कौन से विधेयक पेश करेगी सरकार?
संसद के मौजूदा मानसून सत्र में पांच नए विधेयक पेश करने की तैयारी, अमित शाह वंदे मातरम से जुड़ा बिल पेश करेंगे। इसके अलावा आयकर (संशोधन) विधेयक सरकारी अध्यादेश की जगह लेने के लिए लाया जा रहा। मकसद विदेशी निवेशकों को सरकारी प्रतिभूतियों में निवेश के लिए प्रोत्साहित करना व सरकारी कर्ज बाजार को मजबूत करना है। अन्य विधेयकों पर एक नजर
- सुप्रीम कोर्ट (जजों की संख्या) संशोधन विधेयक: जजों की संख्या बढ़ाने से जुड़े अध्यादेश को स्थायी कानून में बदला जा सकेगा।
- राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण (संशोधन) विधेयक: वंदे मातरम का अपमान करने वालों के खिलाफ कड़े कानूनी और दंडात्मक प्रावधान वाला बिल है। गृह मंत्री अमित शाह राज्यसभा में इसे पेश करेंगे।
- सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विकास संशोधन विधेयक: इसका उद्देश्य भुगतान में देरी के विवादों का तेजी से निपटारा करना है।
- जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण (संशोधन) बिल: इसका मकसद कानून बनाकर नागरिकों के जन्म और मृत्यु के रिकॉर्ड को डिजिटल और केंद्रीकृत करना है।
कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया
कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया है। इसमें उन्होंने एक नए दल-बदल विरोधी कानून के प्रावधानों पर चर्चा की मांग की है। मनीष तिवारी ने अपने नोटिस में कहा है कि नए कानून में ऐसे बड़े पैमाने पर होने वाले राजनीतिक दल-बदल को रोका जाना चाहिए, जो अवसरवादिता के कारण होते हैं और जिनके पीछे कोई वास्तविक वैचारिक या नीतिगत मतभेद नहीं होते। उन्होंने यह भी कहा कि नए कानून में संसद और विधानसभाओं के अंदर और बाहर असहमति रखने वालों के लिए जगह होनी चाहिए।
तिवारी ने मांग की है कि दल-बदल विरोधी कानून को इस तरह तैयार किया जाए, जिससे एक तरफ राजनीतिक अवसरवाद के कारण होने वाले सामूहिक दल-बदल पर रोक लगे और दूसरी तरफ लोकतांत्रिक असहमति की स्वतंत्रता भी बनी रहे।
कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया
कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने लोकसभा में नीट यूजी पेपर लीक मामले (2026) पर चर्चा के लिए स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया है। उन्होंने सदन में इस मुद्दे पर तत्काल चर्चा की मांग की है।
सदन में सांसदों की बैठने की व्यवस्था में बड़ा बदलाव
संसद के मानसून सत्र से पहले लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन में सांसदों की बैठने की व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के 20 बागी सांसदों को अलग बैठाने के लिए 39 सांसदों की सीटें बदल दी गई हैं। नई व्यवस्था के तहत सभी सांसद सोमवार से शुरू हो रहे मानसून सत्र में अपनी नई सीटों पर बैठेंगे। लोकसभा सचिवालय के अधिकारियों के अनुसार, टीएमसी के बागी सांसदों को एक साथ अलग बैठाने के लिए कई अन्य सांसदों की सीटों में भी बदलाव करना पड़ा।
कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया
कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने लोकसभा में अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे में कथित हेराफेरी के मामले पर चर्चा के लिए स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया है। उन्होंने सदन में इस मुद्दे को उठाने की मांग की है।
Parliament Monsoon Session: एनडीए संसदीय दल की बैठक 'मंगल मिलन' 21 जुलाई को होगी
