फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Parliament Session Live: वक्फ बोर्ड संशोधन विधेयक को लेकर सरकार पर बरसे ओवैसी, रविशंकर प्रसाद ने किया पलटवार

Thu, 08 Aug 2024 09:52 PM IST
अभिषेक दीक्षित न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

Sansad Satra 2024 News Live: संसद के मानसून सत्र के दौरान आज भी जोरदार हंगामे के आसार है। वक्फ बोर्ड को मिली असीमित शक्तियों पर अंकुश लगाने और बेहतर प्रबंधन व पारदर्शिता के लिए सरकार ने लोकसभा में गुरुवार को विधेयक पेश किया। वहीं, विनेश मामले को लेकर भी विपक्ष सरकार पर दबाव बनाने की कोशिश कर रही है। 
विज्ञापन
संसद का मानसून सत्र - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

लाइव अपडेट

09:51 PM, 08-Aug-2024

संसद में पूरी हुई बजट प्रक्रिया

संसद में गुरुवार को बजट प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। राज्यसभा से विनियोग विधेयक और वित्त विधेयक को लोकसभा में वापस भेजा गया है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने जम्मू-कश्मीर विनियोग विधेयक के साथ-साथ दोनों कानूनों को लोकसभा में वापस लाने के लिए राज्यसभा में पेश किया था। इससे पहले इन विधेयकों को लोकसभा से मंजूरी मिल गई थी। 
 

08:24 PM, 08-Aug-2024

वक्फ संशोधन विधेयक 2024: सपा सांसद अवधेश प्रसाद का केंद्र पर निशाना

वक्फ संशोधन विधेयक 2024 को लेकर समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, ‘अब वे पूरे देश में  ‘जमीन हड़पो और जमीन बनाओ’ का काम कर रहे हैं। यह विधेयक सविंधान के मौलिक अधिकारों के खिलाफ है। जिस तरह के प्रावधान इसमें शामिल किए गए हैं, उससे साफ तौर पर पता चलता है कि भाजपा के विचार ठीक नहीं हैं। वे समाज में मौजूद सद्भाव पर असर डालना चाहते हैं।’     

07:34 PM, 08-Aug-2024

वक्फ संशोधन विधेयक को लेकर विपक्ष पर बरसे रविशंकर प्रसाद

वक्फ संशोधन विधेयक को लेकर केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा, ‘जो काम यूपीए और कांग्रेस की सरकार नहीं कर सकी, तमाम अनुशंसाओं के बावजूद नरेंद्र मोदी सरकार वह काम कर रही है। मुस्लिम समाज के गरीबों की चिंता हो, बच्चों की चिंता हो, महिलाओं की चिंता हो, मुस्लिम समाज के पिछड़ों की चिंता हो, मोदी सरकार लगातार इन पर काम कर रही है। जिस जमीन के आप मालिक हैं, उसकी जवाबदेही तय करने में क्या दिक्कत है? जो आपके वक्फ की संपत्ति को उत्तरदायी बनाए, उससे विपक्ष भागे, ये तथ्य मुझे समझ में नहीं आता। अब विधेयक को संयुक्त संसदीय समिति में भेजा रहा है, उस पर चर्चा होगी।’

विज्ञापन
07:27 PM, 08-Aug-2024

‘जनजातीय छात्रों को प्रशिक्षण देने के लिए विशेष कार्यक्रम’

गुरुवार को सरकार ने संसद में जानकारी दी कि जनजातीय कार्य मंत्रालय ने बेंगलूरू स्थित भारतीय विज्ञान संस्थान के साथ मिलकर जनजातीय छात्रों को प्रशिक्षण देने का फैसला लिया है। सरकार ने आगे कहा कि इस कार्यक्रम के तहत अगले तीन वर्षों में अर्धचालक तकनीक के लिए 1,500 जनजातीय छात्रों को बेसिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा 600 छात्रों को एडवांस प्रशिक्षण दिया जाएगा। सदन में भाजपा सांसद सीएम रमेश के सवाल के जवाब में केंद्रीय जनजातीय कल्याण राज्य मंत्री दुर्गादास उइके ने इस बात की जानकारी दी।

