पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने बजट में भेदभाव का आरोप लगाया है। ममता बनर्जी के बयान पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि, ‘ममता बनर्जी ने अपनी मांग नीति आयोग में उठाई है लेकिन, जिस आचरण की उम्मीद आप हमसे करते हैं, वैसे आचरण की उम्मीद हम भी आपसे करते हैं। जिस समय आप लोगों की सरकार थी क्या उस समय बजट में हर राज्य का जिक्र कर राशि आवंटित की जाती थी? आप आजादी के बाद से सारे बजट निकलकर देख लीजिए। मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि कोई भी बजट ऐसा नहीं है, जिसमें हर राज्य का जिक्र हो। समय समय पर जिस राज्य को मदद की जरूरत पड़ी है, उसे मदद पहुंचाई गई है। मेरा सवाल है कि बजट में अगर राज्य का जिक्र किया गया है तो इसमें इतनी तकलीफ किस बात की? सिर्फ हंगामा करने के उद्देश्य से इस तरह की बातें करना उचित नहीं है।’
केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने निशाना साधा है। थरूर ने कहा, ‘दुनिया भर में भारतीय सेना की पेशेवर प्रतिष्ठा उच्च स्तर की है। भारतीय सेना को दुनिया की सबसे पेशेवर सेना माना जाता है। देश के हित में इस पेशेवर अंदाज को बरकरार रखे जाने की आवश्वयकता है। जब आप एक ऐसी स्थिति उत्पन्न करते हैं, जहां सैनिकों को छह महीने के लिए प्रशिक्षित किया जाता है कि और उसके बाद चार वर्ष के लिए नियुक्ति देते हैं। ऐसे में आप भारतीय सेना की प्रशिक्षण की खूबी और पेशेवर अवसरों को खत्म कर रहे हैं। इसलिए, अगर कांग्रेस सत्ता में आने के बाद इस योजना को समाप्त करने की बात करती है, तो यह एकदम सही है।’
अग्निपथ योजना को लेकर भाजपा सांसद अजय भट्ट ने विपक्ष पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो कहा वह बिल्कुल सही है। इस मामले में विपक्ष द्वारा गलत बयानबाजी की जा रही है। अगर कोई गलत बात होती तो अग्निवीर भर्ती के लिए इतनी बड़ी संख्या में हमारी मातृशक्ति और हमारे युवा भी नहीं आते। अग्निपथ योजना बहुत अध्ययन करने के बाद लाई गई है। विपक्ष नेता इस मामले में गैरजिम्मेदार बयान दे रहे हैं।’
हरियाणा के कांग्रेस सांसदों ने संसद भवन परिसर में केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। सांसदों का आरोप है कि केंद्रीय बजट में हरियाणा की उपेक्षा की गई। सांसदों ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को इसके परिणाम भुगतने होंगे। रोहतक सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने दावा किया कि बजट में हरियाणा के लिए कोई भी प्रावधान नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस सांसदों ने इस मुद्दे को सदन में उठाया तो केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने उल्टा उन पर निशाना साधा।
राज्यसभा में शुक्रवार को पिछड़े वर्गों को आरक्षण से संबंधित एक निजी विधेयक पर भारी शोरगुल के कारण सदन की कार्यवाही एक घंटे के लिये स्थगित करनी पड़ी।
कांग्रेस सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा, 'देश की संसद में सीधा सवाल पूछा गया कि सरकार MSP का कानून लेकर आएगी या नहीं? जुलाई 2022 से 2024 तक MSP का कानून लाने के लिए जो कमेटी पीएम मोदी ने बनाई गई थी उसकी रिपोर्ट कानून बनाने के लिए आई या नहीं? देश के कृषि मंत्री ने इसका जवाब झूठ की जलेबी में ठुकरा दिया गया। कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मोदी सरकार ने आज 72 करोड़ अन्नदाता किसान और मजदूरों का अपमान संसद के पटल पर किया है।'
अग्निवीर योजना पर समाजवादी पार्टी सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा, "मुझे ये कहते हुए गर्व है कि हमारी सेना का एक गौरवशाली इतिहास रहा है...लेकिन अफसोस है कि भाजपा की सरकार ने अग्निवारी योजना की व्यवस्था की है... इससे ज्यादा अपमान सेना का नहीं हो सकता है। जब INDIA गठबंधन की सरकार आएगी तो हम 24 घंटों में इस योजना को खत्म करके सामान्य भर्ती करेंगे..."
मानसून सत्र के लिए लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही शुरू हो गई है। इस दौरान दोनों सदनों में कारगिल के वीरों को श्रद्धांजलि दी गई।