चूक के बाद स्मार्ट कार्ड की याद
नई ससंद भवन की सुरक्षा में चूक के बाद बुधवार को लोकसभा सचिवालय ने सांसदों को स्मार्ट कार्ड तैयार कराने के लिए एक बार फिर से याद कराया। सचिवालय ने बताया कि ऐसे तो कई सदस्यों के पास स्मार्ट कार्ड हैं, लेकिन जो सदस्य विजिटर्स मैनेजमेंट सिस्टम के लिए पंजीकृत नहीं हैं, उन्हें स्मार्ट कार्ड बनवाना चाहिए।
सीआरपीएफ के महानिदेशक के नेतृत्व में जांच के आदेश
लोकसभा सचिवालय के अनुरोध पर गृह मंत्रालय ने संसद की सुरक्षा में हुई चूक की घटना की जांच सीआरपीएफ के महानिदेशक अनीश दयाल सिंह के नेतृत्व में कराने का आदेश दिया है। गृह मंत्रालय के अधिकारी के मुताबिक, जांच समिति में अन्य सुरक्षा एजेंसियों के सदस्य और विशेषज्ञ शामिल रहेंगे। समिति सुरक्षा में सेंध के कारणों की जांच करेगी। इसके अलावा समिति खामियों का पता लगाएगी और आगे की कार्रवाई की सिफारिश करेगी। समिति जल्द से जल्द संसद में सुरक्षा में सुधार के सुझावों सहित सिफारिशों के साथ अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।
यहां पढ़िए पूरी घटना
सागर शर्मा और मनोरंजन डी शून्यकाल के दौरान दर्शक दीर्घा से लोकसभा में कूदे और उन्होंने 'केन' से पीली गैस को फैलाते हुए नारेबाजी की। इसके बाद सांसदों ने उन्हें पकड़ लिया। तभी संसद भवन के बाहर अमोल शिंदे और नीलम ने केन से लाल और पीले रंग का धुआं फैलाते हुए नारे लगाए। सूत्रों के मुताबिक, पांच लोग संसद में आने से पहले गुरुग्राम में विशाल के आवास पर रुके थे। सभी छह संसद के अंदर जाना चाहते थे, लेकिन केवल दो को ही पास मिला।
सूत्रों ने बताया कि उनकी विचारधारा एक थी और इसलिए उन्होंने सरकार को संदेश देने का फैसला किया। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि क्या इन्हें किसी व्यक्ति या किसी संगठन का समर्थन था? पूछताछ में अमोल ने बताया कि वे किसान आंदोलन, मणिपुर संकट, बेरोजगारी जैसे मुद्दों से परेशान थे, इसलिए उन्होंने यह कदम उठाया।
पुलिस ने पांचवां आरोपी पकड़ा, कुछ दिन पहले रची गई थी साज़िश
संसद की सुरक्षा में बुधवार को हुई सेंधमारी की घटना में शामिल छह में से पांच आरोपियों को पकड़ लिया गया है। पुलिस का मानना है कि सोची समझी साजिश के तहत छह आरोपियों ने संसद की सुरक्षा में सेंध लगाई। आरोपी अमोल शिंदे और नीलम को संसद भवन के बाहर से पकड़ा गया, जबकि सागर शर्मा और मनोरंजन डी को लोकसभा के अंदर से पकड़ा गया। उनके दो और साथी ललित और विशाल भी हैं। सूत्रों के मुताबिक, विशाल को गुरुग्राम से हिरासत में लिया गया, जबकि ललित को पकड़ने के लिए दिल्ली पुलिस छापेमारी कर रही है।
विपक्षी नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रपति से मिलेगा
संसद की सुरक्षा में चूक के मुद्दे पर विपक्षी नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रपति से मिलेगा। इसे लेकर कल सुबह 10 बजे संसद में इंडिया गठबंधन के नेताओं की बैठक होगी। इसके लिए राष्ट्रपति से समय मांगा जाएगा। सूत्रों के मुताबिक, विपक्षी दल कल दोनों सदनों में गृह मंत्री अमित शाह के बयान की मांग करेंगे।
'राजनीतिकरण किया जा रहा है, मैं भाजपा की निंदा करता हूं'