07:12 PM, 08-Aug-2024

असदुद्दीन ओवैसी ने वक्फ संशोधन विधेयक का विरोध किया

लोकसभा में वक्फ संशोधन विधेयक पेश होने के बाद विपक्ष ने इसका विरोध किया है। इस बीच ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) सासंद असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, ‘इस विधेयक के पेश होने से पहले हमने नियम-72 के तहत स्पीकर को एक नोटिस भेजा था। हमने कहा था कि हम इस विधेयक को पेश करने के खिलाफ हैं। यह विधेयक अनुच्छेद 14, 15, 25 के नियमों का उल्लंघन करता है। यह बिल संविधान के मूल ढांचे का उल्लंघन करता है। यह खास तौर पर कानूनी स्वतंत्रता का उल्लंघन करता है।'
 
 

विज्ञापन
03:24 PM, 08-Aug-2024

करीब एक घंटा बोलने के बाद किरेन रिजिजू ने इस बिल को जेपीसी में भेजने का प्रस्ताव किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार इस बिल को जेपीसी के लिए भेजने का प्रस्ताव दिया। इसके बाद अध्यक्ष ओम बिरला ने कि वो इस मामले में कमिटी बनाने का काम करेंगे।

02:52 PM, 08-Aug-2024

सच्चर समिति की रिपोर्ट पर विधेयक आधारित: रिजिजू

किरेन रिजिजू ने कहा, 'आज जो विधेयक लाया जा रहा है वह सच्चर समिति की रिपोर्ट (जिसमें सुधार की बात कही गई थी) पर आधारित है, जिसे आपने (कांग्रेस ने) बनाया था।'

02:15 PM, 08-Aug-2024

किरेन रिजिजू ने वक्फ संशोधन विधेयक पर कहा कि इस विधेयक से संविधान का उल्लंघन नहीं हो रहा है। जिन्हें हक नहीं मिला उन्हें हक देने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है। किसी धर्म में दखल नहीं दिया जा रहा है।  विपक्ष की सारी आशंकाएं दूर की जाएंगी। इस विधेयक का समर्थन करिए करोड़ों लोगों की दुआएं मिलेंगी।
 

02:04 PM, 08-Aug-2024

वाईएसआर कांग्रेस ने किया विरोध

वाईएसआर कांग्रेस ने वक्फ (संशोधन) विधेयक, 2024 का विरोध किया। 

02:04 PM, 08-Aug-2024

सभापति धनखड़ ने सदन के नेताओं की बैठक बुलाई

राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने सदन के नेताओं की बैठक बुलाई। उन्होंने कहा कि सदन में जो दृश्य बनाया गया वह अभूतपूर्व था, सहन करने लायक नहीं था। कड़े फैसले लेना हमारा कर्तव्य है। 

02:00 PM, 08-Aug-2024

अखिलेश-शाह आमने-सामने, बिरला ने की यह अपील
विधेयक का विरोध करते हुए अखिलेश ने कहा कि सरकार लोकसभा के अध्यक्ष के अधिकार में भी कटौती करने की तैयारी कर रही है। हमें और पूरे विपक्ष को आपके लिए लड़ना होगा। इस पर अमित शाह ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव आसन का अपमान कर रहे हैं। आसन के अधिकार सदन के अधिकार हैं। इसके बाद ओम बिरला ने सदन के सदस्यों से आसन पर टिप्पणी नहीं करने की अपील की।

