राज्यसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित
संसद के उच्च सदन में भी विपक्ष के भारी हंगामे के आज काम बाधित हुआ। दोपहर दो बजे राज्यसभा की कार्यवाही दोबारा शुरू होने के बाद भी विपक्ष ने हंगामा किया, जिसके बाद पीठासीन उपसभापति ने सदन की कार्यवाही को 8 अगस्त सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया।
राज्यसभा से तटीय पोत परिवहन विधेयक 2025 परित
राज्यसभा में विपक्ष के हंगामे के बीच तटीय पोत परिवहन विधेयक 2025 पर चर्चा की गई। इस दौरान घनश्याम तिवाड़ी ने सदन की कार्यवाही की जिम्मेदारी निभाई। विपक्ष के हंगामे के बीच तटीय पोत परिवहन विधेयक 2025 को सरकार ने परित भी कराया
लोकसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित
विपक्ष के हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही 8 अगस्त 2025 सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित किया गया।
हंगामे के बीच संसद की कार्यवाही जारी
लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक बाधित होने के बाद फिर शुरू हुई है। लोकसभा में मणिपुर माल और सेवा कर (संशोधन) विधेयक पर चर्चा हो रही है, जबकि विपक्ष इस दौरान हंगामा कर रहा है। पीठासीन सभापति जगदंबिका पाल ने सदन की कार्यवाही चला रहे हैं। वहीं राज्यसभा में तटीय पोत परिवहन विधेयक 2025 पर चर्चा की जा रही है, यहां घनश्याम तिवाड़ी सदन की कार्यवाही की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
एसआईआर के मुद्दे पर धर्मेंद्र यादव की प्रतिक्रिया
समाजवादी पार्टी सांसद धर्मेंद्र यादव ने एसआईआर के मुद्दे पर कहा, 'ये (भाजपा) वोटर लिस्ट में हेरा फेरी करके चुनौती देने का हथकंडा अपना रहे हैं। जिस दिन एसआईआर आया था, मैं उसी दिन से कह रहा हूं कि यदि बिहार में वास्तव में वोटर लिस्ट इतनी गलत थी तो बिहार के सांसदों को पहले इस्तीफा देना चाहिए।'
'बिहार में चुनाव आयोग ने SIR का काम बहुत अच्छे से किया'
जेडीयू सांसद संजय कुमार झा ने एसआईआर के मुद्दे पर कहा, 'हम बार-बार कह रहे हैं कि एसआईआर बिहार में हो रहा है। ये (विपक्ष) दिल्ली में हल्ला कर रहे हैं लेकिन बिहार में इसका कोई असर नहीं है। बिहार में चुनाव आयोग ने एसआईआर का काम बहुत अच्छे से किया है।'
वित्त मंत्री ने मणिपुर माल और सेवा कर पर अपना वक्तव्य रखा
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मणिपुर वस्तु एवं सेवा कर (संशोधन) अध्यादेश, 2025 (2025 का संख्या 1) को तत्काल लागू करने के कारणों को दर्शाते हुए एक व्याख्यात्मक वक्तव्य सभा पटल पर रखा।
लोकसभा में मणिपुर माल और सेवा कर (संसोधन) विधेयक, 2025 पेश
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लोकसभा में मणिपुर वस्तु एवं सेवा कर (संशोधन) विधेयक, 2025 पेश किया। यह विधेयक मणिपुर वस्तु एवं सेवा कर अधिनियम, 2017 में और संशोधन करता है।
लोकसभा की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित
लोकसभा की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू होने के कुछ ही देर बाद दोपहर 12 बजे के लिए स्थगित हुई। वहीं दोपहर 12 बजे फिर कार्यवाही शुरू हुई और इस दौरान मणिपुर माल और सेवा कर (संसोधन) विधेयक, 2025 पर चर्चा हुई। वहीं विपक्ष के लगातार हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई।
राहुल गांधी पर निशिकांत दुबे का हमला
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा, 'चाहे ऑपरेशन सिंदूर हो या अमेरिका का मामला, राहुल गांधी अपने ट्वीट से अपनी मानसिकता का परिचय दे रहे हैं। आज अमेरिका देश के 140 करोड़ लोगों पर टैरिफ लगा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी और देश का हाथ मजबूत करना चाहिए ताकि दुनिया को पता चले कि भारत एक साथ है और एकजुट है।'
अमेरिका ने जो टैरिफ लगाया है इसे वापस ले- प्रमोद तिवारी
कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तरफ से रूसी तेल की खरीद पर भारत पर अतिरिक्त 25% टैरिफ लगाने पर कहा, 'भारत पर ये आर्थिक बोझ जो ट्रंप ने लादा है हम इसका विरोध करते हैं क्योंकि इससे जो हमारा निर्यात होता था वो प्रभावित होगा...हम सिर्फ इतना कहना चाहते हैं कि अमेरिका ने जो टैरिफ लगाया है इसे वापस ले।'
'ट्रंप की धमकी के खिलाफ सरकार सदन ने निंदा प्रस्ताव पेश करें'
समाजवादी पार्टी सांसद अवधेश प्रसाद ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तरफ से रूसी तेल की खरीद पर भारत पर अतिरिक्त 25% टैरिफ लगाने पर कहा, 'ये ठीक नहीं है उनके इस धमकी से हमारे देश की अर्थव्यवस्था, विकास, देश में अनेकता में एकता का सूत्र है वो कमजोर होने वाला नहीं है। ट्रंप को कही न कही से बहुत बड़ी गलतफहमी है। मैं चाहता हूं कि सरकार इनके खिलाफ चेतावनी और निंदा का प्रस्ताव सदन में पेश करें और उन्हें चेतावनी दी जाए कि हमारे झंडे की दुनिया में शान है और पहचान है तो हमें किसी भी प्रकार की धमकी न दें।'
लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित
सुबह 11 बजे सदन की कार्यवाही शुरू हुई, इस दौरान कई सदस्यों ने पश्नकाल में अपने सवाल किए जिसका संबंधित मंत्रियों की तरफ से जवाब दिया गया। इस दौरान विपक्ष की तरफ से जोरदार हंगामा किया गया। जिसके लोकसभा अध्यक्ष ने सभी को समझाने की कोशिश की और विपक्ष के न मानने पर सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक स्थगित
संसद के मानसून सत्र के 14वें दिन सदन की कार्यवाही शुरू होने के साथ ही विपक्ष ने हंगामा करना शुरू कर दिया। इस दौरान उपसभापति ने सभी को समझाने का प्रयास किया, इसके बाद सदन की कार्यावाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
अमेरिकी टैरिफ पर पप्पू यादव की प्रतिक्रिया
पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तरफ से रूसी तेल की खरीद पर भारत पर अतिरिक्त 25% टैरिफ लगाने पर कहा, 'इस टैरिफ से हमारी दवाई उद्योग समाप्त हो जाएगी। पीएम मोदी निर्णय ले कि यहां से जो दवाई अमेरिका के पास सप्लाई होती है उसे बंद कर दे।'
भाजपा को ये बात 10 साल पहले सोचना था- अखिलेश यादव
पीएम मोदी के व्यक्तिगत कीमत चुकाने वाले बयान पर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, 'भाजपा को ये बात 10 साल पहले सोचना था कि हमें किसानों के हित के लिए हमेशा चिंतित रहना चाहिए...जो लोग ये दवा करते थे कि दुनिया में सबसे मजबूत रिश्ते हैं और कहते थे कि कोई देश ऐसा नहीं जिसने भारत को सम्मान न दिया हो। उसके बाद भी सरकार को आज ऐसा कहना पड़ रहा है तो ये दुख की बात है। हम विदेश नीति पर पूरी तरह असफल रहे हैं।'
ट्रंप वैश्विक अर्थव्यवस्था के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं- रामगोपाल यादव
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की तरफ से रूस से तेल खरीद पर भारत पर 25% अतिरिक्त टैरिफ लगाने पर समाजवादी पार्टी सांसद रामगोपाल यादव ने कहा, 'वह वैश्विक अर्थव्यवस्था के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। इन टैरिफ से प्रभावित देशों को रणनीति बनानी होगी। भारत में अमेरिकी आयात हमारे अमेरिका को निर्यात से ज्यादा है, लेकिन कई चीजें ऐसी हैं जिनके लिए हमें दूसरे बाजार तलाशने होंगे। एक समय था जब भारतीय कपड़ा वैश्विक बाजारों में छा जाता था, लेकिन श्रीलंका, बांग्लादेश और वियतनाम कपड़ा निर्यात में हमसे आगे निकल गए। हमें अपनी गुणवत्ता बनाए रखनी होगी और यह सुनिश्चित करना होगा कि हमारे कूटनीतिक रास्ते खुले रहें... अगले साल अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के चुनाव होने हैं। डोनाल्ड ट्रंप के इन हरकतों की वजह से रिपब्लिकन हार जाएंगे और फिर वह अपनी मनमानी नहीं कर सकता। हमें अपने लिए व्यवस्था खुद करनी होगी। यह अच्छी बात है कि प्रधानमंत्री चीन जा रहे हैं और अजीत डोभाल को रूस भेजा गया है।'
लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही शुरू
लोकसभा और राज्यसभा के 14वें दिन कार्यवाही शुरू हो गई है। वहीं विपक्ष के हंगामे के बीच भी सदन काम कामकाज जारी है।
अमेरिकी टैरिफ पर चर्चा की मांग की
एक अन्य कांग्रेस सांसद ने लोकसभा में अमेरिकी टैरिफ के मुद्दे पर चर्चा की मांग की है।
दिल्ली पुलिस की कार्रवाई के मुद्दे पर कांग्रेस के सवाल
संसद का मानसून सत्र अब तक काफी हंगामेदार रहा है। पहलगाम आतंकी हमले और इसके बाद भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा की अवधि को छोड़ दिया जाए तो बीते 13 दिनों में संसदीय कार्यवाही का अधिकांश हिस्सा लोकसभा और राज्यसभा में शोरशराबे और विपक्षी दलों के उग्र प्रदर्शन के कारण बाधित हुआ। आज 14वें दिन की कार्यवाही से पहले कांग्रेस सांसदों ने दिल्ली पुलिस की कार्रवाई और अमेरिका की टैरिफ नीतियों के मुद्दे पर कार्यस्थगन प्रस्ताव पेश किए हैं। बता दें कि अमेरिका ने भारत पर अतिरिक्त 25 फीसदी टैरिफ थोपने का एलान किया है, जो आगामी 27 अगस्त से प्रभावी होगा। कांग्रेस इस मुद्दे पर सरकार से जवाब मांग रही है।
लोकसभा और राज्यसभा में किन मुद्दों पर हंगामा हो रहा है
दरअसल, संसद के दोनों सदनों में जबरदस्त हंगामे का दौर जारी रहने के आसार हैं। बिहार में चुनाव आयोग की तरफ से कराए जा रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के अलावा अब सांसद कर्मचारी चयन आयोग (SSC) फेज 13 की परीक्षा में हुई गड़बड़ी के मुद्दे पर भी अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं। राज्यसभा के वेल में सीआईएसएफ कर्मियों के कथित प्रवेश का मुद्दा भी गरमाया हुआ है। लोकसभा और राज्यसभा में जारी हंगामे के बीच सरकार अब विधायी कार्यों को प्राथमिकता दे रही है। इसी रणनीति के तहत बिल पारित कराने के प्रयास सफल भी हुए हैं। सरकार ने 13वें दिन हंगामे के बीच ही दो अहम विधेयक पारित करा लिए। सत्ताधारी खेमा कथित तौर पर गतिरोध खत्म करने के प्रयास भी कर रहा है। इसी बीच जानिए संसद के मानसून सत्र के 14वें दिन दोनों सदनों में क्या कुछ होने वाला है?