संसद में सुरक्षा उल्लंघन पर कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि दोपहर 2 बजे मैंने यह मुद्दा उठाया। इस दिन, हमारे सुरक्षा बलों ने अपनी जान गवाई। वहीं आज बीजेपी सांसद द्वारा दो लोगों को पास दिया गया। वे अंदर गए, सदन में (आगंतुक दीर्घा से) नीचे कूद गए...फिर उन्होंने धुएं वाले बम फेंके। यह एक घातक बम हो सकता था। गृह मंत्रालय और गृह मंत्री को इसका जवाब देना चाहिए। LoP ने यह सवाल उठाया लेकिन सरकार गंभीर नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि इसका राजनीतिकरण किया जा रहा है, मैं भाजपा की निंदा करता हूं। वे संसद को सुरक्षित नहीं रख सकते, क्या वे दूसरा पुलवामा चाहते हैं?...हम विपक्ष के नेता के नेतृत्व में बाहर चले गए।
'आज जो हुआ सबने देखा और वह बहुत गंभीर मामला था'
संसद में सुरक्षा उल्लंघन के मामले पर कांग्रेस सांसद केसी वेणूगोपाल ने कहा कि आज जो हुआ सबने देखा और वह बहुत गंभीर मामला था... सरकार को इसपर सफाई देनी चाहिए, देश के लोग इस पर सफाई का इंतजार कर रहे हैं कि आखिर हुआ क्या? लेकिन वे अभी इसके लिए तैयार नहीं है। आपको(BJP) भी पता है कि इन लोगों को पास किसने मुहैया करवाएं, वे भाजपा के ही नेता हैं।
आरोपी खुद संसद पहुंचे, किसी भी संगठन से संबंध से किया इनकार
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, संसद सुरक्षा उल्लंघन मामले में प्रारंभिक जांच विवरण से जानकारी मिली है कि दो लोग नीलम और अमोल (परिसर के अंदर संसद भवन के बाहर पकड़े गए) मोबाइल फोन नहीं ले जा रहे थे। उनके पास कोई बैग या पहचान पत्र नहीं था। उनका दावा है कि वे खुद संसद पहुंचे और उन्होंने किसी भी संगठन से जुड़ने से इनकार किया है। पूछताछ के लिए पुलिस बना रही विशेष टीम है।
NDRF कमांडेंट ने कही यह बात
संसद में सुरक्षा उल्लंघन पर NDRF कमांडेंट पी.के. तिवारी ने कहा कि हमारी NDRF की टीम मौके पर मौजूद है। हमें सूचना मिली है कि दर्शक दीर्घा में जो लोग बैठे थे वे कूदे और वहां धुएं का गुबार उठा। अभी हम वहां जाकर जांच करेंगे... जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
उच्च स्तरीय जांच की जा रही
संसद में सुरक्षा उल्लंघन पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि आज जो घटना हुई वह हम सभी के लिए चिंता का विषय है और गंभीर भी है...उच्च स्तरीय जांच की जा रही है और उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। सदन में सुरक्षा को लेकर व्यापक समीक्षा की जाएगी...सदन कल सुबह 11:00 बजे तक के लिए स्थगित की जाती है।
ओम बिरला ने सभी दलों की बैठक बुलाई
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सुरक्षा में चूक की घटना के बाद चार बजे सभी दलों के नेताओं की बैठक बुलाई है। सदन में विपक्षी दलों के सदस्यों की नारेबाजी के बीच बिरला ने बैठक बुलाए जाने के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि मैंने आप सब की भावनाओं को पहले व्यक्त कर दिया है। चार बजे इस विषय पर सभी दलों की बैठक बुलाई है। इसके बाद बिरला ने अपराह्न करीब दो बजकर 50 मिनट पर सदन की कार्यवाही चार बजे तक के लिए स्थगित कर दी।
राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने लोकसभा में सुरक्षा में चूक का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा, 'यह मुद्दा बहुत गंभीर है। यह सिर्फ लोकसभा और राज्यसभा का सवाल नहीं है, यह इस बारे में है कि इतनी सुरक्षा के बावजूद दो लोग कैसे अंदर आ गए और सुरक्षा उल्लंघन का कारण बने।'
लोकसभा की कार्यवाही फिर शुरू हो गई है। सदन में सुरक्षा चूक पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा, 'शून्यकाल के दौरान हुई घटना की लोकसभा अपने स्तर पर संपूर्ण जांच कर रही है। इस संबंध में दिल्ली पुलिस को भी जरूरी निर्देश दे दिए गए हैं। प्राथमिक जांच के अनुसार यह सिर्फ साधारण धुआं था इसलिए यह धुआं चिंता का विषय नहीं है।'