01:56 PM, 08-Aug-2024

विधेयक भेदभावपूर्ण और मनमाना दोनों: ओवैसी

वक्फ (संशोधन) विधेयक, 2024 पर एआईएमआईएम सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, 'यह विधेयक संविधान के अनुच्छेद 14, 15 और 25 के सिद्धांतों का उल्लंघन करता है। यह विधेयक भेदभावपूर्ण और मनमाना दोनों है। इस विधेयक को लाकर, आप (केंद्र सरकार) राष्ट्र को एकजुट करने का नहीं बल्कि विभाजित करने का काम कर रहे हैं। यह विधेयक इस बात का प्रमाण है कि आप मुसलमानों के दुश्मन हैं।'
 
 
 

01:48 PM, 08-Aug-2024

कृपया परामर्श के बिना एजेंडा आगे न बढ़ाएं: सुप्रिया सुले

वक्फ (संशोधन) विधेयक, 2024 का विरोध करते हुए लोकसभा में NCP-SCP सांसद सुप्रिया सुले ने कहा, 'मैं सरकार से अनुरोध करती हूं कि या तो इस विधेयक को पूरी तरह से वापस ले या इसे स्थायी समिति को भेज दें। कृपया परामर्श के बिना एजेंडा आगे न बढ़ाएं।'

01:47 PM, 08-Aug-2024

विपक्ष हर चीज का विरोध करता रहेगा: हेमा मालिनी

वक्फ संशोधन विधेयक पर भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने कहा, "इस पर राजनीति की जा रही है। बातचीत चल रही है। विपक्ष हर चीज का विरोध करता रहेगा। प्रधानमंत्री इतनी अच्छी चीजें लेकर आए हैं, उन्हें सब गलत लगता है। "

01:47 PM, 08-Aug-2024

यह अनुच्छेद 30 का सीधा उल्लंघन: सांसद कनिमोझी

लोकसभा में वक्फ (संशोधन) विधेयक, 2024 का विरोध करते हुए डीएमके सांसद कनिमोझी ने कहा, "यह अनुच्छेद 30 का सीधा उल्लंघन है जो अल्पसंख्यकों को अपने संस्थानों का प्रबंधन करने से संबंधित है। यह विधेयक एक विशेष धार्मिक समूह को लक्षित करता है..."

01:25 PM, 08-Aug-2024

आप यह नहीं समझते कि पिछली बार...: वेणुगोपाल 
कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा, 'यह विधेयक संविधान पर एक बुनियादी हमला है। इस विधेयक के जरिए वे यह प्रावधान कर रहे हैं कि गैर-मुस्लिम भी वक्फ गवर्निंग काउंसिल के सदस्य हों। यह धार्मिक स्वतंत्रता पर सीधा हमला है। आगे आप ईसाइयों के लिए जाएंगे, फिर जैन ... भारत के लोग इस तरह की विभाजनकारी राजनीति को अब नहीं सहेंगे। हम हिंदू हैं लेकिन साथ ही हम अन्य धर्मों की आस्था का भी सम्मान करते हैं। यह विधेयक महाराष्ट्र, हरियाणा चुनाव के लिए खास है। आप यह नहीं समझते कि पिछली बार भारत के लोगों ने स्पष्ट रूप से आपको सबक सिखाया था। यह संघीय व्यवस्था पर हमला है।'

01:25 PM, 08-Aug-2024

इंडी गठबंधन का मकसद वोट बैंक को भड़काना है: पूनावाला
भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला कहते हैं, 'मैंने अखिलेश यादव का ट्वीट और कांग्रेस व इंडी गठबंधन की प्रतिक्रियाएं देखी हैं। वक्फ तो बनाना है, इंडी गठबंधन को फिर से वोट बैंक को भड़कना है। यह संशोधन मुस्लिम समुदाय की लंबे समय से चली आ रही मांग है। वक्फ रेलवे और रक्षा के बाद भूमि धारण में तीसरे नंबर पर है। जब अखिलेश यादव और कांग्रेस इस संशोधन का विरोध करते हैं, तो वे उन लोगों के साथ खड़े होते हैं, जिन्होंने अवैध रूप से इन जमीनों को हड़प लिया है।'
 

01:24 PM, 08-Aug-2024

भाजपा को अपना नाम बदल लेना चाहिए: अफजाल अंसारी
लोकसभा में आज पेश किए जाने वाले वक्फ (संशोधन) विधेयक, 2024 पर समाजवादी पार्टी के सांसद अफजाल अंसारी ने कहा, 'यह पहले से सरकार की मंशा रही है। भाजपा को अपना नाम बदल लेना चाहिए और इसका नाम 'भारतीय जमीन और अपने अपने चाहेतों को बांट दो' होना चाहिए। लोगों द्वारा दान में दी गई जमीन को छीनने वाले आप कौन होते हैं?'
 

