर कवच ऑटोमेटिक ब्रेक लगा देगा। आप विश्वास नहीं करेंगे कि ट्रायल के दौरान लोको पायलट के चेहरे पर कितनी खुशी थी। 

विज्ञापन
03:02 PM, 11-Dec-2024

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने आपदा प्रबंधन (संशोधन) विधेयक, 2024 पेश किया।

02:40 PM, 11-Dec-2024

भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, "कांग्रेस INDI गठबंधन में पूरी तरह विश्वास खो चुकी है और इसे छिपाने का प्रयास किया जा रहा है...कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के हमेशा से उन लोगों के साथ संबंध रहे हैं जो विदेशी धरती से भारत विरोधी गतिविधियों में शामिल हैं..."

विज्ञापन
02:40 PM, 11-Dec-2024

कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने विपक्षी दलों द्वारा उपराष्ट्रपति व राज्यसभा सभापति जगदीप धनखड़ के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने पर कहा, "...हमने लोकतंत्र को बचाने के लिए ये अविश्वास पत्र पेश किया। 60 विपक्षी सांसदों ने ये प्रस्ताव दिया और आज संसदीय कार्यमंत्री कहते हैं कि ये किसानों का अपमान है। कैसे? आप विपक्ष के नेता को बोलने नहीं दिया जा रहा है तो क्या यह दलितों का अपमान है?... यही मोदी सरकार किसानों की मांगों को नजरअंदाज कर रही है... हमारी कोई व्यक्तिगत लड़ाई नहीं है लेकिन हम चाहते हैं कि अध्यतक्ष पक्षपात ना करें... पक्षपात नहीं होना चाहिए, निष्पक्ष तरीके से सदन चलना चाहिए... बहुत अफसोस, दर्द व पीड़ा के साथ हमने ये अविश्वास प्रस्ताव पेश किया। अगर उनके(सत्ता पक्ष) पास आंकड़े हैं तो वो बहस से क्यों भाग रहे हैं?..."

02:40 PM, 11-Dec-2024

समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने कहा, "...हमें पूरी उम्मीद है कि संसद के शीतकालीन सत्र को चलाने के लिए दोनों पक्ष के लोग सख्ती दिखाएंगे।"

02:40 PM, 11-Dec-2024

सांसद और आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चन्द्रशेखर आजाद ने विपक्ष द्वारा राज्यसभा सभापति जगदीप धनखड़ के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने पर कहा, "देश बहुत उम्मीद के साथ लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही पर ध्यान रखता है और अगर विपक्ष में बैठे नेता ये आशंका जाहिर करते हैं कि पदासीन सभापति सत्ता और विपक्ष में भेदभाव करते हैं तो फिर सदन में जिस तरह की परेशानी होती है, उससे देश के जागरुक लोगों पर इसका बहुत बुरा असर पड़ता है। विपक्ष ने अगर ये कदम उठाया है तो बहुत पीड़ा में उठाया है, खुशी से नहीं... अगर अब भी सुधार की स्थिति नहीं बनती है तो मेरी भी इच्छा है कि अविश्वास प्रस्ताव सफल हो और बदलाव हो।"

02:39 PM, 11-Dec-2024

भाजपा सांसद संबिंत पात्रा ने कहा, "आज सुबह से हम खबर देख रहे हैं कि कांग्रेस पार्टी और कुछ घटक दलों ने ये तय किया है, खासकर हरियाणा और महाराष्ट्र के चुनावी नतीजों के बाद कि विधानसभा के इन चुनावी नतीजों को लेकर वे चुनाव आयोग को सुप्रीम कोर्ट लेकर जाएंगे। मुझे बहुत आश्चर्य होता है कि कांग्रेस पार्टी बार-बार EVM को लेकर सुप्रीम कोर्ट जाती है और बार-बार पटखनी खाकर वापस आती है... किसी की फजीहत हुई है तो वो कांग्रेस पार्टी की हुई है... EVM के काम करने का तरीका और चुनाव आयोग ने इस पूरी प्रक्रिया को CCTV में कैद करके प्रेस वार्ता के माध्यम से सबके सामने रखा है। फिर भी इस पूरे विषय को लेकर कांग्रेस पार्टी आज सुप्रीम कोर्ट में जा रही है। यह दिखाता है कि संविधान के प्रति कांग्रेस पार्टी के मन में सम्मान नहीं है।"

02:08 PM, 11-Dec-2024

लोकसभा की कार्यवाही जारी है। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रेल (संशोधन) विधेयक, 2024 पेश किया।