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) संसदीय दल की बैठक 'मंगल मिलन' कल यानी मंगलवार सुबह साढ़े नौ बजे होगी। यह बैठक संसद भवन परिसर में स्थित जीएमसी बालयोगी सभागार, संसद पुस्तकालय भवन (पीएलबी) में आयोजित की जाएगी। संसद सत्र के दौरान यह बैठक परंपरागत रूप से हर मंगलवार को होती रही है। अब इस बैठक को 'मंगल मिलन' नाम से जाना जाएगा।
मेकेदातु बांध मुद्दे पर संसद में चर्चा का समय मांगा: डीएमके
द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) ने कहा कि उसने दिल्ली में हुई व्यापार सलाहकार समिति (बीएसी) की बैठक में कावेरी नदी पर कर्नाटक की ओर से मेकेदातू में बांध बनाने की योजना पर संसद में चर्चा के लिए समय देने की मांग मजबूती से रखी है। पार्टी ने बताया कि संसदीय व्यापार सलाहकार समिति (बीएसी) की बैठक में उसने इस सत्र में एफसीआरए संशोधन विधेयक 2026 को शामिल करने का भी विरोध किया।
डीएमके के राज्यसभा सांसद पी. विल्सन ने रविवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा, डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन के निर्देश पर लोकसभा की बीएसी बैठक में हमने कर्नाटक सरकार की मेकडाटू बांध बनाने की योजना और इस मामले में तमिलनाडु की ओर से एक न्यायाधिकरण बनाने की मांग पर चर्चा के लिए समय देने की जोरदार मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि अगर पड़ोसी राज्य की यह योजना सफल होती है तो इससे तमिलनाडु के किसानों और लोगों के हितों पर गंभीर असर पड़ेगा।
उन्होंने आगे कहा, डीएमके ने बीएसी बैठक में अपना विरोध दर्ज कराया कि सख्त एफसीआरए विधेयक से प्रभावित हितधारकों और धार्मिक संस्थानों से अब तक सलाह नहीं ली गई है। डीएमके ने इस संसदीय सत्र में एफसीआरए संशोधन विधेयक 2026 लाने का कड़ा विरोध जताया।
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी संसद पहुंचे
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी सोमवार को संसद पहुंचे। वह संसद के मानसून सत्र में शामिल होने के लिए संसद भवन पहुंचे हैं।
कांग्रेस सांसद सैयद नासिर हुसैन ने उठाए कई मुद्दे
संसद के मानसून सत्र के पहले दिन कांग्रेस सांसद सैयद नासिर हुसैन ने कहा कि आज देश के सामने कई गंभीर मुद्दे हैं। उन्होंने कहा कि देश के अलग-अलग वर्गों में नाराजगी है। उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक और देश की शिक्षा व्यवस्था को लेकर छात्र सड़कों पर हैं। जंतर-मंतर पर कई दिनों से विरोध प्रदर्शन और भूख हड़ताल चल रही थी, लेकिन उन्हें जबरन हटा दिया गया।
कांग्रेस सांसद ने कहा कि छात्रों के समर्थन में कांग्रेस और एनएसयूआई ने पूरे देश में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम आयोजित किया है। उन्होंने बताया कि देशभर के छात्रों ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर अपनी आवाज उठाएगी।
सैयद नासिर हुसैन ने कहा कि कांग्रेस 'चढ़ावा चोरी' मामले में उच्च स्तरीय जांच की मांग करती है। उन्होंने कहा कि लोग इथेनॉल मिश्रण को लेकर भी चिंतित हैं। इस मामले में कई सवाल सामने आए हैं और कांग्रेस इस पर भी चर्चा चाहती है।
परिसीमन विधेयक को लेकर कांग्रेस सांसद ने कहा कि पार्टी पहले ही इस मुद्दे पर अपना जवाब दे चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने तृणमूल कांग्रेस में विभाजन कराया, उद्धव ठाकरे की शिवसेना में दूसरी बार टूट कराई और अब राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के सांसदों और डीएमके सांसदों से भी संपर्क करने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने कहा कि 17 अप्रैल को विधेयक के हारने के बाद सरकार को अपमानजनक हार का सामना करना पड़ा था। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस हार को स्वीकार नहीं कर पा रही है और अब पूरी राजनीतिक व्यवस्था को तोड़ने की कोशिश कर रही है।
सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा का मामला उठाया
समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद अवधेश प्रसाद ने अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे में कथित चोरी के मामले को लेकर सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा, यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि भगवान राम के मंदिर में चढ़ावे की चोरी हुई। यह देशभर के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा सवाल है।
पीएम मोदी संसद भवन पहुंचे
मानसून सत्र के पहले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संसद भवन पहुंचे। उन्होंने संसद परिसर में पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा, मानसून हो या मानसून सत्र हो, अगर दोनों प्रो-एक्टिव हों तो बहुत ही प्रोडक्टिव (उत्पादक) होते हैं। इससे देश का कल्याण होता है। इसलिए हम यही प्रार्थना करते हैं कि मानसून और मानसून सत्र उत्पादक रहे।
पिछले 1 महीने में देश ने अनेक सिद्धियां प्राप्त कीं- पीएम मोदी
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, पिछले 1 महीने में देश ने अनेक सिद्धियां प्राप्त की हैं। देशवासी गर्व से भर जाएं, इस प्रकार की सिद्धियों का सिलसिला चला है। चाहे राष्ट्रीय हो, अंतरराष्ट्रीय हो और अब तो अंतरिक्ष भी हो, एक प्रकार से भारत के लिए गर्व के पल रहे हैं।
भारत के युवक ने स्टार्टअप में सिद्धि हासिल की: पीएम मोदी
मानसून सत्र के पहले दिन संसद परिसर में मीडिया को संबोधित करते हुए पीएम मोदीने कहा, पिछ्ले वर्ष मानसून सत्र से ठीक पहले भारतीय नागरिक अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष केंद्र पर पहुंचा था। और परसो ही भारत के एक युवा स्टार्टअप ने बहुत बड़ी सिद्धि प्राप्त की है। पीएम मोदी ने कहा, ये संयोग नहीं, बल्कि एक संदेश है और बड़ा मजबूत संदेश है कि हमारे देश के युवाओं की क्षमता और उनकी आकांक्षा अंतरिक्ष जितनी असीम हैं।
पश्चिम एशिया संकट के बीच 7.7% की विकास दर से आगे बढ़ा देश: पीएम मोदी
संसद के मानसून सत्र पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, लगातार कहीं न कहीं युद्ध की स्थिति बनती है। पश्चिम एशिया में युद्ध भारत में भी एक संकट का बहुत बड़ा कारण था। इससे हर विषय में अनेक बाधाएं आई थीं। इसके बाद भी भारत 7.7% की ग्रोथ से आगे बढ़ा... यह भारत के सामर्थ्य का परिचय है।
देश को ग्रीन हाइड्रोजन से चलने वाली ट्रेन देश को समर्पित की गई: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, पिछले दिनों राजस्थान में बहुत बड़ी तेल रिफाइनरी देश को समर्पित की गई। कुछ सप्ताह पहले देश का तीसरा सेमीकंडक्टर प्लांट देश को समर्पित किया गया। अभी कुछ दिन पहले ग्रीन हाइड्रोजन से चलने वाली ट्रेन देश को समर्पित की गई है। विश्व के बहुत कम देश ऐसे हैं, जिसके पास ये सुविधा है। लेकिन भारत ने जो हाइड्रोजन ट्रेन देशवासियों को समर्पित की है, वो सबसे ताकतवर इंजन वाली और सबसे लंबी है।
रिफॉर्म एक्सप्रेस पर सवार हुआ देश: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, रिफॉर्म एक्सप्रेस पर सवार होकर आज देश चल पड़ा है। उसी का नतीजा है कि भारत के नौजवान इतना बड़ा साहस कर पाते हैं और सफल भी हो रहे हैं।