01:05 PM, 08-Aug-2024

वक्फ बोर्ड से जुड़ा विधेयक पेश

केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने लोकसभा में वक्फ (संशोधन) विधेयक, 2024 पेश किया। इस पर विपक्षी सांसदों ने हंगामा किया।

12:58 PM, 08-Aug-2024

सात साल में चार अरब डॉलर का हो सकता है विमान एमआरओ उद्योग: मंत्री
नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू ने गुरुवार को लोकसभा में कहा कि सरकार ने भारत में विमान एमआरओ सेवाएं स्थापित करने के लिए कई कदम उठाए हैं और कुल कारोबार का मूल्य सात वर्षों में दो अरब अमेरिकी डॉलर से बढ़कर चार अरब अमेरिकी डॉलर हो सकता है।

12:25 PM, 08-Aug-2024

पूरा देश जानना चाहेगा कि पूरी टीम क्या कर रही थी: शैलजा

भारतीय पहलवान विनेश फोगाट के सन्यास पर कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा ने कहा, "हम उनका दुख और निराशा समझ सकते हैं। निराशा से ही आगे उठना चाहिए। उनके साथ जो हुआ वो क्यों हुआ कैसे हुआ ये पूरा देश जानना चाहेगा। पूरा देश जानना चाहेगा कि पूरी टीम क्या कर रही थी?...वो हमारे देश और हरियाणा की बेटी हैं उनका संघर्ष सबने देखा है।"

12:24 PM, 08-Aug-2024

विनेश जी सबकुछ खत्म नहीं हुआ है: प्रमोद तिवारी

भारतीय पहलवान विनेश फोगाट के सन्यास पर कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा, "हमारा विनेश फोगाट से अनुरोध है कि विनेश जी सबकुछ खत्म नहीं हुआ है। खत्म तो उस दिन भी लगता था जब आपको जाने नहीं दिया जा रहा था। परिस्थितियां बदली और आप गई। आपने उसे हराया है जो 82 बाउट से नहीं हारी थी। आप हौसला रखिए देश आपके साथ है। एक बार फिर आप दुनिया के पहलवानों को चित करके तिरंगा लहराएंगी, पूरे देश की भावनाएं आपके साथ हैं। "

12:24 PM, 08-Aug-2024

RJD भी इसका विरोध करेगी

केंद्र सरकार द्वारा वक्फ अधिनियम, 1995 में संशोधन के लिए विधेयक पेश किए जाने पर RJD सांसद मीसा भारती ने कहा, "मुझे लगता है कि INDIA गठबंधन के जितने भी दल हैं वो सब इसका विरोध करेंगे और RJD भी इसका विरोध करेगी। सरकार के दूसरे कई अहम मुद्दे हैं उस पर कोई बात नहीं हो रही है। उन मुद्दों को पहले लाना चाहिए था।"

12:23 PM, 08-Aug-2024

वक्फ अधिनियम संशोधन विधेयक का विरोध कर रहे राजनीतिक दल

कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा, "आज वक्फ अधिनियम संशोधन विधेयक सदन में पेश किया जा रहा है। विभिन्न पार्टियों ने इसका विरोध किया है। जिस आधार पर विरोध किया गया है, उसे हम सदन में पेश करेंगे।"

11:54 AM, 08-Aug-2024

पूरा देश विनेश फोगट के साथ खड़ा: नड्डा

राज्यसभा में विनेश फोगट पर बोलते हुए केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा, "पूरा देश विनेश फोगट के साथ खड़ा है। प्रधानमंत्री ने कल उन्हें "चैंपियन ऑफ चैंपियंस" कहा और प्रधानमंत्री की आवाज 140 करोड़ लोगों की आवाज है। दुर्भाग्य से, हम इसे सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच बांट रहे हैं। दुर्भाग्य से, विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है जिस पर वे चर्चा करना चाहते हों और जिसके लिए सत्ता पक्ष तैयार हो....मैं आपको आश्वस्त करना चाहता हूं कि भारत सरकार, खेल मंत्रालय और आईओसी ने सभी मंचों पर समाधान की कोशिश की..."

11:47 AM, 08-Aug-2024

संयुक्त संसदीय समिति बनाई जानी चाहिए; सुले

केंद्र सरकार द्वारा वक्फ अधिनियम, 1995 में संशोधन के लिए विधेयक पेश किए जाने पर NCP-SCP सांसद सुप्रिया सुले ने कहा, "हम इसका विरोध करेंगे। विधेयक को अधिक सिफारिशों के लिए स्थायी समिति के पास भेजा जाना चाहिए या एक संयुक्त संसदीय समिति बनाई जानी चाहिए।"

11:46 AM, 08-Aug-2024

MSP की लीगल गारंटी बहुत बड़ा मसला: मनोज झा

RJD सांसद मनोज झा ने कहा, 'प्याज और आलू के किसानों की मांग उठाई गई है। MSP की लीगल गारंटी बहुत बड़ा मसला है। मुझे दुख है कि जो सरकार खिलाड़ियों पर होने वाले खाने पीने के खर्चे का हिसाब कल सदन में बता रही थी उनको शर्म नहीं आती।'

11:42 AM, 08-Aug-2024

लोकसभा के नेता राहुल गांधी और पार्टी के अन्य नेता आज दिल्ली के संसद भवन में कांग्रेस लोकसभा सांसदों की बैठक में शामिल हुए।
 

11:40 AM, 08-Aug-2024

प्याज से बनी माला पहन जताया विरोध

विपक्ष के विभिन्न राजनीतिक दलों के सांसदों ने संसद के बाहर प्याज और अन्य सब्जियों की कीमतों में वृद्धि के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। विरोध के तौर पर सांसद प्याज से बनी माला भी पहने नजर आए। उन्होंने प्याज का दाम कम करो का नारा भी लगाया।

11:34 AM, 08-Aug-2024

'सभापति पद को चुनौती दी जा रही: धनखड़

सभापति जगदीप धनखड़ ने विपक्ष के हंगामे के बीच कहा, 'सभापति पद को चुनौती दी जा रही है। मेरा अपमान किया जा रहा है। विपक्ष के नेता ने मेरे खिलाफ टिप्पणी की। मैं अपने आपको सभापति पद के लिए सक्षम नहीं पा रहा हूं। दुखी मन से...मैं अपनी शपथ से दूर नहीं भाग रहा हूं। पर जो आज मैंने देखा है। जिस तरह का व्यवहार सदस्यों ने किया है। शारीरिक रूप से किया है। जिस तरह का व्यवहार इधर से (विपक्ष) भी हुआ है। कुछ समय के लिए मैं यहां बैठने में अपने आपको सक्षम नहीं पा रहा हूं।'  

11:01 AM, 08-Aug-2024

विपक्ष का संसद के बाहर हंगामा

राज्यसभा और लोकसभा की कार्यवाही शुरू हो गई। वहीं, संसद के बाहर विपक्ष महंगाई को लेकर विरोध कर रहा है। 

10:41 AM, 08-Aug-2024

उमर अब्दुल्ला (राष्ट्रीय सम्मेलन के उपाध्यक्ष) ने कहा, 'जिस दिन से धारा 370 के मामले में सुप्रीम कोर्ट का फैसला आया था उस दिन से हम चुनाव की तैयारी में लगे रहे।... अब विधानसभा का चुनाव होने वाला है। कल भारत चुनाव आयोग 4 दिन के दौरे पर यहां आ रहे हैं। हमारी उनसे अनुरोध है कि जल्द से जल्द नोटिफिकेशन जारी की जाए और यहां पर चुनाव शुरू किया जाए।'

10:21 AM, 08-Aug-2024

हरियाणा सरकार मजबूती से विनेश  की लड़ाई लड़वाए: प्रियंका चतुर्वेदी
भारतीय पहलवान विनेश फोगाट के खिलाफ खेल मध्यस्थता अदालत में अपील करने और रजत पदक मांगने पर शिवसेना (UBT) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा, 'उन्होंने जो मांग की है वो जरूरी है क्योंकि उन्होंने जो अपने तीन मैच लड़े थे उसमें उन्होंने जीत पाई थी... उम्मीद करती हूं कि उनके साथ न्याय होगा... हम उम्मीद करते है हरियाणा सरकार मजबूती से उनकी लड़ाई लड़वाएगी और जो अपील की है उसमें समर्थन करेगी।'

10:18 AM, 08-Aug-2024

संपत्तियों के प्रबंधन में हेराफेरी और दुरुपयोग हुआ: भाजपा नेता
सीआर केसवन ने आगे कहा, 'यह संसद के अधिकार क्षेत्र में है और समुदाय के योग्य और वंचित मुस्लिम सदस्यों को उनके अधिकारों से वंचित किया गया है... कई मामलों में, संपत्तियों के प्रबंधन में हेराफेरी और दुरुपयोग हुआ है। अब जब यह विधेयक, जिसमें कमियों को दूर करने के लिए उचित संशोधन हैं, पेश किया जा रहा है, तो हमें पूरा यकीन है कि मुस्लिम समुदाय के वंचित, योग्य और गरीब वर्गों को सशक्त बनाया जाएगा। यह विधेयक पारदर्शिता लाएगा, जवाबदेही लाएगा और आगे से वक्फ संपत्तियों के प्रबंधन में समावेशिता भी लाएगा।'

10:18 AM, 08-Aug-2024

यह वास्तव में एक बहुत आवश्यक सुधार: केसवन
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सीआर केसवन ने कहा, 'यह वास्तव में एक बहुत आवश्यक सुधार है। यह पीएम नरेंद्र मोदी की सरकार की एक बहुत ही सराहनीय पहल है, जिन्होंने मुस्लिम समुदाय के प्रभावित सदस्यों द्वारा की गई विभिन्न मांगों और अभ्यावेदन के जवाब में इन संशोधनों को पेश करने का फैसला किया है। वक्फ अधिनियम 1954 में संसद के एक अधिनियम द्वारा अधिनियमित किया गया था, लेकिन उद्देश्य प्राप्त नहीं किया जा सका है, यही कारण है कि प्रभावित समुदाय से इतने सारे अभ्यावेदन प्राप्त हुए हैं।'

10:17 AM, 08-Aug-2024

सरकार ध्यान भटकाने की रणनीति अपनाना चाहती है: मणिकम टैगोर 
लोकसभा में वक्फ एक्ट संशोधन विधेयक पेश करने के सरकार के फैसले पर कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने कहा, 'संसद शांतिपूर्ण तरीके से चल रही है। संसद में बजट और अन्य सभी चीजों सहित कई महत्वपूर्ण चीजों पर चर्चा हो रही है। सरकार ध्यान भटकाने की रणनीति अपनाना चाहती है। सरकार चाहती है कि बजट पर चर्चा न हो। हम इन संशोधनों को स्थायी समिति के पास भेजने के लिए कहेंगे।'