02:07 PM, 11-Dec-2024

विपक्ष ने न्यायाधीश के खिलाफ महाभियोग के लिए सांसदों के हस्ताक्षर लेने शुरू किए
विपक्षी दलों ने विवादास्पद टिप्पणी करने वाले इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति शेखर यादव के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाने संबंधी नोटिस देने की मुहिम शुरू कर दी है और इसके लिए सांसदों के हस्ताक्षर लिए जा रहे हैं। कांग्रेस सांसद विवेक तन्खा ने बुधवार को बताया कि अब तक राज्यसभा के 30 से अधिक सदस्यों के हस्ताक्षर ले लिए गए हैं और संसद के वर्तमान शीतकालीन सत्र में ही इसके लिए नोटिस दिया जाएगा। यह गंभीर मामला है। हम संसद के इसी सत्र में महाभियोग के लिए नोटिस देंगे।

न्यायमूर्ति यादव ने रविवार को इलाहाबाद उच्च न्यायालय में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के एक सम्मेलन को संबोधित करते हुए विवादास्पद टिप्पणी की थी। प्रस्ताव से जुड़ा नोटिस 100 लोकसभा सदस्यों या 50 राज्यसभा सदस्यों द्वारा पेश किया जाना चाहिए। राज्यसभा सदस्य और वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने मंगलवार को कहा था कि महाभियोग प्रस्ताव का नोटिस दिया जाएगा।

01:23 PM, 11-Dec-2024

राज्यसभा में केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा ने कहा, "हमारे सदस्य (सांसद) सोनिया गांधी और सोरोस के बीच संबंधों का मुद्दा उठाते रहे हैं। यह देश की संप्रभुता का सवाल है....सभापति के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाना देश की संप्रभुता के मुद्दे से देश का ध्यान भटकाने की साजिश है...इसकी सभी को निंदा करनी चाहिए। उन्होंने कभी भी सभापति का सम्मान नहीं किया..." राज्यसभा की कार्यवाही 12 दिसंबर तक स्थगित हुई।

01:23 PM, 11-Dec-2024

भाजपा सांसद जगदम्बिका पाल ने कहा, "अडानी मुद्दा कोई मुद्दा नहीं है। वे इस देश के नागरिक हैं...सोरोस इस देश के नागरिक नहीं हैं। वो देश में अस्थिरता पैदा करना चाहते हैं...वो भारतीय अर्थव्यवस्था को पटरी से उतारना चाहते हैं। उनके कांग्रेस नेताओं से संबंध हैं... इस पर चर्चा रोकने के लिए विपक्ष अविश्वास प्रस्ताव ला रहा है..."

01:22 PM, 11-Dec-2024

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, "यह शर्म की बात है। मैं पहली बार देख रही हूं कि सरकार खुद (संसद की कार्यवाही) बाधित कर रही है।"

01:21 PM, 11-Dec-2024

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा, "...यह उल्टे-सीधे आरोप लगाते रहते हैं लेकिन हमने निर्णय लिया है कि वो कितना भी उकसाएं, हम उन्हें करने देंगे लेकिन हम सदन चलाएंगे...हमारी पूरी कोशिश होगी कि सदन चले। हम चाहते हैं कि चर्चा और बहस हो...हम चाहते है कि 13 दिसंबर को संविधान पर बहस हो। हम सदन चलने देंगे...वो अदाणी पर चर्चा नहीं चाहते हैं..."

01:21 PM, 11-Dec-2024

अविश्वास प्रस्ताव पर केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा, "सोनिया गांधी और सोरोस के बीच संबंध को छिपाने के लिए यह प्रस्ताव लाया गया है..."

01:01 PM, 11-Dec-2024

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने ओम बिरला से मुलाकात की। राहुल ने कहा कि हम चाहते हैं कि सद चले। सदन चलाना तो सरकार का काम है और वह ही ऐसा नहीं चाहते। अदाणी मुद्दे पर बात करने से वे भागते हैं। अब जब हम कह रहे हैं कि सदन चले तो सरकार के लोग खुद ऐसा होने नहीं दे रहे हैं।

12:38 PM, 11-Dec-2024

लोकसभा की कार्यवाही दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।

12:10 PM, 11-Dec-2024

संसदीय कार्य मंत्र किरेन रिजिजू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर रहे हैं। वह उन्हें राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ के खिलाफ विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव के बारे में बता रहे हैं।

12:04 PM, 11-Dec-2024

राज्यसभा की कार्यवाही कल सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। इससे पहले जेपी नड्डा ने धनखड़ के खिलाफ विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव को असल मुद्दों से ध्यान भटकाने की साजिश बताया।

12:00 PM, 11-Dec-2024

सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को लोकसभा में कहा कि अगर सदन और समाज की सहमति होगी तो सरकार कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के उपयोग के संदर्भ में कानून लाने के लिए तैयार है। उन्होंने सदन में कांग्रेस सांसद अदूर प्रकाश के पूरक प्रश्न के उत्तर में यह जानकारी दी। अदूर प्रकाश ने सवाल किया था कि क्या एआई के उपयोग के विनियमन को लेकर सरकार की कोई कानून बनाने की योजना है? इस के जवाब में वैष्णव ने कहा कि सोशल मीडिया के इस दौर में दुनिया भर का समाज चुनौतियों का सामना कर रहा है तथा फर्जी समाचार और फर्जी विमर्श से जुड़ी चुनौतियां हैं।

11:30 AM, 11-Dec-2024

EVM को लेकर विपक्ष के सुप्रीम कोर्ट जाने पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, "(विपक्ष को)जनता के जनादेश को स्वीकार कर लेना चाहिए...जनता ने उन्हें नकार दिया है..."

11:30 AM, 11-Dec-2024

RJD सांसद मनोज कुमार झा ने कहा, "...संसद के न चलने के लिए हमारे भाजपा के साथियों को आइना रखना होगा... दोनों पक्षों को आगे बढ़ना होगा लेकिन सत्ता पक्ष को कुछ ज्यादा आगे बढ़ना होगा।"

11:30 AM, 11-Dec-2024

भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने कहा, "यह संसदीय परंपराओं का दुखद पहलु है जिसमें विपक्ष अपनी नैतिक जिम्मेदारियों का निर्वाहन करने से विमुख दिखाई पड़ रहा है...कोई ना कोई ऐसा मुद्दा लेकर शोर मचाना, जिनसे ना तो संसद का कोई संबंध है और ना ही राजनीति दलों का संबंध है..."

11:29 AM, 11-Dec-2024

भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा, "विपक्ष मुझे बोलने नहीं दे रहा है। यह चौथा दिन है जब मेरा शून्यकाल बर्बाद हुआ है। विपक्ष मेरी आवाज दबा रही हैं..."

11:29 AM, 11-Dec-2024

संसद परिसर में एक अनोखे विरोध प्रदर्शन के रूप में कांग्रेस सांसदों ने NDA सांसदों को गुलाब का फूल और तिरंगा दिया।
 

11:14 AM, 11-Dec-2024

सरकार के आरोप पर विपक्षी सांसद नाराज हो गए और नारेबाजी करने लगे। सभापति ने कहा कि सभी को संदन चलाने के लिए सुचारू वातावरण बनाना होगा। हंगामा थमता न देख सदन की कार्यवाही 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

 

11:11 AM, 11-Dec-2024

राज्यसभा में सभापति के खिलाफ विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव को लेकर जमकर हंगामा हुआ। सरकार में मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि किसान के बेटे के खिलाफ यह रवैया स्वीकार्य नहीं है। कांग्रेस के नेता जॉर्ज सोरोस की भाषा बोलते हैं और जब देश के लिए काम करने की बात आती है तो सभापति के खिलाफ नोटिस देते हैं। हम इस नोटिस का खंडन करते हैं।

11:03 AM, 11-Dec-2024

लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही शुरू हो गई है।

10:59 AM, 11-Dec-2024

विपक्षी सांसदों ने संसद भवन परिसर में प्रदर्शन किया।
 

10:42 AM, 11-Dec-2024

AAP सांसद राघव चड्ढा ने कहा, "पहली बार देखा जा रहा है कि सत्तापक्ष सदन नहीं चलने दे रहा है। वो शोर करके सदन को बाधित कर देते हैं...मुझे लगता है कि सदन चलना चाहिए..."

10:41 AM, 11-Dec-2024

  • आप सांसद संजय सिंह ने दिल्ली में बिगड़ती कानून व्यवस्था, बढ़ते अपराध और प्रतिनिधियों को धमकियों पर चर्चा के लिए कार्य स्थगन नोटिस दिया। 
  • राज्यसभा में प्रक्रिया और कार्य संचालन नियमों के नियम 267 (नियमों के स्थगन के लिए प्रस्ताव की सूचना) के तहत, कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने देश में मुस्लिम समुदाय के खिलाफ बढ़ती हिंसक सांप्रदायिक घटनाओं पर तत्काल चर्चा के लिए नियम 267 के तहत नोटिस दिया। 
  • कांग्रेस के लोकसभा सांसद विजय वसंत ने कन्याकुमारी, तमिलनाडु और पूरे देश में पर्यटन बुनियादी ढांचे में सुधार की तत्काल आवश्यकता पर चर्चा करने के लिए स्थगन प्रस्ताव पेश करने का नोटिस दिया है।

10:37 AM, 11-Dec-2024

Parliament Winter Session Live: लोकसभा कल तक के लिए स्थगित; रेलवे (संशोधन) विधेयक 2024 पारित

Parliament Winter Session Live Updates News in Hindi: संसद के दोनों सदनों में आज भी जोरदार हंगामे के आसार हैं। राज्यसभा में विपक्ष ने सभापति जगदीप धनखड़ के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस दिया है। वहीं, लोकसभा में कांग्रेस ने ओम बिरला को चिट्ठी लिखकर सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलाने की अपील की है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें