फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Parliament Session LIVE: 'जनधन-बुनियादी बचत खातों में न्यूनतम राशि की जरूरत नहीं', वित्त मंत्री ने दी जानकारी

Tue, 06 Aug 2024 06:44 PM IST
काव्या मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

Sansad Satra 2024 News: संसद के मॉनसून सत्र का आज 12वां दिन है। इस सत्र में आम बजट 2024 पर चर्चा हो रही है। बजट को लेकर विपक्ष सरकार को लगातार घेर रहा है। इस बार संसद 11 अगस्त तक चलने वाली है। इसी सत्र में सरकार वक्फ एक्ट संशोधन बिल पेश कर सकती है। कहा जा रहा है सरकार इसी हफ्ते ये बिल सदन में रखेगी। वहीं, बांग्लादेश में हो रही हिंसा का मामला भी सदन में गूंज सकता है। 
 
विज्ञापन
संसद सत्र LIVE - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

लाइव अपडेट

06:43 PM, 06-Aug-2024

लोकसभा में राहुल गांधी से मिले किसान नेता

संयुक्त किसान मोर्चा के तत्वावधान में किसान नेताओं ने आज लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। किसान नेताओं ने राहुल गांधी से उनके कक्ष में मुलाकात की।

06:40 PM, 06-Aug-2024

‘जन धन-बुनियादी बचत खातों में न्यूनतम राशि बनाए रखने की जरूरत नहीं’

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने राज्य सभा में बताया कि जन धन और बुनियादी बचत खातों में न्यूनतम राशि बनाए रखने की कोई आवश्यकता नहीं है। उन्होंने आगे बता कि बैंक सिर्फ उन मामलों में जुर्माना लगाते हैं, जब ग्राहक अपने अन्य खातों में आवश्यक राशि नहीं रखते। वित्त मंत्री ने राज्यसभा में प्रश्नकाल के दौरान एक सवाल का जवाब देने के दौरान यह बात कही। वित्त मंत्री से सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों द्वारा पांच वर्ष में खातों में न्यूनतम राशि नहीं रखने पर ग्राहकों से लगभग 8,500 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूलने को लेकर सवाल पूछा गया था। इसके जवाब में सीतारमण ने कहा, ‘बैंक खाते में न्यूनतम राशि रखने का प्रावधान पीएम जन धन खातों और गरीब लोगों के बुनियादी खातों पर लागू नहीं होता है। यह प्रावधान उन लोगों के लिए है जिनके खातों में न्यूनतम राशि एक निश्चित स्तर पर होने की उम्मीद होती है।’

04:40 PM, 06-Aug-2024

बांग्लादेश में सिख और हिंदू धार्मिक स्थलों पर हमला- रवनीत सिंह बिट्टू

केंद्रीय रेल राज्य और खाद्य प्रसंस्करण मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने बांग्लादेश में सिख और हिंदू धर्मस्थलों पर हमले पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने विदेश मंत्री डॉ. एस जयशकंर से इस मामले में बांग्लादेश की अंतरिम सरकार से बात करने के अनुरोध किया है। बिट्टू ने एक लिखित संचार में डॉ. एस जयशंकर से कहा, ‘ बांग्लादेश में सिखों की संख्या बहुत कम है। वहां भारत विरोध तत्वों द्वारा धार्मिक स्थलों को निशाना बनाया जा रहा है। अपने धार्मिक स्थलों पर हो रहे हमले को लेकर सिख समुदाय बेहद चिंतित है। इस वजह से मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि सिख धर्मस्थलों की सुरक्षा को लेकर बांग्लादेश की सेना और अंतरिम सरकार से बात करें।’ उन्होंने आगे बताया कि बांग्लादेश की राजधानी ढाका में कई गुरुद्वारे और हिंदू धार्मिक स्थल मौजूद हैं। 

विज्ञापन
02:31 PM, 06-Aug-2024

राज्यसभा में विदेश मंत्री जयशंकर ने कहा कि 19 हजार भारतीय बांग्लादेश में मौजूद हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि वह ढाका की सेना के संपर्क में हैं। 

12:32 PM, 06-Aug-2024

संसद में बोलेंगे विदेश मंत्री

विदेश मंत्री जयशंकर लोकसभा और राज्यसभा में बांग्लादेश के हालात की जानकारी देंगे। वह दोपहर ढाई बजे राज्यसभा में और साढ़े तीन बजे लोकसभा में जानकारी देंगे। 

विज्ञापन
12:26 PM, 06-Aug-2024

हमारी सरकार जो भी निर्णय लेगी, हम उसके साथ खड़े होंगे: मनोज झा

बांग्लादेश में राजनीतिक स्थिति पर, आरजेडी सांसद मनोज झा ने कहा, 'मुझे पूरा विश्वास है कि हमारे प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री एस जयशंकर पिछले कुछ हफ्तों से चल रही घटनाओं पर नजर रख रहे हैं और एक खाका भी होगा। यह एक बहुस्तरीय वास्तुकला है। लोकतंत्र की आकांक्षा को संबोधित नहीं किया गया। अगर हम इस पूरी वास्तुकला को समझते हैं, तो यह सब कुछ की परिणति है। शेख हसीना को देश छोड़ना पड़ा। हम इस बहुस्तरीय वास्तुकला को समझने के बाद हमारी सरकार जो भी निर्णय लेगी, हम उसके साथ खड़े होंगे।'

12:05 PM, 06-Aug-2024

जिस देश को हमने बनाया है उस देश की हालत देखिए..: संजय राउत

बांग्लादेश में राजनीतिक संकट पर शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने कहा, 'जिस देश को हमने बनाया है उस देश की हालत देखिए... वो इसलिए कि लोकतंत्र के नाम पर वहां तानाशाही चल रही थी। विरोधियों को जेल में डाला गया, झूठे मुकदमे चले। महंगाई हो गई बेरोजगारी बढ़ गई। सत्ताधारी घूमते रहे। लोकतांत्रिक देश में जनता एक हद कर सहती है बाद में सड़क पर उतरती है।'

11:40 AM, 06-Aug-2024

राहुल गांधी ने प्रदर्शन में लिया भाग

स्वास्थ्य बीमा और जीवन बीमा पर जीएसटी वापस लेने की मांग को लेकर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी संसद के मकर द्वार के बाहर प्रदर्शन में शामिल हुए।
 

11:36 AM, 06-Aug-2024

बांग्लादेश में जो कुछ हो रहा बहुत चिंताजनक: कार्ति चिदंबरम

बांग्लादेश में राजनीतिक संकट पर कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने कहा, 'मुझे लगता है कि यह एक अच्छा कदम है कि विदेश मंत्री सभी पार्टी नेताओं को जानकारी दे रहे हैं। हम इस कदम का स्वागत करते हैं... जहां तक राष्ट्रीय सुरक्षा और हमारे नागरिकों की सुरक्षा का सवाल है, हम पूरी तरह से सरकार के साथ हैं। बांग्लादेश में जो कुछ हो रहा है, वह बहुत चिंताजनक है। हम सिर्फ़ यह नहीं कह सकते कि यह सिर्फ़ एक अलोकप्रिय सरकार को गिराने की घटना है, ऐसा लगता है कि यह उससे कहीं ज़्यादा गंभीर है।'

11:35 AM, 06-Aug-2024

मोदी सरकार बिना कुछ सोचे समझे तानाशाही...: महुआ माजी

जीवन और स्वास्थ्य बीमा प्रीमियम पर 18 फीसदी जीएसटी वापस लेने की मांग को लेकर संसद में इंडिया ब्लॉक के विरोध प्रदर्शन पर जेएमएम नेता महुआ माजी ने कहा, 'मोदी सरकार बिना कुछ सोचे समझे तानाशाही के तहत कुछ भी लागू कर देती है। नोटबंदी कर दी, जीएसटी लागू कर दिया। हेल्थ सेक्टर में अगर 18 फीसदी जीएसटी होगा तो मध्यम वर्ग इससे बहुत ज्यादा प्रभावित होगा... ये देश के साथ बहुत बड़ा अन्याय है। ये विरोध तबतक जारी रहेगा जब तक 18 फीसदी जीएसटी खत्म नहीं होती।'

11:33 AM, 06-Aug-2024

स्वास्थ्य बीमा और दवाइयों पर लगी जीएसटी से लोग परेशान: कांग्रेस सांसद

कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा, 'सरकार ने स्वास्थ्य बीमा और दवाइयों पर जो जीएसटी लगा रखी है उससे आम जनमानस बहुत परेशान है। नितिन गडकरी (केंद्रीय मंत्री) भी इसके लिए पत्र लिख चुके हैं। सरकार के अंदर भी इस बात के लिए बहुत विरोध है। पूरा विपक्ष आज इसके लिए विरोध प्रदर्शन कर रहा है। सरकार को आम आदमी को राहत देनी पड़ेगी।'

10:54 AM, 06-Aug-2024

बांग्लादेश हमारा पड़ोसी देश, इसलिए चिंता स्वाभाविक: मीसा भारती

आरजेडी सांसद मीसा भारती ने सर्वदलीय बैठक पर कहा, 'बांग्लादेश हमारा पड़ोसी देश है इसलिए चिंता स्वाभाविक है। भारत के लोगों और सरकार को इस पर चिंता करनी चाहिए।'

10:53 AM, 06-Aug-2024

विदेश मंत्री ने दी बांग्लादेश हिंसा पर जानकारी

बांग्लादेश के मुद्दे पर संसद में सर्वदलीय बैठक हुई। विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने विभिन्न राजनीतिक दलों के सदस्यों को जानकारी दी।

10:52 AM, 06-Aug-2024

इंडी गठबंधन के नेताओं का विरोध

इंडी गठबंधन के नेताओं ने जीएसटी को वापस लेने की मांग को लेकर संसद के मकर द्वार के बाहर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

10:05 AM, 06-Aug-2024

बांग्लादेश के हालात पर सरकार ने बुलाई सर्वदलीय बैठक

बांग्लादेश के हालात पर सरकार ने आज सर्वदलीय बैठक बुलाई है। यह बैठक संसद भवन में बुलाई गई है। विदेश मंत्री एस जयशंकर बांग्लादेश के हालात पर जानकारी देंगे। 

09:59 AM, 06-Aug-2024

वित्तीय प्रस्तावों को प्रभावी करने वाले विधेयक पर विचार हो: सीतारमण
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण प्रस्ताव करेंगी कि वित्तीय वर्ष 2024-2025 के लिए केंद्र सरकार के वित्तीय प्रस्तावों को प्रभावी करने वाले विधेयक पर विचार किया जाए और उसे पारित किया जाए।

09:59 AM, 06-Aug-2024

आज विदेश मंत्री उठाएंगे बांग्लादेश हिंसा का मुद्दा
विदेश मंत्री एस जयशंकर आज संसद में बांग्लादेश में जारी संकट पर बयान देंगे। 

09:59 AM, 06-Aug-2024

कल हुई थी बांग्लादेश की स्थिति पर चर्चा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में सोमवार को सुरक्षा मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीएस) की बैठक हुई। इस दौरान बांग्लादेश संकट पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, जयशंकर और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भाग लिया।

09:57 AM, 06-Aug-2024

Parliament Session LIVE: 'जनधन-बुनियादी बचत खातों में न्यूनतम राशि की जरूरत नहीं', वित्त मंत्री ने दी जानकारी

संसद के मॉनसून सत्र का आज 12वां दिन है। इस सत्र में आम बजट 2024 पर चर्चा हो रही है। बजट को लेकर विपक्ष सरकार को लगातार घेर रहा है। इस बार संसद 11 अगस्त तक चलने वाली है। इसी सत्र में सरकार वक्फ एक्ट संशोधन बिल पेश कर सकती है। कहा जा रहा है सरकार इसी हफ्ते ये बिल सदन में रखेगी। वहीं, बांग्लादेश में हो रही हिंसा का मामला भी सदन में गूंज सकता है। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें