2019 से अब तक दिल्ली में विभिन्न एजेंसियों द्वारा कुल 33,477 संपत्तियों को ध्वस्त किया गया। सोमवार को सरकार ने राज्यसभा में इस बात की जानकारी दी। यह भी बताया गया कि इस कार्रवाई के कारण 20,643 लोग प्रभावित हुए हैं। केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के राज्य मंत्री तोखन साहू के एक प्रश्न के उत्तर में इस बात की जानकारी दी। उन्होंने कहा, 2023 में कुल मिलाकर 16,138 संरंचनाओं को ध्वस्त किया गया। इनमें से 11,060 आवासीय संरचनाओं और 23 वाणिज्यिक इकाइयों को दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) द्वारा ध्वस्त कर दिया गया।
लोकसभा ने सोमवार को विभिन्न मंत्रालयों की अनुदान मांगों में शामिल खर्च के बजट अनुमान को मंजूरी दे दी। वित्तीय विधेयक को पारित करने में तेजी लाने के लिए सदन में रेलवे, शिक्षा, स्वास्थ्य और मत्स्य पालन मंत्रालय की अनुदान मांगों पर चर्चा के बाद इसे लागू किया गया था। सदन ने विनियोग विधेयक 2024 भी पारित किया। विनियोग विधेयक सरकार को वित्तीय वर्ष 2024-25 की सेवाओं के लिए देश की समेकित निधि से कुछ रकम का उपयोग करने का अधिकार देता है।
संसद भवन के एक कक्ष में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओडिशा के भारतीय जनता पार्टी के सांसदों से मुलाकात की। इस दौरान पीएम मोदी ने सांसदों से उनके कार्यकाल की संख्या के बारे में जानकारी ली। पीएम मोदी ने सभी सांसदों का परिचय लेने के साथ साथ उनसे अपने लोकसभा क्षेत्र में बजट के बारे में भी पूछा।
लोकसभा में केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने बताया कि बीते एक वर्ष से मणिपुर में जारी हिंसा के बीच पांच छात्रों ने स्कूल जाना छोड़ दिया। इसके अलावा अब तक किसी भी शिक्षक ने इस्तीफा नहीं दिया है। लोकसभा में केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी के एक लिखित सवाल के जवाब यह बात कही। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार मणिपुर में पांच छात्रों ने स्कूल जाना छोड़ दिया है। गृह राज्य मंत्री ने आगे कहा कि बीते वर्ष मणिपुर में हिंसा के बाद राज्य के किसी भी शिक्षक ने इस्तीफा नहीं दिया। बीते वर्ष मई महीने से मणिपुर में भड़की हिंसा में करीब 200 लोगों की मौत हुई है। इसके अलावा सैकड़ों परिवार बेघर हो गए हैं।
जेपी नड्डा ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत 12 करोड़ परिवार यानी 55 करोड़ से ज्यादा लोगों को पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा दी गई है। इसके साथ ही 1.73 लाख आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थापित किए गए हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने लोकसभा में कहा कि 2013-14 में स्वास्थ्य बजट 33,278 करोड़ रुपये था, आज वही बजट 90,958 करोड़ रुपये हो गया है। स्वास्थ्य बजट के इस आवंटन में 164 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। ये बताता है कि हमने स्वास्थ्य को प्राथमिकता दी है।
आजाद समाज पार्टी-कांशीराम के अध्यक्ष और सांसद चंद्रशेखर आजाद ने 'मीडिया में आई खबरों के अनुसार कि केंद्र सरकार वक्फ बोर्ड की संपत्तियों पर नियंत्रण के लिए विधेयक ला सकती है', पर कहा, 'केंद्र, उत्तर प्रदेश और भाजपा की तमाम राज्य सरकारें मुसलमानों की कितनी हितैषी हैं यह किसी से छिपा नहीं है। मैं अच्छी तरह जानता हूं कि आपका मकसद इन वर्गों को कमजोर करना है, ताकतवार करना नहीं।'
शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने कहा, 'जैसे आप बोल रहे हैं कि वक्फ बोर्ड में कुछ हो रहा है वैसे ही मुंबई में जमीन का घोटाला हो रहा है। मुंबई में गौतम अदाणी को धारावी पुर्नावास प्रकल्पित करने के माध्यम से बड़े-बड़े जमीन दिए जा रहे हैं ये भी घोटाला है आप शुरुआत भ्रष्टाचार और जमीन घोटाला को रोकने से करे।'