फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Parliament Monsoon Session: दोनों सदन 10 अगस्त तक के लिए स्थगित, हंगामे के बीच लोकसभा से MSME विधेयक पारित

Fri, 07 Aug 2026 12:34 PM IST
Pavan न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

आज संसद के मानसून सत्र का 15वां दिन है। संसद सत्र के अब तक के तीन हफ्तों के दौरान सरकार और विपक्षी दलों के बीच गतिरोध जारी रहा है। विपक्षी सांसदों के हंगामे के कारण दोनों सदनों की कार्यवाही लगातार बाधित होती रही है। हालांकि, कुछ अहम विधेयक सरकार की तरफ से पारित कराए गए हैं। आज भी कई अहम मुद्दों पर चर्चा होनी है। यहां पढ़ें, संसद के आज दिन कार्यवाही से जुड़े सभी अपडेट्स...

विज्ञापन
संसद सत्र - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

संसद का मानसून सत्र सरकार और विपक्ष के बीच जारी गतिरोध का केंद्र बिंदु बना हुआ है। विपक्षी दल मानसून सत्र की शुरुआत से ही दो मुद्दों पर संसद के भीतर और बाहर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इसमें पहला, 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर हुई रैली के दौरान कथित पुलिस कार्रवाई पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से संसद में बयान देने की मांग। दूसरा, अयोध्या के राम मंदिर के लिए मिले चंदे में कथित अनियमितताओं के आरोप। वहीं आज लोकसभा में कई विधेयक भी पेश किए जाएंगे। मानसून सत्र अब तक ज्यादातर समय हंगामे की वजह से बाधित रहा है।
विज्ञापन

केंद्रीय गृह मंत्री के खिलाफ विपक्ष का विरोध प्रदर्शन

विपक्षी सांसदों ने संसद के मकर द्वार पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। यह विरोध 20 जुलाई को CJP प्रदर्शनकारियों के खिलाफ 'पुलिस कार्रवाई' और अयोध्या राम मंदिर चंदे में कथित हेराफेरी के मुद्दे को लेकर किया गया।
 

मुझे मोहन भागवत जी से किसी सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं है- प्रियंका

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने 'इंडियाज इंटरनेशनल मूवमेंट टू यूनाइट नेशंस' कार्यक्रम में आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत की बातचीत पर कहा, 'उन्हें आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत जी से किसी सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं है'।
 

कांग्रेस नेताओं ने लोकसभा में दिया स्थगन प्रस्ताव

कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने शुक्रवार को लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव का नोटिस देकर 20 जुलाई 2026 को दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र प्रदर्शन के दौरान हुई कथित पुलिस कार्रवाई पर चर्चा की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों, विशेषकर छात्राओं के खिलाफ अत्यधिक बल प्रयोग किया गया और इस पूरे मामले पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सदन में विस्तृत बयान दें। उन्होंने अपने नोटिस में कहा कि प्रदर्शन को हटाने के लिए लाठीचार्ज, आंसू गैस, वाटर कैनन और कथित तौर पर पेलेट गन के इस्तेमाल के आरोप लगे हैं। उन्होंने पूछा कि पुलिस कार्रवाई का आदेश किसने दिया, क्या यह कानून और संवैधानिक प्रावधानों के अनुरूप थी तथा कितने छात्र घायल, हिरासत में लिए गए या गिरफ्तार किए गए।

कांग्रेस सांसद ने मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध न्यायिक जांच कराने, छात्रों पर दर्ज सभी एफआईआर वापस लेने और सरकार से छात्रों के साथ संवाद स्थापित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि जांच में अत्यधिक बल प्रयोग की पुष्टि होती है तो प्रधानमंत्री को संसद में छात्रों से माफी मांगनी चाहिए। वहीं, कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने भी लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव देकर बड़े पैमाने पर राजनीतिक दल-बदल पर रोक लगाने के लिए अधिक कड़े दल-बदल विरोधी कानून पर चर्चा कराने की मांग की।

लोकसभा-राज्यसभा की कार्यवाही शुरू

संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही शुरू हो गई है। लोकसभा के अध्यक्ष ओम बिरला ने इस दौरान 9 अगस्त को भारत छोड़ो आंदोलन की 84वीं वर्षगांठ के मौके पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और बलिदानियों को नमन किया।

लोकसभा की कार्यवाही स्थगित

विपक्ष के हंगामे के बीच लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित की गई। इससे पहले लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने विरोध कर रहे विपक्ष के सदस्यों से महात्मा गांधी और बी.आर. अंबेडकर से प्रेरणा लेने को कहा।

FCRA बिल का जोरदार विरोध करेंगे- वेणुगोपाल

'इंडियाज इंटरनेशनल मूवमेंट टू यूनाइट नेशंस' इवेंट में आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत की बातचीत पर कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा, 'अगर वे 'जेन-जी' (आज की युवा पीढ़ी) के प्रति सच में ईमानदार हैं, तो उन्हें भारत के गृह मंत्री से इस्तीफा देने के लिए कहना चाहिए। वरना, उन्हें (केंद्रीय गृह मंत्री को) कम से कम संसद में आकर छात्रों से माफी मांगनी चाहिए... साथ ही, आरएसएस सरकार को कंट्रोल कर रही है। अगर वे छात्रों के प्रति ईमानदार हैं, तो उन्हें छात्रों पर हुए अत्याचारों की निंदा करनी चाहिए। पेलेट गन का इस्तेमाल किया गया था और छात्र इसके लिए जवाबदेही की मांग कर रहे हैं। वे इस मुद्दे पर चुप क्यों हैं? यह सब बस दिखावा है'।

वहीं, झारखंड में JPSC-JSSC उम्मीदवारों के विरोध प्रदर्शन पर उन्होंने, 'हमारा रुख बिल्कुल साफ है- जहां भी छात्र अपनी जायज मांगों के लिए सही विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं, हम उनके साथ खड़े रहेंगे। राहुल गांधी ने भी कल यही कहा था'। इस दौरान FCRA बिल पर उन्होंने कहा, 'हमने अपना रुख बिल्कुल साफ कर दिया है। हम इसका जोरदार विरोध करेंगे। जब सदन ठीक से काम नहीं कर रहा हो, तो सरकार इस तरह के बिल को जबरदस्ती पास नहीं करवा सकती। वे इतना महत्वपूर्ण बिल पास नहीं कर सकते, जिसका असर लाखों लोगों, NGO और अल्पसंख्यक समुदायों पर पड़ने वाला है। हम उन्हें इसे पास नहीं करने देंगे'।
 

राज्यसभा में खरगे के आरोपों पर रिजिजू का जवाब

राज्यसभा में सभापीठ की अनुमति से उठाए गए मामलों पर चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्र सरकार और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की गैर अनुपस्थिति और सदन के अपमान के आरोप पर संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने जवाब दिया।

राज्यसभा की कार्यवाही स्थगित

सुबह 11 बजे राज्यसभा की कार्यवाही शुरू होने के आधे घंटे तक सभापीठ की अनुमति से उठाए गए मामलों पर चर्चा के बाद सभापति ने इसे दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया।

लोकसभा-राज्यसभा की कार्यवाही फिर शुरू

लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही फिर शुरू हो गई है। इस दौरान उच्च सदन में विपक्ष की तरफ से भारी हंगामा जारी है। इससे पहले महाराष्ट्र के कांग्रेस सांसदों ने सिद्धिविनायक मंदिर में कथित डोनेशन घोटाले के मुद्दे पर मकर द्वार पर विरोध प्रदर्शन किया।
 


वहीं, कांग्रेस सांसद जेबी माथर ने संसद परिसर में एक प्लेकार्ड लेकर प्रदर्शन किया। उन्होंने इस दौरान कहा कि, 'यह देश के गृह मंत्री की हालत है। वे संसद से नदारद हैं... क्या गृह मंत्री को यही करना चाहिए?... उन्हें संसद में आकर बयान देना चाहिए'।
 

राज्यसभा 10 अगस्त सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित

राज्यसभा में सता पक्ष और विपक्ष के भारी हंगामे के बीच सदन कार्यवाही 10 अगस्त सोमवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगति कर दी गई। इससे पहले राज्यसभा के चेयरमैन ने 'भारत छोड़ो आंदोलन' की 84वीं वर्षगांठ पर इसे याद किया। यह आंदोलन 9 अगस्त 1942 को महात्मा गांधी के दूरदर्शी नेतृत्व में शुरू किया गया था। भारत की आजादी की लड़ाई के शहीदों को सम्मानपूर्वक श्रद्धांजलि देते हुए, चेयरमैन ने उनके बेमिसाल साहस, त्याग और देश की आजादी के प्रति अटूट संकल्प को याद किया। उन्होंने कहा कि 'भारत छोड़ो आंदोलन' भारत के आजादी के आंदोलन में एक अहम पड़ाव है, जो देशभक्ति, एकता और देश की निस्वार्थ सेवा के आदर्शों से पीढ़ियों को प्रेरित करता है।
 

लोकसभा से MSME संशोधन विधेयक पारित

लोकसभा में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम विकास (संशोधन) विधेयक, 2026 और अन्य विधि (संशोधन) विधेयक, 2026 पर विचार के बाद उसे पारित किया गया। यह विधेयक 'सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम विकास अधिनियम, 2006' में और संशोधन करता है, जिसे राज्यसभा ने पारित किया था।
 
विज्ञापन

लोकसभा की कार्यवाही 10 अगस्त तक के लिए स्थगित

लोकसभा की कार्यवाही 10 अगस्त तक के लिए स्थगित की गई।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें