राज्यसभा की कार्यवाही स्थगित
राज्यसभा की कार्यवाही दो अप्रैल सुबह 11 बजे तक स्थगित कर दी गई है।
वक्फ संशोधन विधेयक की रणनीति पर चर्चा के लिए संसद में विपक्ष की बैठक शुरू हो गई है। बैठक में राहुल गांधी समेत तमाम विपक्षी नेता भाग ले रहे हैं।
विपक्ष झूठ बोल रहा: जगदंबिका पाल
वक्फ संशोधन विधेयक जेपीसी के अध्यक्ष और भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि शुरू से ही विपक्ष झूठ बोल रहा है। बैठक में वे अच्छी बातें करते थे और बाहर आकर कहते थे कि वे बिल का विरोध करते हैं। अगर वे सहमत होने के लिए तैयार नहीं हैं और मुसलमानों को गुमराह कर रहे हैं, तो वे वही कर रहे हैं जो उन्होंने जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 को निरस्त करने के समय किया था। हमारी बैठकें कुल 118 घंटे चलीं। विपक्ष को अपने विचार रखने का पूरा मौका मिला। क्या शरिया कहता है कि कोई मस्जिद में विरोध कर सकता है? ओवैसी, अखिलेश और कांग्रेस पार्टी को हमारी रिपोर्ट पढ़ने दें और मैं उन्हें चुनौती देता हूं कि वे मुझे बताएं कि क्या कोई खंड वक्फ के पक्ष में नहीं है।
उन्होंने कहा कि उमर अब्दुल्ला कह रहे हैं कि यह विधेयक एक धर्म को निशाना बना रहा है, लेकिन उन्होंने नमाज और रमजान के समय राजनीति करने वाले ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड की निंदा नहीं की। क्या सिर्फ़ वही शरिया जानते हैं? विधेयक लाने से पहले जेपीसी ने जम्मू-कश्मीर के मीरवाइज उमर फ़ारूक और अन्य सहित सभी पक्षों की बात सुनी थी। यह एक ऐसा पारदर्शी विधेयक है जिससे गरीब मुसलमानों को फायदा होगा। मैं विपक्ष से कहना चाहता हूं कि अगर वे गरीब मुसलमानों के पक्ष में हैं, तो उन्हें इस विधेयक का समर्थन करना चाहिए।
महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने एक्स पर लिखा कि वक्फ संशोधन विधेयक कल संसद में पेश होगा। अब देखते हैं कि उद्धव की शिवसेना हिंदू हृदय सम्राट बालासाहेब ठाकरे की विचारधारा का पालन करती है या राहुल गांधी के नक्शेकदम पर चलती है और तुष्टिकरण करती रहती है।
लोकसभा की कार्यवाही स्थगित
लोकसभा की कार्यवाही दो अप्रैल सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।
डीएमके विधेयक के विरोध में
वक्फ संशोधन विधेयक पर डीएमके सांसद कनिमोझी ने कहा कि हमारे मुख्यमंत्री ने तमिलनाडु विधानसभा में विधेयक का विरोध करते हुए प्रस्ताव पारित किया है। डीएमके विधेयक का विरोध कर रही है। अभी तक अगर कोई चर्चा होती है तो हम उसमें भाग लेंगे और निश्चित रूप से विधेयक का विरोध करेंगे।
कांग्रेस ने लोकसभा में तीन दिन के लिए तीन लाइन का व्हिप जारी किया है। दो अप्रैल को वक्फ संशोधन विधेयक पर विचार और पारित करने के लिए पेश किया जाएगा।
राज्यसभा में विमान वस्तुओं में हितों का संरक्षण विधेयक पारित
राज्यसभा में विमान वस्तुओं में हितों का संरक्षण विधेयक 2025 पारित किया। नागर विमानन मंत्री के राममोहन नायडू ने कहा कि इस अधिनियम से लीज़िंग लागत 8 से 10% तक कम हो रही है। यह लागत अंततः यात्रियों तक पहुंचेगी और हवाई किराए को भी प्रभावित करेगी। यही कारण है कि यह हमारे लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
TMC सांसद कल्याण बनर्जी ने कहा, 'हमारा मुद्दा यह है कि कलकत्ता उच्च न्यायालयों के कूड़ाघर में नहीं बदलना चाहिए। सभी संदिग्ध न्यायाधीशों को कलकत्ता उच्च न्यायालय में स्थानांतरित किया जा रहा है। हम न्यायमूर्ति दिनेश शर्मा के कलकत्ता उच्च न्यायालय में स्थानांतरण का विरोध कर रहे हैं...हम इसे जारी नहीं रहने देंगे।'
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वक्फ संशोधन विधेयक को लेकर जदयू सांसदों की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ संसद भवन में ही बैठक हो रही है। इस बैठक में जदयू की तरफ से ललन सिंह और संजय झा मौजूद हैं।
भाजपा नेता निशिकांत दुबे ने वक्फ संशोधन विधेयक 2024 पर कहा, 'इसका (वक्फ संशोधन बिल) हिंदू, मुसलमान या सिख, ईसाई से कोई लेना-देना नहीं है। जब-जब चुनाव हुआ तो कांग्रेस ने केवल मुस्लिम वोट बैंक की राजनीति करते हुए वक्फ में संशोधन करके मुसलमानों को बरगलाने का प्रयास किया। JPC की 60 बैठकें हो चुकी हैं। आज भी (सदन में)अध्यक्ष ने कहा कि इस पर चर्चा कर लेते हैं, समय को लेकर कोई परेशानी नहीं थी। वे (विपक्ष) मन बनाकर आए थे कि उन्हें केवल मुसलमानों को वोट बैंक समझना है और संदेश देना है इसलिए विपक्ष ने इसका विरोध किया। उनकी बुद्धि पर तरस आता है। वक्फ अच्छा बिल है और इसे पास होना चाहिए।'
वक्फ (संशोधन) विधेयक पर कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने कहा, 'हम वॉकआउट करके आए हैं..आज पूरा देश देख रहा है कि किस प्रकार से सदन में लोकतंत्र की आवाज को धीरे-धीरे कुचला जा रहा है।'
राज्यसभा में सभापति जगदीप धनखड़ ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ विशेषाधिकार नोटिस को अस्वीकृत कर दिया है। सभापति ने कहा कि विशेषाधिकार हनन एक गंभीर मामला है और इसे जल्दबाजी में लाया गया। केंद्रीय गृह मंत्री ने ऐसा कुछ नहीं कहा, जिसके चलते उनके खिलाफ विशेषाधिकार प्रस्ताव लाया जाए। विपक्षी सांसदों ने इसका विरोध किया, लेकिन सभापति ने कहा कि वे सदन को लोगों को बदनाम करने का मंच नहीं बनने देंगे।
समाचार एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से दावा किया है कि वक्फ संशोधन विधेयक 2 अप्रैल को दोपहर 12 बजे लोकसभा में पेश किया जाएगा। कल विधेयक पर 6-8 घंटे चर्चा हो सकती है।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, 'भाजपा का इतिहास जिस तरह के फैसलों से भरा है, उससे जो परिणाम भाजपा चाहती थी वह नहीं आए। भाजपा का हर फैसला वोट के लिए होता है... समाजवादी पार्टी वक्फ बिल के खिलाफ है... वे(भाजपा) पूरा नियंत्रण अपने पास चाहते हैं... इस देश ने वह समय भी देखा है जब प्रशासन के गलत फैसले के कारण भारत की संस्कृति और भाईचारे के खिलाफ खाई पैदा की गई है... GST हो, नोटबंदी हो या अन्य फैसले हों, वह(भाजपा) लोगों से कुछ न कुछ छीनने का काम करते हैं। वक्फ के माध्यम वह यह संदेश देना चाहते हैं कि अपना वोट बैंक ठीक कर लें। वह कहते थे कि हम(विपक्ष) तुष्टीकरण की राजनीति कर रहे हैं, क्या वे(भाजपा) ईद पर किट बांटकर तुष्टीकरण नहीं कर रहे हैं?'
लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई है।
वक्फ संशोधन विधेयक पर AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, 'ये वक्फ बिल असंवैधानिक है। ये बिल अनुच्छेद 14,25,26,29 का गंभीर उल्लंघन है। ये वक्फ बिल नहीं है बल्कि ये वक्फ बर्बाद बिल है। ये सब इसलिए किया जा रहा है क्योंकि इसका एक ही मकसद है मुसलमानों से नफरत, जो बाते दूसरे समुदायों के लिए सही हैं वह यहां कैसे गलत हो सकती हैं?'
जदयू सांसद संजय झा ने वक्फ संशोधन विधेयक पर कहा, 'नीतीश कुमार पिछले 19 वर्षों से बिहार में काम कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने मुस्लिम समुदाय के लिए जो काम किया है वह भी सामने है। वक्फ बिल पहली बार नहीं आ रहा है। पहले भी 2013 में संशोधित बिल आया था। सबसे बड़ा दंगा, भागलपुर दंगा कांग्रेस के समय में हुआ था और उसके बाद राजद की सरकार थी। उस दौरान किसी भी पीड़ित को न्याय नहीं मिला था। नीतीश कुमार आए जिसके बाद सबको न्याय मिला। नीतीश कुमार की राजनीति जब तक है लोगों के हितों की रक्षा की जाएगी।'
यमन के हूती विद्रोहियों ने मंगलवार को दावा किया है कि उन्होंने अमेरिका के एमक्यू-9 रीपर ड्रोन को मार गिराया है। इससे पहले भी हूतियों ने अमेरिका के एक ड्रोन को मार गिराने का दावा किया था। हूतियों ने यह दावा ऐसे समय किया है, जब अमेरिका द्वारा लगातार हूतियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हूतियों को चेतावनी भी जारी की है। जिसमें ट्रंप ने कहा कि 'या तो हूती अमेरिकी जहाजों पर हमले बंद कर दें तो हम भी हमले बंद कर देंगे। वरना ये तो बस शुरुआत है और हूतियों और उसके मददगार ईरान को असली दर्द तो अभी मिलना बाकी है।'
राहुल गांधी कल कांग्रेस सांसदों को संबोधित कर सकते हैं।
संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही शुरू हो गई है।
केंद्रीय पोत और बंदरगाह मंत्री सर्बानंद सोनोवाल आज लोकसभा में तटीय नौवहन विधेयक 2024 को पेश कर सकते हैं। इस विधेयक से तटीय नौवहन को लेकर नियम कानून मजबूत किए गए हैं। कांग्रेस सांसद शशि थरूर और भाजपा सांसद मितेश पटेल भी आज विदेश मामलों की स्टैंडिंग कमेटी की छठी रिपोर्ट पेश करेंगे।