10:11 AM, 08-Aug-2024

क्या इनके गठबंधन (एनडीए) के भीतर चर्चा की गई: प्रियंका चतुर्वेदी
शिवसेना (यूबीटी) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा, 'जिस तरह से यह विधेयक लाया जा रहा है, मैं पूछूंगी कि क्या इस पर उनके गठबंधन (एनडीए) के भीतर चर्चा की गई है। क्या जेडीयू और टीडीपी ने इस वक्फ विधेयक को देखा है और अपनी सहमति दी है? यदि ऐसा नहीं किया गया है, तो यह केवल महत्वपूर्ण है कि जब भी ऐसा कोई विधेयक आता है, तो सभी हितधारकों, सांसदों को सुना जाना चाहिए और यदि आवश्यक हो तो संशोधन किए जाने चाहिए।'

10:11 AM, 08-Aug-2024

कांग्रेस सांसद हिबी ईडन ने वक्फ अधिनियम संशोधन विधेयक का विरोध करने के लिए लोकसभा में नोटिस दिया।

09:31 AM, 08-Aug-2024

मणिकम टैगोर ने स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया

कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया और सरकार से समुद्री सुरक्षा को मजबूत करने और मछुआरों की रक्षा के लिए तत्काल और निर्णायक कार्रवाई करने का आग्रह किया।

09:00 AM, 08-Aug-2024

सपा करेगी विरोधी

सूत्रों की मानें तो समाजवादी पार्टी आज संसद में पेश किए जाने वाले वक्फ (संशोधन) विधेयक, 2024 का विरोध कर सकती है। 

07:54 AM, 08-Aug-2024

आज राहुल गांधी करेंगे सांसदों के साथ बैठक

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज सुबह 10 बजे के लगभग संसद में कांग्रेस सांसदों के साथ बैठक करेंगे। 

07:18 AM, 08-Aug-2024

विपक्ष ने की वक्फ बिल को संसदीय समिति को भेजने की मांग
विपक्षी दलों ने बुधवार को सरकार से आग्रह किया कि वक्फ (संशोधन) विधेयक को पेश किये जाने के बाद इस पर विचार करने के लिए संसद की स्थायी समिति को भेजा जाए। वहीं सरकार ने कहा कि कार्य मंत्रणा समिति (बीएसी) की भावना का आकलन करने के बाद वह इस पर फैसला करेगी। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि सरकार बृहस्पतिवार को लोकसभा में विधेयक पेश होने के बाद इसे पारित कराने के लिए दबाव नहीं डालेगी।

07:18 AM, 08-Aug-2024

वक्फ बोर्ड से जुड़े दो विधेयक लोकसभा में पेश होंगे
वक्फ बोर्ड को मिली असीमित शक्तियों पर अंकुश लगाने और बेहतर प्रबंधन व पारदर्शिता के लिए सरकार लोकसभा में गुरुवार को दो विधेयक पेश कर सकती है। पहले विधेयक के जरिये सरकार मुसलमान वक्फ अधिनियम 1923 को समाप्त करेगी, जबकि दूसरे से मुसलमान वक्फ अधिनियम 1995 में 44 संशोधन किए जाएंगे। सरकार इस विधेयक में बोहरा-आगाखानी के लिए अलग वक्फ बोर्ड का प्रावधान करेगी और किसी की संपत्ति को वक्फ की संपत्ति घोषित करने के अधिकार से संबंधित धारा 40 को समाप्त कर देगी।

07:16 AM, 08-Aug-2024

Parliament Session Live: वक्फ बोर्ड संशोधन विधेयक को लेकर सरकार पर बरसे ओवैसी, रविशंकर प्रसाद ने किया पलटवार

Parliament Monsoon Session News And Updates In Hindi: संसद के मानसून सत्र के दौरान आज भी जोरदार हंगामे के आसार है। वक्फ बोर्ड को मिली असीमित शक्तियों पर अंकुश लगाने और बेहतर प्रबंधन व पारदर्शिता के लिए सरकार लोकसभा में गुरुवार को दो विधेयक पेश कर सकती है। वहीं, विनेश मामले को लेकर भी विपक्ष सरकार पर दबाव बनाने की कोशिश करेगा।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें