सभी सांसद नए संसद भवन से बाहर निकले
18वीं लोकसभा के पहले सत्र में शामिल होने के बाद सभी सांसद नए संसद भवन से बाहर निकले। सत्र के बाद बाहर निकलने के दौरान केंद्रीय मंत्री गिरीराज सिंह, कांग्रेस सांसद केसी वेणूगोपाल और सांसद के. सुरेश एक दूसरे का अभिवादन करते हुए दिखे।
'INDIA' के नेताओं ने संविधान की प्रति लेकर विरोध प्रदर्शन किया
INDIA गठबंधन के नेताओं ने संसद परिसर में संविधान की प्रति लेकर विरोध प्रदर्शन किया। TMC सांसद कल्याण बनर्जी ने कहा, "हम इसलिए विरोध कर रहे हैं क्योंकि संविधान के प्रावधानों का उल्लंघन किया गया है। नरेंद्र मोदी सरकार ने संविधान का उल्लंघन किया है। जिस तरह से प्रोटेम स्पीकर की नियुक्ति की गई है, वह संविधान के प्रावधानों का स्पष्ट उल्लंघन है..."
इन्होंने भी ली शपथ
भाजपा नेता राधा मोहन सिंह, फग्गन सिंह कुलस्ते, राजनाथ सिंह, अमित शाह, नितिन गडकरी, शिवराज सिंह चौहान और मनोहर लाल खट्टर ने 18वीं लोकसभा के सदस्य के रूप में शपथ ली।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा के सदस्य के रूप में शपथ ली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को 18वीं लोकसभा के सदस्य के रूप में शपथ ली। मोदी इस महीने की शुरुआत में लगातार तीसरी बार सत्ता में लौटे हैं। मोदी और उनके मंत्रिपरिषद ने 9 जून को शपथ ली थी। मोदी का लोकसभा सदस्य के रूप में यह तीसरा कार्यकाल है। उन्होंने वाराणसी सीट बरकरार रखी, जिसे वे 2014 से जीतते आ रहे हैं। सदन के नेता के रूप में वे शपथ लेने वाले पहले व्यक्ति हैं। इससे पहले दिन मेंमहताब ने राष्ट्रपति भवन में नए सदन के सदस्य के साथ-साथ प्रोटेम स्पीकर के रूप में शपथ ली।
प्रोटेम स्पीकर का शपथ-ग्रहण
भाजपा सांसद भर्तृहरि महताब ने 18वीं लोकसभा के प्रोटेम स्पीकर के रूप में शपथ ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शपथ दिलाई।
'भारतीय संसद के इतिहास में प्रोटेम स्पीकर कभी मुद्दा नहीं रहा'
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, "मैंने सभी नेताओं से मुलाकात की है...सभी इस बात पर सहमत हैं कि भारतीय संसद के इतिहास में प्रोटेम स्पीकर कभी मुद्दा नहीं रहा और प्रोटेम स्पीकर की नियुक्ति मूल रूप से नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाने और नए अध्यक्ष के चुनाव में मदद करने के लिए होती है..."