फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Monsoon Session Live: लोकसभा-राज्यसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित, उच्च सदन से भारतीय पत्तन विधेयक पारित

Mon, 18 Aug 2025 04:20 PM IST
नितिन गौतम न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

Parliament Monsoon Session, Shubhanshu Shukla News: लोकसभा और राज्यसभा में आज भी विपक्ष की तरफ से जोरदार हंगामा किया गया है। इसके चलते दोनों सदनों की कार्यवाही कई बार स्थगित हुई। विपक्ष के हंगामे के बीच सरकार ने लोकसभा में जन विश्वास (संशोधन) विधेयक, 2025 पेश किया। इसके अलावा राज्यसभा से भारतीय पत्तन विधेयक, 2025 भी सरकार ने पारित कराया।
विज्ञापन
संसद सत्र - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

लाइव अपडेट

04:17 PM, 18-Aug-2025

राज्यसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित

04:13 PM, 18-Aug-2025

राज्यसभा से भारतीय पत्तन विधेयक, 2025 पारित

04:08 PM, 18-Aug-2025

राज्यसभा में मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने चर्चा का जवाब दिया
राज्यसभा में मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने भारतीय बंदरगाह विधेयक 2025 पर जारी चर्चा का जवाब दिया। इस दौरान उन्होंने कहा- ब्रिटिश ने 100 साल पहले जो कानून बनाया था, अब कमजोर पड़ गए हैं। आज की प्रतियोगिता के दौर में कानून आधुनिक होना चाहिए, बिजनेस फ्रेंडली और इको फ्रेंडली होना चाहिए।



 

विज्ञापन
02:35 PM, 18-Aug-2025

लोकसभा की कार्यवाही 19 अगस्त तक स्थगित
विपक्ष के जोरदार हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही फिर बाधित हुई, इसके बाद पीठासीन स्पीकर दिलीप सैकिया ने लोकसभा की कार्यवाही 19 अगस्त सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया।

02:34 PM, 18-Aug-2025

'ऑपरेशन सिंदूर में अंतरिक्ष विभाग की अहम भूमिका'
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा, 'ऑपरेशन सिंदूर के दौरान अंतरिक्ष विभाग और स्पेस प्रौद्योगिकी की जो भूमिका रही है, जो तकनीक अपनाई गई थी, वह भी पिछले 10 वर्षों में, मोदी सरकार के सत्ता में आने के बाद हुई है। मुझे यकीन है कि एक समय आएगा जब प्रश्न किया जाएगा कि हमारा अंतरिक्ष विभाग 60-70 वर्षों तक अलग-थलग पड़ा हुआ धीमी गति से काम क्यों करता रहा? जब उस प्रश्न का उत्तर मिलेगा, तब समझ आएगा कि 26 मई 2014 को, जिस दिन मोदी जी ने प्रधानमंत्री के रूप में कार्यभार संभाला, एक नया अध्याय शुरू हुआ, और अंतरिक्ष की इस यात्रा को गति और शक्ति मिली।'
 

विज्ञापन
02:17 PM, 18-Aug-2025

विपक्ष पर जितेंद्र सिंह का करारा हमला
लोकसभा में अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर भारत के पहले अंतरिक्ष यात्री के आगमन पर विशेष चर्चा हो रही है। इस चर्चा का शीर्षक '2047 तक विकसित भारत' के लिए अंतरिक्ष कार्यक्रम की महत्वपूर्ण भूमिका है। इस दौरान विपक्ष के हंगामे पर केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा, 'आप (विपक्ष) हमारी अंतरिक्ष उपलब्धियों के लिए अंतरिक्ष विशेषज्ञों और वैज्ञानिकों को बधाई देने में विफल रहे हैं। आपका गुस्सा सरकार से हो सकता है। आपका गुस्सा भाजपा और एनडीए से हो सकता है। लेकिन यह आश्चर्यजनक है कि आप एक अंतरिक्ष यात्री से नाराज हो सकते हैं। और वह अंतरिक्ष यात्री जो एक अंतरिक्ष यात्री होने के साथ-साथ भारतीय वायु सेना का एक अनुशासित सिपाही भी है। वह किसी राजनीतिक दल से संबंधित नहीं है... आप धरती से नाराज हैं, आप आकाश से नाराज हैं और आज आप अंतरिक्ष से भी नाराज दिख रहे हैं।'
 