भारत सबसे तेज गति से आगे बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था: पीएम मोदी
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, पश्चिम एशिया के युद्ध के कारण भारत जैसे देश जो ऊर्जा के लिए औरों पर निर्भर हैं, उनके लिए ये एक बहुत बड़ा संकट का कारण रहा। पेट्रोल, डीजल, एलपीजी, उर्वरक जैसे हर क्षेत्र में अनेक बाधाएं और संकट आए। उसके बावजूद भी भारत 7.7% की विकास दर से दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में सबसे तेज गति से आगे बढ़ने वाला देश रहा। ये भारत के सामर्थ्य का परिचायक रहा है।
नीट के मुद्दे पर सरकार ने उठाए सही कदम: भाजपा सांसद कमलजीत सहरावत
भाजपा सांसद कमलजीत सहरावत ने कहा, सरकार नीट के मुद्दे को लेकर बहुत संवेदनशील है। सरकार ने नीट को लेकर सही कदम उठाए हैं। कुछ बिचौलियों की वजह से ऐसी समस्याएं पैदा होती हैं, जिनका सामना छात्रों और सरकार दोनों को करना पड़ता है। लेकिन भारत सरकार के लिए देश के छात्र बहुत अहम हैं। जहां तक सीजेपी की बात है, तो कुछ मौकापरस्त लोग हमेशा हालात का फायदा उठाने के लिए तैयार रहते हैं। सरकार देश की समस्याओं को समझने और उन पर काम करने का अपना काम कर रही है। सीजेपी के विरोध मार्च पर उन्होंने कहा, अपनी बात रखने के लिए हमेशा एक सही मंच होता है, लेकिन मुझे लगता है कि अराजकता फैलाना सही नहीं है।
परिसीमन या महिला आरक्षण विधेयक के खिलाफ नहीं इंडिया ब्लॉक: टीएमसी सांसद महुआ माझी
तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ माझी ने कहा, इंडिया ब्लॉक में लोग परिसीमन या महिला आरक्षण विधेयक के खिलाफ नहीं है। हमने महिला आरक्षण विधेयक का 2023 में ही समर्थन किया था, मगर महिला आरक्षण विधेयक के लिए तीन साल बर्बाद किए गए थे। इंडिया ब्लॉक की बैठक होने वाली है और फिर फैसला होगा।
उन्होंने आगे अयोध्या राम मंदिर चढ़ावे में हेराफेरी के मामले पर कहा, यह बहुत बड़ा मुद्दा है। ये लोग राम मंदिर के नाम पर चुनकर आए थे और उसी में चोरी हो गई। वहां लाखों लोगों ने चढ़ावा चढ़ाया था। इस मुद्दे पर बहस होनी चाहिए।
संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही शुरू
संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही शुरू हो गई है। इस सत्र में जोरदार हंगामे के आसार हैं। इससे पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने मीडिया को संबोधित किया और कहा, मेरा मानना है कि जहां तर्क, तथ्य होते हैं, वहां शोर-शराबे की कोई जरूरत नहीं होती। अगर आपके तर्क और तथ्य मजबूत हैं तो आवाज ऊंची करने की कोई जरूरत नहीं है। मुझे उम्मीद है कि संसद में चर्चाएं तर्क और तथ्यों के आधार पर होंगी। हर आवाज को सुने जाने का मौका मिलना चाहिए। संसद की यही भूमिका है।
लोकसभा की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित
लोकसभा में सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष के सदस्यों ने जोरदार हंगामा किया। पहले से ही हंगामे की आशंका जताई जा रही थी। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने 12 बजे तक सदन की कार्यवाही स्थगित की।
विपक्ष के हंगामे के बीच लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित
विभिन्न मुद्दों को लेकर विपक्षी सांसदों के हंगामे के बीच लोकसभा की कार्यवाही स्थगित कर दी गई है। सदन की अगली बैठक आज दोपहर 12 बजे फिर से होगी। इस दौरान लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने विपक्षी सांसदों से अपनी सीट पर बैठे रहने और सदन की कार्यवाही चलाने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा, कृपया अपनी सीट पर बैठे रहें। सदन चलाने में सहयोग करें।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि दी
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने इन दिवंगत हस्तियों को श्रद्धांजलि दी-
- नादेंदला भास्कर राव- 12वीं लोकसभा के सदस्य।
- ओमवती देवी - 12वीं लोकसभा की सदस्य।
- सुधांशु सील- 14वीं लोकसभा के सदस्य।
- मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी (सेवानिवृत्त), एवीएसएम- 10वीं, 12वीं, 13वीं, 14वीं और 16वीं लोकसभा के सदस्य।
- केपी धनपालन- 15वीं लोकसभा के सदस्य।
- प्यारे लाल संखवार- 13वीं लोकसभा के सदस्य।
- कतर के पूर्व अमीर शेख हमद बिन खलीफा अल-थानी।
राज्यसभा में नवनिर्वाचित सदस्यों को दिलाई गई शपथ
संसद के मानसून सत्र के पहले दिन राज्यसभा सभापति सीपी राधाकृष्णन ने सोमवार को नवनिर्वाचित सदस्यों को सदन की सदस्यता की शपथ दिलाई। इन सदस्यों को दिलाई गई शपथ-
- गुजरात से भाजपा के मुकेशभाई जे. राठवा।
- कर्नाटक से कांग्रेस के पवन खेड़ा।
- मध्य प्रदेश से भाजपा के महेश केवट।
- मेघालय से नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) के जेम्स पांगसांग कोंगकल संगमा।
- मिजोरम से खियांगते ललतलुआगकिमा।
- राजस्थान से भाजपा के सतीश पूनिया।
- पश्चिम बंगाल से भाजपा के प्रकाश चिक बराइक।
- पश्चिम बंगाल से सुष्मिता देव।
- पश्चिम बंगाल से सुखेंदु शेखर राय।
राज्यसभा 12 बजे तक के लिए स्थगित
संसद के मानसून सत्र का पहला दिन हंगामेदार रहा। लोकसभा के बाद अब राज्यसभा को भी 12 बजे तक के लिए स्थगित कर लिया गाय है।
महुआ मोइत्रा ने टीएमसी के बागी सांसदो को बताया 'गद्दार'
टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने संसद परिसर में पत्रकारों से बातचीत में कहा, आज हमने देखा कि ये 20 बागी और गद्दार सांसद, जिनके अयोग्यता संबंधी याचिकाएं अभी लंबित हैं, दावा करते हैं कि उन्होंने एक गैर-मान्यता प्राप्त पार्टी एनसीपीआई में शामिल हो गए हैं। लेकिन उनके विलय को अभी तक लोकसभा अध्यक्ष ने मंजूरी नहीं दी है। इसके बावजूद उन्हें कल हुई सर्वदलीय बैठक में आमंत्रित किया गया।
उन्होंने कहा, विरोध में पूरा विपक्ष बैठक से बाहर निकल गया। आज हम देख रहे हैं कि सरकार ने सीटों की व्यवस्था बदल दी है। पहले सदन में सत्ता पक्ष की बेंच और विपक्ष की बेंच होती थी। महुआ मोइत्रा ने आगे कहा, आज एक नई श्रेणी आ गई है- गद्दारों की बेंच। सुदीप बंद्योपाध्याय गद्दारों की बेंच के नेता के रूप में आगे की सीट पर बैठने वाले हैं। यह संसदीय लोकतंत्र में एक नया दिन है।
लोकसभा और राज्यसभा दूसरी बार स्थगित
संसद के मानसून सत्र के पहले लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों में जोरदार हंगामा हुआ। दोनों सदनों में विपक्ष ने हंगामा किया, जिसके बाद दूसरी बार साढ़े 12 बजे तक के लिए दोनों सदनों को स्थगित कर दिया गया है। लोकसभा में जजों की संख्या बढ़ाने वाला विधेयक पेश किया गया, जिस पर भारी हंगामा हुआ।
राज्यसभा सभापति ने पूर्व सदस्यों के निधन पर शोक व्यक्त किया
राज्यसभा के सभापति ने सदन के पूर्व सदस्यों के निधन का जिक्र करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने इन पूर्व सदस्यों को याद किया-
- बलबीर के पुंज - राज्यसभा सदस्य रहे। उनका पहला कार्यकाल 3 अप्रैल 2000 से 2 अप्रैल 2006 तक और दूसरा कार्यकाल 3 अप्रैल 2008 से 2 अप्रैल 2014 तक रहा।
- स्वपन साधन बोस- राज्यसभा सदस्य रहे। उनका कार्यकाल 19 अगस्त 2005 से 18 अगस्त 2011 तक रहा।
- रंगासायी रामकृष्ण - राज्यसभा सदस्य रहे। उनका कार्यकाल 3 अप्रैल 2012 से 2 अप्रैल 2018 तक रहा।
- एच. हनुमंथप्पा- राज्यसभा सदस्य रहे। उनका पहला कार्यकाल 3 अप्रैल 1982 से 2 अप्रैल 1988 तक, दूसरा कार्यकाल 3 अप्रैल 1988 से 2 अप्रैल 1994 तक और तीसरा कार्यकाल 3 अप्रैल 1994 से 2 अप्रैल 2000 तक रहा।
यह संसद सत्र हमारे लिए बहुत यादगार रहेगा: टीएमसी की बागी सांसद रचना बनर्जी
एनसीपीआई में शामिल होने वाले टीएमसी के 20 बागी सांसदों में शामिल रचना बनर्जी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, हम पूरे घटनाक्रम को लेकर बहुत सकारात्मक हैं। मैं अपनी 20 सांसदों की पूरी टीम को शुभकामनाएं देती हूं। हमें लगता है कि यह संसद सत्र हमारे लिए बहुत यादगार रहेगा।
उन्होंने कहा, मैं उनके (ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली टीएमसी) बारे में बात नहीं करना चाहती। अब उनका हमारे लिए कोई अस्तित्व नहीं है। रचना बनर्जी ने दावा किया, हमें एनडीए सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का पूरा समर्थन प्राप्त है।
लोकसभा-राज्यसभा तीन बार स्थगित
मानसून सत्र का पहला दिन हंगामेदार रहा। विपक्ष के भारी हंगामे के बीच राज्यसभा और लोकसभा दोनों को तीन बार स्थगित करना पड़ा है। लोकसभा को दोपहर एक बजे तक के लिए स्थगित किया गया है। वहीं, राज्यसभा को 12:50 बजे तक के लिए स्थगित किया गया है।
राम मंदिर चढ़ावा 'चोरी' और पेपर लीक मामले पर सरकार से जवाब मांगेगा इंडिया ब्लॉक
संसद के मानसून सत्र की शुरुआत के साथ विपक्षी इंडिया ब्लॉक ने सोमवार को कहा कि वह राम मंदिर चढ़ावा 'चोरी' मामले और शिक्षा व्यवस्था के 'व्यवस्थित पतन' जैसे मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगेगा। गठबंधन ने कहा कि जनता के अधिकारों की लड़ाई पूरी ताकत से लड़ी जाएगी।
मानसून सत्र शुरू होने से पहले राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे के कक्ष में इंडिया ब्लॉक के फ्लोर नेताओं की बैठक हुई। इसमें संसद के भीतर विपक्ष की रणनीति पर चर्चा की गई।
बैठक में मल्लिकार्जुन खरगे के अलावा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस के लोकसभा उपनेता गौरव गोगोई, कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश, समाजवादी पार्टी के धर्मेंद्र यादव, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) की सुप्रिया सुले, तृणमूल कांग्रेस के सौगत राय और सागरिका घोष, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के संजय राउत, झारखंड मुक्ति मोर्चा की महुआ माजी और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के जॉन ब्रिटास और पी संतोष कुमार समेत कई नेता शामिल हुए।
बैठक के बाद मल्लिकार्जुन खरगे ने एक्स पर लिखा कि आज से शुरू हो रहे संसद के मानसून सत्र में कांग्रेस और इंडिया ब्लॉक जनता की आवाज उठाएंगे और हर मुद्दे पर मोदी सरकार से जवाब मांगेंगे।
उन्होंने कहा, चाहे श्रीराम मंदिर के चढ़ावे में कथित चोरी और आस्था के साथ धोखा करने का मामला हो। करोड़ों श्रद्धालुओं ने मंदिर निर्माण के लिए अपनी मेहनत की कमाई श्रद्धा के साथ दान की थी। उन्हें न्याय मिलना चाहिए। इस मामले की तुरंत स्वतंत्र जांच कराई जाए और पूरा हिसाब सार्वजनिक किया जाए।
पेपर लीक के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से अब तक 152 पेपर लीक हो चुके हैं और 25 बच्चों की जान जा चुकी है। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि 3.5 करोड़ वाहन मालिकों पर इथेनॉल मिश्रण को जबरन लागू करने का मुद्दा भी उठाया जाएगा, जिसे सरकार एक 'प्रयोग' बता रही है।
यह सरकार नहीं, 'अहंकार' है: अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी के प्रमुख और सांसद अखिलेश यादव ने कहा, यह सरकार नहीं, 'अहंकार' है, जो श्रद्धांजलि देने में भी भेदभाव करते हैं। उन्होंने जान गंवाने वाले बच्चों के लिए दो शब्दों की संवेदना तक व्यक्त नहीं की। सरकार का इससे बड़ा अहंकार क्या हो सकता है? उन्होंने कहा, जब छात्र और युवा यहां आए हैं, तो वे चाहते हैं कि सरकार उनकी बात सुने।
राहुल-प्रियंका संसद भवन से रवाना
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी संसद से निकल गए हैं। इस दौरान पत्रकारों ने उनसे कई मुद्दों पर सवाल किए, लेकिन दोनों नेताओं ने कोई भी टिप्पणी नहीं ही। बता दें कि, लोकसभा की कार्यवाही सुबह से चौथी बार स्थगित कर हुई है और अब दोपहर 2 बजे लोकसभा की कार्यवाही फिर से शुरू होगी।
दोनों सदन छह बार स्थगित
संसद के मानसून सत्र के पहले दिन ही दोनों सदन छह बार स्थगित किए गए हैं। विपक्ष के हंगामे के बीच लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही मंगलवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।
'56 इंच का सीना कहां गया?', संसद में खरगे ने पीएम मोदी पर साधा निशाना
संसद के मानसून सत्र के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का काम विपक्ष पर तंज कसना नहीं, बल्कि देश की समस्याओं का समाधान करना है। खरगे ने कहा, "पहले अपनी विश्वसनीयता जनता के सामने साबित कीजिए। आपका 56 इंच का सीना कहां गया?" खरगे ने राम मंदिर ट्रस्ट और नीट परीक्षा का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर ट्रस्ट में सरकार की ओर से नामित लोगों पर ही सवाल उठ रहे हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि नीट विवाद से लाखों छात्र परेशान हैं और उनके भविष्य पर असर पड़ा है। इसके लिए उन्होंने मोदी सरकार को जिम्मेदार ठहराया। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री को ऐसे बयान देने से बचना चाहिए, जो बाद में विवाद का कारण बनें। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री से उम्मीद होती है कि वह लोगों की समस्याओं पर बात करें और उनका समाधान निकालें, न कि राजनीतिक तंज कसें।
डीएमके सांसद बोले- अनशन करने के बावजूद सरकार ने मानवीय रुख नहीं अपनाया
संसद के मानसून सत्र में डीएमके सांसद तिरुची शिवा ने मेकेदातु बांध परियोजना पर चर्चा की मांग करते हुए कार्यवाही स्थगित करने का नोटिस दिया। उन्होंने कहा कि इस बांध से तमिलनाडु के किसानों की आजीविका प्रभावित होगी। इसी के विरोध में डीएमके सांसद हरे रंग का गमछा पहनकर संसद पहुंचे। तिरुची शिवा ने जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 20 दिन से अधिक समय तक अनशन करने के बावजूद सरकार ने मानवीय रुख नहीं अपनाया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों की मांगों को सरकार ने गंभीरता से नहीं लिया।
हेमा मालिनी बोलीं- विरोध से नहीं, बातचीत से निकलेगा समाधान
संसद के मानसून सत्र के दौरान भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अगर कोई समस्या है तो उस पर संसद में सही तरीके से चर्चा होनी चाहिए। उनका कहना था कि इस तरह विरोध करने से कोई समाधान नहीं निकलेगा। उन्होंने आगे कहा कि देश के युवाओं और शिक्षा व्यवस्था के लिए मोदी सरकार ने लगातार काम किया है और उनके हित में कई फैसले लिए हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा विरोध का कोई औचित्य नहीं है।