इस चर्चा के दौरान जितेंद्र सिंह ने कहा- अंतरिक्ष यात्रा पर चार अंतरिक्ष यात्री गए थे लेकिन सबसे अहम काम शुभांशु शुक्ला को सौंपा गया था। ये उनकी काबिलियत को दर्शाता है।

02:11 PM, 18-Aug-2025

खरगे के बयान पर भड़के जेपी नड्डा
राज्यसभा में विपक्ष के हंगामे और विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे के बयान पर केंद्रीय मंत्री और सदन के नेता जेपी नड्डा ने कहा है कि जिन मुद्दों को सदन में रखा गया है, सिर्फ उन पर ही चर्चा होनी चाहिए। इस दौरान उठाए सभी अन्य मुद्दों को सदन की कार्यवाही से बाहर निकाला जाना चाहिए।

02:04 PM, 18-Aug-2025

राज्यसभा और लोकसभा में इन विषयों पर चर्चा
राज्यसभा में भारतीय पत्तन विधेयक, 2025 पर चर्चा हो रही है इसके साथ ही लोकसभा में अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर भारत के पहले अंतरिक्ष यात्री - 2047 तक 'विकसित भारत' के लिए अंतरिक्ष कार्यक्रम की महत्वपूर्ण भूमिका पर विशेष चर्चा की जा रही है।

12:08 PM, 18-Aug-2025

लोकसभा की कार्यवाही फिर बाधित
दोपहर 12 बजे लोकसभा की कार्यवाही शुरू होने के साथ विपक्ष की तरफ से जोरदार हंगामा किया गया। इस दौरान सरकार की तरफ से एक विधेयक पेश किया गया। वहीं पीठासीन स्पीकर ने विपक्ष के न शांत होने की स्थिति में सदन की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी।

12:06 PM, 18-Aug-2025

लोकसभा में जन विश्वास विधेयक पेश
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने लोकसभा में जन विश्वास (प्रावधानों में संशोधन) विधेयक, 2025 पेश किया। यह विधेयक जीवन और व्यापार को आसान बनाने के लिए विश्वास-आधारित शासन को और बेहतर बनाने हेतु अपराधों को गैर-अपराधीकरण और युक्तिसंगत बनाने हेतु कुछ अधिनियमों में संशोधन करेगा।
 

11:44 AM, 18-Aug-2025

भाजपा ने राज्यसभा सांसदों के लिए जारी किया व्हिप

पिछड़े वर्गों के कल्याण संबंधी समिति (ओबीसी) के लिए 19 अगस्त 2025 को चुनाव होना है। इसके लिए भाजपा ने अपने राज्यसभा सांसदों के लिए तीन लाइन का व्हिप जारी किया है। व्हिप में बताया गया है कि संविधान सदन के कमरा नंबर 63 में सुबह 11 बजे से 2 बजे तक मतदान होगा। 

11:36 AM, 18-Aug-2025

विपक्ष का विरोध प्रदर्शन

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव, तृणमूल कांग्रेस महासिव अभिषेक बनर्जी समेत अन्य सहित इंडिया एलायंस के सांसदों ने चुनावी राज्य बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने भाजपा और भारत के चुनाव आयोग के खिलाफ 'वोट चोरी' के आरोप लगाए।
 

11:17 AM, 18-Aug-2025

लोकसभा 12 बजे तक स्थगित

लोकसभा की कार्यवाही भी 12 बजे तक स्थगित कर दी गई है। लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान विपक्षी सांसद नारेबाजी करते रहे और कुछ सांसद वेल तक आ गए। इस पर लोकसभा अध्यक्ष ने सांसदों को समझाने की कोशिश की और ये चेतावनी भी दी कि अगर किसी सांसद ने सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की तो वे उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को मजबूर हो जाएंगे। जब इस पर विपक्षी सांसदों का हंगामा बंद नहीं हुआ तो सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई। 

11:08 AM, 18-Aug-2025

राज्यसभा की कार्यवाही स्थगित

विपक्ष के हंगामे के चलते राज्यसभा की कार्यवाही दो बजे तक स्थगित कर दी गई है। विपक्ष ने शून्य काल भी नहीं चलने दिया। 

11:04 AM, 18-Aug-2025

संसद कार्यवाही शुरू होते ही हंगामा

संसद की कार्यवाही शुरू हो गई है, लेकिन कार्यवाही शुरू होते ही लोकसभा में हंगामा हो गया और विपक्षी सांसदों ने वोट चोरी और बिहार में एसआईआर के मुद्दे पर हंगामा किया। 

10:45 AM, 18-Aug-2025

'देश के साथ कोई अन्याय नहीं होने देंगे'
कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला ने चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर कहा, 'हमने संविधान की शपथ ली है कि देश के साथ कोई अन्याय नहीं होने देंगे। चुनाव आयोग ऐसे व्यवहार कर रहा है जैसे राहुल गांधी ही चुनाव आयोग हों। आप चुनाव आयोग हैं, आपको उठ रही आवाज़ों की जांच करनी चाहिए थी और सच्चाई सामने लानी चाहिए थी, लेकिन आप उल्टा चोर कोतवाल को डांटे जैसा हाल कर रहे हैं। गलती आपकी है और आप राहुल गांधी से हलफनामा मांग रहे हैं, आप हलफनामा दीजिए... चुनाव आयोग को जांच करानी चाहिए और जो आंकड़ें हम मांग रहे हैं वह देने चाहिए...'

10:43 AM, 18-Aug-2025

गौरव गोगोई ने कही यही बात
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने NDA द्वारा महाराष्ट्र के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार घोषित किए जाने पर कहा, 'I.N.D.I.A. के नेताओं ने इस मामले पर कुछ चर्चा की है और मुझे उम्मीद है कि आम सहमति बन जाएगी और हम बहुत जल्द ही चर्चा को सार्वजनिक करेंगे।'

उन्होंने कहा, 'कहा, "मुख्य चुनाव आयुक्त ने भाजपा से यही अनुरोध क्यों नहीं किया? उन्होंने भी एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी, लेकिन मुख्य चुनाव आयुक्त भाजपा के साथ कांग्रेस जैसा व्यवहार क्यों नहीं कर रहे हैं? मुझे लगता है कि मुख्य चुनाव आयुक्त द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस करके इस संवैधानिक पद की गरिमा को कमज़ोर किया गया है।'
 

10:43 AM, 18-Aug-2025

'आज हम इस पर चर्चा करेंगे और निर्णय लेंगे'
शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने NDA द्वारा महाराष्ट्र के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार घोषित किए जाने पर कहा, '...सी.पी. राधाकृष्णन निश्चित रूप से महाराष्ट्र के राज्यपाल हैं, एक बहुत ही संतुलित व्यक्तित्व हैं... अगर महाराष्ट्र के राज्यपाल उपराष्ट्रपति बनते हैं, तो हमें खुशी होगी लेकिन चुनाव तो होगा। INDIA गठबंधन एक निर्णय लेगा, मैं नहीं कह सकता कि वह क्या निर्णय लेगा... लेकिन आज हम इस पर चर्चा करेंगे और निर्णय लेंगे। देश में उपराष्ट्रपति से भी अधिक गंभीर मुद्दा चल रहा है, वोट चोरी का मुद्दा, हम इससे ध्यान नहीं भटकाना चाहते...'

10:42 AM, 18-Aug-2025

  • कांग्रेस के राज्यसभा सांसद सैयद नसीर हुसैन ने 'चुनावी प्रणालियों की विश्वसनीयता और समावेशिता को प्रभावित करने वाले मुद्दों' पर चर्चा के लिए नियम 267 के तहत कार्य स्थगन का नोटिस दिया।
  • कांग्रेस सांसद मल्लू रवि ने 'तेलंगाना में यूरिया की कमी के संकट' के मुद्दे पर चर्चा के लिए लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव दिया।
  • कांग्रेस के राज्यसभा सांसद रंजीत रंजन और रजनी पाटिल ने 'हमारी चुनावी प्रक्रियाओं की निष्पक्षता से जुड़ी चिंताओं' पर चर्चा के लिए नियम 267 के तहत कार्य स्थगन का नोटिस दिया।
  • कांग्रेस के राज्यसभा सांसद नीरज डांगी ने 'चुनावी लोकतंत्र के मूलभूत सिद्धांतों पर खतरों' पर चर्चा के लिए नियम 267 के तहत कार्य स्थगन का नोटिस दिया।

10:41 AM, 18-Aug-2025

संसद में एक विशेष चर्चा का आयोजन
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, 'हमारे हीरो, अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से लौटने वाले पहले भारतीय कैप्टन शुभांशु शुक्ला हैं। उनके सम्मान में आज संसद में एक विशेष चर्चा का आयोजन किया गया है। पूरे देश की ओर से शुभांशु शुक्ला की अंतरिक्ष यात्रा और भारत के अंतरिक्ष मिशन पर विस्तृत चर्चा होगी। मुझे उम्मीद है कि जिस तरह सभी दलों के सदस्यों ने ऑपरेशन सिंदूर में हमारी सेना के पराक्रम का गुणगान किया था, उसी तरह आज भी सभी दल राजनीतिक विचारधारा से ऊपर उठकर कैप्टन शुभांशु शुक्ला और ISRO के वैज्ञानिकों को बधाई देंगे... जहां तक कांग्रेस और अन्य दलों का सवाल है, जैसे उन्होंने चुनाव आयोग को लेकर संसद में हंगामा किया, उन्हें ऐसे समय में हंगामा नहीं करना चाहिए।'

10:04 AM, 18-Aug-2025

एसआईआर पर चर्चा की मांग
'आप' सांसद संजय सिंह ने बिहार में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के संवैधानिक और चुनावी निहितार्थों पर चर्चा के लिए नियम 267 के तहत राज्यसभा में कार्य स्थगन नोटिस दिया। इसके अलावा कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी ने बिहार में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर चर्चा के लिए राज्यसभा में कार्य स्थगन नोटिस दिया है।

10:04 AM, 18-Aug-2025

लोकसभा में एक विशेष चर्चा का प्रस्ताव
अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) में जाकर इतिहास रचने वाले ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे और अंतरिक्ष की अपनी ऐतिहासिक यात्रा के अनुभव साझा करेंगे। सरकार ने सोमवार को लोकसभा में एक विशेष चर्चा का प्रस्ताव रखा है।

10:03 AM, 18-Aug-2025

जन विश्वास (संशोधन) विधेयक, 2025
सरकार छोटे-मोटे अपराधों को अपराध-मुक्त करने वाला यानी सजा के दायरे से बाहर रखने वाला जन विश्वास (संशोधन) विधेयक, 2025 सोमवार को लोकसभा में पेश करेगी। लोकसभा की वेबसाइट पर साझा की गई जानकारी के मुताबिक, जीवन और कारोबार सुगमता के उद्देश्य से लाए जा रहे इस विधेयक को वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल सदन में पेश करेंगे।

09:59 AM, 18-Aug-2025

Monsoon Session Live: लोकसभा-राज्यसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित, उच्च सदन से भारतीय पत्तन विधेयक पारित

Parliament Monsoon Session, Shubhanshu Shukla News: सरकार छोटे-मोटे अपराधों को अपराध-मुक्त करने वाला यानी सजा के दायरे से बाहर रखने वाला जन विश्वास (संशोधन) विधेयक, 2025 सोमवार को लोकसभा में पेश करेगी। इसके अलावा सरकार ने सोमवार को लोकसभा में एक विशेष चर्चा का प्रस्ताव भी रखा है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें